मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 11 जुलाई 2026 शनिवार

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित

एनआईसी कक्ष से वीसी में शामिल हुए कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारी

मंदसौर 10 जुलाई 26 / नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। वीसी में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, अपर कलेक्‍टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अनुकुल जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में जिले के संबंधित अधिकारियों ने सहभागिता कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता संबंधी कार्यों में गति लाने तथा न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की। वीसी के पश्चात कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों का राज्य शासन द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

वीसी में नगरीय निकायों एवं जिला पंचायत के अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण, संग्रहण, परिवहन एवं सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया।

===============

स्वास्थ्य विभाग ने कुत्तों के काटने से बचाव, उपचार एवं टीकाकरण संबंधी जारी की एडवाइजरी

मंदसौर 10 जुलाई 26 / मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान ने कुत्तों के काटने, उपचार एवं टीकाकरण के संबंध में एडवाइजरी जारी की है कि जिले में कुत्तों के काटने (Dog Bite) की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं। रेबीज एक 100% घातक, किन्तु समय पर उपचार एवं टीकाकरण से पूर्णतः रोकी जा सकने वाली बीमारी है। अतः जनसामान्य में जागरूक होना आवश्यक है।

क्या करें: कुत्ते के काटने या खरोंच लगने पर घाव को तुरंत कम से कम 15 मिनट तक बहते पानी एवं साबुन से अच्छी तरह धोएं, घाव को धोने के बाद पोविडोन आयोडीन (Povidone-Iodine) या अन्य उपयुक्त एंटीसेप्टिक लगाएं, बिना विलंब निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था/अस्पताल में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें, चिकित्सक की सलाह अनुसार एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) एवं आवश्यकता होने पर रेबीज इम्यूनोग्लोबुलिन (RIG) अवश्य लगवाएं, यदि काटने वाला कुत्ता पालतू है तो उसे 10 दिनों तक निगरानी में रखें तथा उसकी स्थिति की जानकारी चिकित्सक को दें, उपचार एवं टीकाकरण का पूरा कोर्स निर्धारित समयानुसार अवश्य पूरा करें।

क्या नहीं करें: घाव पर मिट्टी, हल्दी, तेल, मिर्च, राख, गोबर या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएं, झाड़-फूंक या अप्रमाणित उपचार पर विश्वास न करें, घाव को कसकर न बांधें तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के टांके न लगवाएं, केवल छोटा घाव समझकर उपचार में लापरवाही न करें, टीकाकरण का कोर्स बीच में न छोड़ें।

डॉग बाइट से बचाव: आवारा कुत्तों को न छेड़ें, पत्थर न मारें एवं उनके पास अनावश्यक न जाएं, बच्चों को कुत्तों के साथ सुरक्षित व्यवहार की जानकारी दें, भोजन करते, सोते या अपने बच्चों के साथ मौजूद कुत्तों को परेशान न करें, पालतू कुत्तों का नियमित एंटी-रेबीज टीकाकरण कराएं, स्थानीय निकाय को आवारा कुत्तों की जानकारी दें तथा ABC (Animal Birth Control) एवं Anti-Rabies Vaccination Programme में सहयोग करें।

रेबीज के संभावित लक्षण (उपचार न मिलने पर): बुखार एवं सिरदर्द, घाव के स्थान पर दर्द, झुनझुनी या जलन,पानी पीने में कठिनाई (Hydrophobia), हवा से डर लगना (Aerophobia), अत्यधिक उत्तेजना, बेचैनी एवं भ्रम, अंततः लकवा एवं मृत्यु।

महत्वपूर्ण संदेश: रेबीज के लक्षण प्रकट होने के बाद इसका कोई प्रभावी उपचार नहीं है, इसलिए कुत्ते के काटने के तुरंत बाद घाव धोना एवं समय पर एंटी-रेबीज टीकाकरण ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।

शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में एंटी-रेबीज वैक्सीन एवं आवश्यकता अनुसार रेबीज इम्यूनोग्लोबुलिन उपलब्ध कराया जाता है।

==============

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए 31 जुलाई तक आवेदन करें

वेबसाईट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs_or http://navodaya.gov.in

मंदसौर 10 जुलाई 26 / जवाहर नवोदय विद्यालय प्राचार्य द्वारा बताया गया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा – 2027 कक्षा 6वीं में प्रवेश परीक्षा 28 नवम्‍बर 2026 को होना सुनिश्चित है। इस परीक्षा हेतु वर्ष 2026-27 में कक्षा 5 वीं में अध्ययनरत मन्दसौर जिले के छात्र-छात्रायें 31 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाईट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs_or http://navodaya.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने हेतु आवेदक छात्र/छात्रा की जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच में होनी चाहिए।

===========

म.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्‍यक्ष श्री जोशी 12 जुलाई को दौरे पर

मंदसौर 10 जुलाई 26 / म.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड अधिकारी द्वारा बताया गया कि म.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्‍यक्ष श्री पंकज जोशी 12 जुलाई 2026 को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रमानुसार म.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्‍यक्ष श्री जोशी 12 जुलाई 2026 को प्रात: 6:00 बजे रतलाम से भानपुरा के लिए प्रस्‍थान करेंगे। प्रात: 8:30 बजे आगमन एवं स्‍थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। तत्‍पश्‍चात म.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्‍यक्ष श्री जोशी सांय 4:00 बजे भानपुरा से गांधी सागर के लिए प्रस्‍थान करेंगे। सांय 5:00 बजे गांधी सागर आगमन एवं स्‍थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। म.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्‍यक्ष श्री जोशी 13 जुलाई 2026 को प्रात: 9:00 बजे गांधी सागर से भोपाल के लिए प्रस्‍थान करेंगे।

=============

पद्म पुरस्कार 2027 के लिये नामांकन आमंत्रित

15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर

मंदसौर 10 जुलाई 26 / गृह विभाग द्वारा पद्म पुरस्कार वर्ष 2027 के लिए विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण एवं उल्लेखनीय योगदान देने योग्य व्यक्तियों के नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। कला, समाज सेवा, लोक कार्य, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, व्यापार एवं उद्योग, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा, सिविल सेवा, खेल सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अपना आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आध्यात्म, योग, वन्यजीव संरक्षण, कृषि, जमीनी नवाचार, पुरातत्व एवं वास्तुकला जैसे क्षेत्रों के लिए भी नामांकन स्वीकार किए जाएंगे।

इच्छुक योग्य व्‍यक्ति अपना नामांकन जिला कलेक्टर के माध्यम से मध्यप्रदेश शासन के पोर्टल padmaawards.mp.gov.in पर 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। वहीं, भारत सरकार को सीधे नामांकन भेजने के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in का उपयोग भी किया जा सकता है।

गृह विभाग ने प्रदेश के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान देने वाले योग्य व्यक्तियों के नामांकन समय-सीमा के भीतर भेजकर उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल किए जाने की प्रक्रिया में सहभागी बनें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}