मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 26 जुलाई 2026 रविवार

पिपलियामंडी–मनासा मार्ग पर दुर्घटनाओं का कारण बना

पिपलियामंडी। नगर के पिपलियामंडी–मनासा मार्ग पर कृषि उपज मंडी के सामने बना डिवाइडर लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है। डिवाइडर पर लगा चेतावनी साइनबोर्ड काफी समय पहले क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था, जिससे विशेषकर रात्रि के समय और तेज गति से आने वाले वाहन चालकों को डिवाइडर दिखाई नहीं देता और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस गंभीर समस्या से संबंधित विभाग एवं जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए क्षेत्र के जागरूक रहवासियों ने स्वयं पहल करते हुए अपने खर्च से डिवाइडर पर चेतावनी साइनबोर्ड लगवाया, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

===========

नशे से दूरी जागरूकता शपथ दिलवाई

सुवासरा-चौकी रुणीजा थाना सुवासरा शासकीय हाई स्कूल अंगारी के बच्चों को नशे से दूरी है जरूरी 2.0 जन जागरूकता अभियान के तहत नशे से होने वाले दुष्परिणामों को बताया जाकर शपथ दिलवाई

========

आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कॉमथेन सिक्योरिटी सर्विस द्वारा बिना सूचना के निकाल किया बाहर

मंदसौर। गत दिवस मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गोविंद सिंह चौहान को कलेक्टर अदिति गर्ग की अनुशंसा पर कमिश्नर उज्जैन द्वारा निलंबित किया, विभिन्न आरोपों में कॉमथेन आउटसोर्स सर्विस द्वारा मोटी रकम लेकर नियुक्तियां दिए जाने का आरोप भी सम्मिलित था।

23 जुलाई 2026 का एक पत्र सोशल मीडिया पर आज वायरल हो रहा है कि आउटसोर्स सर्विस कंपनी ने मंदसौर जिले के खंड चिकित्सा अधिकारी ब्लॉक सीतामऊ, मल्हारगढ़, मेलखेड़ा, (गरोठ) तथा संधारा (भानपुरा) को 1 जुलाई 2026 से कार्य मुक्त कर दिया जाए, सर्विस कंपनी समय पर वेतन भुगतान नहीं मिलने का बहाना करते हुए दबाव बनाने की रणनीति के अंतर्गत इन कर्मचारियों को कार्य मुक्त किए जाने को लेकर यह प्रक्रिया अपना रहीं है।

कंपनी अचानक सीएमएचओ के निलंबन की कार्रवाई के बाद अभी तत्काल यह कह रही है कि मार्च और अप्रैल का भुगतान किया जा चुका है। लेकिन लंबित बिलों का भुगतान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा नहीं किया जा रहा है, इसलिए कंपनी को आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है, कंपनी ने यह बात 1 जुलाई से पहले क्यों नहीं की आज जो पत्र जारी किया है, वह 1 जुलाई को क्यों नहीं जारी किया गया, आज 23 जुलाई को पत्र क्यों जारी किया गया? वह भी इस आशय के साथ की 1 जुलाई से आउटसोर्सिंग के कर्मचारियों को मुक्त कर दिया जाए,

आउट सोर्सिंग कंपनी शुरू से विवादित रही है, देवास में यह ब्लैकलिस्टेड घोषित हो चुकी है, मंदसौर में भी बताया जा रहा है कि बगैर प्रक्रिया और बगैर टेंडर के दो वर्षों तक जिले में निलंबित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर गोविंद चौहान के दिशा – निर्देश पर मिली भगत के साथ काम किया था और शुरू से ही मंदसौर जिले में यह कंपनी विवादित रही है।

=====

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य प्रशासन विभाग कॉमथेन आउटसोर्सिंग कंपनी की इस कारगुजारी और मनमानी को संज्ञान में लें तथा संपूर्ण प्रक्रिया को नियमानुसार कर्मचारियों का हित ध्यान रखते हुए करने में सहायक सिद्ध बने।

