नीमचमध्यप्रदेशराजनीति
लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी तक सड़क पर लड़ेगी कांग्रेस – तरुण बाहेती

व्यापमं से NEET तक घोटालों की सरकार: युवाओं की ‘संस्थानिक हत्या’ के खिलाफ नीमच में कांग्रेस 9 अगस्त तक करेगी “छात्रों की गूंज” आंदोलन
नीमच। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार आज जिला कांग्रेस कमेटी नीमच द्वारा एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया।
NEET महाघोटाला: आत्महत्या नहीं, यह ‘संस्थानिक हत्या’ है
तरुण बाहेती ने नीट परीक्षा में हुए ऐतिहासिक भ्रष्टाचार और धांधली का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि इस महाघोटाले के कारण देश भर के 22.7 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में लटक गया है। अत्यंत दुखद पहलू यह है कि इस परीक्षा में हुई भीषण अनियमितताओं, मानसिक प्रताड़ना और न्याय की उम्मीद टूटने के कारण देश भर में लगभग 93 से अधिक नीट अभ्यर्थी आत्महत्या कर चुके हैं। अकेले हालिया विवाद के बाद महज डेढ़ महीने के भीतर ही 12 से अधिक होनहार छात्रों ने मौत को गले लगा लिया है। जिला अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि ये आत्महत्याएं नहीं हैं बल्कि इस भ्रष्ट व निकम्मी व्यवस्था द्वारा की गई संस्थानिक हत्याएं हैं, जिसकी सीधी जिम्मेदार केंद्र की भाजपा सरकार है।”
-शिक्षा बजट से बड़ी वसूली और परिवारों पर आर्थिक बोझ
बाहेती ने नीट परीक्षा के कारण परिवारों पर पड़ने वाले भारी आर्थिक बोझ का जिक्र करते हुए चौंकाने वाले आंकड़े साझा किए की केंद्र सरकार देश की शीर्ष 5 प्रतियोगी परीक्षाओं (NEET, JEE, UPSC आदि) के फॉर्म और आयोजन के नाम पर छात्रों व उनके परिवारों से भारी-भरकम ₹3.5 लाख करोड़ वसूलती है। यह वसूली इतनी बड़ी है कि इससे देश के 5 बड़े मंत्रालयों का बजट कवर हो सकता है। सिर्फ एक वर्ष में NEET देने वाले करीब 22 लाख छात्रों के परिवारों का कुल खर्च, भारत सरकार के पूरे शिक्षा बजट ₹1.32 लाख करोड़ से ₹1.4 लाख करोड़ से भी अधिक हो जाता है। बाहेती ने कहा की वर्तमान व्यवस्था के शिक्षा के खर्च से मध्यमवर्गीय परिवारों की रीढ़ टूट गई हैं। कोटा या इंदौर जैसे शिक्षा केंद्रों में एक छात्र की कोचिंग, हॉस्टल और पढ़ाई का सालाना खर्च 2 से 5 लाख रुपये तक बैठता है जिसके लिए गरीब और मध्यमवर्गीय माता-पिता अपनी जमीनें गिरवी रखते हैं या भारी कर्ज लेते हैं। जब सरकार और शिक्षा माफिया मिलकर पेपर लीक करते हैं तो वह सिर्फ पेपर लीक नहीं होता बल्कि उस पूरे परिवार की रीढ़ की हड्डी टूट जाती है और वे कर्ज के अंतहीन दलदल में धंस जाते हैं।
-घोटालों का टापू बना मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के परीक्षा घोटालों पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि हमारा प्रदेश घोटालों का टापू बन चुका है। पूर्व में हुए व्यापमं घोटाले में 50 से अधिक संदिग्ध मौतें हुईं और अब पटवारी भर्ती घोटाला, नर्सिंग कॉलेज घोटाला, आरक्षक भर्ती तथा शिक्षक पात्रता परीक्षा में लगातार हो रहे पेपर लीक से प्रदेश के लगभग 15 से 20 लाख युवाओं का भविष्य पूरी तरह बर्बाद हो रहा है।
-संसद से सड़क तक ‘आर-पार’ की लड़ाई: “छात्रों की गूंज”
तरुण बाहेती ने कहा कि हमारे सर्वमान्य नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष माननीय राहुल गांधी जी इस देश के छात्र-छात्राओं और युवाओं के भविष्य को लेकर अत्यंत चिंतित और गंभीर हैं। कोटा की “छात्रों की गूंज” रैली में उन्होंने साफ कर दिया था कि वे शिक्षा माफियाओं और सरकार की साठगांठ को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। संसद से लेकर सड़क तक युवाओं को न्याय दिलाना ही इस अभियान का मूल संकल्प है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जुझारू अध्यक्ष माननीय जीतू पटवारी जी के नेतृत्व में पूरी प्रदेश कांग्रेस इस अभियान को एक निर्णायक जन-आंदोलन का रूप दे रही है। इसके तहत नीमच जिला कांग्रेस आगामी 9 अगस्त तक में जिले में “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत एक जन-जागरण आंदोलन खड़ा करेगी जिसके अंतर्गत देश की ध्वस्त शिक्षा व्यवस्था पर युवाओं और छात्रों को जागरूक किया जाएगा कि देश में अब बदलाव की आवश्यकता है।
पत्रकार वार्ता के दौरान दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, कांग्रेस नेता बृजेश सक्सेना, मुकेश कालरा, डॉ. पृथ्वी सिंह वर्मा, महिला जिला अध्यक्ष आशा सांभर, युवा जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मोनू लोक्स, बलवंत पाटीदार, हिदायतुल्ला खान, रमेश कदम, जिला प्रवक्ता मनोहर अम्ब एवं भगत वर्मा भी उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस नेतृत्व ने नीमच के तमाम विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, अभिभावकों और नागरिक समाज से भावुक अपील की है कि वे युवाओं के अधिकारों की रक्षा के इस महा-आंदोलन में कांग्रेस का साथ दें क्योंकि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिल जाता तब तक कांग्रेस की यह गूंज शांत नहीं होगी।
छात्रों की गूंज आंदोलन 9 अगस्त तक और कांग्रेस की प्रमुख मांगें – बाहेतीजिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि जिले में छात्रों की गूंज का जनजागरण आंदोलन 9 अगस्त तक चलेगा जिसके अंतर्गत छात्रों को आज के शिक्षा व्यवस्था कि गलत नीतियों से रूबरू कराया जाएगा कांग्रेस ने मांग करी है की केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की तत्काल बर्खास्तगी की जाए तथा नीट परीक्षा घोटाले की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच हो। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को तत्काल भंग किया जाए। मानसिक अवसाद के कारण जान गंवाने वाले पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए व दोषियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हों। पटवारी व नर्सिंग घोटालों के असली गुनाहगारों को जेल भेजा जाए एवं पेपर लीक के खिलाफ कठोरतम गैर-जमानती कानून के साथ एक निश्चित ‘भर्ती कैलेंडर’ लागू किया जाए।



