समाचार मध्यप्रदेश नीमच 03 फरवरी 2026 शुक्रवार

/////////////////////////////////////
विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने खेतों में उतरकर जाना ओलावृष्टि का दर्द, सर्वे के लिए अफसरों को दिए सख्त निर्देश
===========
प्राकृतिक आपदा की घड़ी मे सरकार व प्रशासन किसानों के साथ खड़ा है
ओलावृष्टी से प्रभावित गांवों में फसलों के नुकसानी का सर्वे कार्य प्रारंभ
नीमच 2 फरवरी 2026,प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन, प्राकृतिक आपदा की घड़ी में किसानों के साथ है।कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में राजस्व एवं कृषि विभाग के अमले द्वारा गत दिनों हुई ओलावृष्टी एवं बारिश से फसलों को हुए नुकसान के आकलन/सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
अपर कलेक्टर श्री बी.एस कलेश ने बताया कि नीमच जिले में सोमवार को सुबह से ही राजस्व एवं कृषि अमले ने ओलावृष्टी से प्रभावित गांवों में किसानों के खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया है ।एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना ने सोमवार को ग्राम तुमड़ा,रूपावास, आंकली एवं सोजावास में किसानों के खेतों का टीम के साथ भ्रमण कर, फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।एसडीएम जावद सुश्री प्रीति संघवी ने जावद क्षेत्र के गांव मांण्डा का भ्रमण कर फसल नुकसानी का जायजा लिया। नीमच व जीरन तहसील के पटवारियों और कृषि एवं राजस्व अमले ने लाछ बमोरा एवं क्षेत्र के अन्य गांवों में ओलावृष्टी से हुए नुकसान का जायजा लिया।कृषि एवं राजस्व विभाग की टीमों द्वारा ओला प्रभावित सभी गांवों में खेतों में जाकर फसल नुकसानी का सर्वे कार्य तत्परता पूर्वक किया जा रहा है।
================
बाछडा समुदाय के 10-10 युवक, युवतियों को स्थानीय उद्योगो में रोजगार दिलाया जाएगा-श्री चंद्रा
शतप्रतिशत बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें-कलेक्टर
पंख अभियान के तहत स्वयं सेवकों की कार्यशाला सम्पन्न
नीमच 2 फरवरी 2026, जिले के बाछडा समुदाय के 10-10 युवक, युवतियों को प्रेरित कर स्थानीय उद्योगो के समन्वय, सहयोग से रोजगार दिलाया जाएगा। पंख अभियान के स्वयं सेवक ऐसे पात्र एवं इच्छुक युवक, युवतियों को प्रेरित कर उनकी सूची उपलब्ध कराए, जिससे, कि उन्हें स्थानीय उद्योगो में रोजगार दिलाया जा सके। यह बात कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में पंख अभियान के तहत नियुक्त स्वयं सेवकों की कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कही। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं पंख अभियान के स्वयं सेवक भी उपस्थित थे।
कार्यशाला में कलेक्टर ने कहा, कि जिले में पशुपालकों के केसीसी बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सभी स्वयं सेवक बाछडा समुदाय के पशुपालकों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराए, जिससे, कि उनकों के.सी.सी. प्रदान किया जा सके। कलेक्टर ने कहा, कि के.सी.सी.के लाभ से कोई भी पशुपालक वंचित ना रहे। सभी के के.सी.सी. प्रकरण तैयार कर बैंकों से के.सी.सी.जारी करवाया जाए।
कार्यशाला में कलेक्टर ने पंख अभियान के तहत विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों से चर्चा कर, उन्हें हुए लाभ, स्थापित स्वरोजगार एवं अर्जित आय के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने लाभांवित हितग्राहियों से कहा, कि वे अपने समुदाय के अन्य पात्र युवक, युवतियों को भी शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित कर उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने में सहयोग करें।
कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि, पशुपालन, आजीविका मिशन, आदि विभागों द्वारा गत एक वर्ष में विभागीय योजनाओं में लाभांवित हितग्राहियों की प्रगति से अवगत कराया। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पण्ड्या को कलेक्टर ने निर्देश दिए, कि बाछडा समुदाय की इस माह अंत तक जिले में शतप्रतिशत बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाए। कोई भी पात्र बालिका लाड़ली लक्ष्मी योजना के लाभ से वंचित ना रहे। बैठक में पंख अभियान के स्वयं सेवकों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
