समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 20 मई 2026 बुधवार

/////////////////////////////////
खानपुरा भावसार धर्मशाला चौराहा पर नपा के द्वारा हाईमास्क का हुआ लोकार्पण
अजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री परमार व नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने किया लोकार्पण
मन्दसौर। मंगलवार को नपा परिषद मंदसौर के द्वारा खानपुरा स्थित भावसार धर्मशाला चौराहे पर हाईमास्क का लोकार्पण किया गया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री भगवान परमार (सांवेर) के मुख्य आतिथ्य एवं नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में खानपुरा के इस मुख्य चौराहे पर लगाये गये हाईमास्क का लोकार्पण किया गया। हाईमास्क में विद्युत स्वीच प्रारंभ करते हुए पुरा चौराहा दुधिया रोशनी से जगमग हो उठा। खानपुरा क्षेत्र को मिली इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों की ओर से क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती माया भावसार, पार्षद भावना पमनानी, युसुफ गौरी, पार्षद प्रतिनिधि राकेश भावसार आदि ने अतिथियों को पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया ।
इस अवसर पर भाजपा अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री राम अटेला मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यनारायण खोईवाल उज्जैन, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र गिरवे इंदौर, जितेन्द्र अठवाल मल्हारगढ़, युवा नेता राजेश गुर्जर, जलकार्य सभापति निलेश जैन, भाजपा नेता अजीजुल्लाह खान, लक्ष्मीनारायण पलासिया भी उ पस्थित थे।
नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने इस मौके पर सभी से क्षेत्रवासियों को शुभकामनायें दी और कहा कि नगरपालिका के द्वारा यहां हाईमास्क लगने से क्षेत्र की सुंदरता बड़ेगी जिसका पुरा लाभ खानपुरा क्षेत्र को मिलेगा।
———————
वार्ड क्र. 22 केन्द्रीय विद्यालय के सामने सार्वजनिक स्थल पर हाईमास्क का लोकार्पण
भाजपा जिलाध्यक्ष पं. दीक्षित व नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने किया लोकार्पण
मंदसौर। नगरपालिका परिषद मंदसौर के द्वारा विगत दिनों रेवास देवड़ा रोड़ स्थित केन्द्रीय विद्यालय के सामने सार्वजनिक स्थल (वार्ड क्र. 22) पर लगाये गये हाईमास्क का लोकार्पण किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष पं. राजेश दीक्षित, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने हाईमास्क का स्वीच दबाकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री महेश जुनवाल, जिला कोषाध्यक्ष प्रीतेश चावला, सहकोषाध्यक्ष आशीष गौड़, जिला मंत्री रानू भावसार, जिला मीडिया प्रभारी निलेश जैन, भाजपा दक्षिण मण्डल अध्यक्ष विनोद डगवार, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती कौशल्या बंधवार, पार्षदगण कमलेश सिसौदिया, राकेश भावसार, विक्रम भैरवे, युसुफ गौरी, गोवर्धन कुमावत, आशीष गौड़, दलपतसिंह डांगी भाजपा नेता राजेश गुर्जर, शिवनारायण गुर्जर, निरांत बग्गा, बंशी राठौर, पप्पूसिंह झाला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकगण भी उपस्थित थे।
========
अपना घर बालिकाओं को दिया गया योग प्रशिक्षण- 21 जून विश्व योग दिवस का कराया अभ्यास
पतंजलि संगठन जिला संरक्षक योग गुरू बंशीलाल टांक, योग प्रशिक्षक डॉ. जितेश जैन, आर.एम.ओ. डॉ. कैलाश मालवीय, डॉ. अजय परमार, डॉ. कमलेश धनोतिया, डॉ. प्रतिभा, डॉ. राजेन्द्र कनाते, सहायक डॉ. पुष्पेन्द्र सिसौदिया ने प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान किया।
========
आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें : सीईओ जिला पंचायत श्री जैन
बच्चों की ‘अपार’, ‘आभा’ एवं समग्र आईडी बनाने के दिए निर्देश
जिला पोषण एवं स्वास्थ्य समिति की संयुक्त बैठक आयोजित
