माता सावित्रीबाई फुले जयंती एवं नववर्ष मिलन समारोह का भव्य आयोजन

माता सावित्रीबाई फुले जयंती एवं नववर्ष मिलन समारोह का भव्य आयोजन
जीवन परमार (संस्कार दर्शन)
गरोठ।माता सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश अज़ाक्स ब्लॉक गरोठ द्वारा भव्य नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त एवं नवनियुक्त कर्मचारियों का सम्मान कर उन्हें समाज एवं संगठन के प्रति उनके योगदान हेतु अभिनंदित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन तहसील अध्यक्ष श्री सुरेश जजावरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अज़ाक्स जिला अध्यक्ष श्री प्रहलाद सूर्यवंशी ने माता सावित्रीबाई फुले के प्रेरणादायी जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के महत्व, अज़ाक्स की विचारधारा तथा समाज के युवाओं के लिए करियर मार्गदर्शन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
समता मूलक समाज संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष श्री एफ.सी. चौहान ने बहुजन समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सामाजिक बहुजन विचारक श्री यशवंत बसेर ने बहुजन समाज के इतिहास तथा उसकी सामाजिक-आर्थिक दशा एवं दिशा में सुधार पर अपने विचार रखे।
श्रीमती ललिता बामनिया एवं श्रीमती ममता परिहार ने माता सावित्रीबाई फुले के संघर्षपूर्ण जीवन, नारी शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण पर अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए। अज़ाक्स ब्लॉक अध्यक्ष श्री भोनीराम सिन्हा ने संगठन की नीति-नियमों की जानकारी दी।
अज़ाक्स जिला सचिव श्री राकेश मेघवाल ने वर्ष भर महापुरुषों की जयंती आयोजन की योजना एवं संगठन की भावी रूपरेखा पर प्रकाश डाला। श्री भुवानीराम बलेचा ने मृत्यु भोज जैसी सामाजिक कुप्रथाओं को समाप्त करने तथा समाज सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में तहसील सचिव श्री दीपक काथिरिया ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के गरोठ एवं शामगढ़ ब्लॉक के सैकड़ों अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में स्नेह भोज का भी आयोजन किया गया


