मंदसौरमंदसौर जिला

बारिश से पहले जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत एवं बाल संरक्षण मामलों में त्वरित कार्यवाही के दिए निर्देश

मदरसों का सत्यापन कर नियमों के अनुरूप कराया जाए संचालन : डॉ. निवेदिता शर्मा

मंदसौर ।मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा एवं सदस्य श्रीमती सोनम निनामा ने बुधवार को मंदसौर सर्किट हाउस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बिश्नोई, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, वन स्टॉप सेंटर, अपना घर एवं बाल कल्याण समिति के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आयोग अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने शिक्षा विभाग को जिले में संचालित मदरसों का सत्यापन करने तथा उन्हें निर्धारित शासकीय नियमों के अनुरूप संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो मदरसे नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संचालन बंद कराया जाए। जिले में वर्तमान में 13 मदरसे संचालित हैं। उन्होंने “अपना घर” संस्था से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बच्चों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत मुक्त कराने एवं सभी शासकीय प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग को मंदसौर में शिशु गृह प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में लाड़ली लक्ष्मी योजना के सक्रिय हितग्राहियों की जानकारी ली गई तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष आने वाले सभी प्रकरणों की 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए तथा पॉक्सो मामलों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

डॉ. शर्मा ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि बारिश से पूर्व सभी जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा विद्यालयों में शौचालयों की समुचित व्यवस्था और नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों को गंभीरता से लेकर प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।बैठक में श्रम विभाग को बाल श्रम रोकने के लिए निरंतर कार्रवाई करने तथा स्वास्थ्य विभाग को निरामय योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

==========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}