मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 27 जून 2026 शनिवार

जावरा ब्लॉक के ग्राम हतनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान हादसे के संबंध में कार्यवाही की जा रही है

रतलाम जिले में विकासखंड जावरा अंतर्गत ग्राम हतनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान दुखद घटना हुई है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह , शहर एसडीएम श्री तरुण जैन मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुंचे, वहां पहुंचकर उन्होंने हादसे में पीड़ित भर्ती मरीजों के हाल-चाल जाने। उपस्थित चिकित्सकों ने बताया कि वर्तमान में तीन लोग मेडिकल कॉलेज में भर्ती है , तीनों की स्थिति खतरे से बाहर है। कार्यालय कार्यपालन अभियंता मध्य प्रदेश विद्युत विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जारी आदेश अनुसार श्री घनश्याम गिर पिता श्री भगवान गिर को शिकायत निवारण केंद्र हतनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान उपस्थित रहते हुए भी कार्य के दौरान लापरवाही करने के लिए निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान इनका मुख्यालय जावरा नियत किया गया है। कार्यालय कार्यपालन यंत्री मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी रतलाम द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्री समरथ मकवाना और श्री गोबीलाल बिजली श्रमिक को कार्य में लापरवाही के लिए कार्य से पृथक करने का आदेश जारी किया गया है।

===========

“शासकीय सांदीपनि विद्यालय जावरा ने लहराया परचम, देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अर्जित की विशिष्ट उपलब्धि”

जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्याँकन 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें जावरा शहर के सांदीपनि विद्यालय ने हायर सेकेंडरी कैटेगरी में फाइव स्टार रैंक सहित 98.4 अंक प्राप्त कर पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने पूरे देश में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लगभग 12 लाख स्कूलों में स्वच्छता हरित पहल, जल संरक्षण,कचरा प्रबंधन, अवशिष्ट उन्मूलन,सौर ऊर्जा, संकेतक एवं विविध गतिविधियों के आधार पर जिला स्तर एवं प्रदेश स्तर पर मूल्यांकन कर पैरामीटर पर रैंकिंग की थी। मध्य प्रदेश के लगभग 70000 स्कूलों में चयनित टॉप 20 स्कूलों में सांदीपनि विद्यालय जावरा 99.4% अंक के साथ प्रथम स्थान पर रहा था। पश्चात पूरे भारत में समस्त राज्यों से चयनित 600 स्कूलों का नामांकन स्वच्छ एवं हरित विद्यालय हेतु किया गया था।राष्ट्रीय सर्वक्षण दल ने लगभग 60 निर्धारित मापदण्डो पर सांदीपनि विद्यालय जावरा का निरीक्षण, परीक्षण एवं मूल्यांकन, अत्यंत सूक्ष्मता से किया,100% कचरा मुक्त योजना, गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग,वर्मी कंपोस्ट खाद्य निर्माण, हर्बल गार्डन,किचन गार्डन, अपशिष्ट निष्पादन,हरित कैंपस, वर्षा जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर, आर ओ वेस्ट वाटर से सिंचाई व्यवस्था, सौर ऊर्जा प्रबंधन के साथ ही शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा इस प्रोजेक्ट के लिए किए गए कार्यों तथा गतिविधियों का निरीक्षण कर मूल्यांकन किया।

विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र बोस ने बताया कि यह उपलब्धि विद्यालय के अनुशासित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की लगन, निरंतरता एवं मेहनत का परिणाम है। इस अभियान में मध्य प्रदेश के लोक शिक्षण संचालानय एवं राज्य शिक्षा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों का समय-समय पर प्राप्त मार्गदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। विद्यालय में संचालित इको क्लब एवं स्वच्छता समिति अंतर्गत एक ठोस कार्य योजना बनाई गई थी, जिसमें संयोजकगण सुनील सोनी, कामिनी खान, हर्षा नामदेव,विजय प्रजापति एवं कैलाशचंद्र कपासिया के नेतृत्व में प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर विश्लेषण किया गया। समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में स्वच्छता एवं हरित विद्यालय हेतु जागरूकता पैदा की, निरंतर सार्थक एवं प्रेरक प्रयास किए गए एवं यह प्रयास आज भी जारी है। विद्यालय परिसर में लगभग 400 पेड़ पौधे रोपित कर विकसित किए गए हैं,प्रमुख पेड़ों पर क्यू आर कोड भी लगाए गए हैं।