-यशपाल सिंह सिसोदिया -पूर्व विधायक

=========

कारगिल विजय दिवस पर आज कारगिल पार्क में आयोजित होगा भव्य कार्यक्रम

मंदसौर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला मंदसौर के तत्वावधान में आज रविवार, 26 जुलाई 2026 को कारगिल विजय दिवस का आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमामय कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे से किटियानी स्थित सैनिक कार्यालय के पास बने कारगिल विजय पार्क में संपन्न होगा।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही मंदसौर जिले के कारगिल युद्ध के वीरों, वीर नारियों तथा शहीद परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका सार्वजनिक सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने जिले के समस्त नागरिकों और देशभक्तों से इस अवसर पर उपस्थित होकर अमर शहीदों को नमन करने का आह्वान किया है।

===

 श्रावण मास में कावड़ यात्रा को लेकर बैठक संपन्न

शामगढ़- श्रावण मास के प्रथम सोमवार. दि. 3 अगस्त सोमवार को प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी शांतिकुंज स्थित श्री हरिओम पुरम भगवान बटकेश्वर मंदिर से.. कावड़ यात्रा प्रारंभ होकर. शामगढ मे सुवासरा रोड.. ओवर ब्रिज के पास स्थित श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर तक कावड यात्रा का आयोजन होगा.

इस कावड़ यात्रा को भव्यता प्रदान करने हेतु समस्त भक्त जनों द्वारा शनिवार को मुक्तेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में बैठक का आयोजन रखा गया.व कावड़ यात्रा की भव्यता को लेकर कार्य योजना बनाई गई।

=============

मेसर्स वर्षा सीड्स एवं बायोटेक, मन्दसौर का बीज कम्पनी का लायसेंस निरस्त

मंदसौर 25 जुलाई 2026/ मेसर्स- वर्षा सीड्स एवं बायोटेक, मन्दसौर की अनियमित व्यापार करने की शिकायतें कृषि विभाग में प्राप्त होने पर 30 जून 2026 को विभाग के अधिकारियों द्वारा उनकी फर्म का निरीक्षण करने हेतु पहुंचे, उपरांत फर्म के प्रोपराईटर श्री रमेश प्रजापति द्वारा अधिकारियों के साथ अभ्रदता की गई एवं निरीक्षण करने पर दुकान की शटर बंद कर धमकाया गया साथ ही दल को कोई भी अभिलेख (दस्तावेज) उपलब्ध नहीं कराये गये तथा शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न की गई।

किसान कल्याण तथा कृषि विकास उप संचालक श्री मोदी ने कंपनी से जिले में बीज व्यापार हेतु सत्यरूप बीज, किस्में, रिसर्च वैरायटी एवं शंकर किस्मों के बीज उत्पादन, भण्डारण एवं बीज आपूर्ति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने हेतु लेख किया गया, परन्तु कंपनी के द्वारा कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। जो बीज अधिनियम 1966 की धारा 19ए के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उक्त कृत्य हेतु फर्म को 6 जुलाई 2026 को कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया। कंपनी द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। 14 जुलाई 2026 को कंपनी का लायसेंस निलंबित कर 03 दिवस में निर्धारित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके बावजूद कंपनी द्वारा ना तो कोई जवाब प्रस्तुत किया गया ना ही अपने पक्ष में कोई दस्तावेज प्रस्तुत किये ।

कंपनी को बीज अधिनियम 1966, बीज नियम 1968 एवं बीज नियत्रंण आदेश 1983 के तहत गंभीर अपराध का दोषी माना गया। बीज (नियंत्रण) आदेश 1983 के खण्ड 15 का उपयोग करते हुये पंजीयन अधिकारी एवं उप संचालक कृषि मन्दसौर ने मेसर्स वर्षा सीड्स एवं बायोटेक, मन्दसौर को प्रदत्त बीज विक्रय क्रमांक 588 दिनांक 31.12.2026 तक वैध को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

