मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 30 जुलाई 2026 गुरुवार

गुरु पूर्णिमा महोत्सव का समारोहपूर्वक समापन

श्रेष्ठ परिणाम में प्रदेश के सात विद्यालयों में सांदीपनि विद्यालय पिपलौदा चयनित
शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

गुरू पूर्णिमा महोत्सव पखवाड़ा का समापन सांदीपनि विद्यालय में समारोहपूर्वक किया गया। इस दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा वर्षभर मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को भी विधायक डॉ.राजेन्‍द्र पाण्‍डेय के आतिथ्य में सम्‍मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत सरस्‍वती पूजन तथा वंदना के साथ हुई। विद्यालय में स्थापित नवीन वाटर कूलर का शुभारंभ भी विधायक डॉ.पाण्‍डेय तथा अतिथियों ने पानी पी कर किया। प्राचार्य संजय कुमार शर्मा ने बताया कि गत वर्ष आयोजित बोर्ड परीक्षा में कक्षा 12 वी का शतप्रतिशत परिणाम रहा तथा सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए इस उपलब्धि के फलस्वरूप सांदीपनि विद्यालय पिपलौदा प्रदेश के सात चयनित विद्यालयों में शामिल हुआ है। कार्यक्रम में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले  10 वी कक्षा के 18 तथा  12 वी कक्षा के 19 परीक्षार्थियों एवं उनके पालकों को सम्मानित किया गया।

गुरू पूर्णिमा महोत्‍सव के दौरान विद्यालय में 13 दिनों तक अन्‍य विद्यालयों को नवाचार की जानकारी, भाषण, निबंध तथा संस्‍कृत श्‍लोक पाठ प्रतियोगिता, पर्यावरण व स्वच्छता जागरूकता,नशा मुक्ति संकल्प, योग,ध्‍यान, स्‍वास्‍थ्‍य के प्रति जागरूकता, कॅरियर मार्गदर्शन तथा भारतीय दर्शन में गुरू शिष्‍य परम्‍परा के विषय में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें प्रेरक वक्‍ताओं के साथ ही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ.राजेन्‍द्र पाण्‍डेय ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय बनने के बाद छात्रों की शिक्षा का जो बदलाव पिपलौदा में दिख रहा है, यह गौरव का विषय है। विद्यार्थियों ने अपने गुरूओं के सफल मार्गदर्शन का लाभ लेकर अपने भविष्‍य को सुरक्षित किया है। लगातार दूसरे वर्ष इस प्रकार की सफलता को दोहराना यह बताता है कि विद्यालय में अकादमिक गतिविधियां विद्यार्थियों के हितों को देख कर संचालित की जा रही है। इसके लिए योजना, प्रयास और प्रेरणा के साथ ही अनुशासित विद्यार्थियों की लगन का होना आवश्‍यक है। पुरे प्रदेश के सात विद्यालयों में तथा जिले का एकमात्र विद्यालय होना यह दर्शाता है कि विद्यालय में शिक्षा का स्‍तर उच्चतम है, और यहां के शिक्षक समर्पित भाव से अध्यापन करवाते हैं।

कार्यक्रम में अतिथि नगर मण्‍डल अध्यक्ष प्रवीणसिंह राठौर, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रफुल्‍ल जैन, जिला सलाहकार समिति के सदस्‍य मुकेश मोगरा, एल्‍डरमेन प्रकाश जायसवाल तथा मण्‍डल महामंत्री भंवरगिर गोस्‍वामी ने संबोधित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में पिपलौदा नगर की उपलब्धि और शिक्षकों के परिश्रम की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री संजय भट्ट ने किया तथा आभार प्राचार्य श्री संजय कुमार शर्मा ने माना।

