मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 06 जून 2026 शनिवार

मध्यप्रदेश में शिक्षकों व कर्मचारियों के स्थानांतरण आवेदन 3 से 8 जून तक

e-HRMS पोर्टल पर होगी प्रक्रिया

राज्य शासन की स्थानांतरण नीति 2026-27 के तहत जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग ने स्थानांतरण आवेदनों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार स्वैच्छिक स्थानांतरण के आवेदन 3 जून से 8 जून तक e-HRMS पोर्टल पर ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदक स्थानांतरण के लिए अधिकतम 15 कार्यालयों/संस्थाओं का चयन कर सकेंगे। आवेदन में दर्शाए गए कारणों के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज पीडीएफ स्वरूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा, जिनका आकार अधिकतम 2 एमबी निर्धारित किया गया है। एक बार आवेदन सबमिट होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि आवेदन में गलत जानकारी देने या सत्यापन में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी एवं सत्यापन अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पोर्टल पर प्रदर्शित रिक्तियां अस्थायी (टेंटेटिव) होंगी और समय-समय पर अपडेट की जा सकेंगी। माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों के स्थानांतरण केवल उनके विषय की रिक्तियों पर ही किए जाएंगे। वहीं प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक संवर्ग के प्रशासनिक एवं स्वैच्छिक स्थानांतरण परिवीक्षा अवधि के दौरान नहीं किए जाएंगे। जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 5 जून 2026 तक e-HRMS पोर्टल पर सभी रिक्त पदों की सही जानकारी दर्ज एवं सत्यापित करें। रिक्तियों की एंट्री और सत्यापन की जिम्मेदारी संबंधित कार्यालय प्रमुख, डीडीओ एवं ऑफिस एडमिन की होगी। केवल ऑनलाइन आवेदन करने मात्र से स्थानांतरण का अधिकार सुनिश्चित नहीं होगा। आवेदनों को स्वीकार या अस्वीकार करने का अंतिम निर्णय मुख्यालय स्तर पर लिया जाएगा और इस संबंध में शासन का निर्णय अंतिम माना जाएगा। यह आदेश प्रदेश के जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शिक्षकों पर लागू होगा।

=========

जिले की आईटीआई संस्थाओं में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ

आईटीआई रतलाम में 10 जून को प्रवेश मेले का आयोजन

1 जून से 30 जून तक पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग

प्राचार्य आई टी आई ने बताया कि जिले की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 जून से 30 जून 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

जिले में रतलाम, बाजना, सैलाना, आलोट, जावरा एवं पिपलौदा तहसीलों में संचालित शासकीय आईटीआई संस्थाओं में कुल 1384 सीटें उपलब्ध हैं। आईटीआई में कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश ले सकते हैं। साथ ही संस्थाओं में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल www.dsd.mp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं अथवा अपने नजदीकी आईटीआई संस्थान में पहुंचकर भी पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।

आईटीआई रतलाम में 10 जून 2026 को विशेष प्रवेश मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें अभ्यर्थियों का पंजीयन एवं स्पॉट काउंसलिंग की जाएगी।

========

विश्व पर्यावरण दिवस पर भीमाखेड़ी एवं कालूखेड़ा में हुआ पौधारोपण

विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत जावरा द्वारा ग्राम भीमाखेड़ी तथा जनपद पंचायत पिपलौदा द्वारा ग्राम कालूखेड़ा में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने दोनों स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विधायक डॉ. पांडेय ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री के. के. सिंह कालूखेड़ा, जनपद सदस्य श्री दीपक नाहर, जिला महामंत्री श्री महेश सोनी, जनपद पंचायत सीईओ श्री बलवंत नलवाया, ब्रह्मस्वरूप हंस सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे ।

===========

विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम तितरी में पौधारोपण कर बताया पर्यावरण संरक्षण का महत्व

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम तितरी के स्कूल प्रांगण में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण तथा नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

पौधारोपण कार्यक्रम में पीएचई विभाग के जिला जल सलाहकार श्री आनंद व्यास, सरपंच प्रतिनिधि श्री जयंतीलाल पाटीदार, उपसरपंच श्री प्रदीप खदेड़ा, सचिव श्री हीरालाल मकवाना, सहायक सचिव श्री राधेश्याम चौहान तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उषा जोगचंद सहित ग्रामिणजन उपस्थित थे।

=========

राजस्व न्यायालय में बंटवारा, नामांतरण एवं सीमांकन प्रकरणो का निराकरण कर हितग्राहियों को संशोधित नकलें वितरित की गई

एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार रतलाम जिले में राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दर्ज बंटवारा, नामांतरण एवं सीमांकन के लंबित मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले मे राजस्व अधिकारियों द्वारा ई- गवर्नेस अंतर्गत राजस्व प्रकरणों का आनलाईन त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को समय पर संशोधित दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आज तहसीलदार रतलाम शहर श्री ऋषभ ठाकुर एवं नायब तहसीलदार प्रीति साठे द्वारा बंटवारा, नामांतरण एवं सीमांकन प्रकरणों के आदेशों के अमल उपरांत हितग्राहियों को संशोधित नकलें प्रदान की गईं।

======

फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान के तहत जावरा के राठौर नर्सिंग होम, लाइंस क्लब एवं जोयो होटल का निरीक्षण किया गया

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेशानुसार जिले में अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर अनुविभाग स्तर पर गठित फायर सेफ्टी ऑडिट दल द्वारा संस्थानों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी क्रम में दल द्वारा जावरा मे राठौर नर्सिंग होम , लाइंस क्लब एवं जोयो होटल का फायर ऑडिट टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं, उपकरणों तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संस्थान में उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

निरीक्षण दल में एसडीएम जावरा श्री सुनील जयसवाल विद्युत सुरक्षा विभाग, पीडब्ल्यूडी (ईएनएम), एसडीआरएफ, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन द्वारा जिले में फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि जनसुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

===========

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अधिकारियों ने किया पौधारोपण

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में विभिन्न शासकीय कार्यालयों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में कार्यालय सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिक उपखंड रतलाम में कार्यपालन यंत्री श्री एस.आर. जांगड़े, वरिष्ठ लेखा अधिकारी श्री बाल नारायण मीणा, सहायक यंत्री श्री डी.सी. कथिरिया एवं जिला सलाहकार श्री आनंद व्यास द्वारा पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से “ग्रीन ऑफिस” बनाने का संकल्प भी लिया गया।

===============

प्रदेश में सड़क एवं परिवहन नेटवर्क निर्माण के साथ हरित विकास को दिया जा रहा बढ़ावा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

सड़क निर्माण में पर्यावरण संरक्षण के लिये 7,871 वृक्षों के स्थान पर 80 हजार पौधों का होगा रोपण अयोध्या बायपास के दोनों ओर लगाये जायेंगे 10 हजार पौधे मुख्यमंत्री के विजन को साकार करेगा अयोध्या बायपास परियोजना का ग्रीन मॉडल मुख्य सचिव श्री जैन ने की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिये निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में अधोसंरचना विकास को पर्यावर्णीय संवेदनशीलता और दीर्घकालिक सतत विकास की अवधारणा के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता आधुनिक सड़क एवं परिवहन नेटवर्क के निर्माण के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अयोध्या बायपास परियोजना इस सोच का उदाहरण है, जहाँ विकास और पर्यावरण संरक्षण को समान महत्व दिया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि परियोजना के दौरान 7,871 वृक्षों की कटाई की प्रतिपूर्ति के लिये लगभग 10 गुना अधिक अर्थात 80 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। अयोध्या बायपास के दोनों ओर लगभग 10 हजार पौधे लगाकर इसे एक हरित कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावर्णीय संतुलन को सुदृढ़ करने के साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को भी नया आयाम प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल बेहतर सड़क अधोसंरचना का निर्माण करना नहीं है, बल्कि ऐसी विकास परियोजनाओं को बढ़ावा देना है जो आर्थिक प्रगति के साथ पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को भी पूरा करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अयोध्या बायपास परियोजना प्रदेश में सतत एवं समावेशी विकास के मॉडल के रूप में स्थापित होगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के इस विजन को धरातल पर उतारने के लिए राज्य शासन द्वारा परियोजना के विभिन्न पहलुओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने शुक्रवार को मुख्य सचिव कार्यालय में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश की प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य सचिव श्री जैन ने राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण, उन्नयन एवं विस्तार कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान भोपाल की महत्वपूर्ण अयोध्या बायपास चौड़ीकरण परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में अयोध्या बायपास की डिज़ाइन क्षमता लगभग 40 हजार वाहन प्रतिदिन की है, जबकि इस मार्ग पर प्रतिदिन लगभग 45 हजार वाहनों का आवागमन हो रहा है। भोपाल के तेजी से हो रहे शहरीकरण और आसपास विकसित हो रहे नए आवासीय क्षेत्रों के कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में बायपास का चौड़ीकरण न केवल यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है, बल्कि यह राजधानी क्षेत्र की भावी आवश्यकताओं को भी पूरा करेगा।

विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का संतुलित मॉडल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के विजन को मूर्त रूप देते हुए अयोध्या बायपास परियोजना के अंतर्गत व्यापक पौधरोपण एवं हरित विकास योजना तैयार की गई है।

परियोजना के दौरान 7,871 वृक्षों की कटाई की प्रतिपूर्ति के लिये लगभग 10 गुना अधिक अर्थात 80 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। इनमें से लगभग 10 हजार पौधे अयोध्या बायपास के दोनों ओर लगाए जाएंगे, जिससे यह मार्ग भविष्य में एक आकर्षक और पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा। इसके अतिरिक्त झिरनिया एवं झगरिया खुर्द क्षेत्रों में लगभग 70 हजार पौधों के रोपण की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। आगामी मानसून में प्रस्तावित यह व्यापक पौधरोपण अभियान भोपाल क्षेत्र में हरित आवरण के विस्तार और पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पौधों के संरक्षण, देखभाल एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी आगामी 15 वर्षों तक एनएचएआई द्वारा वहन की जाएगी। इसके लिए लगभग 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह पहल इस बात का उदाहरण है कि आधुनिक अधोसंरचना निर्माण और पर्यावरणीय दायित्व एक-दूसरे के पूरक बन सकते हैं।

नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता

मुख्य सचिव श्री जैन ने अयोध्या बायपास परियोजना में भोपाल की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। मुख्य सचिव श्री जैन को अवगत कराया गया कि एनएचएआई और भोपाल नगर निगम के बीच निरंतर समन्वय स्थापित कर कार्य योजना तैयार की गई है। इसमें पाइप लाइन शिफ्टिंग सहित सभी तकनीकी कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे। नगर निगम के तकनीकी अधिकारियों की निगरानी में कार्य संपादित किए जाने से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान नागरिकों को पेयजल आपूर्ति संबंधी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में बताया गया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा एनएचएआई द्वारा प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क, आर्थिक गतिविधियों, निवेश, पर्यटन तथा औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन अधोसंरचना के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

========

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

  05 जून से 30 सितम्बर तक चलेगा विशेष अभियान

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधा रोपित कर भारत सरकार का जन एवं समुदायिक सहयोग से ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ राष्ट्रयव्यापी अभियान का शुभारंभ किया गया था। इस वर्ष यह अभियान 5 जून से 30 सितम्बर 2026 तक व्यापक रूप से प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है।

जिले में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज शासकीय कार्यालयो में अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। जिला स्तर पर नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा मानस भवन बगीचे में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण एवं पर्यावरण जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिसर में अतिथियों द्वारा पौधारोपण किया गया एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया।

पौधारोपण कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने संबोधित करते हुए कहा कि आज जिले के 1399 बूथों पर सांकेतिक रूप से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं तथा आगामी एक माह तक यह अभियान जारी रहेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को लगाए गए पौधे की देखरेख और उसे वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने नागरिकों से भी अपने घरों और आसपास उपलब्ध स्थानों पर पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा नियमित रूप से देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में उद्यान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा तथा हरित विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया ।

कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने उद्बोधन में कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण, देखभाल और उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए। वृक्षों की संख्या बढ़ने से पर्यावरण संतुलित रहता है और तापमान नियंत्रित करने में मदद मिलती है। जल और वृक्ष दोनों ही मानव जीवन के आधार हैं। जल का अनावश्यक अपव्यय रोकने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है।

पर्यावरणविद डॉ खुशाल सिंह पुरोहित ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने “एक पेड़ माँ के नाम” लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम मे रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष रतलाम विकास प्राधिकरण गोविंद काकानी, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित, पर्यावरणविद डॉ खुशाल सिंह पुरोहित, पार्षद हिना मेंहता, विशाल शर्मा, उपाध्यक्ष प्रहलाद राठौर, नंदकिशोर पवांर सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित थे। उपस्थितजनों का स्वागत एवं आभार आयुक्त नगर निगम श्री अनिल भाना ने किया। संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने किया।

=======

आईटीआई सैलाना में प्रवेश के लिए 30 जून तक करें रजिस्ट्रेशन

सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया जारी

प्रभारी प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सैलाना ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए संस्था मे प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्रवेश हेतु ऑनलाइन वेबसाइट https://mpiticounseling.co.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है।

