Uncategorizedमध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 01 जून 2026 सोमवार

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रतलाम में निकली जनजागरूकता रैली,

सरकार, समाज, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से ही सफल होगा नशा मुक्त भारत अभियान : श्री मनोहर पोरवाल

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान तथा स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत, जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के अवसर पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम “निकोटिन और तंबाकू की लत के आकर्षण को बेनकाब करें” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों, आध्यात्मिक संस्थाओं एवं नागरिक समाज की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंतर्गत नशामुक्ति संकल्प हस्ताक्षर अभियान, जागरूकता रैली, मानव श्रृंखला निर्माण, नशामुक्ति संबंधी पोस्टर एवं पम्पलेट विमोचन तथा नशा रूपी दानव का प्रतीकात्मक दहन जैसे विविध आयोजन किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दो बत्ती स्थित महाराजा सज्जन सिंह जी की प्रतिमा परिसर में नशामुक्ति संकल्प बोर्ड पर हस्ताक्षर अभियान से हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती संध्या बेलसरे, सिविल सर्जन श्री एम.एस. सगर, नगर निगम पार्षद जनप्रतिनिधि श्री विजय सिंह चौहान, तंबाकू नियंत्रण समिति सदस्य श्री अशोक अग्रवाल, सामाजिक न्याय विभाग की उपसंचालक श्रीमती संध्या शर्मा, जिला समन्वयक एवं नोडल अधिकारी नशा मुक्त भारत अभियान श्री रत्नेश विजयवर्गीय, कैंसर नोडल अधिकारी डॉ. गोपाल यादव, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी सुश्री शिरीन खान सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने कहा कि नशा आज समाज, परिवार एवं युवा पीढ़ी के भविष्य के समक्ष एक गंभीर सामाजिक एवं स्वास्थ्यगत चुनौती बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। सरकार, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, युवाओं तथा आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।

रतलाम विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने की भूमिका निभाएं तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराएं।

कार्यक्रम के दौरान दो बत्ती चौराहे पर विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया तथा जागरूकता रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए न्यू रोड स्थित गुजराती स्कूल के समक्ष संपन्न हुई।इस अवसर पर श्री गोपाल सिंह ने बीड़ी का बंडल जलाकर तंबाकू सेवन न करने का संकल्प लिया। साथ ही कलापथक दल द्वारा नशामुक्ति विषयक गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न विशेषज्ञों एवं समाजसेवियों ने मद्यपान, तंबाकू, मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं के सेवन से होने वाले गंभीर शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं एवं बच्चों को तंबाकू उत्पादों से होने वाली कैंसर, क्षय रोग (टीबी), हृदय रोग एवं अन्य घातक बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इसी क्रम में जिला चिकित्सालय रतलाम के कक्ष क्रमांक 15 में तंबाकू निषेध एवं कैंसर जागरूकता स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में कैंसर विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया तथा तंबाकू सेवन से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग, म.प्र. जन अभियान परिषद, आनंद विभाग, अखिल भारतीय गायत्री परिवार, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, पीएचई विभाग, एल्कोहोलिक्स एनॉनिमस प्रशांति ग्रुप, कैंसर सोसायटी मध्यप्रदेश, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

=========

एनसीसी शिविर में जीवन कौशल, पर्यावरण संरक्षण पर व्याख्यान तंबाकू के दुष्प्रभाव बताने हेतु जनजागरूकता रैली का आयोजन

21 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी, रतलाम द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 24 मई से 02 जून तक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैलाना में आयोजित किया जा रहा है।

शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एव प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में प्रतिदिन प्रातः सैन्य विषय के प्रशिक्षण अन्तर्गत शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, नेवीगेशन, टेन्ट पिंचिंग, कवायद, मेप रीडिंग इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

व्याख्यान माला की इसी कढी में कर्नल संदीप अहलावत ने कैडेटों को जीवन कौशल विषय पर एक प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने आलोचनात्मक चिंतन, समस्या-समाधान तथा साक्षात्कार बोर्ड का आत्मविश्वासपूर्वक सामना करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से समझाइस दी। उन्होंने कैडेट को तार्किक सोच विकसित करने, चुनौतियों का प्रभावी समाधान खोजने तथा साक्षात्कार के दौरान अपने व्यक्तित्व, ज्ञान और संचार कौशल को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। व्याख्यान के दौरान कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। यह सत्र कैडेटो के व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता के संवर्धन की दिशा में अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