====

एनीमिया मुक्त भारत अभियान अंतर्गत मॉनिटरिंग की गई

एनीमिया मुक्त भारत अभियान अंतर्गत प्रिंसिपल मैनेजर सप्लाई चेन, एविडेंस एक्शन नई दिल्ली श्री तेजस चावड़ा  एवं उज्जैन संभाग के संभागीय समन्वयक श्री कपिल यति द्वारा संयुक्त रूप से जिला रतलाम का भ्रमण किया गया। जिसके अंतर्गत श्री तेजस चावड़ा द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा से मुलाकात कर अभियान के बारे में जानकारी प्राप्त की। उनके द्वारा जिला स्टोर रतलाम, ब्लॉक स्टोर पिपलोदा एवं सांदीपनि स्कूल सैलाना की मॉनिटरिंग की गई।

श्री चावड़ा द्वारा बताया गया कि भारत सरकार की डीवीडीएमएस रैंकिंग में हमारे मध्यप्रदेश का देश में 05वां स्थान है, जो कि हमारे लिए एक उपलब्धि है। साथ ही एमपी ई-औषधि द्वारा आयरन की उपलब्धता मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सुनिश्चित एवं सुदृढ़ करने हेतु प्रयास किया जा रहा है।

=====

संयुक्त विभागीय दल द्वारा दस्तक अभियान की मॉनिटरिंग की गई

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री सुभाष चंद्र जैन के संयुक्त दल ने रतलाम जिले के सैलाना ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर करिया के अंतर्गत ग्राम पहाड़ी बंगला तथा पिपलोदा ब्लॉक के ग्राम मचून में  ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का औचक निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने शून्य से 5 वर्ष आयु समूह के बच्चों में बाल्यकालीन बीमारियों की देखभाल, 9 माह से 5 वर्ष आयु के बच्चों का हीमोग्लोबिन परीक्षण कर उन्हें आयरन फोलिक एसिड की प्रदायगी, विटामिन-ए अनुपूरण, सभी आवश्यक टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य देखभाल, गर्भावस्था की प्रथम तिमाही में उनका पंजीयन, ओआरएस पैकेट एवं जिंक की गोलियों का वितरण तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान श्री लोकेश वैष्णव सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

========

विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर संपन्न

विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा एवं जेल अधीक्षक एल.एस. भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले की जेलों में हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच हेतु विशेष शिविर आयोजित किए गए।

अभियान के प्रथम दिन 27 जुलाई 2026 को जिला जेल रतलाम में 191 बंदियों की हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच की गई। वहीं 28 जुलाई 2026 को विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जिला जेल रतलाम में 254, उप जिला जेल जावरा में 191 तथा उप जिला जेल सैलाना में 31 जांच की गईं। इस प्रकार दो दिनों में कुल 667 हेपेटाइटिस बी एवं सी जांच की गईं।

शिविर के दौरान बंदियों को हेपेटाइटिस बी एवं सी के संक्रमण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. गौरव बोरिवाल, नोडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहित भूरिया, जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती सरला वर्मा, लैब टेक्नीशियन डी.पी. केलवा, पीयर सपोर्टर हेमंत मकवाना, आईसीटीसी काउंसलर अपूर्वा शर्मा, संपूर्ण सुरक्षा केंद्र से ओआरडब्ल्यू हिमांशु चौहान तथा टीआई एनजीओ से संजाब कुरैशी सहित संबंधित स्वास्थ्य  अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

=========

जिले में अब तक 293.88 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

जिले में इस वर्ष अब तक औसतन 293.88 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में रतलाम जिले में 0.25 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

पिछले 24 घन्टों में आलोट में 0.00 मि.मी., जावरा में 0.00 मि.मी., ताल में 0.0 मि.मी., पिपलोदा मे 0.0 मि.मी., बाजना में 0.0 मि.मी., रतलाम में 0.0 मि.मी., रावटी में 2.0 मि.मी. एवं सैलाना में 0.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र आलोट में 322.0 मि.मी., जावरा में 309.0 मि.मी., ताल में 250.0 मि.मी., पिपलोदा में 360.0 मि.मी., बाजना में 189.0 मि.मी., रतलाम में 381.0 मि.मी., रावटी में 241.0 मि.मी. एवं सैलाना में 299.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