===============
जिले के सभी पशुपालकों के के.सी.सी.के प्रकरण तैयार कर के.सी.सी.जारी करवाए-श्री चंद्रा
जिले में एक मार्च से 30 अप्रेल तक पशुपालन के सी.सी.अभियान चलाया जाएगा
नीमच 2 फरवरी 2026, जिले के शतप्रतिशत पशुपालकों के के.सी.सी.बनाने के लिए उनके प्रकरण तैयार करवाकर उन्हें के.सी.सी. जारी करवाए जाएगें। इसके लिए जिले में एक मार्च से 30 अप्रेल तक विशेष के.सी.सी.अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कोई भी पशुपालक के.सी.सी.के लाभ वंचित नही रहे। नीमच, जावद, मनासा विकासखण्ड में उक्त अवधि में न्यूनतम तीन-तीन हजार के.सी.सी.जारी करवाने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की सोमवार को मासिक समीक्षा बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे एक मार्च से विभागीय मैदानी अमलें के माध्यम से अभियान चलाकर शतप्रतिशत पशुपालकों के के.सी.सी.प्रकरण तैयार कर केसीसी जारी करवाना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, उप संचालक पशुपालन डॉ.राजेश पाटीदार, सभी विकासखण्ड स्तरीय पशु चिकित्सक, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा, कि ग्रामीण समृद्ध में पशुपालन का अहम योगदान है और पशुपालकों को के.सी.सी. के माध्यम से ब्याज मुक्त ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर ग्रामीण समृद्धि पशुपालकों की समृद्धि में सहजता से सहयोग किया जा सकता है। अत: पशुपालन विभाग का सम्पूर्ण अमला सभी पशुपालकों को के.सी.सी.ऋण सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे।
बैठक में कलेक्टर ने सेक्टरवार कृत्रिम गर्भाधान कार्य और एम.एफ.डी. टीकाकरण कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और न्यूनतम प्रगति वाले ए.वी.एफ.ओ.को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही 15 फरवरी तक एफ.एम.डी.टीकाकरण कार्य और कृत्रिम गर्भाधान कार्य की शतप्रतिशत लक्ष्यपूर्ति नहीं करने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पशुपालन विभाग द्वारा संचालित आचार्य विद्यासागर योजना, डेयरी प्लस योजना, बैकयार्ड योजना, बकरी पालन योजना की प्रगति की समीक्षा की और 15 फरवरी के पूर्व उक्त सभी योजनाओं में शतप्रतिशत लक्ष्य अनुरूप स्वीकृति एवं ऋण वितरण सुनिश्चित करवाने के निर्देश भी उप संचालक पशुपालन को दिए। कलेक्टर ने जिले में पदस्थ मैत्री कार्यकर्ताओं का युक्तियुक्तकरण करने और जहां मैत्री कार्यकर्ता नहीं है, वहां मैत्री की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश उप संचालक पशुपालन को दिए। उन्होने कार्य नहीं करने वाले मैत्री कार्यकर्ताओं को पद से पृथक कर उनके स्थान पर नये मैत्री कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिलाकर पदस्थ करने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। बैठक में डॉ.ए.आर.धाकड, डॉ.मीनल पाटनी, डॉ.आशीष शर्मा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्री अमित नार्गेश, एसडीओ फारेस्ट श्री दशरथ अखण्ड, सीएमओ सुश्री दुर्गा बामनिया भी उपस्थित थी।
=====
ओलावृष्टि से फसलें तबाह, पूर्व जनपद अध्यक्ष पाटीदार ने कहा – बिना सर्वेक्षण के तुरंत मुआवजा दे सरकार
=======
कलेक्टोरेट में सामुहिक राष्ट्रगॉन एवं वन्दे मातरम का गायन
नीमच 02 फरवरी 2026, कलेक्टर कार्यालय नीमच में सोमवार को सामुहिक राष्ट्रगॉन एवं वंदेमातरम का गायन किया गया। राष्ट्रगॉन, म.प्र.गान एवं वन्देमातरम का गायन ए.डी.एम श्री बी.एस.कलेश तथा जिला अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में हुआ।
इस मौके पर कलेक्टोरेट भवन स्थित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामुहिक रूपसे राष्ट्रगॉन, वंदे मातरम एवं म.प्र.गॉन का गायन किया। तदपश्चात फरवरी माह में शासकीय कार्योकी शुरूआत की गई।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिह धार्वे सुश्री श्रुति भयडिया सहित कलेक्टोरेट, राजस्व, भू-अभिलेख, श्रम, सहकारिता विभाग, शिक्षा, कोषालय, जनसम्पर्क कार्यालय, शहरी विकास अभिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचरीगण उपस्थित थे। थे।
===========
