पीएमश्री स्कूलों में महिला सहायिकाओं की होगी नियुक्ति, 8 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेगा मानदेय

पीएमश्री स्कूलों में महिला सहायिकाओं की होगी नियुक्ति, 8 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेगा मानदेय
भोपाल। मध्यप्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय ने सत्र 2026-27 के लिए पीएमश्री योजना के अंतर्गत संचालित प्री-प्राइमरी कक्षाओं में महिला सहायिकाओं (अंशकालीन) की आउटसोर्स नियुक्ति के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 3 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार अगस्त 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के माध्यम से नियुक्तियां की जाएंगी। जारी निर्देशों के अनुसार महिला सहायिका के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है तथा अभ्यर्थी का 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। चयनित सहायिकाओं को 8,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। आवेदिका संबंधित ग्राम या नगरीय वार्ड की स्थायी निवासी होनी चाहिए। नियुक्ति से पहले पुलिस सत्यापन भी अनिवार्य रहेगा। महिला सहायिकाएं शिक्षकों को शैक्षणिक गतिविधियों में सहयोग देंगी, शिक्षकों की अनुपस्थिति में कक्षा संचालन में सहायता करेंगी, बच्चों को समय पर विद्यालय लाने-ले जाने, मध्यान्ह भोजन के दौरान सहयोग तथा विद्यार्थियों की साफ-सफाई और सुरक्षा का ध्यान रखेंगी। उनकी उपस्थिति प्रतिदिन विमर्श पोर्टल पर दर्ज की जाएगी तथा मानदेय का भुगतान उपस्थिति के आधार पर होगा। आदेश के अनुसार प्रदेश के 799 पीएमश्री विद्यालयों में से 368 विद्यालयों में जहां प्री-प्राइमरी में 5 से 50 विद्यार्थियों का नामांकन है एक-एक महिला सहायिका नियुक्त की जाएगी। वहीं 51 से अधिक नामांकन वाले 8 विद्यालयों में आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सहायिका की नियुक्ति आयुक्त की स्वीकृति के बाद की जाएगी।



