समाचार मध्यप्रदेश नीमच 10 मई 2026 रविवार

//////////////////////////////////////
महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्र समर्पण की अमर गाथा है – विधायक परिहार
नीमच में मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती : विधायक ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, त्याग और बलिदान को किया नमन
नीमच। महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनका जीवन हम सभी को अन्याय के विरूद्ध संघर्ष करने तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। मेवाड के वीर शासक महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्र समर्पण की अमर गाथा है।
उक्त आशय के उद्गार ग्वालटोली चौराहा स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा पर राजपूत पदाधिकारियों के साथ उन्हें श्रद्धा के साथ माल्यार्पण एवं नमन कर व्यक्त किए। विधायक ने उपस्थित लोगों से एकजुट होकर अपने धर्म, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
===========
ग्राम उचेड में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में 38 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
नीमच, 09 मई 2026, शासकीय आयुर्वेद औषधालय पिपल्या जागीर (आयुष) द्वारा शनिवार को ग्राम उचेड़ के आंगनवाड़ी केंद्र में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में दी गई सेवाएं:शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्त अल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, प्रमेह आदि रोगों की जांच कर रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही बीपी की निःशुल्क जांच भी की गई।
जागरूकता एवं परामर्श:इसके अतिरिक्त मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव मुक्ति, नशामुक्ति एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के बारे में आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
लाभान्वित मरीज: शिविर में कुल 38 मरीजोंने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
उपस्थित गणमान्य: इस अवसर पर पंचायत सचिव, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ.आबिद खान, कम्पाउन्डर श्री गोपाल कृष्ण गंधर्व, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा, सहायिका एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
==========
आजीविका मिशन से बदली खानखेड़ी की तस्वीर: राधा बैरागी बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल
खानखेडी में 24 महिला समूह गठित , राधा बैरागी ने साड़ी दुकान व जनरल स्टोर से प्रतिदिन ₹540 की आय अर्जित की
नीमच, 09 मई 2026, म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रयासों से नीमच जिले से करीब 70 किमी दूर मनासा विकासखण्ड के ग्राम खानखेड़ी की महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है। वर्ष 2018 में मिशन द्वारा महिलाओं को घर से बाहर निकालकर समूह में संगठित करने की मुहिम शुरू की गई थी, जिसका परिणाम आज ग्राम में 24 महिला स्वयं सहायता समूहों के रूप में सामने है।
राधा बैरागी बनीं प्रेरणास्रोत: ग्राम पंचायत खानखेड़ी के “राधे राधे” स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमती राधा बैरागी ने समूह एवं बैंक से ऋण लेकर मनिहारी की दुकान प्रारंभ की। वर्ष 2023 में उन्होंने स्वयं की साड़ी की दुकान एवं जनरल स्टोर शुरू किया, जिससे उन्हें प्रतिदिन 540 रूपये की आय हो रही है। कृषि कार्य में भी परिवारजन उनका सहयोग करते हैं।
अन्य महिलाओं को कर रहीं प्रेरित: श्रीमती राधा बैरागी पढ़ी-लिखी महिलाओं को घर से बाहर आकर अपने पैरों पर खड़ा होने एवं आजीविका गतिविधि शुरू करने हेतु प्रेरित कर रही हैं। वे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सतत प्रयासरत हैं।
समूह को मिला वित्तीय सहयोग: राधा बैरागी के समूह के सदस्यों ने रिवॉल्विंग फंड से ₹20 हजार सीआईएफ से एक लाख रूपये एवं 6 लाख रूपये एवं स्वयं की बचत राशि का उपयोग, कृषि कार्य, किराना दुकान, पशुपालन जैसी आय अर्जन गतिविधियों में किया है।
परिणाम: ग्राम खानखेड़ी में 2018 से पूर्व कोई स्वयं सहायता समूह नहीं था। आज संगठनात्मक पहल से महिलाओं के साथ-साथ ग्राम में सुविधाओं का भी विस्तार हुआ है। आजीविका मिशन से जुड़कर महिलाएं सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सक्षम होने की दिशा में तेजी से बढ़ रही हैं।