मंदसौर 19 मई 26 / जिला पोषण एवं जिला स्वास्थ्य समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन सुशासन भवन के सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में डीपीओ श्री बीएल विश्नोई, महिला एवं बाल विकास विभाग के समस्त परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक समन्वयक, जिला समन्वयक एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त बीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्री जैन ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित पोर्टलों पर डेटा एंट्री का कार्य शत-प्रतिशत एवं समय पर किया जाए। किसी भी स्तर पर जानकारी अधूरी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते एवं भोजन वितरण की जानकारी प्रतिदिन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा हितग्राहियों को प्रदाय की जा रही सेवाओं की निरंतर समीक्षा की जाए। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नवीन हितग्राही पंजीयन करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी बच्चों की ‘अपार’ एवं ‘आभा’ आईडी अनिवार्य रूप से बनाए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों की समग्र आईडी तैयार करने को कहा गया।
सीईओ श्री जैन ने कहा कि यदि मैदानी स्तर पर कोई नवाचार या नया प्रयोग किया जा रहा है तो उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अन्य क्षेत्रों को भी उससे प्रेरणा मिल सके।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टेक होम राशन के शत-प्रतिशत वितरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
मैदानी मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नव नियुक्त पर्यवेक्षकों को अपने-अपने सेक्टर के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित भ्रमण एवं निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती बच्चों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं 14 दिवस की प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को अस्पतालों में ओपीडी सेवाओं पर विशेष ध्यान देने, टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत लगातार विशेष अभियान चलाने तथा आईडीएसपी कार्यक्रम की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। फोटो संलग्न
=============
जनसुनवाई में अधिकारियों ने तत्परता से सुनी 97 आवेदकों की समस्याएं
मंदसौर 19 मई 26 / जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने 97 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो। लोगों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए।
दलोदा चौपाटी निवासी मलका बी ने विद्युत कनेक्शन की एनओसी दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर जनपद सीईओ मंदसौर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बरखेड़ा लोया निवासी बाबुलाल ने बरसात का पानी की निकासी के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार गरोठ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। माल्या खेरखेड़ा निवासी किशनलाल ने आम रास्ते का सिमांकन करवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार मंदसौर को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में पी.एम किसान योजना का लाभ दिलवाने, आर्थिक सहायता राशि दिलवाने, रास्ता खुलवाने, मुआवजा राशि दिलवाने, पीएम किसान योजना का लाभ दिलवाने, नक्शा सुधार करवाने एवं सीमांकन करवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।
===============
ग्राम सेमली काकड़ एवं ढाबला देवल में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
मंदसौर 19 मई 26/ ग्राम सेमली काकड़ एवं ढाबला देवल में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, टीबी स्क्रीनिंग, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं बीपी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
सेमली काकड़ शिविर में 61 मरीजों की जांच
ग्राम सेमली काकड़ में आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर में कुल 61 मरीजों का ओपीडी पंजीयन किया गया, जिसमें 28 पुरुष एवं 33 महिलाएं शामिल रहीं। शिविर में 59 एक्सरे किए गए, जिनमें 4 मरीजों के एक्सरे एब्नार्मल पाए गए।
इसके अतिरिक्त 4 स्पूटम सैंपल कलेक्शन किए गए तथा 10 सीवाई टेस्ट किए गए। 35 हितग्राहियों की हीमोग्लोबिन जांच, 45 लोगों की ब्लड शुगर जांच एवं 45 लोगों की बीपी जांच की गई। शिविर में टीबी शपथ कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
ढाबला देवल शिविर में 42 मरीजों को मिला स्वास्थ्य लाभ
ग्राम ढाबला देवल में आयोजित शिविर में कुल 42 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 20 पुरुष एवं 22 महिलाएं शामिल रहीं। शिविर में 27 एक्सरे किए गए, जिनमें 6 एब्नार्मल पाए गए।
इसके साथ ही 6 स्पूटम कलेक्शन किए गए। 32 हितग्राहियों की हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं बीपी जांच की गई। शिविर में 2 टीबी चैंपियन बनाए गए तथा टीबी शपथ भी दिलाई गई। फोटो संलग्न
