
व्यावसायिक शिक्षा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम, आईटी विद्यार्थियों को 20 दिवसीय ऑन द जॉब ट्रेनिंग प्रदान की गई
स्वरोजगार एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताल के आईटी विद्यार्थियों को 05 मई 2026 से 26 मई 2026 तक ऑन द जॉब ट्रेनिंग प्रदान की गई।
सक्सेस कंप्यूटर ताल में आयोजित 20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को डाटा एंट्री ऑपरेटर ट्रेड से संबंधित व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर संचालक आबिद मंसूरी एवं व्यावसायिक शिक्षक मोहम्मद असलम ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर संचालन, डाटा एंट्री, हिंदी एवं अंग्रेजी टाइपिंग, एमएस ऑफिस तथा विभिन्न ऑनलाइन कार्यों का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कंप्यूटर आधारित कार्यों को व्यवहारिक रूप से सीखा। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के उपयोग, कार्यालयीन कार्यों की प्रक्रिया एवं डिजिटल सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की, जिससे वे भविष्य में रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं का कार्य भी प्रारंभ कर सकें।
प्रशिक्षण पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर कंप्यूटर संचालक आबिद मंसूरी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षक मोहम्मद असलम ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।



