हांडी-झाड़ू बांध कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक, पुश्तैनी जमीन छोड़ने व प्रताड़ना का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग

हांडी-झाड़ू बांध कलेक्ट्रेट पहुंचा युवक, पुश्तैनी जमीन छोड़ने व प्रताड़ना का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग
मंदसौर। मंगलवार को मंदसौर कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक युवक का अनोखा विरोध देखने को मिला। मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम खडपालिया निवासी रवि सूर्यवंशी गले में हांडी और पीठ पर झाड़ू बांधकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और हाथ में आवेदन के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लेकर न्याय की गुहार लगाई।
रवि सुर्यवंशी ने कलेक्टर के समक्ष बताया कि उसकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुरेश पाटीदार और उनके परिजन लगातार दबाव बनाकर जमीन छोड़ने के लिए धमका रहे हैं। रवि ने आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवार को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। इतना ही नहीं, गांव में रहने नहीं देने और सामाजिक बहिष्कार की धमकी भी दी गई। पीड़ित के अनुसार, परिवार की महिलाओं के साथ भी रास्ते में रोककर अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिससे वे भय के माहौल में जी रहे हैं।
पीड़ित ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को उसी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया, जबकि उसने पहले शिकायत की थी। उसका आरोप है कि कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग कर उसे ही फंसाने की कोशिश की जा रही है। रवि ने प्रशासन को बताया कि उसे और उसके परिवार को जान का खतरा है। समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर किसी बड़ी घटना की आशंका भी जताई।
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही अपनी जमीन पर कब्जा दिलाने, परिवार को सुरक्षा प्रदान करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की भी अपील की।जनसुनवाई में दिए आवेदन में प्रशासन से पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जमीन का सत्यापन कराने की मांग की गई है।
पीड़ित ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होगा।
==============