======

सिंहस्थ: 2028 के दृष्टिगत बढ़ाई जा रही रेल सुविधाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने डॉ. अंबेडकर नगर-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा मालवा-एक्सप्रेस को निशातपुरा स्टेशन से झंडी दिखाकर किया रवाना
भोपाल के नव विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर 2 रेल गाड़ियों के स्टॉपेज का किया शुभारंभ
भीड़ का दबाव कम करने में सहायक होंगे नए रेलवे स्टेशन
मध्यप्रदेश में निर्मित हुई 2800 किलोमीटर लंबी रेल लाइनें, यह डेनमार्क की सीमा से भी अधिक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी सिंहस्थ : 2028 के दृष्टिगत रेलवे सुविधाओं के विस्तार का कार्य निरंतर चल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। हर विभाग में नए कीर्तिमान गढ़े जा रहे हैं। भोपाल को निशातपुरा के रूप में चौथे रेलवे स्टेशन की सौगात मिली है। गत 12 साल में रेलवे का “न भूतो न भविष्यति” विकास हुआ है। भारतीय रेलवे में द्रुत गति से विकास कार्य हो रहे हैं। यह निशातपुरा स्टेशन के शुभारंभ से अब नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों को ट्रैक और इंजन बदलने की जरूरत नहीं होगी। निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर 2 ट्रेनों के ठहराव (स्टापेज) से यात्रियों को नई सौगात मिली है। निशातपुरा रुकने वाली ट्रेनें शिव और शक्ति की प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को भोपाल के नव विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर 2 रेल गाड़ियों- डॉ. अंबेडकर नगर-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा मालवा एक्सप्रेस और वेरावल-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन के निशातपुर स्टेशन पर नए ठहराव (स्टॉपेज) के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मालवा एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया।

अब नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर आने-जाने के लिए बचेगा समय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय रेलवे के माध्यम से उज्जैन सिंहस्थ: 2028 को लेकर लगातार सौगातें मिल रही हैं। सिंहस्थ : 2028 के आयोजन में अनुमानित 40 करोड़ श्रद्धालु मध्यप्रदेश आएंगे। ऐसे में नए रेलवे स्टेशन यात्रियों की भीड़ का दबाव कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे। निशातपुरा क्षेत्र में 14 करोड़ की लागत से विकसित निशातपुरा स्टेशन नागरिकों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा। यहां अनेक नई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर आने-जाने के लिए समय बचेगा। भोपाल मुख्य स्टेशन जाए बिना डायरेक्ट ट्रेन मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब किसी क्षेत्र में रेल लाइन आती है, तो यात्री सुविधाओं के साथ व्यापार, कृषि और माल ढुलाई आदि कार्यों में सुविधा मिलती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव मध्यप्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए पूर्ण सहयोग कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश के लिए भारत सरकार ने रेल बजट में की 24 गुना बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय रेलवे व्यापार-व्यवसाय की सुगमता और रोजगार बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। भारतीय रेल का नेटवर्क इतना बड़ा है, जिसमें कई देशों की कुल आबादी के बराबर लोग हमारी ट्रेनों में सफर कर रहे होते हैं। देश में रेलवे के 70 मंडल मुख्यालय हैं। मध्यप्रदेश में रेलवे ट्रैक का शत प्रतिशत विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। भारतीय रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक रेल गाड़ियों की शुरुआत की है। अब भोपाल के पास ट्रेनों के आधुनिक कोच तैयार किए जाएंगे। देश के साथ ही मध्यप्रदेश बदल रहा है। वर्ष 2009 से 2014 तक मध्यप्रदेश में रेलवे का बजट केवल 632 करोड़ रुपए था, जो अब वर्ष 2026-27 तक 15 हजार 288 करोड़ रुपए हो गया है। भारत सरकार ने प्रदेश के लिए रेल बजट में 24 गुना वृद्धि की है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में रेलवे के 1 लाख 18 हजार करोड़ लागत के नए कार्य जारी हैं। वर्ष 2014 के बाद प्रदेश में 2800 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइनों का निर्माण हुआ है, जो डेनमार्क देश की कुल सीमा से भी अधिक है।

