शामगढ़ में निकली भव्य जनजागरूकता साइकिल रैली नागरिकों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

“नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान:
शामगढ़ में निकली भव्य जनजागरूकता साइकिल रैली नागरिकों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

शामगढ़, 26 जुलाई 2026।मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत रविवार को शामगढ़ नगर में विशाल जनजागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ शिव हनुमान मंदिर से मंदसौर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा एडिशनल एसपी गरोठ दिनेश प्रजापति शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता नरेंद्र यादव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
रैली में नगर के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष आकर्षण यह रहा कि नन्हे-नन्हे बच्चों एवं बालिकाओं ने भी युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर साइकिल चलाते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
रैली के आगे गायत्री परिवार का जागरूकता वाहन मधुर गीतों एवं प्रेरणादायक संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराता हुआ चल रहा था। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती रैली का जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। पूरे नगर में उत्साह एवं जनभागीदारी का वातावरण देखने को मिला।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता नरेंद्र यादव ने पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा का मां महिषासुर मर्दिनी की पावन नगरी शामगढ़ में स्वागत किया। उन्होंने नगर में बढ़ते यातायात को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाने के लिए शामगढ़ में स्थायी रूप से एक-दो यातायात पुलिसकर्मियों की नियुक्ति का आग्रह भी किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 30 जुलाई तक “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशे के दुष्परिणामों की जानकारी पहुंचे और अधिक से अधिक लोग नशे से दूर रहने का संकल्प लें।
कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के समर्थन में संदेश देते हुए नागरिकों से नशे से दूर रहने की अपील की।
इस जनजागरूकता अभियान में भारत विकास परिषद शाखा शामगढ़, गायत्री परिवार शामगढ़, लायंस क्लब शामगढ़, वूमेन्स पावर समिति यूथ साइक्लिस्ट एसोसिएशन शामगढ़ सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं स्वयंसेवी संगठनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, बालिकाएं, महिलाएं, पुरुष, युवा वर्ग, नगर के प्रबुद्धजन, पत्रकार साथी, पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। शामगढ़ पुलिस थाना एवं नगर परिषद शामगढ़ के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह साइकिल रैली नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायक पहल साबित हुई।



