समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 18 मई 2026 सोमवार

//////////////////////////////////////
पुरूषोत्तम (अधिक) मास प्रारंभ, केशव सत्संग भवन में 1008 केशवानंद जी महाराज का हुआ आगमन, प्रतिदिन होगा नारद भक्ति सूत्र का वाचन
भक्ति से निर्भयता आती है – केशवानंद जी महाराज
मंदसौर। दिनांक 17 मई 2026, रविवार से पुरूषोत्तम (अधिक) मास का प्रारंभ हो गया है। इस मास में धर्म आराधना का विशेष महत्व होता है। इसलिए केशव सत्संग भवन, खानपुरा में पुरूषोत्तम (अधिक) मास के शुभ अवसर पर पूज्य पाद 1008 केशवनानंद जी महाराज चिन्मय मशीन आकोला का पर्दापण हो चुका है। आपके मुखारविंद से प्रतिदिन नारद भक्ति सूत्र पर आधारित दिव्य प्रवचनों का आयोजन प्रात: 8.30 बजे से 10 बजे तक हो रहा है।
पुरूषोत्तम (अधिक) मास के प्रथम दिवस केशवनानंद जी महाराज चिन्मय मशीन आकोला ने बताया कि भक्ति से निर्भयता आती है। भक्त प्रहलाद को डराने के लिए हिरणयकश्यप ने अनेक प्रयास किये लेकिन भक्त प्रहलाद के ह्दय में भगवान को लेकर भक्ति थी इसलिए उन्हें कभी भय नही ंलगा। आपने देवर्षि नारद के जीवन के बारे में बताया कि नारद मुनि ब्रम्ह देव के मानस पुत्र थे। पिछले जन्म में वे दासी पुत्र थे जब उनकी माताजी ने शरीर छोड़ा तब वे संसार को छोड़कर भगवान की तलाश में निकल गये तब उन्हें संतो का सानिध्य प्राप्त हुआ और उन्होेने नारदमुनि को बताया कि वे ओम नमो भगवतै: वासुदेवाय नम: का जाप करे ऐसे में वे जीवन पर्यन्त ये जाप करते रहे फिर प्रलय आया उन्होने अपना शरीर त्यागा और पुन: जब ब्रम्हाजी ने पृथ्वी का सृजन किया तब देवर्षि नारद ब्रम्हा जी के मानस पुत्र के रूप मेंं प्रकट हुए और सभी देवी देवताओं का स्नेह उन्हें प्राप्त था वे एक मात्र थे जो एक ही शरीर से पृथ्वी लोक, पाताल लोक, स्वर्ग लोक और ब्रम्ह लोक में जा सकते थे। उन्होने अपने कर्मो के बल पर यह प्राप्त किया था क्योंकि कहां दासी पुत्र से वे देवर्षि नारद मुनि बन गये। इसलिए सदैव अच्छे कर्म करना चाहिए।
आत्म ज्ञान को प्राप्त करें
धर्मसभा में स्वामी जी ने कहा कि भगवान का सबसे कृपा पात्र मनुष्य ही है। लेकिन अज्ञानता के कारण सबसे ज्यादा दुखी और परेशान भी मनुष्य ही रहता है। इसलिए आत्म ज्ञान को प्राप्त करें। ईश्वर को न जानने के कारण मनुष्य अपने जीवन में परेशान रहता है और जो व्यक्ति ईश्वर को जान लेता हे वह कभी परेशान और दुखी नहीं रहता है। भक्ति करके, संतो के प्रवचनों को श्रवण करके ईश्वर के ज्ञान को प्राप्त किया जा सकता है।
केशव सत्संग भवन ट्रस्ट अध्यक्ष जगदीशचंद्र सेठिया और कारूलाल सोनी ने बताया कि हर बार पुरूषोत्तम (अधिक) मास के दोरान संतो का आगमन होता है जिनके प्रवचनों का लाभ धर्मालुजन लेते है। इस बार पुरूषोत्तम (अधिक) मास के दौरान पूज्य पाद 1008 केशवनानंद जी महाराज अकोला के मुख से प्रतिदिन 17 मई रविवार से प्रात: 8.30 बजे से 10 बजे तक नारद भक्ति सूत्र दिव्य प्रवचनो का वाचन हो रहा है जिसमें नगर की धर्मप्रेमी जनता अधिक से अधिक संख्या में लाभ प्राप्त करें।
===========
ग्राम देवरिया विजय में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
मंदसौर – प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय आयुष्मान आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक वर्ग, विशेषकर उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के निवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एवं टीबी (क्षय रोग) जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान करना रहा।
शिविर के दौरान टीबी जागरूकता अभियान अंतर्गत उपस्थित ग्रामीणों को टीबी शपथ दिलाई गई। ब्लॉक सीतामऊ के सुवासरा यूनिट के सी एच ओ शिवसिंह भाटी द्वारा ग्रामीणों को टीबी रोग के प्रति जागरूक करते हुए इसके प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लगातार कई दिनों तक खांसी आना, भूख न लगना, वजन में कमी होना, रात में पसीना आना तथा बुखार बने रहना टीबी के संभावित लक्षण हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि टीबी एक पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है और घबराने की आवश्यकता नहीं है। बलगम जांच में पॉजिटिव आने पर 6 माह तक नियमित उपचार से मरीज पूर्णतः स्वस्थ हो सकता है। साथ ही शासन द्वारा मरीजों को उपचार अवधि के दौरान प्रति माह 1000 रुपये की पोषण सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।