प्रतिदिन बिछाया जा रहा है 34 किलोमीटर रेलवे ट्रेक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में जहां एक दिन में मात्र 4 किलोमीटर रेलवे ट्रैक तैयार होता था, लेकिन प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यकाल में ट्रैक बिछाने की रफ्तार 34 किलोमीटर प्रतिदिन है। भोपाल में अब रानी कमलापति स्टेशन, भोपाल मेन स्टेशन, संत हिरदाराम स्टेशन और अब निशातपुरा स्टेशन हो गए हैं। मध्यप्रदेश को 13 नए अमृत स्टेशनों की सौगात मिली है। वडोदरा -रतलाम और इटारसी-भोपाल-बीना रूट पर तीसरी और चौथी रेल लाइन के काम चल रहे हैं। पहले कभी मीटर गेज लाइनें हुआ करती थीं, जो धीरे-धीरे ब्रॉडगेज हो गईं और ब्रॉडगेज डबल लाइन हो गईं। अब ट्रिपल और फोर लाइन का विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव विरासत के साथ विकास के संकल्प को क्रियान्वित कर रहे : मंत्री श्री सारंग

खेल, युवा कल्याण और सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में विरासत के साथ विकास भी के संकल्प को जमीन पर उतारने का कार्य किया है। भोपाल को रेलवे की एक विशेष सौगात मिली है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने एयरवेज के साथ रेलवे का भी विकास किया है। मध्यप्रदेश में डबल इंजन सरकार की संकल्पना को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में मूर्तरूप दिया है। निशातपुरा क्षेत्र में नया स्टेशन शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। इसी स्टेशन के निकट से 6 ट्रेक वाला द्वारका नगर से खेड़ापति हनुमान मंदिर तक रेलवे ओवर ब्रिज बनेगा।

मध्यप्रदेश में रेल सुविधाएं बढ़ीं

पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि पश्चिम मध्य रेलवे अपने यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा प्रदान करने के लिए अधोसंरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में रेल मार्गों का विकास, आधुनिक ट्रेनों का संचालन, सेफ्टी और सिक्योरिटी में सुधार रेल यात्रा को नए आयाम प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यकाल में मध्यप्रदेश को रेलवे की अनेक सुविधाएं मिली हैं। खजुराहो से वाराणसी वंदेभारत एक्सप्रेस, रीवा-पुणे, डॉ. अंबेडकर नगर-गोंडा के लिए नई ट्रेनें शुरू की गई हैं। इसी अवधि में बीना-इटारसी और कटनी-बीना की तीसरी लाइन, कटनी अपग्रेड सेपरेटर, इटारसी के अप और डाउन ग्रेड सेपरेटर के साथ ही कटनी-सिंगरौली-रीवा-सतना रेल रूट का दोहरीकरण किया गया है। श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर में फ्लाई ओवर का शुभारंभ किया है, जिसमें मदन महल स्टेशन पर बना केबिल स्टे ब्रिज शामिल है। प्रदेश में 13 अमृत स्टेशनों का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो चुका है। स्टेशनों पर यात्रियों के लिए एस्केलेटर और एफओबी उपलब्ध कराए रहे हैं। भोपाल स्टेशन के पास बने निशातपुरा स्टेशन पर दो नई ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को भोपाल स्टेशन की भीड़भाड़ से राहत मिलेगी। पश्चिम मध्य रेलवे निशानपुरा स्टेशन को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में बैरसिया क्षेत्र के विधायक श्री विष्णु खत्री, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, भोपाल मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी सहित पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने रोड शो में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया और निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर गाड़ियों का ठहराव प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

======

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान से जनसंवाद और सुशासन को मिलेगा नया आयाम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

जनता से सीधे जुड़कर समस्याओं का करेंगे शत-प्रतिशत निराकरण
मुख्यमंत्री, मंत्री, मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से करेंगे मैदानी भ्रमण
संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी होंगे अभियान के आधार स्तंभ
7 अगस्त से शुरू होकर 8 जनवरी 2027 तक चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की जनता से सीधा संवाद एवं जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 आगामी 7 अगस्त से प्रारंभ होगा। आगामी 8 जनवरी 2027 तक संचालित होने वाले इस अभियान में मंत्री, मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि नियमित रूप से मैदानी भ्रमण कर आमजन से संवाद करेंगे, समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे तथा शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष आकलन करेंगे।

सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की पहल

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के साथ-साथ मैदानी स्तर से प्राप्त फीडबैक के आधार पर प्रशासन के पर्यवेक्षण तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करते हुए सुशासन की अवधारणा को व्यवहार में उतारना है।

प्रत्येक शुक्रवार जनता के बीच रहेगा प्रशासन

अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को प्रदेशभर में विशेष फील्ड भ्रमण किया जाएगा। इस दिन अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित नहीं होंगी तथा पूरा दिन केवल मैदानी भ्रमण, जनसंवाद एवं समस्याओं के निराकरण के लिए समर्पित रहेगा। भोपाल से लेकर संभाग एवं जिला स्तर तक सभी वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, मुख्य सचिव तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे और शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे।

जिला कलेक्टर प्रत्येक भ्रमण क्षेत्र का चयन एक सप्ताह पूर्व करेंगे तथा इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को देंगे। अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार मीडिया के माध्यम से किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक नागरिक अभियान से जुड़ सकें।

भ्रमण से पहले होगी लंबित प्रकरणों की समीक्षा

भ्रमण से पूर्व संबंधित क्षेत्र में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर उनके शत-प्रतिशत निराकरण का प्रयास किया जाएगा। भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का भी यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। भ्रमण से पूर्व एवं भ्रमण के बाद लंबित प्रकरणों की तुलना कर जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा तथा अभियान की नियमित समीक्षा मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव स्तर पर की जाएगी।

जन संवाद और उद्योग संवाद पर रहेगा विशेष फोकस

प्रत्येक शुक्रवार जिला कलेक्टर अपने जिले के अधिकारियों के साथ फील्ड भ्रमण करेंगे। इस दौरान जन संवाद एवं उद्योग संवाद आयोजित किए जाएंगे। उद्योग संवाद में वृहद, एमएसएमई तथा कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री के भ्रमण वाले जिले में समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में अगस्त माह के लिए बड़वानी, सीधी, श्योपुर तथा पांढुर्ना जिले निर्धारित किए गए हैं।

प्रमुख विषयों पर होगी व्यापक समीक्षा

अभियान के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों, अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारे, न्यायालयीन आदेशों के पालन, किसान फार्मर आईडी निर्माण, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी की ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी सेवाओं, स्वास्थ्य संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों, खाद-बीज उपलब्धता, सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की व्यापक समीक्षा कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों का होगा निरीक्षण

इसके साथ ही सड़कों, तालाबों, अमृत सरोवरों, बांधों, जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित संरचनाओं, शासकीय भवनों तथा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया जाएगा। आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक सहकारी समितियों, तहसीलों, कृषि उपज मंडियों, मदिरा दुकानों, पुलिस थानों, लोक सेवा केन्द्रों, शासकीय देवस्थानों एवं औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। खाद-बीज विक्रेताओं, गैस गोदामों, पेट्रोल पम्पों, विस्फोटक एवं पटाखा लाइसेंसधारियों, अधिकृत शस्त्र विक्रेताओं तथा निजी विद्यालयों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी विशेष नजर

अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है अथवा नहीं, इसका भी आकलन किया जाएगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर चिन्हित प्रमुख समस्याओं, शिकायतों एवं चुनौतियों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।

सादगी और मितव्ययिता होगी अभियान की विशेषता

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सादगी एवं मितव्ययिता के सिद्धांतों पर संचालित होगा। अभियान के दौरान अनावश्यक साज-सज्जा एवं गैर-जरूरी व्यय से परहेज किया जाएगा। वाहनों की पूलिंग व्यवस्था अपनाई जाएगी तथा संवाद कार्यक्रम शासकीय संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के चार प्रमुख स्तंभ संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग अभियान का नोडल विभाग रहेगा। यह अभियान प्रदेश में जनभागीदारी आधारित सुशासन को नई दिशा देने, प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने तथा शासन और जनता के बीच विश्वास के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}