नीमच

संविधान दिवस पर पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का भव्य आयोजन; 161 प्रतिभागियों ने ली संवैधानिक संकल्प की शपथ

 

संविधान दिवस पर पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का भव्य आयोजन; 161 प्रतिभागियों ने ली संवैधानिक संकल्प की शपथ

नीमच -युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तहत जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में ‘संविधान दिवस’ के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय), नीमच में “विकसित भारत युवा संवाद” कार्यक्रम का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय “विकसित भारत हेतु नशा मुक्त युवा” रखा गया, जिसमें 161 छात्र-छात्राओं, युवा आइकन्स, खेल प्रतिभाओं एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन ने विकसित भारत @2047 के विज़न, युवाओं के लोकतांत्रिक दायित्वों और नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती प्रभावती भावसार ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. कमलेश पाटीदार (एमडी, एमबीबीएस) उपस्थित रहे, जिन्हें निर्धन एवं जरूरतमंद वर्ग को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने तथा उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों हेतु विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को सकारात्मक सोच, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान नगर की उभरती युवा प्रतिभाओं ने अपने विचार और अनुभव साझा किए:

उत्कृष्ट वक्ता एवं कुशल डिबेटर युथ आइकॉन तन्वी लखेरा ने ‘विकसित भारत @2047’ पर प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए युवाओं से राष्ट्र विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

अंडर-16 नेशनल गोल्ड एवं सिल्वर मेडलिस्ट पैरा तैराक भव्य आदित्य राठौर ने खेल जगत के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार कड़े अनुशासन, दैनिक अभ्यास और अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर विपरीत परिस्थितियों को मात देकर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।

भारतीय ‘ए’ टीम में चयनित नीमच के प्रतिभाशाली क्रिकेटर गौरांश पंचोली ने अपने खेल सफर के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को असफलता से न घबराने, लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने तथा खेलों में निरंतर उत्कृष्टता हासिल कर देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में ज्ञानमंदिर लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक नागर ने संविधान दिवस पर सारगर्भित व्याख्यान देते हुए भारतीय संविधान के आदर्शों, मौलिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया। मंच पर अन्य विशिष्ट अतिथियों में शामिल रहे, डॉ. जे. सी. आर्य, एनएसएस जिला प्रमुख, नीमच, प्रो. राकेश कसवां, एनएसएस समन्वयक, पीजी कॉलेज, प्रो. आर.सी. वर्मा, विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान विभाग डॉ. संजय जोशी, वरिष्ठ प्राध्यापक, प्रो. सी. पी. पंवार एवं प्रो. डबराल, श्री मनीष शर्मा, सांसद प्रतिनिधि|

सत्र के दौरान मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर आधारित एक प्रेरणादायी जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें युवाओं को नशा मुक्त भारत का दूत बनने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का समापन संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) के सामूहिक वाचन के साथ हुआ, जहाँ जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन एवं अतिथियों की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्रहित में कार्य करने की शपथ ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}