समाचार मध्यप्रदेश नीमच 02 नवंबर 2025 रविवार

////////////////////////////////////
खाद्य सुरक्षा टीम ने की कार्यवाही – तेल इंडस्ट्री की आकस्मिक जांच
खाद्य तेल के 4 नमूने लिएनीमच 01 नवंबर 2025, 31 अक्टूबर 2025 को आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक भोपाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में मनासा रोड स्थित एक खाद्य तेल पैकिंग इंडस्ट्री का खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को आकस्मिक निरीक्षण किया और मौके पर विक्रय हेतु खाद्य तेल का पैकिंग कार्य संचालित होते पाया। कार्यवाही अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विभाग नीमच टीम ने मौके पर पैकिंग उपरांत विक्रय हेतु भंडारित विभिन्न ब्रांड एवं पैकिंग मात्रा के खाद्य तेल के कुल 4 नमूने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत लिए गए। नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा है, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्यवाही की जाएगी। उक्त कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी एवं श्री यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई है।
==================
मध्यप्रदेश को देश एवं दुनिया का उत्कृष्ट प्रदेश बनाने का संकल्प लेकर कार्य करे-श्री सखलेचा
प्रदेश में तेजी से औद्योगिक विकास हो रहा है-श्री परिहारविविधता और प्राकृतिक संपदाओं से परिपूर्ण है प्रदेश-श्री मारू
नीमच में प्रदेश की गौरव गाथा और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ मनाया गया मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस
नीमच 01 नवम्बर 2025, प्रदेश के साथ ही नीमच जिले में भी प्रदेश का स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह पूर्व मंत्री एवं विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक नीमच श्री दिलीपसिंह परिहार, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध मारू, महामंडलेश्वर श्री सुरेशानंद शास्त्री, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदा धनगर, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसपी श्री अंकित जायसवाल, एडीएम श्री बीएस कलेश की उपस्थिति में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के दलों ने प्रदेश की गौरव गाथा पर आधारित देशभक्ति पूर्ण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से सराहना की।इस मौके पर अतिथियों द्वारा आई गाट प्रशिक्षण मॉड्यूल पर सीखो सप्ताह के तहत कर्म योगी एप पर सर्वाधिक प्रशिक्षण प्राप्त करने पर पशुपालन विभाग के श्री अर्पित कुमार यादव और और गोपाल पुरस्कार योजना के तहत प्रदेश में तीसरा पुरस्कार प्राप्त करने पर टोलखेड़ी के पशुपालक श्री भगत बैरागी को 50 हजार रूपये की पुरस्कार राशि, एवं कराड़िया महाराज के प्राचार्य श्री राजेंद्र कुमार शर्मा को छात्रवृत्ति वितरण के उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में चयनित होकर प्रदर्शन करने वाले जिले के विभिन्न विद्यालयों के विभिन्न खेलों के 18 खिलाड़ियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीमच सिटी, उत्कृष्ट विद्यालय नीमच ,सांदीपनि विद्यालय नीमच एवं श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय नीमच की छात्राओं के दल को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में पूर्व मंत्री एवं जावद क्षेत्र के विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा, कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश को दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने का संकल्प लिया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने भी मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाने का संकल्प लेकर कार्य किया जा रहा है। हम सभी मध्यप्रदेश को देश और दुनिया का सबसे उत्कृष्ट प्रदेश बनाने का संकल्प लेकर, कार्य करे।
विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा, कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से औद्योगिक विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। अन्न उत्पादन में तो प्रदेश अग्रणी है ही, अब दुग्ध उत्पादन में भी मध्य प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध मारू ने अपने उद्बोधन में कहा, कि देश में मध्य प्रदेश विविधताओं और प्राकृतिक संपदाओं से परिपूर्ण प्रदेश है । मुख्यमंत्री डॉ.यादव के नेतृत्व में प्रदेश आज विकास की नई उड़ान भर रहा है। स्वच्छता में भी मध्यप्रदेश नंबर वन राज्य है।
सभी अतिथियों ने उपस्थितजनों को प्रदेश के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी और प्रदेश के विकास में योगदान का आह्वान कया।
