मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 28 मई 2026 गुरुवार

/////////////////////////////////////

31 मई 02 जून के दौरान पश्चिम एमपी मंदसौर, नीमच, रतलाम, उज्जैन, आगर मालवा, सिहोर, इंदौर, भोपाल , जबलपुर, झाबुआ, धार, खरगोन, खंडवा और आसपास के जिलो में भारी वर्षा होने की संभावना है

=======

नियुद्ध राइफल शूटिंग एवं आर्चरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन मंदसौर द्वारा

द्वितीय जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन

मन्दसौर। वर्ल्ड नियुद्ध फेडरेशन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंदसौर मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन नियुद्ध एयर गन शूटिंग एवं आर्चरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन मंदसौर द्वारा 25 मई को नियुद्ध हॉल, मंदसौर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से आए 20 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंदसौर के अधिकारी विजेंद्र देवड़ा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे निरंतर अभ्यास, अनुशासन और गुरु का मार्गदर्शन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल युवाओं को आत्मविश्वास, धैर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना सिखाते हैं।”
विशिष्ट अतिथि एवं नियुद्ध गुरुकुल मंदसौर के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खिलाड़ी यदि लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण और दृढ़ निश्चय रखें तो वे निश्चित रूप से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकते हैं।”
कार्यक्रम में नियुद्ध खेल के संस्थापक नियुद्धाचार्य डॉ. नरेन्द्र श्रीवास्तव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “नियुद्ध केवल एक खेल नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उनके प्रेरणादायक उद्बोधन से खिलाड़ियों में नया उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला।
साथ ही शॉटगन खेल के वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी मनित्व सिंह रावत ने खिलाड़ियों को विशेष मार्गदर्शन देते हुए अभ्यास, एकाग्रता एवं मानसिक संतुलन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने खिलाड़ियों को बताया कि नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास ही एक सफल खिलाड़ी की पहचान होती है।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट निशानेबाजी का परिचय दिया। मिनी वर्ग के पीप साइड 10 मीटर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में सानवी कालरा ने प्रथम, अर्पण भंडारी ने द्वितीय एवं इनाया खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ओपन साइट 10 मीटर प्रतियोगिता में यश वर्धन चौहान प्रथम, भव्या विशनानी द्वितीय तथा गगन पाटीदार तृतीय स्थान पर रहे।
जूनियर वर्ग की पीप साइड 10 मीटर प्रतियोगिता में अर्पित सुथार ने प्रथम, लखन सेन ने द्वितीय एवं गौरी पाटीदार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सीनियर वर्ग की पीप साइड 10 मीटर प्रतियोगिता में विशाल धनगर प्रथम, वर्षा सेन द्वितीय एवं प्रियंका बोराना तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं ओपन साइट 10 मीटर प्रतियोगिता में अभिरुचि भंडारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा पिस्टल शूटिंग 10 मीटर प्रतियोगिता में पैरा खिलाड़ी रानी टॉक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का संचालन नियुद्ध गुरुकुल मंदसौर के सचिव प्रवीण भंडारी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में नियुद्ध गुरु अजय सिंह चौहान, आदित्य सुरा एवं सनी घोड़ेला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अंत में अतिथियों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र दिए और शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अतिथियों ने नियुद्ध गुरुकुल मंदसौर की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

============

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने EVM-VVPAT वेयर हाउस का निरीक्षण किया

मंदसौर 27 मई 26 / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग ने नवीन कलेक्टर भवन के सामने स्थित EVM-VVPAT वेयर हाउस का निर्धारित मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, सीलिंग, लॉगबुक एवं प्रवेश रिकॉर्ड का सत्यापन किया। साथ ही अग्नि सुरक्षा उपायों एवं सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निर्वाचन शाखा के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

==============

जल गंगा संवर्धन अभियान में लसुडावन की प्राचीन बावड़ी का हुआ जीर्णोद्धार

श्रमदान कर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने दिया जल संरक्षण का संदेश

मंदसौर 27 मई 2026/ जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत लसुडावन में स्थित प्राचीन “ओरा की बावड़ी” की सफाई एवं जीर्णोद्धार का कार्य किया गया। अभियान के तहत बावड़ी की साफ-सफाई कर उसे पुनः उसके मूल स्वरूप में लाया गया, जिससे अब यह प्राचीन जल संरचना फिर से आकर्षक दिखाई देने लगी है।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने श्रमदान कर अभियान में सहभागिता निभाई। जनपद अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्राचीन जल संरक्षण संरचनाएं आज भी अत्यंत प्रासंगिक एवं उपयोगी हैं। उन्होंने क्षेत्र की समस्त जल संरचनाओं एवं प्राचीन बावड़ियों की सामुदायिक सहयोग से नियमित साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जल स्रोतों के संरक्षण से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी तथा लंबे समय तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं परंपरागत जल स्रोतों के महत्व के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

