नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 21 सितंबर 2026 सोमवार

नीमच में शीघ्र शुरू होगा एयरपोर्ट, सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का होगा निर्माण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

  • आगामी वर्षों में साढ़े तीन लाख से अधिक शासकीय भर्तियां की जाएंगी
  • ‘आशीर्वाद का दीया’ सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक
  • सेवा से संकल्प अभियान जनभागीदारी और सेवा की भावना को सशक्त करने का माध्यम

नीमच 20 सितम्‍बर 2026, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है, कि नीमच में शीघ्र ही एयरपोर्ट बनाया जायेगा। साथ ही खेल सुविधाओं में विस्तार के लिये सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम बनाया जायेगा। प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में एक लाख से अधिक भर्तियां की गई हैं। आगामी ढाई वर्षों में साढ़े तीन लाख से अधिक भर्तियां और की जायेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज नीमच के अग्रोहा भवन में आयोजित सेवा से संकल्प अभियान के अभिनंदन कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी और देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने में उनके योगदान का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा से संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सभी जिलों में सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संकल्प से ही शक्ति और विकास का मार्ग प्रशस्त होता है तथा प्रदेश सरकार इसी भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीमच के विकास, नागरिकों के जुझारूपन और उद्यमशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सनातन परंपरा और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

प्रदेश के बजट और रोजगार में उल्लेखनीय वृद्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का शिक्षा बजट लगभग 5 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये तथा प्रदेश का कुल बजट बढ़कर 4 लाख 48 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में ड्रॉपआउट रेट शून्य होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय एक लाख 70 हजार रुपये से अधिक हो गई है तथा बिजली उत्पादन 32 हजार मेगावॉट से अधिक पहुंच गया है। वर्ष 2002 में प्रदेश में लगभग 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि वर्तमान में 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें करीब 8 हजार सीटें उपलब्ध हैं।

नीमच में एयरपोर्ट और सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में विगत वर्षों में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ है तथा प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बेहतर की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार से जिले के युवाओं और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

चीता प्रोजेक्ट को बताया नीमच के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज चीता प्रोजेक्ट के तहत नीमच के खिमला क्षेत्र में मादा चीता को छोड़ा जा रहा है। उन्होंने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व के अग्रणी देशों की कतार में है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है तथा न्यायपालिका एवं संवैधानिक संस्थाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं समझौतों में भारत ने अपने राष्ट्रीय हितों और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की वैश्विक भूमिका निरंतर मजबूत हुई है और देश प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहा है।

विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि जिले में 2 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा से संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का नीमच को विभिन्न सौगातें देने तथा चीता प्रोजेक्ट के तहत नीमच को चयनित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने गांधी सागर बांध के पानी से किसानों को मिल रहे लाभ और कृषि क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का भी उल्लेख किया।

विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि भारत विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा एवं श्री वंदन खंडेलवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अभियान में सहभागी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं विभिन्न संगठनों की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, आयुक्त उज्जैन संभाग श्री आशीष सिंह,पुलिस महानिरीक्षक श्री राकेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

–00–

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधी सागर अभयारण्य में छोड़ी मादा चीता ‘राधा’

राधाष्टमी के अवसर पर मादा चीता का किया नामकरण, गांधी सागर में चीतों की संख्या बढ़कर चार हुई

नीमच, 20 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को गांधी सागर अभयारण्य में मादा चीता सीसीबी-2 को वन क्षेत्र में विमुक्त किया। राधाष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मादा चीता का नामकरण ‘राधा’ किया और प्रदेशवासियों को इस अवसर पर बधाई दी। मादा चीता के गांधी सागर पहुंचने के साथ ही अभयारण्य में चीतों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। यहां अब दो नर चीते प्रभाष और पावक तथा दो मादा चीते धीरा और राधा मौजूद हैं।

चीता पुनर्स्थापना परियोजना के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गरोठ विधायक श्री चंदर सिंह सिसोदिया, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू, प्रमुख सचिव मध्य प्रदेश शासन श्री राघवेंद्र सिंह,प्रधान मुख्य वन संरक्षक(वाइल्डलाइफ) श्रीमती समिता राजोरा, सहित वन विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रोजेक्ट चीता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में प्रोजेक्ट चीता निरंतर आगे बढ़ रहा है। चीतों की बढ़ती संख्या वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रदेश की प्रतिबद्धता और वन विभाग के सतत प्रयासों को दर्शाती है। मध्यप्रदेश वन्यजीव विविधता से समृद्ध प्रदेश है और टाइगर स्टेट के रूप में अपनी पहचान के साथ वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि गांधी सागर अभयारण्य में चीतों की उपस्थिति से इस क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। चीता संरक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी विकसित होंगी।

