नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 30 सितंबर 2026 बुधवार

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 71 आवेदकों की समस्याएं

अधिकारियों को संवेदनशीलता और समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

नीमच, 29 सितंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 71 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता और समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में फसल बीमा, उपचार, प्रधानमंत्री आवास, भूमि एवं अतिक्रमण, पट्टा, राजस्व अभिलेख, नामांतरण, बंटवारा, पशुपालन ऋण, रोजगार तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए।

आवेदकों द्वारा आवास एवं पट्टा दिलाने, आर्थिक सहायता, भूमि विवाद के निराकरण, राजस्व संबंधी समस्याओं, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, रास्ता खुलवाने, विद्युत पोल हटाने, ऑनलाइन राजस्व अभिलेख दर्ज कराने, ऋण संबंधी राहत तथा रोजगार के लिए वाहन उपलब्ध कराने सहित अन्य समस्याएं प्रस्तुत की गईं।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निराकरण जिला स्तर पर संभव है, उनमें त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भायडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

–00–

सीआरपीएफ नीमच में हर्षोल्लास से संपन्न हुआ हिंदी पखवाड़ा समापन समारोह

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित, सरल एवं सुबोध हिंदी के प्रयोग पर जोर

नीमच, 29 सितंबर 2026। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच के महाराणा प्रताप भवन में हिंदी दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित हिंदी पखवाड़े का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सीटीसी नीमच के उप महानिरीक्षक ब्रिगेडियर अनुपम शर्मा रहे।

कार्यक्रम में हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न साहित्यिक एवं व्यावहारिक प्रतियोगिताओं में सीटीसी, आरटीसी, ग्रुप केंद्र, रेंज, संयुक्त अस्पताल, 1 बटालियन एवं 4 सिग्नल बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अनुपम शर्मा ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी राजभाषा के साथ देश की सांस्कृतिक पहचान और जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सरकारी कामकाज में कठिन शब्दों के स्थान पर सरल, सुबोध एवं व्यावहारिक हिंदी के प्रयोग तथा राजभाषा नियमों के पालन पर जोर दिया।

कार्यक्रम में ग्रुप केंद्र के निरीक्षक (राजभाषा) श्री के. सुंदरेसन ने स्वागत उद्बोधन एवं पखवाड़े की गतिविधियों की जानकारी दी। श्री खेमराज अरसे, सहायक कमांडेंट (मंत्रा) ने आभार व्यक्त किया। समारोह में सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।

–00–

विश्व हृदय दिवस पर जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

154 मरीजों की बीपी एवं शुगर स्क्रीनिंग, 35 की ईसीजी और 28 मरीजों की लिपिड प्रोफाइल जांच

नीमच, 29 सितंबर 2026। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय नीमच में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद एवं सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में 154 मरीजों की ब्लड प्रेशर एवं शुगर की स्क्रीनिंग की गई। वहीं 35 मरीजों की ईसीजी तथा 28 मरीजों की लिपिड प्रोफाइल जांच की गई। एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. मनीष यादव एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सतीश चौधरी द्वारा मरीजों की निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार किया गया।

इस अवसर पर चिकित्सकों ने मरीजों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि हृदय रोग के लक्षणों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान और समय पर जांच एवं उपचार से गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है। डॉ. मनीष यादव ने नशे से दूर रहने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव हृदय रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

–00–

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न, कलेक्टर ने स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के दिए निर्देश

समस्त गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का समय पर हाई रिस्क चिन्हांकन एवं प्रबंधन सुनिश्चित करें – कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 6 अक्टूबर को समस्त लक्षित वर्ग का कृमिनाशन सुनिश्चित करने के निर्देश

नीमच, 29 सितंबर 2026। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, क्षय एवं मलेरिया नियंत्रण, एड्स नियंत्रण, जननी सुरक्षा योजना, प्रसूति सहायता योजना, आयुष्मान भारत, परिवार कल्याण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीयन, हाई रिस्क गर्भावस्था का चिन्हांकन तथा उसका उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सेक्टर मेडिकल ऑफिसरों को एएनसी पंजीयन एवं हाई रिस्क महिलाओं के चिन्हांकन और प्रबंधन की नियमित समीक्षा करने तथा अनमोल एवं यू-विन पोर्टल का स्वयं संचालन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के प्रमुख निर्देश

