समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 21 सितंबर 2026 सोमवार

पढ़ाई के साथ युवाओं को रोज़गार भी दिला रही हमारी सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
रतलाम : रविवार, सितम्बर 20, 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में युवाओं को सुलभता से रोज़गार उपलब्ध कराने के लिए हमारी सरकार कई नवाचारी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि हम ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं कि इंदौर-उज्जैन सहित प्रदेश के सभी आईटी पार्क और इंजीनियरिंग कैंपस में युवाओं को पढ़ाई के साथ रोज़गार के नए अवसर भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार इंदौर – भोपाल मेट्रोपॉलिटन सिटी एरिया बना रही है। इससे भविष्य में राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ नई तकनीक और नवाचार को तो बढ़ावा मिलेगा ही, युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार रोज़गार उपलब्ध कराने वाली औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, उत्पादन और सेवा क्षेत्र सहित हर दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ : 2028 की सभी तैयारियां भी चल रही है। हमारी सरकार सिंहस्थ के लिए जरूरी सभी विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा करा रही है।
मार्ग चौड़ीकरण में स्वेच्छा से सहयोग है अभिनंदनीय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन शहर के मध्य में बाबा महाकाल के मुख्य मार्ग का वृहद स्तर पर चौड़ीकरण किया जा रहा है। यह निश्चित रूप से उज्जैन शहर के विकास, विस्तार और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे सिंहस्थ के दौरान पूरी दुनिया से भारी संख्या में उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण में स्थानीय लोग स्वेच्छा से जिला प्रशासन का सहयोग दे रहे हैं। ऐसे सभी स्वैच्छिक सहयोगी प्रशंसा और हार्दिक अभिनंदन के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को आईटी पार्क और उज्जैन शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के अवलोकन के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर सभी स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिलाधिकारी भी उपस्थित थे।
–00–
शासकीय आईटीआई में रिक्त सीटों पर “प्रथम आओ, प्रथम पाओ” के आधार पर प्रवेश
22 सितम्बर तक संबंधित आईटीआई में संपर्क कर ले सकेंगे प्रवेश का लाभ
रतलाम : रविवार, सितम्बर 20, 2026,
प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रतलाम द्वारा बताया गया कि जिले के युवाओं को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश का अवसर दिया जा रहा है। जिले की शासकीय आईटीआई में रिक्त सीटों पर “प्रथम आओ, प्रथम पाओ” के आधार पर 22 सितम्बर 2026 तक प्रवेश दिया जाएगा।
वर्तमान में शासकीय आईटीआई सैलाना में वेल्डर की 24 सीटें, शासकीय आईटीआई बाजना में फिटर की 05, मैकेनिक डीजल की 02, Sewing Technology की 08 एवं Solar Technician की 06 सीटें रिक्त हैं।
शासकीय आईटीआई आलोट में मैकेनिक डीजल की 11, वेल्डर की 28 एवं सर्वेयर की 04 सीटें उपलब्ध हैं। इसी प्रकार शासकीय महिला आईटीआई रतलाम में Fashion Design & Technology की 24 तथा Stenographer & Secretarial Assistant (English) की 20 सीटें रिक्त हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी 22 सितम्बर 2026 तक संबंधित शासकीय आईटीआई में संपर्क कर निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार प्रवेश का लाभ ले सकते हैं। सीटें सीमित होने के कारण अभ्यर्थियों से शीघ्र संबंधित आईटीआई में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।
–00–
आईटीआई रतलाम में आयोजित हुई भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता
‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रचनात्मक विचार और चित्र
रतलाम : रविवार, सितम्बर 20, 2026,

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रतलाम में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में आईटीआई के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आईटीआई में प्रशिक्षण के दौरान उपयोग किए जाने वाले विभिन्न उपकरणों, तकनीकी संसाधनों एवं आधुनिक तकनीक को आधार बनाकर आकर्षक चित्र बनाए। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और आधुनिक भारत की कल्पना को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास की भूमिका पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपनी कल्पनाओं और विचारों को प्रस्तुत किया।
–00–
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यवाई, मिलावट की शंका पर बूंदी लड्डू, सेव एवं अन्य खाद्य पदार्थ के नमूने लिए गए
रतलाम : रविवार, सितम्बर 20, 2026

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल खाद्य एवं औषधि प्रशासन रतलाम द्वारा सैनी श्री नमकीन एवं मिष्ठान पिपलोदा रोड जावरा का निरीक्षण कर नमूना की कार्रवाई की गई। मौके पर मिलावट की शंका के आधार पर बूंदी लड्डू एवं सेव के नमूने लिए गए। साथ ही खाद्य लाइसेंस डिस्प्ले करने एवं साफ-सफाई रखने हेतु निर्देशित किया गया।
इसी प्रकार समृद्धि सुपरमार्ट पिपलोदा रोड जावरा से अनमोल कोरिएंडर पाउडर तथा मूंगफली दाना के नमूने जांच हेतु लिए गए। आदेश ट्रेडर्स 24 आजाद चौक जावरा से डबल तेजा लाल मिर्च का नमूना लिया गया।
पांचो नमूने परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात आगामी कार्रवाई की जाएगी।
–00–
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 30 सितंबर को रतलाम में क्रय एवं विपणन सहायता योजना पर राष्ट्रीय कार्यशाला
रतलाम : रविवार, सितम्बर 20, 2026,