गांधी सागर में चीता संरक्षण का दायरा बढ़ा

मादा चीता राधा को गांधी सागर अभयारण्य में बसाया जाना कूनो के बाद मध्यप्रदेश में चीता संरक्षण के दूसरे प्रमुख आवास के रूप में गांधी सागर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गांधी सागर में चीतों के स्वास्थ्य, व्यवहार और नए वातावरण में उनके अनुकूलन की वन विभाग की टीम द्वारा लगातार निगरानी की जाएगी।

नई मादा चीता के आने से गांधी सागर में चीता संरक्षण एवं भविष्य में प्रजनन की संभावनाओं को भी बल मिलेगा। गांधी सागर को प्रोजेक्ट चीता के विस्तार के लिए विकसित किए जा रहे प्रमुख आवासों में शामिल किया जा रहा है।

‘सेकंड होम ऑफ चीता’ बुकलेट का विमोचन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वन विभाग द्वारा प्रकाशित “सेकंड होम ऑफ चीता- गांधी सागर वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी” बुकलेट का विमोचन भी किया। बुकलेट में गांधी सागर अभयारण्य में चीता संरक्षण, उनके अनुकूलन और क्षेत्र में विकसित की जा रही व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी संकलित की गई है।

मादा चीता राधा के गांधी सागर में आगमन के साथ अभयारण्य में दो नर और दो मादा सहित कुल चार चीते हो गए हैं, जो मध्यप्रदेश में प्रोजेक्ट चीता के विस्तार और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

–00–

ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित कर किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा रहे है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को नीमच से वर्चुअली संबोधित किया

नीमच 20 सितम्‍बर 2026, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मैहर धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए विशेष रूप से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याण का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा किसान, महिला, युवा और कमजोर वर्गों को विकास की प्राथमिकता में रखा गया है। इन वर्गों के सशक्तिकरण से संपूर्ण समाज की प्रगति सुनिश्चित होती है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि उपज मंडी मैहर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में नीमच से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शारदा का आशीर्वाद पूरे विंध्य, मध्यप्रदेश और देशवासियों पर सदैव बना रहता है। मां शारदा की पावन नगरी मैहर को जिला बने लगभग तीन वर्ष हुए हैं और इतने कम समय में मैहर ने अपनी अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने जिले के स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को जनकल्याण और विकास कार्यों में निरंतर सहयोग के लिए बधाई दी।

किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली सिंचाई के लिए उपलब्ध होगी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को रात के समय खेतों में बिजली के कारण होने वाले परेशानी से मुक्ति दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार आगामी रबी फसल से किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली सिंचाई के लिए उपलब्ध कराएगी। बिजली व्यवस्था के विस्तार और सुधार से किसानों के घरों में समृद्धि आएगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। सरकार किसानों की सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए निरंतर काम कर रही है। स्लीमनाबाद टनल के आगामी समय में शुरू होने से क्षेत्र में जल उपलब्धता और कृषि गतिविधियों को नयी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा के जलसे माँ शारदा की नगरी में अभिषेक का संकल्प क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इससे किसानों के जीवन में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

धान खरीदी और किसानों को बेहतर लाभ देने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि किसानों को उपज बेचने में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए तैयारियां समय पर पूरी की जा रही है। सरकार धान की खरीदी किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य तक सीमित लाभ न मिले, बल्कि उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य और आवश्यकतानुसार बोनस सहित अन्य लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।

पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और विविध गतिविधियों से बढ़ेगी किसानों की आय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित कर किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पशुपालन और गौ-पालन सनातन संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर पर सरकार का विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी लगातार काम कर रही है। सांदीपनी विद्यालयों के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिक्षा के साथ विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना भी सरकार की प्राथमिकता है। मजबूत शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के नए अवसर प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देंगे।

मैहर की पर्यटन पहचान को स्थानीय विकास से जोड़ा जा रहा है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैहर के पर्यटन और धार्मिक महत्व को देखते समुचित विकास किया जा रहा है। मां शारदा लोक का निर्माण इसी दिशा में सरकार का प्रयास है। मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी मैहर जिले में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देगी। मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी मैहर जिले में रहेगा जिससे स्थानीय अर्थव्यस्था को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन बढ़े, रोजगार के अवसर बढ़ें और स्थानीय किसानों एवं ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिले—इसी दिशा में सरकार कार्य कर रही है।

