समाचार मध्यप्रदेश नीमच 13 मई 2026 बुधवार

///////////////////////////////////////////
सेवानिवृत्त एवं मृत शासकीय सेवकों के पेंशन व अन्य स्वत्वों के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें-कलेक्टर
सभी शेष हितग्राहियों की डी.बी.टी.संबंधी समस्याओं का समाधान करें-श्री चंद्रा
समय-सीमा पत्रों के निराकरण की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
नीमच 12 मई 2026, जिले के सभी सेवानिवृत्त एवं मृत शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरणों और स्वत्व संबंधी अन्य प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता से समय-सीमा में निराकरण कर भुगतान किया जाए। सभी कार्यालय के अधिकारी अधिकतम एक माह की सीमा में ऐसे सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने समय सीमा पत्रों के निराकरण संबंधी साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी जिला अधिकारियों को दिए। बैठक में एडीएम श्री बी.एस.कलेश, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, सभी एसडीएम तथा जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं में डीबीटी के माध्यम से लंबित भुगतान की समीक्षा में निर्देश दिए, कि सभी विभाग सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं में डीबीटी से असफल भुगतान के एक-एक प्रकरण की समीक्षा कर, समस्या का समाधान करें व सभी हितग्राहियों को डीबीटी से भुगतान करवाना सुनिश्चित करें।
शतप्रतिशत शेष किसानों की फार्मर आईडी बनवाए- बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए, कि वे फार्मर रजिस्ट्री कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें और शेष सभी किसानों की फार्मर आईडी बनवाने के लिए राजस्व अमलें को पाबंद करें। कलेक्टर ने पटवारियों को साप्ताहिक लक्ष्य आवंटित कर फार्मर आईडी बनवाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी शहरी विकास नीमच को निर्देश दिए, कि वे सीएमओ सिंगोली से चर्चा कर एक ठेकेदार द्वारा किए गऐ कार्यो का न.प.सिंगोली से लंबित बिलों का भुगतान करवाए। उन्होने सभी नगरीय निकायों को कमजोर आय वर्ग के परिवारों के लिए ए.एच.पी., हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए, कि जिले में समुदाय की भागीदारी से जिले में स्कूलों में ड्राप आउट विद्यार्थीयों को पुन: शाला प्रवेश का अभियान चलाकर शतप्रतिशत शाला त्यागी विद्यार्थियों को स्कूलों में प्रवेश दिलवाए। कोई भी विद्यार्थी ड्राप आउट ना रहे।
===========
कलेक्टर कार्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न
190 अधिकारी-कर्मचारियों की हुई जांच, 109 लोगों के लिए ब्लड सैंपल
नीमच 12 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार 12 मई 2026 को कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ.मनीष यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 190 अधिकारी एवं कर्मचारियों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं बी.एम.आई. की जांच की गई।
जांच के दौरान 109 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए, जिनमें से 23 लोगों को हाई ब्लड प्रेशर एवं 17 लोगों को हाई ब्लड शुगर की समस्या पाई गई। संबंधित कर्मचारियों को स्वास्थ्य परामर्श देकर आवश्यक चिकित्सीय सलाह एवं उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में संपर्क करने के निर्देश दिए गए।
डॉ.मनीष यादव ने बताया, कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो जाती है। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने एवं जीवनशैली में सुधार लाने की अपील की गई है।
=================
कलेक्टर ने की जनसुनवाई, 130 आवेदकों की सुनीं समस्याएं
सेमली चंद्रावत तालाब से तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश
तहसीलदार को राजस्व टीम भेजकर सीमांकन कराने के निर्देश
बीमार व्यक्ति को रेडक्रॉस से आर्थिक मदद देने के निर्देश