किसान कल्याण तथा कृषि विकास उप संचालक श्री मोदी ने बताया कि जिले में अमानक के विरूद्ध कठोर कार्यवाही जारी है। अभी तक जिले में वैधानिक कार्यवाही करते हुये अनियमितता करने वाले कृषि व्यापारियों तथा कंपनीयों पर विभाग द्वारा 03 बीज विक्रेताओं के लायसेंस निलंबित एवं 02 निरस्त किये गये है। इसी प्रकार उर्वरक विक्रेताओं 03 लायसेंस निलंबित किये है तथा कीटनाशी विक्रेताओं के 02 लायसेंस निलंबित किये गये है। उर्वरक निर्माता कंपनी मेसर्स सुप्रीम कामधेनू गुजरात पर अमानके उर्वरक विक्रय करने के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

=======

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए वेबसाईट पर 31 जुलाई तक आवेदन करें

मंदसौर 25 जुलाई 26 / जवाहर नवोदय विद्यालय प्राचार्य द्वारा बताया गया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा – 2027 कक्षा 6वीं में प्रवेश परीक्षा 28 नवम्‍बर 2026 को होना सुनिश्चित है। इस परीक्षा हेतु वर्ष 2026-27 में कक्षा 5 वीं में अध्ययनरत मन्दसौर जिले के छात्र-छात्रायें 31 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाईट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs_or http://navodaya.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने हेतु आवेदक छात्र/छात्रा की जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच में होनी चाहिए।

=========

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन 31 जुलाई तक आमंत्रित

मंदसौर 25 जुलाई 26 / जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रधान मंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) पर 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो गयी। यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जो बहादुरी, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, तथा कला और संस्कृति के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता के योग्य हैं।

5 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम आयु का कोई भी बच्‍चा (31 जुलाई, 2026 तक), जो भारतीय नागरिक है और भारत में रहता है, परस्कार के लिए पात्र है।

किसी भी नागरिक से खुले नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। पुरस्कारों के लिए स्व-नामांकन और सिफारिशों, दोनों पर विचार किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है। अधिक जानकारी के लिए, राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) देखें।

==============

विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट एवं नेट-जेआरएफ क्वालिफाइड रत्नेश बैरागी का MPPSC सहायक प्राध्यापक (इतिहास) परीक्षा में चयन

मंदसौर। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2024 में इतिहास विषय से चयनित एवं राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय, मंदसौर के पूर्व छात्र रत्नेश बैरागी का आज महाविद्यालय में सम्मान किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. एस. दुबे एवं इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ऊषा अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि रत्नेश बैरागी की सफलता महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।
रत्नेश बैरागी अपने छात्र जीवन में विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने महाविद्यालय, अपने संकाय एवं इतिहास विभाग में भी स्वर्ण पदक प्राप्त किए। उन्होंने यूजीसी-नेट एवं जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण की तथा हाल ही में आयोजित MPPSC सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2024 में इतिहास विषय से चयन प्राप्त किया। विशेष उल्लेखनीय यह है कि साक्षात्कार में उन्होंने 100 में से 91 अंक अर्जित किए, जो उनकी विषय विशेषज्ञता एवं उत्कृष्ट व्यक्तित्व का परिचायक है।
इस अवसर पर डॉ. डी. सी. गुप्ता, डॉ. राजेश सकवार, डॉ. अशोक पाटीदार, प्रो. राजू कुमार, प्रो. गोविंद शर्मा, डॉ. शिवकुमार पाण्डेय तथा प्रो. ब्रजेन्द्र कुशवाह सहित महाविद्यालय परिवार के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। सभी ने रत्नेश बैरागी को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

