माटी गणेश, सिद्ध गणेश: मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की कार्यशाला संपन्न

माटी गणेश, सिद्ध गणेश: मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की कार्यशाला संपन्न
मंदसौर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में मंदसौर विकासखंड के सेक्टर क्रमांक 4 में प्रियदर्शन सामाजिक सेवा संस्था द्वारा “माटी गणेश, सिद्ध गणेश” अभियान के अंतर्गत मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की कार्यशाला ग्राम पंचायत मेनपुरीया में आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा उपाध्यक्ष श्री विनय दुबेला, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कोषाध्यक्ष श्री राजेश चौहान, पूर्व सैनिक श्री पहलाद राठौर एवं सरपंच प्रतिनिधि श्री ओंकार माली उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विकासखंड समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट ने “माटी गणेश, सिद्ध गणेश” अभियान की जानकारी दी। मुख्य अतिथि श्री विनय दुबेला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें मिट्टी से बने गणेश जी की प्रतिमा बनाकर उनकी स्थापना करनी चाहिए। इससे हमारी संस्कृति और पर्यावरण दोनों का संरक्षण होगा। उन्होंने कहा कि इस संदेश को हर घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा सके और रासायनिक पदार्थों से बनी मूर्तियों के उपयोग को हतोत्साहित किया जा सके।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कोषाध्यक्ष श्री राजेश चौहान ने कहा कि सभी लोग इस अभियान से जुड़ें और अपने घरों में मिट्टी से बने गणेश जी की स्थापना कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें।
पूर्व सैनिक श्री पहलाद राठौर ने कहा कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाएं अपने-अपने सेक्टर स्तर पर समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण के लिए सराहनीय कार्य कर रही हैं। धार्मिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का यह अभियान सराहनीय एवं जनहितकारी पहल है।
सरपंच प्रतिनिधि श्री ओंकार माली ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर इस वर्ष से विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं अपने घरों में मिट्टी से बने गणेश जी की स्थापना करें और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ें।
कार्यशाला के पश्चात “हर घर गणेश, घर-घर गणेश” के संदेश के साथ जनजागरूकता यात्रा निकाली गई, जिसमें लोगों को मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रियदर्शन सामाजिक सेवा संस्था से श्री दिनेश सोलंकी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री इंद्रजीत भट्ट, श्री मनीष गर्ग, मेंटर्स श्री रघुवीर सिंह राठौड़, श्री संदीप शर्मा, श्री अनिल सुमन, प्रस्फुटन समिति से श्रीमती रेखा बैरागी एवं श्री दुर्गा शंकर धनगर, नवांकुर सखियों श्रीमती अनीता गर्ग, श्रीमती रेखा अहिरवार, पायल, पूजा एवं अनिता सहित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री रूप देव सिंह सिसोदिया ने किया तथा आभार श्री सुयश गर्ग ने व्यक्त किया।