उपप्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय द्वारा अर्जित यह महत्वपूर्ण उपलब्धि अत्यधिक उत्साहवर्धक एवं प्रोत्साहन कारक है। विद्यालय को सदैव स्वच्छ एवं हरित रखने के सर्वोपरि प्रयास किए जाएंगे।

“राष्ट्रीय स्तर पर नगर के सांदीपनि विद्यालय द्वारा अर्जित उपलब्धि से प्रदेश भी गौरान्वित हुआ, सम्पूर्ण विधालय परिवार की मेहनत, प्रेरणीय एवं बहुत प्रशसँनीय है, साधुवाद ” डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, विधायक ” निश्चित ही नगर के इस विद्यालय ने स्वच्छता एवं हरियाली के दिशा मे श्रेष्ठ कार्य किया है,” श्रीमती रचना शर्मा एस. डी. एम. जावरा ” स्वच्छता एवं हरित मूल्यांकन 2026 मे देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने से ,पूरा शिक्षा विभाग का नाम रोशन हुआ है, विद्यालय को बहुत बहुत बधाई”।

===========

पल्स पोलियो अभियान के संबंध में बैठक की गई

पल्स पोलियो अभियान का आयोजन दिनांक 28 जून रविवार को किया जाएगा। अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु के सभी बच्चों को पल्स पोलियो बूथ पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर किरण वाडीवा ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान अंतर्गत कार्ययोजना की समीक्षा बैठक सीएमएचओ कार्यालय में की गई, बैठक में सीएमएचओ सहित जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील , डाॅ सत्येन्द्र राजावत, मीडिया अधिकारी आशीष चौरसिया, कोल्ड चैन प्रभारी निलेश चौहान, आर आई डाटा मैनेजर कमल सूर्यवंशी आदि उपस्थित रहे ।

==========

एमएसएमई मध्यप्रदेश की समृद्धि और रोजगार की मजबूत नींव – मंत्री श्री काश्यप

अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर प्रदेशवासियों, उद्यमियों, स्टार्टअप को दी शुभकामनाएँ

एमएसएमई मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप ने कहा है कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम भारत की अर्थव्यवस्था की सशक्त आधारशिला है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने एमएसएमई क्षेत्र को देश के विकास की धुरी बताते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया है।मंत्री श्री काश्यप ने शनिवार 27 जून को अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर प्रदेशवासियों सहित उद्यमियों को शुभकामनाएं और बधाई दी है।

मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में अनेक योजनाओं एवं सुधारों के माध्यम से देशभर के लाखों उद्यमियों को नई ऊर्जा और अवसर प्राप्त हुए हैं।मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में औद्योगिक विकास को नई गति मिली है। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव जैसे अभिनव आयोजनों ने प्रदेश के एमएसएमई, स्टार्टअप्स और निवेशकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ा है, रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं और स्थानीय उद्यमों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान मिल रही है।

मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि मध्यप्रदेश का युवा स्टार्टअप्स और एमएसएमई के माध्यम से अपने सपनों को साकार कर रहा है। शासन की विभिन्न योजनाओं, प्रोत्साहन नीतियों और वित्तीय सहायता के बल पर हमारे उद्यमी निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रहे हैं तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाला कार्यक्रम प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगा। इस अवसर पर विभिन्न हितलाभों का वितरण किया जाएगा, नए उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा अनेक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे। वैश्विक कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ेगा और मध्यप्रदेश में निवेश, नवाचार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

===========

विकसित मध्यप्रदेश कॉनक्लेव 2026

इकानाम्किस टाइम्‍स द्वारा भोपाल में बुधवार को आयोजित ”विकसित मध्‍यप्रदेश कॉन्‍क्‍लेव 2026” का शुभारंभ मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव, एमएसएमई मंत्री चेतन्‍य कुमार काश्‍यप, मध्‍यप्रदेश के सचिव अनुराग जैन, सेज ग्रुप के चेयरमेंन संजीव अग्रवाल ने अन्‍य अतिथियों के साथ दीप प्रज्‍वलन कर किया। मुख्‍य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2047 तक मध्‍यप्रदेश की अर्थव्‍यवस्‍था को दो ट्रिलियन डॉलर तक पहुँचाने का आव्‍हान किया। उन्‍होंने मध्‍यप्रदेश में तेजी से हो रहे विकास का उल्‍लेख करते हुए कहा कि ग्‍लोबल समिट में आये 30 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्‍तावों में से 10 लाख करोड़ के प्रस्‍ताव घरातल पर उतर चुके है। मध्‍यप्रदेश की विशेषता है कि जो यहॉं आता है वह यहीं का होकर रह जाता है।

सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम मंत्री चेतन्‍य काश्‍यप ने मुख्‍यमंत्री के नेतृत्‍व की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के सपने 2047 तक भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाने के सपने को साकार करने के लिए परिश्रम की पराकष्‍ठा कर रहें है। उनका प्रयास है कि विकास के इस अभियान में मध्‍यप्रदेश ज्‍यादा से ज्‍यादा योगदान दे। श्री काश्‍यप ने प्रदेश की उद्योगमित्र योजनाओं की विस्‍तार से जानकारी दी और उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्‍होंने कहा कि सरकार का प्रयास हैं कि निवेशकों को उद्योग स्‍थापित करने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। वित्‍त, भूखंड, पर्यावरण से सम्‍बंधित उनकी छोटी से छोटी परेशानी का त्‍वरित निराकरण किया जा रहा है। कृषि के साथ-साथ उद्योगों और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। मध्‍यप्रदेश में पिछले ढाई सालों में अमूतपूर्व विकास हुआ है। विकास की इतनी गति पहले कभी देखने को नहीं मिली। सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्योग भी इसमें बड़ा और महत्‍वपूर्ण योगदान दे रहे है।

सेज ग्रुप के चेयरमेन संजीव अग्रवाल ने मध्‍यप्रदेश में उद्योगों और निवेशकों को मिल रही सहायता और सुविधाओं की सराहना की। उन्‍होंने कहा उद्योग लगाने के लिए मध्‍यप्रदेश सर्वश्रेष्‍ठ है। मुख्‍य सचिव अनुराग जैन ने चहुँमुखी विकास को प्रोत्‍साहित करने के लिए किये जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्‍होंने उद्योगों के अनुकुल बनाई गई नई नीतियों और नियमों को सरल बनाने के लिए किये गये प्रयासों की विस्‍तार से जानकारी दी। इकानामिक्‍स टाइम्‍स के सीनियर एसोसिएट ए‍डीटर अर्पित गुप्‍ता ने स्‍वागत भाषण दिया।

====

मुख्यमंत्री डॉ. यादव अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर आयोजित समिट में होंगे शामिल

सशक्त उद्यमी-समृद्ध मध्यप्रदेश समिट देगी मध्यप्रदेश भारत का दिल-विकास का दिल का संदेश एमएसएमई और स्टार्ट-अप को सिंगल क्लिक से अंतरित होगी 225 करोड़ से अधिक की राशि रवींद्र भवन में 2000 प्रतिभागी-उद्यमियों और विभागों की प्रदर्शनी तथा क्रेता-विक्रेता मीट के साथ 3 विशेष सत्र होंगे आकर्षण का केन्द्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 10वां अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस 2026 पर रवींद्र भवन में शनिवार,27 जून को होने वाले ‘सशक्त उद्यमी समृद्ध मध्यप्रदेश समिट’ में शामिल होंगे। समृद्ध भारत का दिल-विकास का दिल का संदेश देने वाले इस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एमएसएमई इकाइयों को 225 करोड़ 19 लाख और स्टार्ट-अप को लगभग 39 लाख की राशि अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में महत्वूर्ण एमओयू के साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों का शुभारंभ और भूमि-पूजन भी होगा। सू्क्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप और मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

आयुक्त उद्योग श्री दिलीप कुमार ने बताया कि समिट में स्टाल से खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र एवं परिधान तथा अभियांत्रिकी क्षेत्रों के एमएसएमई के लिए बायर-सेलर मीट आयोजित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एमएसएमई प्रदर्शनी एवं ईज़ ऑफ डूइंग क्लिनिक का उद्घाटन करेंगे। विभिन्न विभागों और उद्यमियों के प्रदर्शनी में लगभग 60 से स्टॉल होंगे, जिनमें एमएसएमई, स्टार्ट-अप, विभागीय स्टॉल, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, ओ.डी.ओ.पी, योजना लाभार्थी, महिला स्व-सहायता समूह, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी भोपाल, एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर भोपाल, भारतीय मानक ब्यूरो, GeM, राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एन.आइ.टी.टी.आर) तथा बैंकों के प्रतिनिधि,वालमार्ट, फ्लिप्कार्ट जैसे संस्थान सम्मिलित होंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी।

