समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 20 अगस्त 2026 गुरुवार

////////////////////////////////////////////
व्हाट्स ऐप चैटबॉट के माध्यम से अब किसान कर सकेंगे उर्वरक बुकिंग
भोपाल।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों की सुविधा के लिए किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा उर्वरक बुकिंग के लिए व्हाट्स ऐप चैटबॉट सुविधा प्रारंभ की गई है। इस सुविधा के माध्यम से किसान सरल एवं सुविधाजनक तरीके से अपने मोबाइल से उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे।किसान आधिकारिक WhatsApp Business (WABA) नंबर पर “Help” या “Fertilizer” लिखकर सेवा प्रारंभ कर सकते हैं।
======
मंदसौर l जन स्वास्थ्य सहायता अभियान द्वारा अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष पर सांदीपनि विद्यालय साबाखेड़ा में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन नेशनल मीडिया फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार श्री नरेंद्र अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ l वैश्य महासम्मेलन युवा इकाई के संभागीय प्रभारी श्री कपिल भण्डारी, सरपंच श्री परमानंद, उप सरपंच श्री कारूलाल ,जनपद सदस्य बंशीलाल विशेष अतिथि के रूप मे उपस्थित थे l शिविर के दौरान स्कूली बच्चों की विभिन्न प्रकार की जांच की गई lइस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अग्रवाल ने कहा कि जन स्वास्थ्य सहायता अभियान सामाजिक संगठन के माध्यम से स्कूलों में जागरूकता शिविर के साथ-साथ स्वास्थ्य परीक्षण करने का जो बीड़ा उठाया है वास्तव में यह कार्य सराहनीय है सामाजिक संगठनों के माध्यम से ऐसे शिविर लगते है तो जरूरतमंद की मदद भी हो जाती हैं l
सामाजिक कार्यकर्ता श्री भंडारी ने कहा कि स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ प्राथमिक रूप से स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी देना चाहिए और विशेष कर बड़े बच्चों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए l
जन स्वास्थ्य सहायता अभियान के रीजनल मैनेजर श्री अक्षत तिवारी ने बताया कि मंदसौर जिले में यह प्रथम शिविर लगाया गया है ऐसे शिविर के माध्यम से एक उपचार हेतु एक वर्ष के लिए कार्ड बनेगा उसके माध्यम से वर्ष भर यदि कोई बीमार व्यक्ति निजी अस्पताल में उपचार एवं जांच कराएगा तो उपचार व जांच की राशि संस्था के माध्यम से प्रदान की जाएगी l जोनल मैनेजर श्री नवनीत शुक्ला ने भी जन स्वास्थ्य संस्था के बारे में जानकारी से अवगत कराया l
सीएम राइज स्कूल के प्रभारी प्राचार्य श्री विनीत अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया l
आरम्भ में अतिथियों ने मा सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया l अतिथियों का स्वागत जन स्वास्थ्य सहायता अभियान के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री रूपेश पाटीदार , श्री संजीव राठौड़, एवं प्रियंका पोरवाल ने किया
=============
शिक्षक पर कार्रवाई की मांग को लेकर विद्यार्थियों का बीईओ कार्यालय घेराव
मल्हारगढ़। सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक उमेश मोदी पर कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित विद्यार्थियों और अभाविप कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बीईओ कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम स्वाति तिवारी मौके पर पहुंचीं और विद्यार्थियों से चर्चा की। जिला पंचायत सीईओ ने आश्वासन दिया कि शिक्षक को आज अन्य स्कूल में अटैच कर विभागीय जांच की जाएगी। हालांकि, आदेश जारी होने तक विद्यार्थी व अभाविप कार्यकर्ता बीईओ कार्यालय में धरने पर डटे हुए हैं।=======
आखिर इतनी जागरूकता के बाद भी क्यों ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहे आमजन
ठगों ने तीन लोगों को बनाया निशाना, पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
मंदसौर। शहर सहित जिले में एक दिन में एक मामला ऑनलाइन ठगी याने की बैंक खाते से रुपए उड़ाने के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस विभाग द्वारा लगातार जागरूकता के बावजूद भी कई पड़े लिखे लोग भी लालच में आकर ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहे हैं ताजा मामला है मंदसौर शहर व दलौदा का जहां सिद्धार्थ कुमावत निवासी हनुमान नगर मंदसौर के बैंक खाते से तीस हजार रूपए तो अंबिका प्रसाद द्विवेदी नानेस विहार पद्मावती रिसॉर्ट के सामने से आयुर्वेदिक इलाज का झांसा देकर 32700 रुपए खाते से डलवाकर ठगी की तो वही दलौदा निवासी मुकेश पाटीदार से फोन पे के माध्यम से 37000 रुपए डलवाकर ठगी की गई। तीनों ही मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
==========
सिंहस्थ पथ के कार्य को तत्काल शुरू करने को लेकर विधायक जैन ने कलेक्टर से कि मांग