=======

 नगर पालिका ने लिया निर्णय, अब एक दिन छोड़कर होगा पेयजल वितरण

मंदसौर – नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर नगर पालिका जलकार्य सभापति निलेश जैन ने बताया कि विगत दिनों हुई वर्षा के कारण शिवना नदी में पानी की आवक प्रारंभ हो गई है कलाभाटा बांध में लगभग 7 फीट पानी संग्रहित हो गया है तथा रामघाट में भी आवश्यकता के अनुसार पानी संग्रहित हुआ है शिवना नदी में पानी की आवक को देखते हुए नगर पालिका जलकार्य विभाग ने निर्णय लिया है कि नगर पालिका पूर्व की व्यवस्था को बहाल करते हुए एक दिन छोड़कर एक दिन पेयजल वितरण करेंगे।  नगर पालिका परिषद जल संकट की स्थिति में धैर्य बनाए रखने एवं सहयोग करने पर नगर के सभी नागरिकों जलकर उपभोक्ताओं एवं नगर के प्रबुद्धजनों के प्रति आभारी है
………………………………………………….
जैन दिवाकर महिला मंडल नई आबादी की वर्ष 2026-27 का गठन
मंदसौर – जैन दिवाकर महिला मंडल की नवीन कार्यकारिणी के लिए सर्वानुमति से चयन किया गया है कि विगत दिनों हुई मंडल की बैठक में अध्यक्ष पद हेतु श्रीमती साधना जैन (भावगढ वाला) सचिव पद हेतु श्रीमती अलका जैन एवं कोषाध्यक्ष पद हेतु श्रीमती अरुणा नाहटा को मनोनीत किया गया इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष श्रीमती शिल्पा संजय जैन, सुषमा नाहटा, सुशील जी ,प्रेमलता तलेरा, दीपा तलेरा, वीणा नाहटा, जया जैन, कल्पना तारापुना ,साधना उक्ताुवत , साधना जैन, प्रेसवाला,  मनीषा मेहता,शांता मेहता, अनीता विक्रम मेहता, पुष्पा चेलावत, दमयंती मारू ,आभा चौरडिया दयावंती मारू, संगीता संचेती, इन्दु  कुंदार, बीना चत्तटर , सुनीता नलवाया, मीनल कुंदर सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं संचालन शिल्पा जैन ने किया व आभार सपना कुंदार ने माना

========

फॉस्टर केयर हेतु इच्छुक एवं पात्र परिवार से आवेदन आमंत्रित

मंदसौर 25 जुलाई 2026 / महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी द्वारा बताया गया कि मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत ऐसे बच्चे जिन्हें पारिवारिक संरक्षण एवं स्नेहपूर्ण वातावरण की आवश्यकता है, फॉस्टर केयर (Foster Care) के माध्यम से परिवार आधारित देखभाल उपलब्ध कराने हेतु,इच्छुक, संवेदनशील एवं पात्र परिवारों/व्यक्तियों (Fit Person/Foster Family) से आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं, जो किसी बच्चे के सर्वांगीण विकास,शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अस्थायी रूप से पारिवारिक वातावरण प्रदान करने के इच्छुक हो।

फॉस्टर केयर के अंतर्गत बाल कल्याण समिति (CWC) के आदेशानुसार चयनित बच्चों को पात्र फॉस्टर परिवार में रखा जाएगा। बच्चों के पालन-पोषण एवं देखभाल के लिए मिशन बात्सल्य योजना अंतर्गत प्रति बच्चा 4,000 प्रतिमाह की सहायता राशि बच्चे के आधार से लिंक DBT Enabled बैंक खाते में अंतरित की जाएगी।

फॉस्टर केयर हेतु पात्र बच्चों की श्रेणी में अनाथ बच्चे, परित्यक्त बच्चे, सरेंडर किए गए बच्चे, बाल श्रम से मुक्त बच्चे, बाल विवाह से मुक्त बच्चे, घरेलू हिंसा अथवा शोषण से प्रभावित बच्चे, भिक्षावृत्ति से मुक्त बच्चे एवं अन्य ऐसे बच्चे जिन्हें सुरक्षित पारिवारिक वातावरण की आवश्यकता हो।

इच्छुक फॉस्टर परिवार हेतु आवश्यक योग्यताओं में परिवार में सुरक्षित एवं सकारात्मक पारिवारिक वातावरण हो, बच्चे के पालन-पोषण एवं शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता हो, बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा निर्धारित मापदण्डों का पालन करने के लिए सहमत हो, आवश्यक दस्तावेज, होम स्टडी रिपोर्ट (HSR), पुलिस सत्यापन एवं अन्य निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य होगा।

