सुवासरा में खाद-बीज व्यापारियों का ज्ञापन: समस्याओं के निराकरण की मांग, देशव्यापी हड़ताल का दिया समर्थन

सुवासरा में खाद-बीज व्यापारियों का ज्ञापन: समस्याओं के निराकरण की मांग, देशव्यापी हड़ताल का दिया समर्थन
✍️ पंकज बैरागी
सुवासरा -नगर में खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेता संघ द्वारा जिला मंदसौर के तत्वावधान में भारत सरकार के प्रधानमंत्री के नाम सुवासरा तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु मांग उठाई।
संघ ने बताया कि यह संगठन देशभर के लगभग 5 लाख खाद-बीज एवं कीटनाशक व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करता है। पिछले 10 वर्षों से लगातार समस्याओं के समाधान के लिए निवेदन किए जा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण 27 अप्रैल 2026 को देशभर में कृषि अन्नदाता व्यापारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल भी की।
प्रमुख मांगें-
व्यापारियों ने ज्ञापन में निम्न प्रमुख मांगें रखीं—
सब्सिडी वाले खाद के साथ अन्य उत्पादों की जबरन बिक्री पर रोक लगे और इसे दंडनीय अपराध घोषित किया जाए।
खाद की आपूर्ति सीधे विक्रेता केंद्र तक सुनिश्चित की जाए, जिससे अतिरिक्त खर्च समाप्त हो।
बढ़ती महंगाई के अनुसार व्यापारियों का कमीशन बढ़ाया जाए।
पोर्टल प्रणाली को सरल बनाया जाए तथा छोटे विक्रेताओं को अनिवार्यता से मुक्त रखा जाए।
अवैध बीज बिक्री पर सख्त रोक लगाई जाए।
खराब गुणवत्ता वाले उत्पादों की जिम्मेदारी विक्रेताओं के बजाय निर्माण कंपनियों की तय की जाए।
लाइसेंस निलंबन की स्थिति में 21 दिन के भीतर पुनः बहाली का प्रावधान हो।
खाद, बीज एवं कीटनाशक लाइसेंस की अवधि बढ़ाई जाए।
दोहरे लाइसेंस सिस्टम को समाप्त किया जाए।
झूठी शिकायतों से व्यापारियों को बचाने के लिए जांच समिति गठित की जाए।
चेतावनी-
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आगामी खरीफ सीजन से पहले बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिससे कृषि व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उपस्थित प्रमुख व्यापारी-
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में दिनेश गुप्ता, विनोद मामा, मुस्तफा भाई, भवानीशंकर, राहुल माडलिया, पवन फरक्या, उपकारा, अनील मीणा, अजय सिंह, नैनसिंह, विजय प्रजापति, नरेन्द्र पाटीदार, रोहित उपकार, प्रमोद फरक्या, असगर अली, अशोक जैन, अलीत गुप्ता, लोकेश पाटीदार, पंकज पाटीदार, राव पाटीदार, शुभम चौधरी, श्यामसिंह तंवर सहित सुवासरा के समस्त खाद-बीज एवं दवा व्यापारी उपस्थित रहे। उपरोक्त जानकारी कैलाश मोदी ने दी एवं ज्ञापन का वाचन दिनेश गुप्ता एग्रो ने किया।