कृषि में नवाचार और ओडीओपी को बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कहा कि जिले में एक जिला-एक उत्पाद के तहत कृषि उत्पादों को बढ़ावा दिए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने किसानों द्वारा आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से टमाटर, करेला सहित विभिन्न फसलों के उत्पादन की सराहना की। उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पादों की बाजार में मांग बढ़ रही है और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उत्पादन एवं आय दोनों में वृद्धि की संभावनाओं को मजबूत किया जा रहा है। आने वाले समय में किसानों की आय वृद्धि के लिए मैहर में फूड प्रोसेसिंग पार्क भी स्थापित किया जाएगा।

प्रगतिशील कृषकों से संवाद किया

मुख्यमंत्री ने जिले के प्रगतिशील कृषकों से संवाद कर आधुनिक तकनीकों का कृषि में उपयोग कर आय बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कृषकों से संवाद कर सभी कृषकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया। सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि डबल इंजन की केंद्र और प्रदेश सरकार निरंतर कृषक कल्याण के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सरकार के निर्देशानुसार अब कृषकों को उनकी अधिग्रहीत जमीन का 4 गुना मुआवजा दिया जाएगा।

अपेक्स बैंक के चेयरमैन श्री महेंद्र सिंह यादव ने कार्यक्रम में कहा कि बलराम महोत्सव से कृषक कल्याण वर्ष में सभी कृषकों के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं से किसानों की आय में वृद्धि हुई है। कृषि के लिए ऋण शून्य प्रतिशत पर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी ने दिया।

बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी लगाकर कृषकों को सरकार की शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण योजना, मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना , प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना,वित्तीय साक्षरता अभियान , समुन्नत पशु प्रजनन योजना ,नंदी शाला योजना ,आजीविका उत्पाद प्रदर्शनी एवं विक्रय मेला , स्वास्थ विभाग एवं दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग की योजनाओं आदि योजनाओं की जानकारी कृषक भाइयों को देकर उन्हें आधुनिक लाभ की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया । कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों और कृषकों के मेधावी छात्रों को उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

–00–

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नीमच आगमन, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया आत्मीय स्वागत

नीमच, 20 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अग्रोहा भवन में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में सहभागिता के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज नीमच आगमन हुआ।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच स्थित सीआरपीएफ मेहता स्टेडियम हेलीपैड पहुंचने पर नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध मारू, सीआरपीएफ आईजी श्रीमती नीतू भट्टाचार्य, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा,डीआईजी श्री सुरेंद्र कुमार,पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव श्रीमति वंदना खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीमच में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अभिनंदन कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके पश्चात वे गांधी सागर अभ्यारण्य में चीता प्रोजेक्ट के तहत आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

–00–

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत प्रदर्शनी का किया अवलोकन

विद्यार्थियों को मिली ई स्कूटी,चित्रकला और स्थानीय उत्पादों की सराहना की

नीमच, 20 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच प्रवास के दौरान अग्रोहा भवन में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत अभिनंदन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं, विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली तथा नवाचारों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम गांधी सागर समूह जल प्रदाय योजना-2 का अवलोकन कर योजना की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ई-स्कूटी योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रदान की गई स्कूटियों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की सराहना की।

उन्होंने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकला एवं चित्रों की प्रदर्शनी देखी। बच्चों की रचनात्मकता और सुंदर चित्रों की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से संबंधित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए थे।

इसके बाद उन्होंने पुलिस विभाग की ‘जीवन संजीवनी अभियान’, ‘नशे से दूरी है जरूरी’ एवं साइबर अपराध जागरूकता संबंधी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के लिए किए जा रहे जन-जागरूकता प्रयासों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने बंबू फार्म द्वारा बाँस से तैयार किए जा रहे ब्रश, कंघी, बाँसुरी सहित अन्य उत्पादों की सराहना की। साथ ही जैविक कृषक श्री भागीरथ नागदा द्वारा जैविक पद्धति से तैयार किए जा रहे उत्पादों की भी जानकारी ली और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार,विधायक मनासा अनिरुद्ध माधव मारू,जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान,आयुक्त उज्जैन संभाग आशीष सिंह,नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा,कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा,पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,वंदना खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

–00–

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}