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय, विकास आयुक्त (एमएसएमई), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा क्रय एवं विपणन सहायता योजना विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन 30 सितंबर को रतलाम में किया जाएगा।
महाप्रबंधक उद्योग विभाग श्री अतुल बाजपेई ने बताया कि राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन जिला प्रशासन रतलाम, पश्चिम रेलवे तथा एमएसएमई विभाग, मध्यप्रदेश शासन भोपाल के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यशाला में एमएसएमई इकाइयों, स्टार्टअप, युवा उद्यमियों एवं एक्सपोर्टर्स को क्रय एवं विपणन सहायता योजना सहित उद्यमों के लिए उपलब्ध अवसरों एवं सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला का आयोजन 30 सितंबर 2026, बुधवार को प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक वैशाली गार्डन, 80 फीट रोड, रतलाम में होगा। जिले के एमएसएमई इकाइयों, स्टार्टअप, युवा उद्यमियों एवं एक्सपोर्टर्स से कार्यशाला में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सक्रिय सहभागिता करने की अपील की गई है।
–00–‘
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गांधी सागर अभयारण्य में छोड़ी मादा चीता राधा
अब अभयारण्य में हुए चार चीतें
राधा अष्टमी के उपलक्ष्य में किया मादा चीता का नामकरण राधा
रतलाम : रविवार, सितम्बर 20, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को नीमच-मंदसौर जिले के गांधी सागर वन्य अभयारण्य में मादा चीता राधा को छोड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा राधा अष्टमी के उपलक्ष्य में मादा चीता का नामकरण राधा किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ चीता प्रोजेक्ट सफलता के नये मानदण्ड स्थापित कर रहा है। वहीं मध्यप्रदेश में विलुप्त हो चुके वन जीवों को पुर्नस्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। गत वर्ष छोड़े गये चीतें पूरी तरह स्वस्थ है।
गांधी सागर अभयारण्य में एक और चीते का छोड़ जाना मध्यप्रदेश में प्रोजेक्ट चीता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मादा चीता राधा के गांधी सागर पहुंचने के बाद यहां चीतों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। अभयारण्य में पहले से दो नर चीते प्रभास और पावक तथा एक मादा चीता धीरा मौजूद हैं। अब गांधी सागर में दो नर और दो मादा चीते हो गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में चीता प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है, प्रदेश में चीतों की बढ़ती हुई संख्या इसका प्रमाण है। हमारा सौभाग्य है मध्यप्रदेश वन्यजीवों की विविधता से भरपूर है। हमारा प्रदेश चीता स्टेट के साथ टाइगर स्टेट, घड़ियाल स्टेट और गिद्ध स्टेट के रूप में भी जाना जाने लगा है। असम से जंगली भैंसे भी लाएं गए हैं और प्रदेश में गजराज की संख्या भी लगभग 100 हो गई है। गांधी सागर अभयारण्य में छोड़े गए चीतों से वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय नागरिकों के लिये रोजगार एवं आजीविका के लिये नये अवसर सृजित होंगे।
गांधी सागर अभयारण्य में चीता संरक्षण का दायरा और बढ़ाया गया है, मादा चीता राधा को गांधी सागर में बसाया जाना मध्यप्रदेश में प्रोजेक्ट चीता को कूनो से आगे विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गांधी सागर को चीतों के लिए दूसरे प्रमुख आवास के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां चीतों के स्वास्थ्य, व्यवहार और नये वातावरण में उनके अनुकूलन की लगातार निगरानी वन विभाग की टीम द्वारा की जाएगी। नई मादा चीता के आने से गांधी सागर में चीतों के संरक्षण और भविष्य में चीता प्रजनन की संभावनाओं को और भी तेजी से बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन विभाग द्वारा प्रकाशित “सेकंड होम ऑफ “चीता गांधी सागर वाइल्डलाइफ सेंचुरी” बुकलेट का भी विमोचन किया।
चीता पुनर्स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में गरोठ विधायक श्री चन्दर सिंह सिसोदिया, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू और मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव डॉ. समिता राजौरा भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश का चीता प्रोजेक्ट एशिया का पहला प्रोजेक्ट है। एशिया से चीते गायब हो गए थे, प्रधानमंत्री श्री मोदी के आशीर्वाद से राज्य सरकार ने संकल्प लिया और चीतों के पुनर्वास का अभियान शुरू किया। प्रदेश में चीतों की संख्या अब लगातार बढ़ती जा रही है। जहां सैकड़ों साल पहले चीतें विलुप्त हो गए थे, वहीं अब वे स्थानीय वातावरण में खेलते-कूदते दिखाई दे रहे हैं। यह वन्य जीवों के प्रति जीयों और जीने दो के सिद्धांत के आधार पर प्राप्त उपलब्धि का प्रतीक है। हमारे जंगल आबाद हो रहे हैं यह हम सब के लिए सौभाग्य का विषय है।
–00–
नीमच में शीघ्र शुरू होगा एयरपोर्ट, सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का होगा निर्माण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
आगामी वर्षों में साढ़े तीन लाख से अधिक शासकीय भर्तियां की जाएंगी
‘आशीर्वाद का दीया’ सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक
सेवा से संकल्प अभियान जनभागीदारी और सेवा की भावना को सशक्त करने का माध्यम