आवेदन करने के लिए इच्छुक परिवार अपने निकटतम परियोजना कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग अथवा जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), जिला मंदसौर में कार्यालयीन समय में संपर्क कर आवेदन पत्र प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें श्रीमती पूजा चौहान बाल संरक्षण अधिकारी (DCPU), जिला मंदसौर मो. 9165605346 या अपने निकटतम परियोजना कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त करें।

जनसामान्य से अपील की गई है कि यदि आपके आसपास कोई ऐसा बच्चा है जिसे परिवार की आवश्यकता है अथवा आप स्वयं किसी बच्चे के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहते हैं, तो फॉस्टर फेयर की पहल से जुड़ें। आपका एक निर्णय किसी बच्चे को सुरक्षित, नेहपूर्ण एवं सम्मानजनक भविष्य प्रदान कर सकता है।

=============

नपा स्वास्थ्य समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन नियम 2026 पर हुई चर्चा

मंदसौर । नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर के दिशा निर्देश के अनुसार कल नपा कार्यालय में नपा की स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता नपा स्वास्थ्य समिति सभापति श्रीमती दीपमाला रामेश्वर मकवाना ने की। इस बैठक में नपा स्वच्छता समिति सदस्यगण आशिष गौड़ एडवोकेट, श्रीमति भारती पाटीदार, श्रीमति सुनिता गुजरिया, श्रीमति रेखा राजेश सोनी ऐरावाला, स्वास्थ्य अधिकारी हेमचंद शर्मा, सीटी मिशन के अजय शर्मा भी उपस्थित थे।
इस बैठक में समिति के सदस्यों को ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन नियम 2026 को लागू करने, जनभागीदारी बढ़ाने पर जानकारी दी गयी तथा समिति सदस्यों के मध्य चर्चा की गयी। बैठक के दौरान घरो में गिला व सुखा कचरा अलग-अलग करने एवं कचरा वाहन में डालने, प्लास्टिक थैलियो (30 एमएम से कम) का उपयोग रोकने एवं लोगो को जागरूक करने पर चर्चा की गयी साथ ही कपड़े की थैलियो का उपयोग करने पर बल दिया गया और नागरिको को इसके लिये प्रेरित करने पर चर्चा की गयी। इस बैठक में नगर में थोक कचरा उत्पादक (बीडब्ल्यूजी) का चिन्हांकन कर 2026 का नियम लागू कराने को लेकर भी चर्चा हुई।
इस बैठक में नपा स्वास्थ्य समिति सभापति श्रीमति दिपमाला रामेश्वर मकवाना एवं समिति के सदस्यों ने नपा स्वास्थ्य अधिकारी हेमचंद शर्मा को कहा गया कि बड़े नालों एवं नगर के मेन रोड के नालो की सफाई की जाये। रोड पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं को नगरपालिका के कांजी हाऊस एवं नगर की गौशालाओ में भेजा जाये। वर्षा ऋतु में वर्षा पानी एक जगह एकत्रित नहीं हो, एकत्रित पानी के निकासी की व्यवस्था की जाये ताकि मच्छर उत्पन्न नहीं होवे। मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिये दवाईयो का छिडकाव किया जावे तथा वायरल बुखार, डेंगू इत्यादि के लिये भी दवाइयों का छिड़काव किया जाये। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी समय में नगर के वार्डों में भी सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये वार्ड-स्तर पर बैठक ली जायेगी और वार्डों की सफाई की समीक्षा की जायेगी।
————————–
आज मुनिराज श्री विरल विजयजी म.सा. का आराधना भवन में चातुर्मास हेतु मंगल प्रवेश होगा, चल समारोह निकलेगा
मंदसौर । आज दिनांक 26 जुलाई रविवार को जैन संत मुनिराज श्री विरल विजय म.सा. आदि ठाणा 2 का नई आबादी स्थित आराधना भवन में चातुर्मास हेतु भव्य मंगल प्रवेश होने जा रहा है। साथ ही साध्वी श्री शीलमाला श्रीजी म.सा. व साध्वी श्री रत्नमालाजी म.सा. का भी चातुर्मास हेतु भव्य चातुर्मास प्रवेश होने जा रहा है। इस प्रवेश कार्यक्रम के उपलक्ष्य में प्रातः 8 से 9 बजे तक संजय गांधी उद्यान में नवकारसी का आयोजन होगा। इसके पश्चात प्रातः 9 बजे संजय उद्यान से भव्य चातुर्मास प्रवेश जुलूस निकलेगा। यह जुलूस नई आबादी क्षेत्र के प्रमुख मार्गो का भ्रमण कर आराधना भवन मंदिर हाल में पहुंचेगा। यह विरल विजयजी म.सा. की प्रवचन सभा होगी। चातुर्मास के दौरान चार माह तक संतों की स्थिरता आराधना भवन में रहेगी। आराधना भवन ट्रस्ट अध्यक्ष दिलीप रांका, श्री संघ अध्यक्ष महेश जैन तहलका ने सभी श्रावक श्राविकाओं से पधारने की विनती की है।

