गरोठ में देवनारायण छठ पर गुर्जर समाज ने धूमधाम से निकाला भव्य चल समारोह

गरोठ में देवनारायण छठ पर गुर्जर समाज ने धूमधाम से निकाला भव्य चल समारोह
गरोठ। भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की छठी तिथि पर गुर्जर समाज के आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण जी के जन्मोत्सव (देवनारायण छठ) के पावन अवसर पर गरोठ नगर में भव्य एवं आस्थापूर्वक चल समारोह निकाला गया।धार्मिक मान्यता एवं परंपरा के अनुसार, भगवान श्री देवनारायण को भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है। गुर्जर समाज में देवनारायण छठ का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान देवनारायण की पूजा-अर्चना करने और चल समारोह में भाग लेने से घर-परिवार में सुख, समृद्धि और आरोग्य की प्राप्ति होती है। पारंपरिक रूप से समाजजन इस दिन उपवास रखकर भगवान देवनारायण की लीलाओं का स्मरण करते हैं।पारंपरिक वेशभूषा और नगर भ्रमण
चल समारोह में समाज के पुरुषों ने पारंपरिक धोती- कुर्ता और सिर पर साफा (पगड़ी) धारण कर रखा था, वहीं महिलाएं लाल और गुलाबी रंग की चुनरी ओढ़कर भजनों की धुन पर उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुईं।चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों—सब्जी मंडी, गांधी चौक, रामपुरा दरवाजा, तीन सड़क रोड, शामगढ़ रोड और सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा से नवीन बस स्टैंड होते हुए माली मोहल्ला स्थित देवनारायण मंदिर पहुंचा। जहां भगवान देवनारायण जी कि महाआरती कर महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर चल समारोह का मार्ग में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा मंच बनाकर पुष्पवर्षा से जोरदार स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में ‘जय श्री देवनारायण’ के जयकारों से वातावरण धर्ममय हो गया।
स्थानीय निवासी रामलाल गुर्जर ने बताया कि नगर में चल समारोह निकालने की यह परंपरा विगत 15 वर्षों से निरंतर जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को भी गुर्जर समाज द्वारा एक और भव्य चल समारोह निकाला जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।