इसी कढी में वन विभाग, सैलाना के वनपाल श्री जी एस डोडियार तथा वनरक्षक श्री रमेश पानू द्वारा पर्यावरण एवं वन्य जीव संरक्षण विषय पर जागरूकता हेतु व्याख्यान दिया गया। उनके द्वारा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, अधिक से अधिक पौधे लगानों तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

इसी के साथ तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर कैडेटस द्वारा तंबाकू के दुष्प्रभाव बताने हेतु जनजागरूक रैली का आयोजन किया गया। रैली एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैलाना से प्रांरभ होकर वन विभाग होते हुए किर्ती स्तंभ के आगे विक्टोरियों तालाब होते हुए सैलाना तहसील कृषि उपज मंडी से बालक उत्कृष्ट उ मा विद्यालय, सैलाना होकर पुनः शिविर स्थल पर समाप्त हुई। रैली में छात्र/छात्राएं नशे से होने वाले दुष्परिणाम के संदेेश लिखी हुई तख्तियां लिए हुए चल रहे थे। रैली के उपरांत सभी कैडेटस कोनशीले पदार्थो का सेवन न करने व दूसरो को भी इसके लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान लेफ्टिनेंट विजेन्द्र सोंलंकी, सी/ओ सुरेन्द्र सिंह चौहान, सी/ओ डाॅ विजयसिंह पुरावत, एफ/ओ माया मेहता, एफ/ओ धर्मपाल मीणा, एस/ओ कौशल सिंह, राकेश हारोड, चंद्रप्रकाश सोलंकी, सआदत खान, शुभम उपाध्याय सहित पीआई स्टाॅफ तथा कार्यालयीन स्टाॅफ उपस्थित थे ।

===========

सिंहस्थ 2028 की तैयारियो को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने जावरा क्षेत्र में किया निरीक्षण पड़ाव स्थलों और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के मद्देनजर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने जावरा क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए बनाये जाने वाले पडाव क्षेत्रो का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसडीएम जावरा श्री सुनील जायसवाल,ई ई पीडब्ल्यू डी श्री चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अधिकारियों ने सिंहस्थ से जुड़े प्रस्तावित कार्यों, सुगम यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्थाएं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए जा रहे इंतजामों का अवलोकन कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी बुनियादी व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने भूतेड़ा ,बडावदा एवं 8-लेन मार्ग पर विकसित किए जा रहे दो रेस्ट एरिया (विश्राम स्थल) का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

==============

निकायों में जल/स्वच्छता एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए हुआ संध्याकालीन शिविरों का आयोजन समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले के नगर परिषद सैलाना के वार्ड क्रमांक 06 में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संध्याकालीन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद श्री मुकेश पटेल, वार्ड क्रमांक 05 के पार्षद श्री जगदीश पाटीदार एवं एल्डर मैन श्री रवि शर्मा उपस्थित थे। इसी बीच पीओ डूडा श्री अरुण कुमार पाठक द्वारा शिविर में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया गया। वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद श्री मुकेश पटेल द्वारा वार्ड में पेयजल पाइप लाइन एवं नाली निर्माण हेतु श्री पाठक को आवेदन दिया गया।

शिविर मे जल से संबंधित कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुई। सफाई से संबंधित 04 शिकायतें प्राप्त हुई एवं 05 अन्य शिकायतें समग्र आईडी, आयुष्मान कार्ड एवं निर्माण से संबंधित प्राप्त हुई जिसमें से समग्र आईडी व आयुष्मान कार्ड की समस्या का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।

=========

जैविक हाट बाजार में 41510 रुपए से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय

परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि रविवार को जिले में आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया। हाट बाजार में कुल 7 जैविक कृषक अपने उत्पाद लेकर पहुंचे और उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक जैविक उत्पादों की खरीदारी की।

धामनोद से आए किसान श्री चंद्रभानु द्वारा अनाज, दालें, सब्जियां, फल, केसर आम एवं मूंगफली का 22500 रुपये का विक्रय किया गया। श्री उमेश धाकड़ (बांगरोद) द्वारा घी एवं दूध 1700 रुपये का, श्री दिलीप धाकड़ सादा खेड़ी द्वारा शहद 5510 रुपए का, श्री दिलीप पाटीदार (करिया) द्वारा देसी घी 11100 रुपये का, श्री बलराम माली द्वारा हल्दी, मिर्च एवं जैविक चना 700 रुपए का, श्री विनय बैरागी एवं गोपाल दास बैरागी द्वारा भरोडा़ द्वारा जैविक गेहूं का विक्रय किया गया ।

जैविक हाट बाजार में कुल 41510 रुपये से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}