मंदसौर। श्री पशुपतिनाथ मंदिर से नालछा माता मंदिर होते हुए मंदसौर बायपास मार्ग तक प्रस्तावित सिंहस्थ पथ का निर्माण कार्य स्वीकृति और कार्यादेश जारी होने के करीब चार माह बाद भी शुरू नहीं होने पर जागरूक विधायक श्री विपिन जैन ने कलेक्टर को पत्र लिखकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है।विधायक श्री जैन ने पत्र में बताया कि 3.80 किलोमीटर लंबे सिंहस्थ पथ के निर्माण के लिए 31 करोड़ 50 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। कार्यादेश एवं टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन करीब चार माह बीतने के बाद भी मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।विधायक ने कहा कि सिंहस्थ योजना के तहत स्वीकृत यह मार्ग आगामी सिंहस्थ पर्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। निर्माण में देरी होने से कार्य को समय-सीमा में पूरा करने में परेशानी आ सकती है।श्री जैन ने कलेक्टर से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने का आग्रह किया, ताकि सिंहस्थ से पहले मार्ग का निर्माण पूरा हो सके और श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
==============
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने लाडली बहना योजना के अंतर्गत जिले की बहनों को 45 करोड रुपए से अधिक राशि की सहायता से लाभान्वित किया
रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को 250 रुपए की विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की गई
मंदसौर 19 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के मेहर जिले से राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की बहनों को मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत 39 वीं किस्त राशि का अंतरण बैंक खातो में किया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा नियमित राशि प्रत्येक बहन को 1500 रुपए तथा रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष सहायता राशि 250 रुपए प्रदान की गई।
इस अवसर पर मंदसौर में नगर पालिका सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। जहां जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रीतेश चावला आदि उपस्थित थे
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया कि योजना अंतर्गत माह अगस्त के तहत मंदसौर जिले की दो लाख 60 हजार 315 बहनों को कुल 45 करोड़ 50 लाख रुपए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। उक्त कार्यक्रम जिले में सभी ग्रामों वार्डो में वेबकास्ट के माध्यम से दिखाया गया।
–00–
जिले में श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा की तैयारियां पूर्ण
जिला स्तरीय कार्यक्रम 20 अगस्त को, बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय की गई
मंदसौर 19 अगस्त 2026 / संत शिरोमणि रविदास जी की 650 वी जन्म जयंती के अवसर पर राज्य शासन के निर्देश अनुसार मंदसौर जिले में भी श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा के आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। जिला पंचायत सभा कक्ष में बुधवार को आयोजित बैठक में विचार विमर्श कर यात्रा आयोजन की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया, यात्रा की रूपरेखा तय की गई।
उक्त बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति के सदस्य श्री राजेश दीक्षित, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, जिला संयोजक जनजातीय विभाग श्रीमती अंगूर बाला भगोरा, महिला बाल विकास अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री राम अटेला, श्री शिवराज सिंह राणा, श्री विजय सुराणा, श्री महेश जूनवाल, श्री विनय दुबेला, श्री जीवन शर्मा ,श्री अंकित सोनी आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने जिले में यात्रा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागो के अधिकारियों को दायित्व सौंप कर निर्देशित किया है।
जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित बैठक में बताया गया है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला स्तरीय कार्यक्रम 20 अगस्त को मंदसौर में कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरीयम में प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगा जहां कलश वंदन तथा सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके बाद पावन कलश, कलश रथ में स्थानीय रविदास मंदिर तथा ग्राम स्तर तक ले जाया जाएगा। यात्रा के अंतर्गत 20 अगस्त से 10 सितंबर तक निर्धारित मार्गो पर कलश रथ यात्रा आयोजित की जाएगी। यात्रा मार्ग, पड़ाव ,समय सारणी तथा स्थानीय कार्यक्रमों की कार्य योजना तैयार कर ली गई है।
