मल्हारगढ़ में खाद-बीज की दुकानों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण, मचा हड़कंप

तहसीलदार के नेतृत्व में कृषि विभाग टीम ने जोशी एग्रो एजेंसी खंगाली, खाद- बीज और कीटनाशकों से लेकर स्टॉक तक की जांच
मल्हारगढ़। किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मल्हारगढ़ तहसीलदार वैभव जैन, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जितेंद्र चौहान एवं कृषि विस्तार अधिकारी राकेश डावर ने गुडबेली- पिपलिया मंडी क्षेत्र स्थित जोशी एग्रो एजेंसी खाद-बीज भंडार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकान में उपलब्ध खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाइयों की एक्सपायरी डेट, गुणवत्ता, स्टॉक संधारण और वितरण व्यवस्था की जांच कर आवश्यक जानकारी ली। टीम ने कृषि सामग्री के भंडारण और बिक्री से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।कृषि विभाग और राजस्व अधिकारियों की सक्रियता से मल्हारगढ़ विकासखंड में खाद-बीज का कारोबार करने वाले विक्रेताओं में हलचल तेज हो गई है। निरीक्षण अभियान के जरिए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि किसानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कृषि सामग्री मिले और उनके साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी न हो।
अधिकारियों के अनुसार यदि कोई प्रतिष्ठान वैध लाइसेंस के बिना खाद, बीज या कीटनाशकों का विक्रय करता है अथवा एक्सपायरी या मिलावटी कृषि सामग्री बेचता पाया जाता है, तो संबंधित नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कृषि कार्यों में खाद, बीज और कीटनाशकों की गुणवत्ता सीधे किसानों की फसल और आर्थिक स्थिति को प्रभावित करती है। ऐसे में विभागीय निरीक्षण अभियान की अहमियत बढ़ जाती है। अब देखना यह होगा कि यह अभियान आगे किन प्रतिष्ठानों तक पहुंचता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्रवाई होती है।फिलहाल, मल्हारगढ़ में कृषि विभाग और प्रशासन की सक्रियता ने खाद-बीज विक्रेताओं को नियमों के पालन के प्रति सतर्क रहने का संदेश दे दिया है।