प्रत्येक गर्भवती महिला का प्रथम त्रैमास में पंजीयन कर उसका समग्र आईडी बनवाते हुए अनमोल पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करें।

गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व कम से कम चार स्वास्थ्य जांच स्वास्थ्य संस्थाओं में कराना सुनिश्चित करें।

सभी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का संभावित प्रसव तिथि से 15 दिन पूर्व प्रतिदिन ट्रैकिंग शुरू करें और उनका प्रसव उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्था में ही हो, यह सुनिश्चित करें।

पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को आयु अनुसार सभी आवश्यक टीके लगना सुनिश्चित करें।

टीकाकरण में प्रतिरोधी परिवार वाले क्षेत्रों में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।

कम उम्र में गर्भधारण करने वाली महिलाओं को विशेष देखभाल एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग समन्वय से कार्य करें।

सिंगोली एवं मनासा के एनबीएसयू का जिला टीकाकरण अधिकारी नियमित भ्रमण कर सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा अनावश्यक रेफरल पर रोक लगाएं।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी माह में सघन सर्वे कर जन्मजात विकृतियों वाले बच्चों का चिन्हांकन सुनिश्चित करें।

मातृ मृत्यु, बाल एवं शिशु मृत्यु, एचबीएनसी, क्षय नियंत्रण, मलेरिया नियंत्रण, एड्स नियंत्रण, जननी सुरक्षा योजना, प्रसूति सहायता योजना के भुगतान, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण तथा परिवार कल्याण कार्यक्रम की प्रगति में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।

6 अक्टूबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस

बैठक में 6 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मुकेश मोरिया ने अभियान की तैयारियों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत तथा शाला त्यागी सभी लक्षित बच्चों का आवश्यक रूप से कृमिनाशन कराया जाना सुनिश्चित करें।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 6 अक्टूबर को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी, जबकि मॉप-अप दिवस 9 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 6 अक्टूबर को दवा लेने से छूटे बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटील, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर, समस्त नोडल अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

–00–

शासकीय योजनाओं से खेती को मिला संबल, सिंचाई सुविधा के साथ फसल क्षति पर मिली आर्थिक राहत

नीमच, 29 सितंबर 2026। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन की किसान हितैषी योजनाएं किसानों को कृषि कार्य के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर ग्राम चौकड़ी, तहसील मनासा निवासी किसान श्री सत्यनारायण धाकड़ अपनी कृषि गतिविधियों को बेहतर बना रहे हैं।

श्री धाकड़ बताते हैं कि उन्हें शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ मिल रहा है। परंपरागत कृषि से संबंधित योजना के तहत उन्हें प्रतिवर्ष 5 हजार रुपये की सहायता प्राप्त हो रही है। वहीं, सिंचाई विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त मिनी स्प्रिंकलर से खेतों में सिंचाई व्यवस्था बेहतर हुई है और सिंचाई कार्य में सुविधा मिली है।

उन्होंने बताया कि फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति होने पर उन्हें राहत राशि भी प्राप्त हुई। इससे फसल खराब होने की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहारा मिला और खेती से जुड़े जोखिम को कम करने में मदद मिली।

श्री धाकड़ का कहना है कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को कृषि कार्य के लिए आवश्यक संसाधन, सिंचाई सुविधा और आर्थिक सहायता मिल रही है। इन योजनाओं से खेती को बेहतर बनाने और किसानों को विपरीत परिस्थितियों में संबल देने में मदद मिल रही है।

कृषि क्षेत्र में किसानों को मिल रहे सहयोग के लिए श्री सत्यनारायण धाकड़ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

–00–

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

विकास कार्यों में गति और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर

नीमच, 29 सितंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति, लंबित प्रकरणों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण और विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश—

लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण: सभी जिला अधिकारी समय-सीमा पत्रों, सीएम हेल्पलाइन तथा अन्य लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करें। निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।

जिला स्तरीय समितियों का गठन: सभी विभाग जिला स्तरीय समितियों के गठन संबंधी आवश्यक कार्रवाई समय पर पूर्ण करें।

अमानक उर्वरक पर कार्रवाई: उप संचालक कृषि कल्याण विभाग को वैभव इंटरप्राइजेज, कंजार्डा में अमानक उर्वरक विक्रय के मामले में एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण: स्वीकृत आंगनवाड़ियों का कार्य 31 जनवरी तक पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