================
प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया का नीमच दौरा कार्यक्रम
नीमच 09 मई 2026, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया आज 10 मई 2026 रविवार को मंदसौर से दोपहर 12.30 बजे प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे नीमच आएगी। प्रभारी मंत्री नीमच में दोपहर 2.30 बजे कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने के बाद शाम 4 बजे नीमच से झाबुआ के लिए प्रस्थान करेगी ।
============
मनासा के ग्राम चौकड़ी में उपार्जन केंद्र बंद होने संबंधी समाचार का स्पष्टीकरण
नीमच 9 मई 2026, एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र में ग्राम चौकड़ी में पिछले 2 वर्षों से उपार्जन केंद्र बंद होने के संबंध में9 मई को प्रकाशित खबर के परिप्रेक्ष्य में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री राम नरेश दिवाकर ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है ।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री दिवाकर ने बताया कि रबी उपार्जन नीति 2026-27 (कंडिका 5.3) के अनुसार, किसानों की सुविधा हेतु उपार्जन केंद्र की दूरी यथासंभव 25 कि.मी. के दायरे में होनी चाहिए। ग्राम चौकड़ी से निकटतम केंद्र ‘कंजार्डा’ की दूरी मात्र 10 से 12 कि.मी. है, जो निर्धारित मापदंडों के पूर्णतः अनुरूप है। उपार्जन नीति की कंडिका 5.5 के अनुसार, जिन केंद्रों पर पिछले वर्ष 500 मीट्रिक टन से कम खरीदी हुई है, उन्हें नजदीकी केंद्र में संलग्न करने के निर्देश हैं। वर्ष 2023-24 में ग्राम चौकड़ी केंद्र पर शून्य खरीदी दर्ज की गई थी, जिसके कारण इसे नियमानुसार कंजार्डा केंद्र में समाहित किया गया है।
अतः ग्राम चौकड़ी के किसानों को उपज विक्रय हेतु कोई अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है। शासन की नीति और किसानों की कम संख्या को ध्यान में रखते हुए ही चौकड़ी केंद्र को निकटतम बड़े केंद्र (कंजार्डा) के साथ संबद्ध किया गया है। अतः प्रकाशित खबर तथ्यों से परे और भ्रामक है।
===========
जलकुंभी और अतिक्रमण स्वरूप गंदे नाले की शक्ल में दिखने लगी नीमच की नदियों का उद्धार करें
=========
हरहरी वेयरहाउस (मनासा) उपार्जन केंद्र पर किसानों की भीड़ एवं तौल में देरी संबंधी समाचार का खंडन
नीमच 9 मई 2026, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री राम नरेश दिवाकर ने एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र में 9 मई 2026 को प्रकाशित समाचार के संबंध में बताया, कि हरहरी वेयरहाउस उपार्जन केंद्र पर किसानों की अत्यधिक भीड़ और रात भर रुकने की मजबूरी संबंधी प्रकाशित खबर वास्तविक स्थिति से परे है।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया, कि दिनांक 04/05/2026 की शाम मनासा क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के कारण हरहरी वेयरहाउस पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। इस वजह से कट्टों की सिलाई और गोदाम में भंडारण का कार्य प्रभावित हुआ। परिसर में स्थान की कमी होने के कारण दिनांक 05 एवं 06 मई को किसानों को कुछ असुविधा हुई थी। भीड़ को कम करने और किसानों की सुविधा के लिए दिनांक 07 मई को बाहर खड़े ट्रैक्टरों के ‘स्लॉट’ नजदीकी केंद्रों (आदिनाथ वेयरहाउस एवं गोपाल बसंत वेयरहाउस) पर स्थानांतरित कर त्वरित खरीदी सुनिश्चित की गई।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया, कि 08 मई को केंद्र पर आए सभी किसानों की उपज उसी दिन तौल ली गई थी। कोई भी किसान शेष नहीं बचा था। 09 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे तक मात्र 12 ट्रैक्टर खरीदी हेतु आए हैं, जिनकी तुलाई आज ही पूर्ण कर ली जाएगी। वर्तमान में केंद्र पर न तो भीड़ है और न ही किसानों को रात में रुकने की आवश्यकता है।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री दिवाकर ने बताया, कि उपार्जन केंद्र हरहरी वेयरहाउस पर वर्तमान में सभी व्यवस्थाएं सामान्य हैं। किसानों को रात भर रुकने जैसी कोई समस्या नहीं है। अतः प्रकाशित समाचार भ्रामक एवं वस्तुस्थिति के विपरीत है।
=====================