रतलाम : रविवार, सितम्बर 20, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नीमच में शीघ्र ही एयरपोर्ट बनाया जायेगा। साथ ही खेल सुविधाओं में विस्तार के लिये सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम बनाया जायेगा। प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में एक लाख से अधिक भर्तियां की गई हैं। आगामी ढाई वर्षों में साढ़े तीन लाख से अधिक भर्तियां और की जायेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज नीमच के अग्रोहा भवन में आयोजित सेवा से संकल्प अभियान के अभिनंदन कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी और देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने में उनके योगदान का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा से संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सभी जिलों में सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संकल्प से ही शक्ति और विकास का मार्ग प्रशस्त होता है तथा प्रदेश सरकार इसी भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीमच के विकास, नागरिकों के जुझारूपन और उद्यमशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सनातन परंपरा और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
प्रदेश के बजट और रोजगार में उल्लेखनीय वृद्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का शिक्षा बजट लगभग 5 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये तथा प्रदेश का कुल बजट बढ़कर 4 लाख 48 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में ड्रॉपआउट रेट शून्य होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय एक लाख 70 हजार रुपये से अधिक हो गई है तथा बिजली उत्पादन 32 हजार मेगावॉट से अधिक पहुंच गया है। वर्ष 2002 में प्रदेश में लगभग 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि वर्तमान में 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें करीब 8 हजार सीटें उपलब्ध हैं।
नीमच में एयरपोर्ट और सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में विगत वर्षों में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ है तथा प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बेहतर की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार से जिले के युवाओं और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
चीता प्रोजेक्ट को बताया नीमच के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज चीता प्रोजेक्ट के तहत नीमच के खिमला क्षेत्र में मादा चीता को छोड़ा जा रहा है। उन्होंने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व के अग्रणी देशों की कतार में है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है तथा न्यायपालिका एवं संवैधानिक संस्थाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं समझौतों में भारत ने अपने राष्ट्रीय हितों और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की वैश्विक भूमिका निरंतर मजबूत हुई है और देश प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहा है।
विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि जिले में 2 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा से संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का नीमच को विभिन्न सौगातें देने तथा चीता प्रोजेक्ट के तहत नीमच को चयनित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने गांधी सागर बांध के पानी से किसानों को मिल रहे लाभ और कृषि क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का भी उल्लेख किया।
विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि भारत विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा एवं श्री वंदन खंडेलवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अभियान में सहभागी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं विभिन्न संगठनों की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, आयुक्त उज्जैन संभाग श्री आशीष सिंह,पुलिस महानिरीक्षक श्री राकेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
–00–
ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित कर किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा रहे है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को नीमच से वर्चुअली संबोधित किया
रतलाम : रविवार, सितम्बर 20, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मैहर धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए विशेष रूप से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याण का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा किसान, महिला, युवा और कमजोर वर्गों को विकास की प्राथमिकता में रखा गया है। इन वर्गों के सशक्तिकरण से संपूर्ण समाज की प्रगति सुनिश्चित होती है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि उपज मंडी मैहर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में नीमच से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शारदा का आशीर्वाद पूरे विंध्य, मध्यप्रदेश और देशवासियों पर सदैव बना रहता है। मां शारदा की पावन नगरी मैहर को जिला बने लगभग तीन वर्ष हुए हैं और इतने कम समय में मैहर ने अपनी अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने जिले के स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को जनकल्याण और विकास कार्यों में निरंतर सहयोग के लिए बधाई दी।
किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली सिंचाई के लिए उपलब्ध होगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को रात के समय खेतों में बिजली के कारण होने वाले परेशानी से मुक्ति दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार आगामी रबी फसल से किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली सिंचाई के लिए उपलब्ध कराएगी। बिजली व्यवस्था के विस्तार और सुधार से किसानों के घरों में समृद्धि आएगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। सरकार किसानों की सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए निरंतर काम कर रही है। स्लीमनाबाद टनल के आगामी समय में शुरू होने से क्षेत्र में जल उपलब्धता और कृषि गतिविधियों को नयी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा के जल से माँ शारदा की नगरी में अभिषेक का संकल्प क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इससे किसानों के जीवन में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।