शिविर में आए नागरिकों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें टीबी स्क्रीनिंग हेतु एक्स-रे के माध्यम से संदिग्ध एवं पूर्व उपचाररत मरीजों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं बीएमआई सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। शिविर में सभी कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दी गई। फोटो संलग्न
=============
उत्साह और उल्लास के साथ निकली एक शाम गौ माता के नाम यात्रा
गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और हमारी जीवनशैली का अभिन्न आधार है -सुधीर गुप्ता
इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि कामधेनु गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और हमारी जीवनशैली का अभिन्न आधार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सांस्कृतिक धरोहरों और आध्यात्मिक प्रतीकों को जनभागीदारी से जोड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया है। पीएम मोमेंटोस ऑक्शन के माध्यम से प्राप्त यह प्रतिमा समाज को सेवा, समर्पण और संस्कार का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को “विश्व की माता” का स्थान दिया गया है। गौ सेवा को सदियों से धर्म, समाज और मानव कल्याण से जोड़ा गया है। कामधेनु की यह पावन प्रतिमा लोगों को भारतीय मूल्यों, प्रकृति संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना के प्रति जागरूक करने का कार्य करेगी। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश केवल आर्थिक और विकास की दिशा में आगे नहीं बढ़ रहा, बल्कि अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई पहचान मिल रही है।
सांसद ने बताया कि इस प्रतिमा हेतु समर्पित राशि को नमामि गंगे अभियान में अर्पित किया जाएगा। नमामि गंगे केवल एक योजना नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और राष्ट्रीय जागरूकता का जनआंदोलन बन चुका है। गंगा नदी भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र रही है तथा उसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए देशभर में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौ सेवा और गंगा सेवा दोनों ही भारतीय संस्कृति के मूल तत्व हैं और समाज को इन्हें जनभागीदारी से आगे बढ़ाना चाहिए।
यात्रा के दौरान अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि, मिडिया साथीगण उपस्थित रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। सांसद सेवा केन्द्र पहुंचने पर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया तथा गौ माता एवं राष्ट्र कल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस प्रेरणादायी प्रयास की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को मजबूत करने वाला कदम बताया।
==========
डाक जीवन बीमा एजेंट का चयन हेतु साक्षात्कार 22 मई क
मंदसौर 17 मई 26 / डाकघर अधिक्षक द्वारा बताया गया कि कार्यालय अधीक्षक डाकघर मंदसौर द्वारा भारतीय डाक विभाग की लोकप्रिय बीमा योजना डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा ( पीएलआई एवं आरपीएलआई ) के व्यवसाय हेतु डायरेक्ट एजेंट का चयन किया जाना है। मंदसौर एवं नीमच जिले के डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा ( पीएलआई एवं आरपीएलआई ) बीमा क्षेत्र के व्यवसाय हेतु इच्छुक उम्मीदवार इस हेतु आवेदन कर सकते है।