एप्रोच रोड निर्माण: एमपीआरडीसी को मुख्य मार्गों से कॉलोनियों के लिए आवश्यक एप्रोच रोड निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जलाशयों की निगरानी: जिले में कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग यह सुनिश्चित करे कि किसी भी जलाशय से अवैध रूप से पंपिंग नहीं हो। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग में सुधार: राज्य स्तरीय रैंकिंग में 30 से नीचे रहने वाले विभाग प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

जनसुनवाई के प्रकरण: जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शिकायतों का वास्तविक एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

सीएम हाउस से प्राप्त आवेदन: सीएम हाउस से प्राप्त आवेदन का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीओपी मनासा को दिए।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को उनका त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभागीय समन्वय: सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं एवं विकास कार्यों का समयबद्ध, व्यवस्थित और सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित हों: सभी अधिकारी अपने विभाग की अद्यतन एवं संपूर्ण जानकारी के साथ बैठकों में उपस्थित हों तथा लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें।

कलेक्टर ने कहा कि निराकरण योग्य प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम मनासा श्रीमती मयूरी जोक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयडिया, श्री चंद्र सिंह धार्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

–00–

सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्ति, पोषण और शिक्षा का संदेश

नीमच, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सहभागिता से विभिन्न रचनात्मक, जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ आमजन में भी जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।

स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 27 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसी क्रम में 28 सितंबर को महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्राइवेट बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर नशामुक्ति जागरूकता विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

इसी प्रकार शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय, जावद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. आर.सी. मेघवाल के मार्गदर्शन में कार्यक्रम अधिकारी रवि राठौर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र के बालक-बालिकाओं को पोषण एवं खेल सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। महाविद्यालय स्टाफ द्वारा बच्चों को पोषण, शिक्षा एवं नियमित अध्ययन के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने सेवा, जनभागीदारी, नशामुक्ति, पोषण एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

–00–

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मनासा में आंगनवाड़ी मिलन कार्यक्रम आयोजित

आंगनवाड़ी मिलन कार्यक्रम में दिखी पोषण और महिला सशक्तिकरण की झलक

नीमच, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत परियोजना मनासा द्वारा कन्या शाला हॉल, लक्ष्मीबाई मार्ग, मनासा में आंगनवाड़ी मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी तथा विशेष अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कुकड़ेश्वर श्रीमती उर्मिला पटवा रहीं। इस अवसर पर श्री दिनेश राठौर, श्री पंकज पोरवाल, श्री अजय तिवारी एवं श्रीमती तीन महेश्वरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

परियोजना अधिकारी श्रीमती किरण कामदार ने बताया कि कार्यक्रम में 165 महिलाओं ने सहभागिता की तथा पोषण प्रदर्शनी में 165 विभिन्न पौष्टिक रेसिपी प्रस्तुत कीं। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी ली। कार्यक्रम में आकर्षक फल रंगोली भी प्रदर्शित की गई।

कार्यक्रम के दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत तीन बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित महिलाओं एवं बालिकाओं ने योजनाओं से प्राप्त लाभ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 6 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सशक्तिकरण, पोषण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। महिलाओं को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।

–00–

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, शिक्षा और सम्मान के केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर

नीमच, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-10, यादव मंडी, नीमच सिटी में “आंगन मिलन सेवा” जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, शिक्षा एवं सम्मान के केंद्र के रूप में विकसित करना तथा महिलाओं एवं बच्चों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में सैक्टर सुपरवाइजर श्रीमती उमा शर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ भारत अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती दीपिका नामदेव ने छोटे बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों के लिए संतुलित एवं विविधतापूर्ण पोषण आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने पर्याप्त प्रोटीन युक्त आहार के साथ बच्चों के प्रारंभिक विकास पर भी प्रकाश डाला।

वन स्टॉप सेंटर केसवर्कर सुश्री पूजा मिश्रा ने वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं पुलिस हेल्पलाइन 112 के संबंध में जानकारी देते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचाव के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम में सैक्टर सुपरवाइजर श्रीमती उमा शर्मा, वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती दीपिका नामदेव, सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती चंदा साल्वी, केसवर्कर सुश्री पूजा मिश्रा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरला परवाल, श्रीमती चंदा सुराह, सहायिकाएं, बालिकाएं एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}