धान खरीदी और किसानों को बेहतर लाभ देने की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि किसानों को उपज बेचने में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए तैयारियां समय पर पूरी की जा रही है। सरकार धान की खरीदी किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य तक सीमित लाभ न मिले, बल्कि उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य और आवश्यकतानुसार बोनस सहित अन्य लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।
पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और विविध गतिविधियों से बढ़ेगी किसानों की आय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित कर किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पशुपालन और गौ-पालन सनातन संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर पर सरकार का विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी लगातार काम कर रही है। सांदीपनी विद्यालयों के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिक्षा के साथ विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना भी सरकार की प्राथमिकता है। मजबूत शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के नए अवसर प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देंगे।
मैहर की पर्यटन पहचान को स्थानीय विकास से जोड़ा जा रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैहर के पर्यटन और धार्मिक महत्व को देखते समुचित विकास किया जा रहा है। मां शारदा लोक का निर्माण इसी दिशा में सरकार का प्रयास है। मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी मैहर जिले में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देगी। मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी मैहर जिले में रहेगा जिससे स्थानीय अर्थव्यस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन बढ़े, रोजगार के अवसर बढ़ें और स्थानीय किसानों एवं ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिले—इसी दिशा में सरकार कार्य कर रही है।
कृषि में नवाचार और ओडीओपी को बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कहा कि जिले में एक जिला-एक उत्पाद के तहत कृषि उत्पादों को बढ़ावा दिए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने किसानों द्वारा आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से टमाटर, करेला सहित विभिन्न फसलों के उत्पादन की सराहना की। उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पादों की बाजार में मांग बढ़ रही है और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उत्पादन एवं आय दोनों में वृद्धि की संभावनाओं को मजबूत किया जा रहा है। आने वाले समय में किसानों की आय वृद्धि के लिए मैहर में फूड प्रोसेसिंग पार्क भी स्थापित किया जाएगा।
प्रगतिशील कृषकों से संवाद किया
मुख्यमंत्री ने जिले के प्रगतिशील कृषकों से संवाद कर आधुनिक तकनीकों का कृषि में उपयोग कर आय बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कृषकों से संवाद कर सभी कृषकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया। सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि डबल इंजन की केंद्र और प्रदेश सरकार निरंतर कृषक कल्याण के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सरकार के निर्देशानुसार अब कृषकों को उनकी अधिग्रहीत जमीन का 4 गुना मुआवजा दिया जाएगा।
अपेक्स बैंक के चेयरमैन श्री महेंद्र सिंह यादव ने कार्यक्रम में कहा कि बलराम महोत्सव से कृषक कल्याण वर्ष में सभी कृषकों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं से किसानों की आय में वृद्धि हुई है। कृषि के लिए ऋण शून्य प्रतिशत पर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी ने दिया।
बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी लगाकर कृषकों को सरकार की शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण योजना, मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना , प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना,वित्तीय साक्षरता अभियान , समुन्नत पशु प्रजनन योजना ,नंदी शाला योजना ,आजीविका उत्पाद प्रदर्शनी एवं विक्रय मेला , स्वास्थ विभाग एवं दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग की योजनाओं आदि योजनाओं की जानकारी कृषक भाइयों को देकर उन्हें आधुनिक लाभ की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया । कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों और कृषकों के मेधावी छात्रों को उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
बलराम कृषि महोत्सव में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखिलावन कोल,श्री कपिल यार्दे, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी,पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह ,एडीएम श्री रोशन राय,प्रदेश किसान मोर्चा के महामंत्री श्री कप्तान सिंह,श्री कमलेश सुहाने, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष श्री विक्रमादित्य सिंह,कृषि विभाग के अधिकारी,कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
–00–



