साबाखेड़ा व दाऊदखेड़ी के स्कूलों में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान का आयोजन

विद्यार्थियों ने ली तंबाकू से दूर रहने की सामूहिक शपथ
मंदसौर। तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान के अंतर्गत संदीपनी विद्यालय साबाखेड़ा एवं शासकीय हाई स्कूल दाऊदखेड़ी में तंबाकू विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों ने समाज व शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए सामूहिक शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रेस क्लब के संरक्षक ब्रजेश जोशी ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाना समाज का प्राथमिक कर्तव्य है और इसमें मीडिया व शैक्षणिक संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिला तंबाकू नियंत्रण समिति के सदस्य श्री करण सिंह परिहार ने कहा कि शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाना केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य की नींव है। जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष श्री मदनलाल राठौर ने कहा कि विद्यार्थी संकल्प ले कि वह हर प्रकार के नशे से स्वयं भी दूर रहेंगे व अपने परिचितों को भी नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित करेंगे। पूर्व जिला महामंत्री भाजपा श्री विजय अटवाल ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए हर नागरिक को आगे आकर अपने आसपास के वातावरण को नशामुक्त बनाने में सहयोग देना होगा। प्राचार्य श्रीमती सुनीता गोधा ने अपने उद्बोधन में कहा कि अनुशासन और स्वास्थ्य ही सफलता की कुंजी हैं, अतः विद्यार्थियों को बचपन से ही नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से पूरी तरह दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री बंशीलाल धनगर, सरपंच श्री परमानंद धनगर, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा चौहान, प्राचार्य श्री विनीत अग्रवाल एवं समाजसेवी छगनलाल धनगर, विद्यालय स्टॉफ, विद्यार्थी आदि भी से उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए हमेशा स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।