नीमच 12 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को जनसुनवाई करते हुए 130 आवेदकों की समस्याएं सुनीं एवं उनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सेमली चंद्रावत तालाब की भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश:- जनसुनवाई में ग्राम सेमली चंदावत के बाबुकुंवर व ग्रामीणों ने गांव के सर्वे नम्बर 635/2 पर 2 हेक्टेयर तालाब की जमीन का सीमांकन करवाकर अवैध अतिक्रमण हटवाने संबंधी आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार नीमच ग्रामीण को मंगलवार को ही राजस्व टीम भेजकर सीमांकन करवाकर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।
बीमार मजदूर को रेडक्रॉस से मदद के निर्देश:जनसुनवाई में मातारूण्डी मनासा के बीमार मजदूर सत्यनारायण ने आर्थिक स्थिति कमजोर बताते हुए परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। इस पर कलेक्टर ने सत्यनारायण को रेडक्रॉस नीमच से आर्थिक मदद प्रदान करने के निर्देश रेडक्रॉस प्रभारी को दिए हैं।
नवलपुरा में रास्ता खुलवाने के निर्देश: नवलपुरा के ग्रामीणों ने रूढ़िगत आम रास्ते को कुछ ग्रामीणों द्वारा अवरुद्ध करने और रास्ता खुलवाने के अनुरोध पर कलेक्टर ने तहसीलदार को मौके पर टीम भेजकर अविलम्ब रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए हैं।
अन्य आवेदन: जनसुनवाई में हतुनिया के राधेश्याम धनगर, मालखेड़ा प्रभुलाल, ज्ञानमंदिर महाविद्यालय नीमच के सेवानिवृत्त ग्रंथपाल ओमप्रकाश, जावद की रूकमणबाई, प्रतापपुरा कुकडेश्वर के प्रकाशचंद्र, राजकुमार, सरवानिया बोर के नरेन्द्र, सरवानिया महाराज की जानीबाई, नरसिंहपुरा के तुलसीराम, भादवामाता के सुरेश, दुरगपुरा के कालूलाल, सीरखेड़ा के बहादुरसिंह ने भी अपने आवेदन प्रस्तुत किए।
इसी तरह कुकडेश्वर वार्ड नम्बर 13 के राकेश, बरथून के लक्ष्मणसिंह, ग्वालटोली नीमच की सोमा पोद्दार, जावद की शांतिबाई, बांगरेड़ के नरसिंह, मोया के तुलसीराम, कड़ी आंत्री के विष्णु, बोरदिया कला के कचरूलाल, मनासा के संजय, अरनिया बोराना के भगवानसिंह, बरूखेड़ा के जगदीश, केलुखेड़ा के समरथ मेघवाल, देवरी खवासा के बाबूलाल, अम्बेडकर कॉलोनी नीमच की निर्मला ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जनसुनवाई में प्रस्तुत किए। जिस पर कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
=============
अवैध खनिज परिवहन पर जिला प्रशासन सख्त,
चार वाहन मालिकों पर कुल 7 लाख से अधिक का जुर्माना अधिरोपित
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने की कार्रवाई,
नीमच 12 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा (IAS) के निर्देशानुसार जिले में खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चार अलग-अलग प्रकरणों में वाहन मालिकों पर कुल 7 लाख 43 हजार 9 रूपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।
प्रकरण क्रमांक 0019/अ-67/2026-27: दिनांक 06.04.2026 को पुलिस थाना जावद द्वारा जप्त ट्राला क्रमांक RJ09GD7650 में बिना रॉयल्टी मिट्टी का परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक दुर्गाशंकर पिता श्यामलाल अहीर, निवासी बावल पर 4,15,000 रूपये की शास्ति लगाई गई। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 15,000 रूपये एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 4,00,000 रूपये शामिल है।
प्रकरण क्रमांक 0017/अ-67/2026-27: दिनांक 26.04.2026 को ग्राम खोर में जप्त ट्राला क्रमांक RJ09GD9736 में रॉयल्टी से अधिक मात्रा में मिट्टी परिवहन पर वाहन मालिक विकास पिता रोशनलाल जैन, निवासी केशरपुरा पर 62,259 रूपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 3,000 रूपये एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 59,259 रूपये शामिल है।
प्रकरण क्रमांक 0018/अ-67/2026-27: दिनांक 19.04.2026 को ग्राम खोर में जप्त डम्पर क्रमांक RJ09GE1828 में बिना रॉयल्टी मिट्टी परिवहन पर वाहन मालिक हरिश पिता घिसालाल माली, निवासी सुवाखेड़ा पर 2,13,500 रूपये की शास्ति अधिरोपित की गई। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 13,500 रूपये एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 2,00,000 रूपये शामिल है।
