मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकराया, करंट लगने से 2 की मौत, कई घायल

मोहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा: ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकराया, करंट लगने से 2 की मौत, कई घायल
रतलाम। जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ताजिया निकालते समय वह हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे कई लोग करंट की चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि 2 लोगों की मौत की सूचना सामने आ रही है।घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से सभी गंभीर घायलों को रतलाम रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय, पिपलोदा तहसीलदार देवेंद्र कुमार दानगढ़, थाना प्रभारी रमेश कोली सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। घायलों का उपचार जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मृतकों एवं घायलों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन द्वारा की जानी शेष है।
15 फीट की ऊंचाई पर थी हाई टेंशन लाइन
दरअसल, मोहर्रम के त्यौहार के एक दिन पूर्व गांव में ताजिए निकाले जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ है. प्रत्यक्षदर्शी शाकिर शाह ने बताया, ” रात 11 बजे ताजिए का जुलूस निकाला जा रहा था. जुलूस देखने के लिए डेढ़ सौ से 200 लोग इकट्ठे हुए थे. गांव के मेवाती मोहल्ला से जुलूस लेकर लोग जैसे ही आगे बढ़े तभी ताजिया 15 फीट की कम ऊंचाई से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार से टच हो गया. ताजिए में करंट फैल गया और ताजिया उठाकर ले जा रहे लोगों को करंट लगा और जोर का धमाका हुआ, जिससे वे नीचे जा गिरे. किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था. 15 से अधिक लोगों को करंट लगा जिसमें 10 की हालत गंभीर थी.”
प्रत्यक्षदर्शी शाकिर ने कहा, निजी वाहनों से सभी को रतलाम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया गया.” वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पिपलौदा थाना पुलिस और एडिशनल एसपी विवेक कुमार मौके पर पहुंचे हैं.
2 की मौके पर मौत, 1 ने रास्ते में तोड़ा दम
एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने बताया ताजिया के जुलूस के दौरान करंट लगने से 32 वर्षीय राशिद खान पिता वाहिद खान और 40 वर्षीय सड्डू पिता मोहम्मद हुसैन दोनों निवासी ग्राम हतनारा की मौत हुई है. करीब 10 लोग घायल हुए हैं जिन्हें मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है
वहीं, मेडिकल कॉलेज के ड्यूटी डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने बताया तीसरे व्यक्ति की रास्ते में मौत हो गई है. मृतक अरबाज खान के परिजन उसे मेडिकल कॉलेज से वापस लेकर किसी अन्य अस्पताल लेकर चले गए थे. उसकी भी मौत हो गई है.”



