BSW के विद्यार्थियों ने श्रमदान कर बड़ा महादेव मार्ग पर स्थित नाले पर किया बोरी बंधान

BSW के विद्यार्थियों ने श्रमदान कर बड़ा महादेव मार्ग पर स्थित नाले पर किया बोरी बंधान
भानपुरा। जल संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। इसी सामाजिक दायित्व को समझते हुए मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम(CMCLDP) के छात्र-छात्राओं ने बड़ा महादेव मार्ग पर स्थित नाले पर बोरी बंधान कार्य में सहभागिता कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सामूहिक श्रमदान करते हुए बोरी बंधान का कार्य किया। इस पहल का उद्देश्य वर्षा जल को रोककर उसका संचयन करना, जल के अनावश्यक बहाव को रोकना तथा भुजल स्तर में सुधार की दिशा में प्रयास करना रहा । विद्यार्थियों ने अपने श्रम और सहभागिता के माध्यम से यह संदेश दिया कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति छोटे-छोटे प्रयास करें तो जल संकट जैसी गंभीर समस्या का समाधान संभव है।
इस अवसर पर परामर्शदाताओं ने कहा कि आज के समय में जल संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकताओं में से एक है, प्राकृतिक जल स्रोतों का जल संरक्षण और वर्षा जल का संचयन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। केवल सरकारी प्रयासों से जल संकट का समाधान संभव नहीं है इसके लिए समाज के सक्रिय लोगों को सामने आना चाहिए।
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने तथा नेतृत्व, सेवा,सहयोग और जन भागीदारी के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करता है । बोरी बंधान जैसे गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामूहिक कार्य करने की भावना विकसित करती है।
इस अवसर पर पाठ्यक्रम के परामर्शदाता शिवाजी बंबोरिया,अनिल कुमार बागड़ी,लोकेश कुमार जांगड़े, ललित प्रजापति, जगदीश मिश्रा सहित छात्र-छात्राए उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण के पुनीत कार्य में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।



