SIR : तितरोद में फर्जी आपत्ति का आया मामला, 90 साल की नन्नी बी और 80 साल के मोहम्मद व इस्माइल सहित 55 मतदाता जवाब देने पहुंचे

SIR : ग्राम तितरोद में फर्जी आपत्ति का आया मामला, 90 साल की नन्नी बी और 80 साल के मोहम्मद व इस्माइल सहित 55 मतदाता जवाब देने पहुंचे
सीतामऊ।सुवासरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तितरोद में एसआइआर के अंतर्गत फर्जी आपत्ति प्रस्तुत करने का मामला सामने आया है। ग्राम तितरोद के मतदान क्रमांक 162 व 163 के 55 मतदाताओं को सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सीतामऊ द्वारा नोटिस दिए गए कि आक्षेपकर्ताओं द्वारा मतदाता सूची में आपके नाम के संदर्भ में आपत्ति ली गई है।
जानकारी मिलते ही तितरोद के 55 मतदाता एवं उनके स्वजन सीतामऊ तहसील परिसर पहुंचे एवं नोटिस का विधिवत जवाब प्रस्तुत किया। जिन लोगों द्वारा यह शिकायत एवं आपत्ति प्रस्तुत की’ गई थी, वे अनुपस्थित रहे। नाराज मतदाताओं ने जब इनसे संपर्क किया तो आपत्तिकर्ताओं ने मामले में अनभिज्ञता जताई, जिससे स्पष्ट हुआ कि मामला फर्जी आपत्ति प्रस्तुत करने का है। जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गोविंदसिंह पंवार, विनय राजोरिया, निर्मल फरक्या, सुरेश पाटीदार पहुंचे एवं अधिकारियों से चर्चा की।
फर्जी आपत्तिकर्ताओं पर कार्रवाई की मांगः मामले में जिन लोगों के खिलाफ आपत्ति ली गई थी, उनमें कई बुजुर्ग पुरुष एवं महिलाओं के साथ ही गर्भवती भी शामिल हैं। जवाब प्रस्तुत करने सभी को मजबूरन सीतामऊ आना पड़ा। 80 वर्ष के लाल मोहम्मद मंसूरी, 82 वर्ष के इस्माइल मंसूरी, 90 वर्ष की नन्नी बी ने बताया कि कई वर्षों से वोट डाल रहे हैं। हज यात्रा कर चुके हैं, तीन पीढ़ियां यहीं निवास करती हैं लेकिन एक फर्जी आपत्ति के चलते हमें ठंड के मौसम में यहां आना पड़ रहा है। निर्वाचन आयोग को ऐसे फर्जी आपत्तिकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
तितरोद निवासी अफसाना बी डिलीवरी के लिए पीहर गई हुई थी, लेकिन नोटिस का जवाब देने ग्राम नगरी से सीतामऊ आना पड़ा। इसी तरह 3 माह का नवजात शिशु गोद में उठाए रानी पति इश्तियाक मोहम्मद, खातून बी शीत प्रकोप के बावजूद मजबूरन जवाब देने पहुंची। ग्राम तितरोद निवासी इरफान मोहम्मद, यासिर, अनीसा बी, अजीज, सुलेमान सहित 55 लोगों ने जवाब प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि हमारे खिलाफ झूठी शिकायत कर हमारे नाम मतदाता सूची से कटवाने की साजिश है, जिन लोगों द्वारा आपत्ति ली गई वे नहीं पहुंचे।
आपत्तिकर्ताओं पर एफआईआर होनी चाहिए
हम उच्च स्तर पर शिकायत करेंगेः कांग्रेस नेता गोविंदसिंह पंवार ने बताया कि यह जानबूझकर वर्ग विशेष के लोगों का नाम मतदाता सूची से काटने की साजिश है। इसके ठीक विपरीत कई सालों से मतदान करते आ रहे मतदाताओं के ऊपर बर्डन ऑफ प्रूफ का बोझ डाल दिया गया। ऐसे फर्जी आपत्तिकर्ताओं पर एफआईआर होनी चाहिए।
कांग्रेस नेता विनय राजोरिया, निर्मल फरक्या, सुरेश पाटीदार, ने बताया कि दल विशेष के कार्यकर्ताओं एवं संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के नाम से यह शिकायतें की गई हैं, जिनमें से कई को तो यह भी नहीं पता कि उनके नाम से आपत्ति प्रस्तुत की गई है एवं कई ने अपनी पार्टी के दबाव में यह आपत्ति प्रस्तुत की हैं। जिसके वीडियो साक्ष्य भी हमारे पास उपलब्ध हैं। इस मामले में उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी। फर्जी आपत्तिकर्ताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
06 आपत्तिकर्ता सभी अनुपस्थित रहे
सीतामऊ एआरओ प्रभांशुसिंह द्वारा बताया गया कि ग्राम तितरोद के मतदान केंद्र 162 एवं 163 के लगभग 55 लोगों को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम के अंतर्गत नोटिस जारी हुए थे। सभी का विधिवत जवाब प्राप्त कर लिया गया है। कुल 6 आपत्तिकर्ता थे, सभी अनुपस्थित रहे।