इस दौरान जिला स्तरीय, ग्राम स्तरीय तथा चिन्हित स्थानीय मंदिरों में विविध स्वरूप के आयोजन होंगे। जिनमें सामूहिक आरती, गुरु वाणी का पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प तथा अन्य स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें स्थानीय संतो गुरुजनों समाज के प्रतिनिधियों तथा नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इस दौरान 31 अगस्त तक संत संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत संतों एवं गुरुओं को अभियान के उद्देश्य एवं गतिविधियों से अवगत कराते हुए विभिन्न सामाजिक समरसता कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता हेतु आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक के दौरान श्री राजेश दीक्षित द्वारा जिले में अभियान एवं यात्रा के सफल आयोजन के संबंध में बिंदुवार विस्तृत जानकारी दी गई। उनके द्वारा उपस्थित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व के बारे में बताया गया। श्री राम अटेला ने भी सफलता पूर्वक किए जानेवाले आयोजन के संबंध में बताया।
–00–
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत 21 अगस्त को विकासखंड गरोठ का होगा विशेष भ्रमण
मंदसौर 19 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत आगामी 21 अगस्त को जिले के गरोठ विकासखंड का विशेष भ्रमण किया जाएगा। गरोठ में शिविर आयोजित होगा।
उल्लेखनीय है कि अभियान के अंतर्गत शुक्रवार 21 अगस्त को विकासखंड गरोठ का क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जन विशवास अभियान के अंतर्गत समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी चिन्हित क्षेत्रों का अनिवार्य रूप से भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे। तथा शिकायतों एवं आवेदन-पत्रों का निराकरण कलेक्टर के भ्रमण के पूर्व सुनिश्चित करेंगे।
आगामी शुक्रवार को अभियान के साप्ताहिक भ्रमण के लिए विकासखंड गरोठ को चिन्हित किया गया है। समस्त विभागों के जिला प्रमुख अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विकासखंड के समस्त ग्रामों का अगस्त से पूर्व भ्रमण कर शिकायतों एवं आवेदन-पत्रों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर दिव्यांक सिंह द्वारा दिए गए हैं। प्रगति की समीक्षा कलेक्टर द्वारा चिन्हित स्थान पर की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से जिन विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा उनमें सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण, लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरण, भूमि संबंधी (नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा) लंबित प्रकरण, न्यायालयीन आदेशों के बावजूद राजस्व अभिलेखों में अमल न होने वाले प्रकरण, सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी निर्माण, आयुष्मान कार्ड निर्माण, समग्र आईडी की ई-केवाईसी एवं आधार कार्ड निर्माण/अपडेशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को आवास उपलब्धता, जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल एवं टंकी निर्माण की स्थिति, आंगनवाड़ी निरीक्षण एवं बच्चों के वजन-ऊँचाई मापन, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयाँ एवं उपकरणों की उपलब्धता, स्कूल-कॉलेज में उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता, खाद-बीज एवं अन्य आदानों की उपलब्धता, राशन दुकानों का निरीक्षण एवं जन फीडबैक, सड़क-तालाब-अमृत सरोवर-कुआँ आदि शासकीय परिसंपत्तियों का निरीक्षण, आईटीआई, तहसील, कृषि उपज मंडी, पुलिस थाना, लोक सेवा केंद्र, छात्रावास आदि शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण, खाद-बीज दुकान, गैस गोदाम, पेट्रोल पंप आदि निजी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, सार्वजनिक व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि योजनाओं का पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुँचना शामिल है।
उल्लेखनीय है कि यह अभियान जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान, शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लोक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
–00–
डाक जीवन बीमा एजेंट के रूप में कार्य करने का अवसर
मंदसौर 19 अगस्त 2026 / कार्यालय अधीक्षक डाकघर मंदसौर द्वारा भारतीय डाक विभाग की लोकप्रिय बीमा योजना डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के व्यवसाय के लिए डायरेक्ट एजेंट का चयन किया जाना है इसके लिए मंदसौर तथा नीमच जिले के डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा क्षेत्र के व्यवसाय हेतु इच्छुक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं
साक्षात्कार का आयोजन आगामी 24 अगस्त को दोपहर 12:00 बजे से किया जाएगा इसके लिए 18 वर्ष से अधिक आयु के आवेदक आवेदन कर सकते हैं आवेदक की शैक्षणिक योग्यता कक्षा दसवीं उत्तीर्ण या समकक्ष (राज्य / केंद्रीय बोर्ड) होनी चाहिए एवं कंप्यूटर तथा स्थानीय क्षेत्र का ज्ञान होना चाहिए पात्र इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन तथा बायोडाटा के साथ उक्त समय अवधि में कार्यालय अधीक्षक डाकघर मंदसौर संभाग मंदसौर में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठा सकते हैं आवेदक अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9691 556634 पर संपर्क कर सकते हैं।
=========