====

दिगम्बर जैन प्रीमियर लीग 2026 टर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ समारोह हुआ – समाज की यूथ विंग की 10 टीमें मैदान में उतरीं, अपार उत्साह का माहौल
मन्दसौर। दिगम्बर जैन यूथ विंग मंदसौर द्वारा प्रथम बार दिगम्बर जैन प्रीमियर लीग 2026 टर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट का दो दिवसीय आयोजन 25 व 26 जुलाई को किया जा रहा है।
अभिलाष बाकलीवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया यह खेल महोत्सव दिगम्बर जैन समाज के महाकुंभ के रूप में उभर कर सामने आया है।
महोत्सव का शुभारंभ उद्घाटन समारोह के रूप में हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजरत्न श्री शांतिलाल जयकुमार बड़जात्या उपस्थित हुए, अध्यक्षता सकल जैन समाज अध्यक्ष श्री लोकेन्द्र जैन ने की, विशेष अतिथि के रूप में सकल दिगम्बर जैन समाज अध्यक्ष श्री अनिल जैन ने शिरकत की। साथ ही समाज के वरिष्ठ श्री विजेन्द्र सेठी, नरेश दोशी, दीपक भूता, नंदकिशोर अग्रवाल, अरविंद मेहता, अजय बाकलीवाल, नेमकुमार गांधी भी मंचासीन थे।
सौरभ बड़जात्या व सौरभ बाकलीवाल ने नवकार मंत्र से मंगलाचरण किया। भगवान आदिनाथजी व आचार्य विद्यासागरजी महाराज के चित्र का अनावरण व दीप प्रज्वलन अतिथियों द्वारा किया गया।
श्री शांतिलाल बड़जात्या ने यूथ विंग के द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन को समाज की एकता के लिए मील का पत्थर बताया। श्री बड़जात्या ने कहा यूथ विंग द्वारा दिगम्बर जैन समाज के युवाओं को एक सूत्र में जोड़ने का अद्भुत कार्य किया है जो सराहनीय है। यूथ विंग के आगे आने से समाज में नई चेतना का संचार होगा। इस अवसर पर श्री लोकेन्द्र जैन व अनिल जैन ने भी अपने विचार रखे। शुभारंभ समारोह का संचालन चंदा भरत कोठारी ने किया।
शुभारंभ अवसर पर सर्वश्री सुरेश जैन, कमल विनायका, कोमल चन्द जैन, दिलिप जैन, विनोद सिंघल, अनिल बोहरा, देवेन्द्र बाकलीवाल, साक्षी जैन, अनुरेखा पाटनी, मंजु झांझरी, ज्योति बड़जात्या, बबीता पाटनी, सीमा बड़जात्या, चीना बड़जात्या, सारिका दोशी आदि समाजजन उपस्थित थे।
10 टीमों के बीच खेले जा रहे है मैच टूर्नामेंट में दिगम्बर जैन समाज की 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिनमें पार्श्व पायोनियर्स, अभिनंदन स्टार, एसएनई वॉरियर्स, मोक्ष वॉरियर्स, तीर्थंकर वॉरियर्स, टीम जय जिनेन्द्र, जैनम सुपर किंग्स, वीर पुत्र टाइटन्स, तीर्थ टाइटन्स, अर्हम् स्टीकर्स के बीच मैच खेल जायेंगे। इन टीमों के कप्तान अमित बाकलीवाल, भूपेन्द्र कोठारी, श्रेणिक पाटनी, रितेश जैन, रूपेश मेहता, पूर्वेश गाँधी, नितिन अग्रवाल, अश्विन जैन, ललित जैन, और मोहित जैन हैं। श्रीराम टर्फ अभिनंदन नगर में दोपहर 3 बजे से देर रात्रि तक मैच चलते रहे। प्रारंभ में अतिथियों ने टर्फ के गेट पर फीता काटकर टीमों को टर्फ में प्रवेश दिया, अतिथियों ने टीमों के खिलाड़ियों का परिचय लिया। अत्यंत जोश और उत्साह के साथ एक-एक टीम ने टर्फ में प्रवेश किया। अत्यंत रोमांचक मुकाबले के रूप में मैच खेले जा रहे हैं। आज रात्रि 8.30 बजे मैच सम्पन्न होंगे, तत्पश्चात समापन समारोह व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