मासिक किराए पर वाहन लेने आवेदन आमंत्रित
नीमच 2 फरवरी 2026, भारतीय स्टेट बैंक शाखा दशहरा मैदान के सामने नीमच को माह फरवरी 2026 से शाखा के कार्य हेतु एक वातानुकूलित वाहन की आवश्यकता हैं, जिसकी इंजन क्षमता 1400 सी.सी से ज्यादा हो। इच्छुक व्यक्ति अपना आवेदन जिसमें गाड़ी का मासिक किराया एवं डीजल/कि.मी.की दर अंकित हो, स्टेट बैंक शाखा दशहरा मैदान नीमच में किसी भी माध्यम से 15 फरवरी तक शाखा कार्यालय में जमा कर सकते हैं। 15 फरवरी शाम 5 बजे तक प्राप्त आवेदन ही मान्य होंगें। विस्तृत जानकारी स्टेट बैंक शाखा दशहरा मैदान नीमच से प्राप्त की जा सकती हैं। यह जानकारी एलडीएम श्री शिशांशु शेखर द्वारा दी गई।
============
नीमच की बेटी पूजा प्रजापत ने रिपब्लिक डे कैम्प में रचा इतिहास
ऑल इंडिया गार्ड ऑफ ऑनर में चयन, प्रदेश का नाम किया रोशन
नीमच 02 फरवरी 2026, नीमच जिले के ग्राम चंगेरा की होनहार बेटी पूजा प्रजापत ने राष्ट्रीय कैडेट कोर के रिपब्लिक डे कैम्प में भाग लेकर न केवल नीमच जिले बल्कि पूरे मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।
पूजा प्रजापत का चयन इस शिविर के लिए असाधारण उपलब्धि रही है। उन्होंने लगभग चार माह तक कठोर अनुशासन, अथक परिश्रम और निरंतर अभ्यास के साथ स्वयं को तैयार किया। इसके पश्चात वे कई चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया से सफलतापूर्वक गुजरते हुए मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट की गार्ड ऑफ ऑनर का हिस्सा बनीं।
दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर से आए हजारों कैडेट्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें पूजा प्रजापत ने अपनी उत्कृष्ट ड्रिल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर ऑल इंडिया गार्ड ऑफ ऑनर टीम में अपना स्थान पाया। यह उपलब्धि किसी भी कैडेट के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है।
रिपब्लिक डे कैम्प के दौरान पूजा को देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष गार्ड ऑफ ऑनर में सहभागिता का अवसर मिला। इस अवसर पर महामहिम उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री श्री संजय सेठ, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, एवं डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल विरेंद्र वत्स की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस उपलब्धि पर 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि,“पूजा प्रजापत की यह उपलब्धि केवल एक कैडेट की सफलता नहीं, बल्कि यह पूरे मंदसौर-नीमच अंचल और प्रदेश की बेटियों की सामर्थ्य का प्रतीक है। पूजा ने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो गाँव की मिट्टी से भी देशभक्ति की खुशबू दिल्ली तक पहुँच सकती है।”
पूजा प्रजापत की यह उपलब्धि आज हजारों युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है, कि सपने चाहे छोटे गाँव में देखे जाएँ, लेकिन मेहनत हो सच्ची तो पहचान पूरे देश में बनती है।
==========
दो डोडाचूरा तस्करों को 13-13 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 02-02 लाख रूपये अर्थदण्ड
नीमच। विशेष न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार बाजोलिया, (एन.डी.पी.एस. एक्ट) 259 कट्टों में कुल 3927 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की अंतर्राज्यीय तस्करी करने वाले दो आरोपीगण (1) अजय कुमार पिता राजेश कुमार विश्नोई, उम्र-21 वर्ष, निवासी-ग्राम खाबड़ा खुर्द, तहसील ओसियां जिला जोधपुर (राजस्थान) एवं (2) विकास पिता सावलराम विश्नोई, उम्र-20 वर्ष, निवासी ग्राम डोली कलां, तहसील कल्याणपुर, जिला बालोतरा (राजस्थान) को धारा 8/15(सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत 13-13 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 02-02 लाख रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी करने वाले सी.बी.