===============

पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट के तहत मुखबिरों को मिलेगा 2 लाख रुपये तक का पुरस्कार

बेटियों के सम्मान, सुरक्षित भविष्य के लिए सामाजिक जागरूकता में सक्रिय सहभागिता की अपील

मंदसौर 27 मई 26 / कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए राज्य शासन द्वारा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 एवं नियम 1996 (पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट) का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। आमजन को जागरूक करने और अवैध लैंगिक चयन गतिविधियों के विरुद्ध सशक्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “पुनरीक्षित मुखबिर पुरस्कार योजना-2021” संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत अवैध भ्रूण लिंग जांच, लिंग चयन अथवा संबंधित गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना देकर कार्रवाई में सहयोग करने वाले मुखबिरों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। सफल सूचना अथवा स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर कार्रवाई होने एवं न्यायालय में अपराध सिद्ध होने की स्थिति में कुल 2 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि मुखबिर, डिकॉय महिला, अभियोजन अधिकारी, जिला नोडल अधिकारी और अन्य अधिकृत व्यक्तियों को नियमानुसार वितरित की जाती है।

योजना में मुखबिर की सूचना पर विधिक कार्रवाई होने की स्थिति में प्रथम किश्त के रूप में 1.25 लाख रुपये की राशि कोर्ट में चालान प्रस्तुत होने पर तथा द्वितीय किश्त के रूप में 75 हजार रुपये की राशि न्यायालय में अपराध सिद्ध होने पर प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार सफल स्टिंग ऑपरेशन की स्थिति में मुखबिर, डिकॉय महिला एवं सहयोगियों को भी निर्धारित प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट के प्रभावी प्रवर्तन के लिये शासन द्वारा स्टिंग ऑपरेशन को महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में उपयोग किया जा रहा है। अवैध भ्रूण लिंग जांच एवं लिंग चयन गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और संस्थानों के विरुद्ध साक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए डिकॉय महिला एवं मुखबिरों के माध्यम से गोपनीय स्टिंग ऑपरेशन संचालित किए जाते हैं।

सफल स्टिंग ऑपरेशन के सत्यापन उपरांत प्रथम किश्त के रूप में कुल 1 लाख 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, जिसमें मुखबिर को 50 हजार रुपये, डिकॉय महिला को 20 हजार रुपये, सहयोगी को 10 हजार रुपये, जिला नोडल अधिकारी अथवा अन्य अधिकृत अधिकारी को 15 हजार रुपये तथा अभियोजन अधिकारी को 30 हजार रुपये दिए जाते हैं।

न्यायालय में अपराध सिद्ध होने पर द्वितीय किश्त के रूप में कुल 75 हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं, जिसमें मुखबिर को 30 हजार रुपये, डिकॉय महिला को 10 हजार रुपये, सहयोगी को 5 हजार रुपये, जिला नोडल अधिकारी अथवा अन्य अधिकृत अधिकारी को 10 हजार रुपये तथा अभियोजन अधिकारी को 20 हजार रुपये की राशि नियमानुसार वितरित की जाती है। बेटियों के सम्मान, सुरक्षित भविष्य एवं समाज में लैंगिक समानता सुनिश्चित करने के लिए भ्रूण लिंग जांच एवं लिंग चयन जैसी गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं और सामाजिक जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

===============

प्रधान आरक्षक (कम्‍प्‍यूटर) एवं सहायक उप निरीक्षक (कम्‍प्‍यूटर) की शारीरिक दक्षता परीक्षा 07 जून से

मंदसौर 27 मई 26 / प्रधान आरक्षक (कम्‍प्‍यूटर) एवं सहायक उप निरीक्षक (कम्‍प्‍यूटर) के कुल 89 पदों पर भर्ती हेतु मध्‍यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल भोपाल द्वारा ऑनलाईन परीक्षा दिनांक 24.03.2026 से 25.03.2026तक आयोजित कराई गई थी। उक्त परीक्षा का परिणाम दिनांक 08.05.2026 को वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर घोषित किया जा चुका है। सफल उम्‍मीदवार की अगले चरण के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा physical proficiency test(PPT) होगी। अभ्‍यर्थियों की800 मीटर दौड़एवं दस्‍तावेजों का परीक्षण भोपाल में लाल परेड ग्राउण्‍ड, जहांगीराबाद तथा जबलपुर के परेड ग्राउण्‍ड, 6वीं वाहिनी विसबल, रांझी में 07 जूनसे09 जून 2026तकहोगा।