========
खेलो इंडिया अस्मिता सेपक टकरा मंदसौर बालिका लीग संपन्न
मन्दसौर। जिला मंदसौर सेपक टकरा एसोसिएशन के द्वारा खेलो इंडिया अस्मिता बालिका लीग का आयोजन महाराणा प्रताप रिसोर्ट दलौदा में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, पी.जी.कॉलेज के जनभागीदारी अध्यक्ष श्री हेमन्त धनोतिया, दलौदा मंडल अध्यक्ष और जिला मंदसौर सेपक टकरा अध्यक्ष श्री  सुमित सेन, समाजसेवी विजय मेहता, मध्य प्रदेश सेपक टकरा एसोसिएशन के सह सचिव श्री आशीष मिश्रा,  पिछड़ा मोर्चा दलौदा श्री जितेन्द्र राठौर, समाजसेवी, विशाल राठौर आदि उपस्थित उसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एंब्रोम्ज वॉल्टर, अभिषेक सेठिया, उमंग चतुर्वेदी, हेमंत सेन, अर्जुन मौर्या, लक्की गौड़,पुरुषोत्तम, खुशी ग्वाला, तनुश्री पाटीदार, हेमलता कुंवर आदि ने किया।
इस प्रतियोगिता में मंदसौर जिले की लगभग 150-160 बालिकाओं खिलाड़ियों ने भाग लिया। सब जूनियर  प्रथम स्थान पर  रॉयल पब्लिक स्कूल करजू व  द्वितीय स्थान दलौदा स्पोर्ट्स एकैडमी दलौदा और तृतीय स्थान जिला मंदसौर सेपक टकरा एसोसिएशन एवं जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान शासकीय उमावि नगरी, द्वितीय स्थान जिला मंदसौर सेपक टकरा एसोसिएशन और तृतीय स्थान दलौदा स्पोर्ट्स एकैडमी एवं सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान जिला मंदसौर सेपक टकरा एसोसिएशन व द्वितीय स्थान पर शासकीय उमावि नगरी और तृतीय स्थान पर दलौदा स्पोर्ट्स ऐकैडमी दलौदा उसके पश्चात सभी खिलाड़ियों को मेडल और शर्ट प्रदान की गई। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका उमंग चतुर्वेदी, वंशिका यादव,खुशबू साहू, नितिन कोस्टा,दिव्यांशी, प्रतियोगिता का संचालन अभिषेक सेठिया ने किया, यह जानकारी जिला मंदसौर सेपक टकरा एसोसिएशन के सचिव एंब्रोम्ज वॉल्टर ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}