संस्थान में कोपा, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन तथा मैकेनिक मोटर व्हीकल (एमएमवी) ट्रेड संचालित हैं। कोपा ट्रेड में 48, फिटर में 20, वेल्डर में 40, इलेक्ट्रिशियन में 20 तथा मैकेनिक मोटर व्हीकल में 24 सीटें उपलब्ध हैं।

कोपा, फिटर, इलेक्ट्रिशियन एवं मैकेनिक मोटर व्हीकल ट्रेड में प्रवेश के लिए 10वीं उत्तीर्ण तथा वेल्डर ट्रेड के लिए 8वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र हैं।

=======

ग्रामीण एसडीएम न्यायालय में वकीलों को व्हाट्सएप पर मिल रही प्रतिदिन के काम की जानकारी

जिले में ई-गवर्नेस और प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में प्रशासनिक नवाचार और सुशासन की दिशा में कार्यालयों में काम आनलाईन करने की दिशा में तीव्रता से कार्य किया जा रहा है। इसी कडी में ग्रामीण एसडीएम न्यायालय में अब पूरी न्यायालयीन प्रक्रिया को ऑनलाईन कर दिया गया है। एसडीएम रतलाम ग्रामीण श्री विवेक सोनकर ने बताया कि इस पहल से अब अधिवक्ताओं को प्रतिदिन की काज लिस्ट व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से न केवल अधिवक्ताओं को सुविधा मिल रही है, बल्कि न्यायालयीन कार्यवाही भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी हो रही है। नवाचार के तहत न्यायालय में प्रस्तुत होने वाले प्रकरणों की दैनिक सूची सुबह ही अधिवक्ताओं के मोबाइल पर पहुंच जाती है। इससे वकीलों को उनके प्रकरण की सुनवाई के लिए निर्धारित समय की जानकारी पहले से ही प्राप्त हो जाती है परिणामस्वरूप उन्हें पूरे दिन न्यायालय परिसर में इंतजार नहीं करना पड़ता जिससे उनके समय की बचत होती है।

पहले अधिवक्ताओं को काज लिस्ट देखने के लिए न्यायालय पहुंचना पड़ता था तथा कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वे अपने समय का बेहतर प्रबंधन कर पा रहे हैं। अधिवक्ताओं को अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिली है और न्यायालयीन कार्यों में भी गति आई है।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की यह पहल जिले में ई-गवर्नेस और प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऑनलाईन तकनीक के उपयोग से आमजन और अधिवक्ताओं दोनों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यह नवाचार ग्रामीण क्षेत्र की न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में प्रभावी उदाहरण है। इससे आमजन को भी त्वरित और बेहतर न्यायिक सेवाएं उपलब्ध हो रही है। प्रकरण से संबंधित व्यक्तियों को भी समय पर जानकारी उपलब्ध होने से उन्हे भी अब अनावश्यक इंतजार नही करना पडता ।

अधिवक्ताओं ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि व्हाट्सएप पर समय से काज लिस्ट मिलने से उनकी कार्यक्षमता बढ़ी है और न्यायालय में अनावश्यक समय व्यतीत करने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है।

========

विश्व पर्यावरण दिवस पर बद्दापुरा खुर्द में हलमा, श्रमदान एवं पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड सैलाना के मार्गदर्शन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बद्दापुरा एवं नवांकुर संस्था एकलव्य युवा जन उत्थान समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम के प्राचीन कुएं पर हलमा एवं श्रमदान कर कुएं की साफ-सफाई की गई तथा जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थित जनों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु शपथ ली। साथ ही ग्राम में जामफल एवं शीशम के पौधों का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

वक्ताओं ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण का अंत (Beat Plastic Pollution)” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल स्रोतों का संरक्षण, पौधारोपण एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाकर ही हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-जन का सतत अभियान बनना चाहिए।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय, समाजसेवी श्री सतीश टांक, श्री मनीष बैरागी, श्री निर्मल अमलियार, विकासखंड सैलाना के परामर्शदाता श्री पवन पारगी, नवांकुर संस्था के श्री सचिन, समिति अध्यक्ष श्री बाबूलाल, नवांकुर सखियां एवं ग्राम के नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने जल स्रोतों के संरक्षण, अधिकाधिक पौधारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

=======

रतलाम में हॉकी फीडर सेंटर के समर कैंप का हुआ समापन खिलाड़ियों को प्रदान की गई विशेष हॉकी किट

जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित हॉकी फीडर सेंटर के समर कैंप का भव्य समापन हो गया। समापन अवसर पर जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती रुचि शर्मा ने कैंप में भाग लेने वाले होनहार खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

शिविर के दौरान खिलाड़ियों को तराशने और उन्हें हॉकी की बारीकियां सिखाने में मुख्य हॉकी कोच कृष्ण गोपाल तिवारी की अहम भूमिका रही। कोच तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में बच्चों ने आधुनिक खेल तकनीकों तथा अनुशासन का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह में श्रीमती रुचि शर्मा ने 20 बालक एवं 20 बालिका खिलाड़ियों को विशेष हॉकी किट प्रदान की।

श्रीमती रुचि शर्मा ने कहा कि इस समर कैंप का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारना तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।

==============

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पौधारोपण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत रतलाम द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कराडिया में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया

युवाअधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष मैं शासकीय अनुसूचित जाति बालक सीनियर छात्रावास में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया ।

सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी हैं। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रामचंद्र  पोरवाल, ललित शर्मा ,सामाजिक कार्यकर्ता राजू टेलर, छात्रावास अधीक्षक देवीलाल यादव, बद्रीलाल बसेर ब्लॉक युवा समन्वयक आलोट दुर्गाशंकर मोयल द्वारा वृक्षारोपण किया गया ।

========

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना में कक्षा 11वीं के रिक्त पदों पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित

प्राचार्य एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बाजना, जिला रतलाम ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 11वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग के इच्छुक विद्यार्थी एवं उनके पालक विद्यालय कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर ऑफलाइन माध्यम से निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों का चयन एवं प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 2 जून से प्रारंभ हो चुकी है तथा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 जून 2026 निर्धारित की गई है।

=========

विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला न्यायालय परिसर में हुआ पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में स्थायी प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए पंच ‘ज’ अभियान के तहत विशेष वृक्षारोपण अभियान पर वन विभाग के सहयोग से जिला न्यायालय परिसर रतलाम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम के मार्गदर्शन में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री रामजी गुप्ता की अध्यक्षता में पौधारोपण कार्यक्रम के साथ में स्वच्छता अभियान और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

जिला मुख्यालय रतलाम के न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, वन विभाग के अधिकारीगण, द्वारा फलदार एवं छायादार, औषधीय पौधे रोपित किये गये। उक्त पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु संबंधितों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर एसडीओ कछावा द्वारा वन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार पर बताया एवं पौधारोपण का महत्व बताते हुए पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन के बारे जानकारी दी।

अध्यक्ष अधिवक्ता संघ श्री राकेश कुमार शर्मा द्वारा अपने उद्बोधन में बताया कि प्रत्येक अधिवक्ता या न्यायाधीश एवं अन्य स्वयं के जन्मदिन पर एक पौधा लगाये और उसकी जिम्मेदारी लें। साथ ही बताया कि अधिवक्ता संघ द्वारा 50 ऐसे पौधे रोपित करेगें जिनकी जिम्मेदारी प्रत्येक अधिवक्ता को दी जावेगी जो उनका संरक्षण एवं संवर्धन हमेशा करेगें।

प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री रामजी गुप्ता द्वारा अपने उद्बोधन में सभी उपस्थितजन को विश्व पर्यावरण की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि पौधे हमारी जीवन रेखा है और इन हमे हमेशा ध्यान रखना चाहिए आज हमें इतनी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है वह केवल इन पौधों की कमी के कारण हो रहा है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधें हमेशा रोपित करते रहना चाहिए।

इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री निर्मल मंडोरिया, श्री आशीष श्रीवास्तव, श्री राकेश कुमार शर्मा, श्री राजेश नामदेव, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सपना शर्मा, जिला रजिस्ट्रार/न्यायाधीश श्री अनुपम तिवारी, सुश्री रूपाली बिरला, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ श्री राकेश कुमार शर्मा, चीफ एलएडीसीएस, श्री अभय शर्मा एवं अन्य एलएडीसी अधिवक्ता एवं स्टॉफ, एस. डी. ओ. वन विभाग श्री प्रदीप कछावा, रेंजर वन विभाग श्री विष्णुलाल पाटीदार, अन्य न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण, पैरालीगल वालेंटियर्स, वन विभाग के अधिकारी एवं जिला प्राधिकरण का स्टाफ उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नीरज पवैया द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}