मंदसौर जिलासीतामऊ

ढिकनिया में 38 घरों में एक साथ हुआ गृह-गृह यज्ञ


दीप यज्ञ एवं नशा मुक्ति रैली के माध्यम से दिया संस्कार और व्यसनमुक्ति का संदेश


ढिकनिया (सीतामऊ)। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा चलाए जा रहे “गृह-गृह यज्ञ अभियान” के अंतर्गत ग्राम ढिकनिया में एक साथ 38 घरों में गृह-गृह यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य यज्ञीय संस्कृति को प्रत्येक परिवार तक पहुँचाना तथा परिवारों में संस्कार, सद्विचार एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना रहा।
यज्ञ से एक दिन पूर्व शनिवार शाम ग्राम में दीप यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसे सुश्री निशा दीदी द्वारा विधिवत संपन्न कराया गया। दीप यज्ञ में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। दीप यज्ञ के माध्यम से समाज को अज्ञान, कुरीतियों एवं बुराइयों के अंधकार से निकालकर सद्विचार, संस्कार और उज्ज्वल जीवन की ओर बढ़ने का संदेश दिया गया।
ग्राम के 38 परिवारों में एक साथ यज्ञ प्रारंभ हुआ। यज्ञाचार्यों द्वारा विधिवत यज्ञ संपन्न कराया गया। परिवार के सदस्यों ने गायत्री मंत्र एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञाग्नि में आहुतियाँ अर्पित कीं। एक ही समय में अनेक घरों से उठता यज्ञ का धुआँ और गूंजते गायत्री मंत्रों से पूरा ग्राम आध्यात्मिक एवं संस्कारमय वातावरण से सराबोर हो गया।
यज्ञ के पश्चात नशा मुक्ति रैली निकाली गई। रैली में ग्रामीणों एवं गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए नशामुक्त परिवार एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री जसवंत सिंह जी ने कहा कि गृह-गृह यज्ञ अभियान का उद्देश्य यज्ञीय संस्कृति को प्रत्येक परिवार तक पहुँचाना तथा परिवारों को संस्कार, साधना और सद्विचारों से जोड़ना है। जब प्रत्येक घर में यज्ञ एवं गायत्री साधना का वातावरण बनेगा, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव तैयार होगी।
उपजोन समिति सदस्य श्री ईश्वर लाल फरक्या ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति की वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक परंपरा है। गृह-गृह यज्ञ के माध्यम से परिवारों में एकता, शांति एवं संस्कारों का वातावरण निर्मित करने के साथ समाज को व्यसनमुक्त बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मंदसौर से 20, नाहरगढ़ से 8, सीतामऊ से 5, खेजड़िया से 4 तथा दलौदा से 2 यज्ञाचार्य ग्राम ढिकनिया पहुंचे और विभिन्न घरों में विधिवत यज्ञ संपन्न कराया।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिजन श्री राम निवास राठौर, नाहरगढ़ एवं श्रीमती मोहन बाई सोलंकी, संजीत द्वारा दधीचि अंगदान का संकल्प पत्र भरकर समाज के लिए प्रेरणादायी पहल की गई। उन्होंने अंगदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी मानव सेवा एवं समाजहित में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं आयोजन को सफल बनाने में अखिल विश्व गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं तथा ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
जिला सह समन्वयक श्री पवन गुप्ता ने बताया कि ग्राम ढिकनिया में आयोजित इस अभियान को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह रहा। एक साथ 38 घरों में यज्ञ का आयोजन एवं इसके साथ निकाली गई नशा मुक्ति रैली ग्राम में जनजागरण का प्रभावी माध्यम बनी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सहयोग के लिए ग्राम ढिकनिया की स्थानीय समिति द्वारा सभी यज्ञाचार्यों, गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया। स्थानीय समिति ने कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी परिजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से नियमित गायत्री साधना, यज्ञ एवं संस्कारपरक गतिविधियों से जुड़ने तथा स्वयं एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}