एन. के विशेष लोक अभियोजक श्री सुशील ऐरन द्वारा घटना की जानकारी देते हुुए बताया कि दिनांक 19.06.2024 को सीबीएन कार्यालय पर मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि जोधपुर राजस्थान के तस्कर ट्रक से झारखंड क्षैत्र के गांव से भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा लेकर, आगरा-जयपुरा हाईवे से होते हुये जोधपुर ले जाने वाले हैं। मुखबीर सूचना के आधार पर सीबीएन द्वारा निवारक दल का गठन किया गया तथा दिनांक 21.06.2024 को शाम के लगभग 06 बजंे के सिकंदरा टोल प्लाजा, बयाना जयपुरा मार्ग, भोजपुरा, राजस्थान पर मुखबीर द्वारा बताया हुवा ट्रक आया, जिसमें दोनो आरोपीगण बैठे हुवे थे। ट्रक की कार्यालय केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, नीमच ले जाकर तलाशी लिये जाने पर ट्रक में भिन्न-भिन्न रंग के कुल 259 प्लास्टीक के कट्टे भरे हुवे थे, जिनका वजन किये जाने पर उसमें कुल 3927.350 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भर कर रखा हुआ था। सीबीएन द्वारा ट्रक व डोडाचूरा को जप्त कर व आरोपीगण को गिरफ्तार कर आवश्यक अनुसंधान उपरांत परिवाद माननीय विशेष न्यायालय, नीमच में प्रस्तुत किया गया।
विचारण के दौरान विशेष लोक अभियोजक द्वारा सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की अंतर्राज्यीय तस्करी किये जाने के अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे आरोपीगण को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से न्यायालय द्वारा आरोपी कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक श्री सुशील ऐरन द्वारा की गई।
==============
आत्मनिर्भर भारत को मजबूती देता है यह बजट, हर वर्ग के लिए अवसर – विधाक श्री परिहार
नीमच। नीमच विधानसभा के भाजपा विधायक दिलीप परिहार ने केंद्रीय बजट को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट स्पष्ट करता है कि विकसित भारत-2047 केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की ठोस नीति, मजबूत इच्छाशक्ति और जमीनी कार्ययोजना का परिणाम है। यह बजट दूरदर्शी, समावेशी और परिणामोन्मुख है, जो देश के हर वर्ग को सशक्त करने की दिशा में तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट गांव, गरीब, किसान और महिलाओं समेत समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी है। यह बजट देश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। बजट का मुख्य फोकस युवा और महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर है। मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक, ग्रामीण भारत से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक, कृषि और पशुपालन से लेकर उद्योग, पर्यटन, खेल और तीर्थाटन तककृयह बजट देश के हर गांव, कस्बे और शहर के नागरिकों के लिए अवसरों का नया द्वार खोलता है। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। पशु चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने, वेटरनरी सेवाओं और प्रशिक्षण केंद्रों के विस्तार, डेयरी एवं पोल्ट्री क्षेत्र के लिए क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी तथा 500 सरोवरों के विकास के माध्यम से मत्स्य पालन को प्रोत्साहन जैसे फैसले ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। इससे किसानों के साथ-साथ पशुपालकों और मछुआरों की आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत आधारशिला है। यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने इस बजट को समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी बताया। यह बजट विशेष रूप से ग्रामीण भारत, गरीबों, किसानों और महिलाओं को समर्पित है। ‘विकसित भारत स्कीम’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने की योजना एक सराहनीय कदम है। बजट में सिर्फ सामाजिक कल्याण ही नहीं, बल्कि आर्थिक प्रगति के हर पहलू पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा, इस बजट में उद्योग जगत को राहत देने और उनके विस्तार की रूपरेखा तैयार की गई है, जिससे भारत में रोजगार के नए आयाम स्थापित होंगे। बजट में हाई-स्पीड ट्रेनों के विकास और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सुगम मार्ग तैयार करने जैसी भविष्य की योजनाओं का भी जिक्र है। उन्होंने निष्कर्ष में कहा, कुल मिलाकर यह सम्पूर्ण विकसित भारत का बजट है, जो देश के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करेगा।\
==========