 

समिट में एमएसएमई मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप और मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन भी समिट को संबांधित करेंगे। प्रमुख सचिव एमएसएमई श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह स्वागत उद्बोधन देंगे। इस दौरान एमएसएमई, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण एवं कुटीर उद्योग, पर्यटन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, एसआरएलएम (पंचायत एवं ग्रामीण विकास) तथा आईपीआईपी विभागों की विगत ढाई वर्ष की उपलब्धियों एवं आगामी ढाई वर्ष की कार्य योजना पर आधारित लघु वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।

समिट में 2000 से अधिक प्रतिभागियों, जिनमें एमएसएमई, उद्यमी, स्टार्ट-अप, वित्तीय संस्थान, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म एवं महिला स्व-सहायता समूह शामिल होंगे। समिट में विगत ढाई वर्षों की समस्त संबद्ध विभागीय उपलब्धियों तथा आगामी ढाई वर्षों की कार्य योजना प्रदर्शित होगी।

समिट में तीन विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रथम सत्र, ‘नये बाजार, नई उड़ान’ (एमएसएमई एवं एसएचजी के लिए नए बाजार अवसर) में एफआईईओ, सीएसआईआर-एएमपीआरआई ओएनडीसी, ईसीजीसी एवं इंडिया पोस्ट के पैनलिस्ट भाग लेंगे। दवितीय सत्र ‘पूंजी तक पहुँच’ (फंडिंग द नेक्स्ट जनरेशन एमएसएमई), में एनपीसीएल, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, आरएक्सआईएल ट्रेन्ड्स प्लेटफॉर्म एवं नाबार्ड के पैनलिस्ट सम्मिलित हैं। तृतीय सत्र ‘ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टेण्डर्ड’ (बीआईएस) के सहयोग से उत्पाद गुणवत्ता पर होगा।

 

उद्योग आयुक्त ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा अप्रैल 2017 में पारित संकल्प के माध्यम से प्रत्येक वर्ष 27 जून को ‘सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम दिवस” के रूप में घोषित किया गया है। यह दिवस सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजीएस) की प्राप्ति में एमएसएमई की अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। यह वर्ष अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के आयोजन का 10वां वर्ष है।

========

नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत—

अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य सेवन एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस पर जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 26 जून, अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य सेवन एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर विकासखंड आलोट में नशा मुक्ति जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु जनभागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय, श्री सतीश टांक एवं विकासखंड समन्वयक श्री मुकेश कटारिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके पश्चात नशे के दुष्प्रभाव, मादक पदार्थों से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों तथा युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने अपने उद्बोधन में कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति की प्रतिभा, स्वास्थ्य, परिवार एवं भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाकर जनजागरूकता के वाहक बनें। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज का निर्माण करना है।

 

विकासखंड समन्वयक श्री मुकेश कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा शिक्षा, संस्कार, खेल, योग एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर नशे से दूर रहेंगे तो विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

श्री सतीश टांक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं को खेल, योग, अध्ययन एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा समाज में नशा विरोधी जनजागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

नवांकुर संस्था दुधावती सेवा समिति के अध्यक्ष श्री अमर सिंह झाला ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी को मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाना होगा।

इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

कलापथक दल द्वारा प्रस्तुति दी गईं।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री महेंद्र सिंह कंथारिया, श्री जगदीश शर्मा (धतुरिया), श्री किशोर सिंह डोडिया (नारायणी), श्री अमर सिंह झाला (दुधावती), परामर्शदाता श्री मिथिलेश जोशी, पूजा सांखला, संदीप सांखला, हेमेंद्र सिंह निगम, श्री ऋषिकांत सिंह पवार, श्री अमित रामावत सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में परामर्शदाता श्री मिथिलेश जोशी ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया। सभी ने “नशा मुक्त भारत – विकसित भारत” के संकल्प को दोहराते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}