===========
जिले में बंद पड़ी सहकारी सोसायटियों के पंजीयन होंगे निरस्त
कार्यवाही के संबंध में आपत्ति उपायुक्त सहकारिता मंदसौर को करे प्रस्तुत
मंदसौर 19 मई 26 / सहकारिता उप आयुक्त श्री परमानंद गोडरिया द्वारा बताया गया कि आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाऐ म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार उपायुक्त सहकारिता मंदसौर द्वारा जिले में पहली बार बड़े स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। कई वर्षों से जो सोसायटियां बन्द होकर परिसमापन में थी, उन सभी सोसायटियों के पंजीयन निरस्त कर सहकारिता पटल से उनका अस्तित्व समाप्त किया जा रहा है। जिन सोसायटियों में यह कार्यवाही होने जा रही है।
जिसमें प्रमुख रूप से दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति मर्यादित पीर गुराडिया, लखमाखेडी, फतेहपुर, टिडवास, आंत्रीखुर्द, कांचरिया चन्द्रावत, बोतलगंज, हरमाला, कचनारा (मल्हारगढ), नारायणगढ-2, मुवाला, भोलिया-2, श्री कृष्ण महिला रिछा, बेलारा, उदपुरा, भालोट-2, लामगरा-2, चिपलाना ढलमु मगरा, अर्निया गौड, कवला, गांगसी, ओसरना, चचावदा साठिया, कुण्डला खुर्द, आंवरा, बोरखेडी घाटा, निपानिया, धामनिया झाली, गोपालपुरा, चम्बल चौराहा (भानपुरा), पिपलिया जति, गरोठ, लसुडिया, श्रीनगर, असावती, बगचाच, छायन, पिपलखुटा, ढाबा, मगराना, खोडाना, डोराना, कांचरिया कदमाला रूपारेल, सिंदपन सौंधिया, पाडलिया लालमुंहा, सार्थक साख मंदसौर, ग्रामीण विकास साख संस्था बरखेडा देव डुंगरी, कंचन साख मंदसौर, प्रबल नीधि साख मंदसौर, सांवलिया बीज धमनार-2, जय बालाजी बीज राणाखेडा, सांवलिया बीज नारायणगढ, कृषक कल्याण बीज बर्डिया इस्तमुरार, शिवकृपा बीज मकडावन, स्टील फर्नीचर उद्योग दलौदा, आदि सभी संस्थाओ के पंजीयन निरस्त किये जाने है।
सहकारिता के उपायुक्त द्वारा इन संस्थाओं से संबंधित कर्ता-धर्ता और सदस्यों को सूचित किया जा रहा है कि किसी को इस कार्यवाही के संबंध में कोई आपत्ति हो या अपना पक्ष समर्थन रखना हो तो वह एक सप्ताह के भीतर उपायुक्त सहकारिता जिला मंदसौर मित्र वत्सला रामटेकरी में उपस्थित होकर कार्यालयीन समय मे अपना पक्ष रख सकते है। सभी संस्थाओं को समाप्त करने के लिये इसी माह मई 2026 की समय सीमा तय की गई है। पंजीयन निरस्त करने की कार्यवाही युद्ध स्तर पर की जा रही है।
=================
20 मई को रेडक्रॉस मेडिकल एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र रहेंगे खुले
मंदसौर 19 मई 26 / मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जीएस चौहान ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि दिनांक 20 मई 2026 को जिले के समस्त केमिस्ट / मेडिकल संचालकों द्वारा प्रस्तावित हड़ताल के कारण अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे।
आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में दवाई उपलब्ध कराने हेतु निम्न संस्थान खुले रहेंगे—
रेडक्रॉस मेडिकल, मंदसौर, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, मंदसौर।
साथ ही, मंदसौर जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा जारी आपातकालीन नंबर भी आवश्यकता अनुसार उपलब्ध रहेंगे—
दीपक पाटीदार – मो. 9425105366
आशीष मंडलोई – मो. 9229703666
नरेन्द्र त्रिवेदी – मो. 8770782606
अंकित जोशी – मो. 8827860671
वीरेन्द्र जोशी – मो. 9425368828
उक्त संस्थानों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा आपातकालीन सेवाएँ जारी रहेंगी।
अतः आमजन से अपील है कि किसी भी आपात स्थिति में उपरोक्त संस्थानों एवं संपर्क नंबरों का उपयोग कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
=============
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन 31 जुलाई तक आमंत्रित
मंदसौर 19 मई 26 / जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री बी.एल. विश्नोई द्वारा बताया गया कि प्रधान मंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) पर 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो गयी। यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जो बहादुरी, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, तथा कला और संस्कृति के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता के योग्य हैं।