प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर, कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात एडीएम श्री कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, तहसीलदार श्री संजय मालवीय, कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या, जिला शिक्षाअधिकारी श्री सुजानमल मांगरिया, सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम द्वारा कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई आकर्षक अभ्युदय मध्यप्रदेश रंगोली सभी का आकर्षण का केंद्र रही। इस समारोह में शासकीय कन्या उमावि नीमच सिटी की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक घूमर नृत्य, मारी रुनक झुनक पायल बाजे सा…, उत्कृष्ट विद्यालय नीमच की छात्राओं द्वारा मालवा के संझा महोत्सव पर आधारित आकर्षक लोक नृत्य, जाजू कन्या महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा कालबेलिया लोकनृत्य काल्यो कूद पड़यों मेला मा….महारी साइकिल पंचर कर लायो…. और सांदीपनि विद्यालय नीमच की छात्राओं की देशभक्ति से परिपूर्ण ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुति मेरे देश का यारों क्या कहना …को भी उपस्थितजनों ने खूब सराहा ।
कार्यक्रम स्थल पर कृषि स्वास्थ्य उद्यानिकी कृषि उपज मंडी सहित अन्य विभागों द्वारा लगाई गई उत्पादों और विकास गतिविधियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनियों का अतिथियों ने अवलोकन किया। संचालन डॉ.राजेश पाटीदार ने किया और अंत में डिप्टी कलेक्टर श्री पराग जैन ने सभी का व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसडीएम श्री संजीव साहू सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी, श्री हेमंत हरित, श्री लोकेश चांगल, श्री निलेश पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन,लोकतंत्र सेनानी, पत्रकारगण एवं बड़ी सख्या में छात्र-छात्राए, शिक्षकगण एवं जिले के नागरिक उपस्थित थे।
==================
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा योग शिविर का आयोजन
नीमच 01 नवम्बर 2025, मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवंबर 2025 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच के तत्वावधान में जिला जेल, नीमच में पतंजलि योग संस्थान के सहयोग से एक योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योगाचार्य श्री आनंद शर्मा द्वारा जेल परिसर में उपस्थित निरुद्ध बंदियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।योगाचार्य ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से मनुष्य का मन शांत रहता है, तनाव कम होता है तथा व्यक्ति में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शोभना मीणा ने कहा कि “जेल में योग कक्षाओं का संचालन निरंतर किया जाएगा ताकि निरुद्ध बंदियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का लाभ प्राप्त हो सके और वे समाज में पुनः स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक नागरिक के रूप में जीवन यापन कर सकें।” उन्होंने यह भी बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर ऐसे सुधारात्मक एवं पुनर्वासोन्मुख कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनसे बंदियों में आत्मविश्वास एवं आत्मसम्मान की भावना का विकास हो। कार्यक्रम के अंत में जिला जेल अधीक्षक श्री एम.के. चौरसिया ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं पतंजलि योग संस्थान का आभार व्यक्त किया।
==============
राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिला जेल नीमच में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
नीमच 01 नवम्बर 2025, राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच के तत्वावधान में जिला जेल, नीमच में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती शोभना मीणा ने उपस्थित बंदियों से उनके प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की एवं उनके रहने, भोजन तथा स्वास्थ्य संबंधी प्रावधानों का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके आदर्शों, निष्ठा एवं देश की एकता के प्रति समर्पण भाव से प्रेरित करने हेतु सचिव श्रीमती शोभना मीणा तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार द्वारा राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।
श्रीमती मीणा ने उपस्थित बंदियों को संबोधित करते हुए कहा, कि सरदार वल्लभभाई पटेल के अदम्य प्रयासों से ही देश के विभिन्न रियासतों का एकीकरण संभव हुआ और भारत एक अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा, कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, कि वह देश की एकता, अखंडता एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहे। कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक श्री एम.के. चौरसिया एवं जेल स्टाफ भी उपस्थित थे।
============



