शिक्षक दिवस पर स्वास्तिक पैथोलॉजी लैब की अनूठी पहल

शिक्षक दिवस पर स्वास्तिक पैथोलॉजी लैब की अनूठी पहल, 71 से अधिक शिक्षकों की निःशुल्क CBC व शुगर जांच
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज खाचरौद,जिला उज्जैन
खाचरौद। शिक्षक दिवस के अवसर पर देश का भविष्य गढ़ने वाले शिक्षकों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य की चिंता करते हुए स्वास्तिक पैथोलॉजी लैब, खाचरौद द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खाचरौद ब्लॉक के शासकीय एवं निजी विद्यालयों के 71 से अधिक शिक्षकों की निःशुल्क CBC एवं ब्लड शुगर जांच की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीआरसी पुष्पराज तिवारी एवं कन्या शाला प्राचार्य विक्रम मकवाना ने मां सरस्वती का पूजन-अर्चन एवं माल्यार्पण कर किया। इसके पश्चात डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर स्वास्थ्य शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया।
शिविर में खाचरौद ब्लॉक के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों से शिक्षक बारी-बारी से पहुंचे और रक्त के नमूने दिए। सभी शिक्षकों की CBC और ब्लड शुगर की जांच निःशुल्क की गई।
इस अवसर पर स्वास्तिक पैथोलॉजी लैब के संचालक नरेंद्र पौराणिक (राहुल) एवं स्टाफ अंकित जाट ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का स्वागत करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और देश के भविष्य को दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की चिंता करना भी समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में कन्या शाला प्राचार्य विक्रम मकवाना, जन शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा, आशीष जोशी, शिक्षक नवीन नामदेव, अमर सिंह, चन्द्रभान सिंह देवड़ा सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।



