श्री वैष्णव बैरागी समाज चतुः सम्प्रदाय मध्यप्रदेश की बैठक सम्पन्न

उज्जैन संभाग से निकलेगी पुजारी न्याय यात्रा, भोपाल तक पहुंचेगी आवाज
मन्दसौर। श्री वैष्णव बैरागी समाज चतुः सम्प्रदाय मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण बैठक जलोदिया ज्ञान (जिला इंदौर) में संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष एवं युवा उद्योगपति श्री महेश बैरागी की अध्यक्षता तथा प्रदेश संरक्षक श्री पंकज बैरागी के आतिथ्य में सम्पन्न हुई।
बैठक में आगामी जून माह से “पुजारी न्याय यात्रा” प्रारंभ करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। यह यात्रा उज्जैन संभाग से प्रारंभ होकर प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों से गुजरते हुए भोपाल पहुंचेगी। यात्रा का उद्देश्य मठ-मंदिरों से जुड़े पुजारियों की वर्षों पुरानी समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देना है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल बैरागी ने संभाग के अधिक से अधिक पुजारियों को इस न्याय यात्रा से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सभी पुजारी एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करें।
युवा प्रदेश अध्यक्ष श्री यदुनंदन बैरागी ने कहा कि इस बार पुजारियों की मांगों को लेकर होने वाला संघर्ष सभी के सहयोग और एकता से आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं प्रदेश प्रभारी श्री निखिल बैरागी ने कहा कि संगठन पूरी ताकत के साथ पुजारी बंधुओं की लड़ाई लड़ेगा और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
प्रदेश संरक्षक श्री पंकज साधु ने कहा कि उज्जैन से शुरू होने वाली यह यात्रा केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि पुजारी समाज के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का शंखनाद है, जो प्रदेश के हर जिले और संभाग तक पहुंचेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुजारियों की वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पुजारी समाज निर्णायक संघर्ष के लिए बाध्य होगा। तराना से पधारे मंहत तरुण वैष्णव ने बैठक में सरकार को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा गया कि यदि पुजारियों की पीड़ा को लगातार अनदेखा किया गया तो आगामी विधानसभा चुनाव में सम्पूर्ण पुजारी समाज अपनी लोकतांत्रिक शक्ति का परिचय देते हुए चुनाव का बहिष्कार जैसे बड़े निर्णय पर विचार कर सकता है।
इसी क्रम में मध्यप्रदेश पुजारी न्याय यात्रा के प्रदेश प्रभारी श्री अजय बैरागी ने कहा कि अब सहनशीलता की सीमा समाप्त हो चुकी है। यदि सरकार ने पुजारी समाज की आवाज को अनसुना किया तो शीघ्र ही एक विशाल महाआंदोलन की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुजारी समाज अब अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगा और समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने जोर देते हुए कहा “अब अधिकार लेकर रहेंगे, चाहे संघर्ष कितना भी बड़ा क्यों न करना पड़े।”
बैठक में विधी प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष श्री संदीप महंत, प्रदेश महामंत्री पंकज बैरागी, प्रदेश संगठन मंत्री मनोज शास्त्री, मंदसौर जिला अध्यक्ष सुमीत बैरागी, रतलाम जिला अध्यक्ष ईश्वर बैरागी, उज्जैन जिला अध्यक्ष दीपक बैरागी, मंदसौर जिला महामंत्री संदीप बैरागी सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