सहायक पुलिस महानिरीक्षक चयन/भर्ती श्री गोपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा में सफल उम्मीदवार म.प्र.कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट से अपना सूचना पत्र डाउनलोड कर निर्धारित शारीरिक प्रवीणता परीक्षा स्थल पर पहुंचे। सभी उम्मीदवारों को उनकी निर्धारित दिनांक को ही पहुंचना आवश्‍यक है। उम्मीदवार को शारीरिक प्रवीणता के लिये जो दिनांक व स्थान सूचित किया जा रहा है उस दिनांक व स्थान में कोई परिवर्तन नहीं किया जायेगा।

शारीरिक दक्षता चयन के विभिन्न चरणों में आधार ई-केवायसीसत्यापन कराया जाएगा। अत: अभ्‍यर्थी अपना आधार कार्ड साथ लेकर आएं। अभ्यर्थी यह भी सुनिश्चित करें कि उनका आधार नम्बर उनके द्वारा लॉक न कर दिया गया हो। दस्तावेज परीक्षण हेतु उम्मीदवारों को समस्त मूल आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं उनकी स्वयं प्रमाणित छायाप्रति (photocopy) साथ लेकर उपस्थित होना अनिवार्य है।

=============

जिला स्तरीय युवा संगम मेले का आयोजन 4 जून को सीतामऊ में

युवाओं को रोजगार एवं व्यवसाय लोन प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी

मंदसौर 27 मई 26 / जिला रोजगार अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि म.प्र. शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार 4 जून 2026 को प्रातः 10:30 बजे से शासकीय आईटीआई सीतामऊ जिला मंदसौर में जिला स्तरीय युवा संगम मेले का आयोजन किया जाएगा। इस युवा संगम मेले के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

मेले में निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोजकों द्वारा आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया जाएगा। साथ ही, जिला रोजगार कार्यालय मंदसौर द्वारा युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। रोजगार मेले के दौरान युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु व्यवसाय प्रारंभ करने की लोन प्रक्रिया एवं संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस मेले में उपस्थित होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

======

महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश पूजन कर भारतीय संस्कृति का संदेश दिया
जल गंगा संर्वधन अभियान के तहत बावड़ी पूजन एवं कलश पूजन  विधि-विधान के साथ संपन्न

मंदसौर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत संजीत आदर्श ग्राम स्थित फोसरी माता मंदिर परिसर एवं आदर्श ग्राम टिडवास में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती तृप्ति बैरागी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के आव्हान पर आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साह फाउंडेशन के सदस्य, समिति अध्यक्ष, नवांकुर संस्थाओं की सखियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश पूजन किया तथा भव्य कलश यात्रा निकालकर जल संरक्षण और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं सदस्यों ने वृक्ष पूजन कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही बावड़ी पूजन एवं कलश पूजन भी विधि-विधान के साथ संपन्न किया गया। पूरे आयोजन में जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
जल बचाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया। सामाजिक सहभागिता, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का यह आयोजन क्षेत्र में प्रेरणा का केंद्र बना। इस अवसर पर प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष मांगीलाल डांगी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

=============

रातीखेड़ी में जल गंगा संवर्धन के तहत कुइयां की सफाई, निकाली कलश यात्रा

कुंचडोद। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला व ब्लॉक समन्वयक के मार्गदर्शन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति रातीखेड़ी के अध्यक्ष पुष्कर बैरागी एवं उनकी समिति द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया गया। इसके तहत ग्रामीणों ने पुरानी कुइयां की सफाई की और पीपल के वृक्ष व गंगा मैया की विधि-विधान से पूजा की। इस अवसर पर जल संरक्षण का संदेश देने के लिए भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई।
कार्यक्रम में कुंचडोद प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष गोपाल गुजरिया, सचिव पप्पू लाल सेन, उप सरपंच प्रकाश राव सहित नारायण सिंह, सुंदरलाल, शंकर लाल, गोपाल राव, सुरेश, राजू, विनय, हरीश, जसपाल सिंह, बगदीराम, भंवर लाल और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं सहित महिला शक्ति उपस्थित रही।

=======

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}