5 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम आयु का कोई भी बच्चा (31 जुलाई, 2026 तक), जो भारतीय नागरिक है और भारत में रहता है, परस्कार के लिए पात्र है।
किसी भी नागरिक से खुले नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। पुरस्कारों के लिए स्व-नामांकन और सिफारिशों, दोनों पर विचार किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है। अधिक जानकारी के लिए, राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) देखें।
=======
विकास प्रक्रिया में जनजातीय समाज को शामिल करने प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बनाई नीतियां: मंत्री डॉ. शाह
तकनीकी आधारित जनजाति विकास की अवधारणा पर कार्यशाला का शुभारंभ
मंदसौर 19 मई 26 / जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समाज की पीड़ा को समझा और विकास प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनश्चित करने के लिए प्रभावी नीतियां बनायी हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना एवं धरती आबा ग्राम उत्कर्ष जैसी पहल से जनजातीय समाज के उत्थान के लिए ठोस कार्य हो रहे हैं। वे मंगलवार को भोपाल के आदि भवन में जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत तकनीकी आधारित सतत् जनजाति विकास अवधारणा पर आयोजित कार्यशाला के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला में प्रमुख सचिव श्री गुलशन बामरा, आयुक्त डॉ. सतेंद्र सिंह सहित प्रदेश से आए विभाग के मैदानी अधिकारी उपस्थित थे। भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।
मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि वे वर्ष 1990 से लगातार जनजातीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जनजातीय समाज के साथ लगातार कार्य किया है। विभागीय अधिकारी भी सतत् रूप से गांवों में और वनवासी अंचल के बीच जाएं और उनके जीवन को नजदीक से देखें। साथ ही प्रत्यक्ष अनुभव से जो परिस्थितियां सामने आती है उसे समझें और उसके अनुरूप कार्य करें। मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि जनजाति वर्ग के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को उनके द्वार तक पहुँचाने के लिए “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में शिविरों के माध्यम से 18 विभागों की 25 योजनाओं का लाभ जनजाति वर्ग के ग्रामीणों को दिलाया जाएगा।
मंत्री डॉ. शाह ने बताया कि किस तरह से वनवासी अंचल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सन 1990 के दशक से लेकर अब तक स्थितियां बदल गयी है।
आज जनजातीय समाज, विकास की मुख्यधारा में शामिल हैं। मंत्री डॉ. शाह ने बताया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में आंगनवाड़ी केंद्रों में 50 हजार पानी की बॉटल वितरित कर रहे हैं। साथ ही पहली से कक्षा बारहवीं कक्षा तक के 45 हज़ार बच्चों को पेयजल के लिए पानी की बॉटल प्रदान की हैं। अपने विधानसभा क्षेत्र की 150 ग्राम पंचायतों में वॉटर कूलर और आरओ लगाया हैं। इससे हर गाँव, हर स्कूल में शुद्ध पेयजल सुलभ होगा। उन्होंने कहा कि जनजाति अंचल की बच्चियां शहर के कॉलेज जाने में हिचकिचाती हैं और सुविधाओं के अभाव में उच्च शिक्षा छोड़ भी देती है। ऐसी परिस्थितियों में उन्होंने प्रायोगिक तौर पर अपने क्षेत्र में 4 बसें संचालित की, जिससे कॉलेज जाने वाली बालिकाओं की संख्या 30 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार होना चाहिए।
कार्यशाला में आयुक्त जनजातीय क्षेत्र विकास डॉ. सतेंद्र सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यशाला में आजीविका तथा रोज़गार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अनुप्रयोग पर मैनिट के एसोसिएट प्रोफ़ेसर डॉ. संयम शुक्ला ने अपना उद्बोधन दिया। सतत जनजातीय विकास में जीआईएस तथा उपग्रह सुदूर संवेदन विषय पर आईआईएसईआर के एसोसियेट प्रोफेसर डॉ. कुमार गौरव ने भी संबोधित किया।
कार्यशाला के द्वितीय सत्र में जनजातीय आजीविका तथा उद्यमिता विकास विषय पर आईएएस आरएम ट्राइफेड श्रीमती प्रीति मैथिल ने संबोधित किया। ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भारतीय कृषि को बदल रहा है’ विषय पर आईआईआईटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शुभ्रज्योति देब ने संबोधित किया। साथ ही “स्वास्थ्य के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग” विषय पर आईआईआईटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निखिल कुमार सिंह ने जानकारी दी।
=============