प्रकरण क्रमांक 0016/अ-67/2026-27: दिनांक 19.04.2026 को ग्राम नयागांव में जप्त डम्पर क्रमांक RJ09GB3961 में रॉयल्टी से अधिक मुरूम परिवहन पर वाहन मालिक मदनलाल पिता निर्भय धाकड़, निवासी रूपारेल पर 52,250 रूपये का अर्थदंड लगाया गया। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 2,250 रूपये एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 50,000 रूपये शामिल है।
कलेक्टर का सख्त आदेश: सभी प्रकरणों में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई है। कलेक्टर द्वारा खनि अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि अधिरोपित जुर्माना राशि 15 दिवस के अन्दर शासकीय कोष में जमा होने की पुष्टि पर ही जप्तशुदा वाहन मुक्त किए जाएं।
यदि अनावेदकों द्वारा निश्चित समयावधि में जुर्माना राशि जमा नहीं कराई गई तो उनके विरुद्ध भू-राजस्व संहिता की धारा में निहित प्रावधानों के तहत कार्यवाही कर भू-राजस्व के समान वसूली की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन/परिवहन के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
==================
आजीविका मिशन से बदली जमुनियाखुर्द की महिलाओं की तकदीर, बनीं लखपति दीदी
14 महिला समूह सक्रिय,
मीना खारोल की मासिक आय 24 हजार रूपये एव वार्षिक आय हुई 2.88 लाख रुपए
नीमच 12 मई 2026, मध्यप्रदेश के नीमच जिले से करीब 12 किमी दूर नीमच विकासखण्ड का गांव जमुनियाखुर्द आजीविका मिशन की पहल से महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन रहा है। गांव की महिलाएं सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सक्षम होकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
ग्राम की पृष्ठभूमि एवं समूह गठन: – ग्राम पंचायत जमुनियाखुर्द में पहले स्वयं सहायता समूह नहीं थे। 2019 में सबसे पहले महिलाओं को घर से बाहर निकालकर समूह में संगठित किया गया। आज उसी का परिणाम है कि ग्राम पंचायत में 14 महिला स्वयं सहायता समूह गठित हो चुके हैं।
स्वरोजगार से बनीं लखपति दीदी: समूह से जुड़ी श्रीमती मीना खारोल सीआरपी-कृषि सखी एवं लखपति सीआरपी का कार्य कर रही हैं। एनआरएलएम की योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ दिया-बत्ती निर्माण एवं ‘किराना एक बगिया माँ’ के नाम से गतिविधि भी संचालित कर रही हैं। इनसे उनकी व्यक्तिगत आय प्रतिदिन 800 रूपये, प्रतिमाह 24 हजार रूपये एवं प्रतिवर्ष 2 लाख 88 हजार रूपये हो गई है। समूह में जुड़ी देवरानी एवं सास कृषि एवं पशुपालन गतिविधि से लगभग ₹80,000 प्रतिवर्ष कमा रही हैं। समूह से जुड़ने से पहले ये महिलाएं गृह कार्य एवं मजदूरी करती थीं और आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। समूह से जुड़ने के बाद गतिविधियों से जुड़कर वर्तमान स्थिति अच्छी हो गई है, सामाजिक छवि में सुधार हुआ है एवं ये ‘लखपति दीदी’ बन गई हैं। समूह से जुड़ने के बाद पक्का मकान बनाया, ट्रैक्टर एवं बाइक खरीदी तथा बच्चे अच्छे स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं।
प्रेरणा बनीं मीना खारोल: ग्राम में कुछ महिलाएं ग्रेजुएट एवं पोस्ट ग्रेजुएट तक पढ़ी-लिखी हैं, परंतु सामाजिक परम्पराओं के कारण घर से बाहर नहीं जाती थीं। श्रीमती मीना खारोल द्वारा ग्राम में विभिन्न आजीविका गतिविधियां प्रारंभ करने से दूसरी महिलाएं भी स्वरोजगार की ओर प्रेरित हो रही हैं, जिससे उनके परिवारजनों को भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
आय अर्जन को मिला बढ़ावा: मीना खारोल के स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने रिवॉल्विंग फंड से प्राप्त 10 हजार रूपये एवं स्वयं की बचत का उपयोग खेती, पशुपालन एवं अन्य आय अर्जन गतिविधियों में किया जा रहा है।
संगठनात्मक पहल से सुविधाओं का विस्तार: म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रयासों से महिला स्वयं सहायता समूह के गठन, सशक्तिकरण एवं बैंक तथा मिशन से प्राप्त धनराशि की उपलब्धता से समूह सदस्यों एवं परिवारजनों हेतु रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। वहीं ग्राम विकास हेतु शासन एवं ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रयास तेज हो रहे हैं। अब ग्राम में विकास की बयार बह रही है और पंचायती राज संस्थाओं को भी मजबूती मिल रही है।
===========