साक्षात्कार का आयोजन 22 मई 2026 को समय 12:00 बजे से किया जाएगा। इस हेतु 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आवेदक आवेदन कर सकते है। आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10वी पास या समकक्ष (राज्य / केंद्रीय बोर्ड ) होनी चाहिए एवं कम्प्युटर व स्थानीय क्षेत्र का ज्ञान होना चाहिए। उपरोक्त अहर्ताएं पूर्ण करने वाले इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन तथा बायोडाटा के साथ उक्त समयावधि मे कार्यालय अधीक्षक डाकघर मंदसौर संभाग,मंदसौर मे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते है। आवेदक अधिक जानकारी हेतु मोबाइल नंबर 9691556634 पर संपर्क कर सकते है।
========
पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2026-27 हेतु MPTAAS पोर्टल प्रारंभ
पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 31 मई तक आवेदन करें
मंदसौर 17 मई 26 / पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहायक संचालक द्वारा बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन हेतु MPTAAS पोर्टल प्रारंभ हो चुका है। पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026-27 के लिए 31 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि उनकी संस्था में अध्ययनरत पात्र नवीनीकरण विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन MPTAAS पोर्टल पर समय पर प्रस्तुत कराए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो एवं सभी पात्र विद्यार्थियों को योजना का पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके।
==============
एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 के तहत संचालन के लिए 20 मई तक आवेदन आमंत्रित
मंदसौर 17 मई 26 / मत्स्योद्योग सहायक संचालक द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग द्वारा ” मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलो मे मत्स्योद्योग विभाग चयनित जलाशय मे समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा उद्यमी माडल अंतर्गत निवेशको / उद्यमियो द्वारा केज स्थापना व अन्य गतिविधियो जैसे-केज एक्वाकल्चर, एक्वापोनिक्स, इंटीग्रटेड फिश फार्मिंग, ईको टुरिज्म एवं ग्रीन एनर्जी को बढावा देने एवं मत्स्योत्पादन में वृद्धि हेतु निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित करते हुए प्रदेश के मात्स्यिकी क्षेत्र मे निजी निवेश को बढावा देने के लिये बैकवर्ड एवं फारवर्ड लिंकेज के माध्यम से फिश हैचरी, आईस प्लाण्ट, कोल्ड स्टोरेज, फिश प्रोसेसिंग यूनिट एवं विपणन अधोसंरचनाओ के विकास हेतु बैंक ऋण सुविधा, ब्याज सबवेशन तथा तकनीकी सहायता प्रदान किये जाने के लिए आवेदन आमंत्रित किये जाते है।
इच्छुक निवेशक / उद्यमी 20 मई 2026 तक कार्यालयीन दिवस / समय मे आवेदन (डी.पी.आर व अन्य समस्त वांछित दस्तावेजो सहित) संबंधित जिले के मत्स्योद्योग विभाग कार्यालय मे प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी मत्स्योद्योग विभाग के जिला कार्यालय एवं विभाग के वेबसाईट www. mpfisheries.gov.in से भी प्राप्त की जा सकती है।
=========
जिले के संपूर्ण क्षेत्र में नलकूप खनन पर 31 जुलाई तक प्रतिबंध
मंदसौर 17 मई 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने मध्य प्रदेश पेयजल परिक्षण अधिनियम 1986 की धारा 3 संशोधित अधिनियम 2002 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत सम्पूर्ण जिले में अशासकीय व निजी नलकूप खनन करने पर 31 जुलाई 2026 तक प्रतिबंध लगाया गया है। मंदसौर जिले में कोई भी व्यक्ति बिना अनुज्ञा के नलकूप खनन नहीं कर सकेगा। जो व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करेगा वह अधिनियम की धारा -3 या धारा -4 के उपबंध का उल्लंघन करने पर दो हजार रू के जुर्माने तथा दो वर्ष तक के कारावास या दोनों से दण्डित किया गया जायेगा। शासकीय योजना के अंतर्गत किये जाने वाले नलकूप उत्खनन पर यह आदेश लागू नहीं होगा। इस हेतु अनुज्ञा प्राप्त किया जाना आवश्यक नहीं होगा।
===========
भक्ति से निर्भयता आती है – केशवानंद जी महाराज
गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और हमारी जीवनशैली का अभिन्न आधार है -सुधीर गुप्ता



