समाचार मध्यप्रदेश नीमच 26 मई 2026 मंगलवार

//////////////////////////////////////////////////
पीएम जीवन ज्योति एवं सुरक्षा बीमा योजना के क्लेम का त्वरित निराकरण करें बैंक:श्री चंद्रा
कलेक्टर के डीएलसीसी बैठक में निर्देश- 100% खाताधारकों का पंजीयन कर जिले को करें सैचुरेटेड
0 बैलेंस खाते सक्रिय करें, एनपीए सुधारें, पालसोड़ा में बैंक शाखा खोलने के निर्देश
नीमच, 25 मई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजनाओं के तहत प्राप्त होने वाले क्लेम प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर पीड़ित परिवार को क्लेम राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति (DLCC) की बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की विभागवार, बैंकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा, कि इन दोनों योजनाओं में जिले के शत-प्रतिशत खाताधारकों का पंजीयन कर जिले को सैचुरेटेड करें।
एलडीएम को निर्देश: कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बैंक शाखावार आगामी बैठक में लंबित क्लेम प्रकरणों की जानकारी एलडीएम संकलित कर, प्रस्तुत करें। एक माह से अधिक लंबित क्लेम प्रकरणों की नामजद सूची भी प्रस्तुत की जाए।
जनधन खाते एवं एनपीए कम करने पर जोर: बैठक में प्रधानमंत्री जनधन योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी बैंक शाखाएं 0 बैलेंस वाले सभी खातों को सक्रिय कर लेन-देन प्रारंभ करवाएं। साथ ही इन बैंक खातों का री-केवाईसी या ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से करवाएं। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक एवं बंधन बैंक को विशेष रूप से एनपीए सुधारने के निर्देश दिए। बड़े बकायादारों को सूचीबद्ध कर बकाया राशि की प्राथमिकता से वसूली करने को कहा।
स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा: कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास योजना, डॉ.भीमराव अंबेडकर स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना सहित उद्योग, उद्यानिकी, मत्स्य विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की गत वित्तीय वर्ष की प्रगति एवं चालू वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभी से लक्ष्य पूर्ति हेतु पर्याप्त प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रेषित करें तथा ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करवाएं।
बैठक में रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि श्री राम पोरवाल ने कहा, कि बैंक अपने सर्विस एरिया का आंकलन कर देखें कि पांच हजार की आबादी वाली कोई बसाहट, पंचायत या गांव बैंकिंग सेवाओं से वंचित तो नहीं है। प्रत्येक पांच हजार की आबादी पर बैंक शाखा या बीसी की सेवाएं उपलब्ध हो।
कलेक्टर ने एलडीएम को ग्राम पालसोड़ा में बैंक ऑफ बड़ौदा की नवीन शाखा खोलने हेतु आवश्यक कार्यवाही एवं वरिष्ठ कार्यालय से पत्राचार के निर्देश दिए।
एनुअल क्रेडिट प्लान: नाबार्ड के प्रतिनिधि श्री योगेंद्र सैनी ने जिले का एनुअल क्रेडिट प्लान तैयार करने संबंधी प्रजेंटेशन दिया और बताया, कि वर्ष 2021-22 के एनुअल क्रेडिट प्लान से वर्ष 2025-26 तक 120 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई हैं।
बैठक में नाबार्ड प्रतिनिधि श्री योगेंद्र सैनी, एलडीएम श्री शिशांतु शेखर, सांसद प्रतिनिधि श्री पवन कुमार दुबे एवं सभी जिला अधिकारी तथा बैंक शाखाओं के प्रबंधक उपस्थित थे। प्रारंभ में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री शिशांतु शेखर ने बैठक की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
==============
धनिया उत्पादन में नीमच बनेगा अग्रणी: 700 हेक्टेयर क्षेत्र विस्तार का लक्ष्य
कलेक्टर श्री चंद्रा की अध्यक्षता में ‘एक जिला एक उत्पाद’ के तहत समीक्षा बैठक सम्पन्न
जिले में ओडीओपी के तहत 65 धनियां प्रसंस्करण इकाईयां स्थापित
नीमच, 25 मई 2026, ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत नीमच के धनिया को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने हेतु कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में धनिया के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं किसानों की आय में वृद्धि के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया, कि मसाला क्षेत्र विस्तार योजना के तहत जिले में वर्ष 2025-26 में मसाला क्षेत्र विस्तार (धनिया) हेतु एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) योजना तहत 220.00 हेक्टेयर हेतु 293 कृषकों को एवं राज्य पोषित योजना अंतर्गत 73.250 हेक्टेयर हेतु 107 कृषकों को लाभांवित किया गया। इस प्रकार कुल 293.25 हेक्टेयर क्षेत्र में 400 कृषकों को लाभ प्रदान किया गया।
वर्ष 2026-27 में MIDH योजना तहत 450 हेक्टेयर हेतु 485 कृषकों को एवं राज्य पोषित योजना अंतर्गत 250 हेक्टेयर हेतु 267 कृषकों को लाभांवित किया जाएगा। इस प्रकार कुल 700 हेक्टेयर क्षेत्र में 752 कृषकों को लाभांवित करने का लक्ष्य प्रस्तावित किया गया है। बैठक में धनिया व्यापारियों और प्रसंस्करण इकाईयों के प्रतिनिधियों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग: विभाग द्वारा 500 कृषकों को क्षेत्र विस्तार हेतु कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि किसान उन्नत तकनीक से गुणवत्तापूर्ण धनिया उत्पादन कर सकें।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए कि शिक्षित युवाओं को धनिया प्रसंस्करण इकाइयाँ स्थापित करने हेतु अनुदान उपलब्ध कराया जाए, जिससे किसानों को खेत से ही पैकेजिंग कर सीधे बाजार से जोड़ा जा सके। वर्तमान में ODOP के तहत धनिया की 65 प्रसंस्करण इकाइयाँ कार्यरत हैं, जिन्हें वर्ष 2026-27 में 90 तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
नीमच जिले में वर्तमान में 24,231 किसान धनिया की खेती कर रहे हैं। धनिया की खेती से किसानों की आय में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2026-27 में 22,000 हेक्टेयर में 33,000 मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित है।
बैठक में उद्यानिकी, उद्योग, कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, धनिया व्यापारी एवं प्रोसेसिंग उद्योगों के संचालक उपस्थित थे।
=============
‘जल है तो कल है’ : गंगा दशहरा पर नीमच में गूंजा जल संरक्षण का संकल्प
जल चौपाल में बोले राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर- जन आंदोलन बना ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’
कलेक्टर श्री चंद्रा ने बताया- तालाब गहरीकरण से बढ़ी जल भराव क्षमता,
किसानों को मिली निःशुल्क उपजाऊ मिट्टी
नीमच, 25 मई 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ‘हर हाथ को काम एवं हर खेत पर पानी’ पहुंचाने के संकल्प के साथ प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है। जल संरचनाओं के निर्माण, संरक्षण एवं जीर्णोद्धार से भू-जल स्तर में निरंतर वृद्धि हो रही है।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत सावन में जिला स्तरीय जल चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर थे।
मुख्य अतिथि का संबोधन: सांसद श्री गुर्जर ने कहा कि जिला प्रशासन नीमच द्वारा जनसहयोग से चलाया जा रहा तालाबों का गहरीकरण अभियान सराहनीय है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को सुविधा के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया है। ‘हर घर नल से जल’ योजना से हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। उन्होंने सावन में स्टॉप डेम निर्माण हेतु राज्यसभा निधि से राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बताया कि जनभागीदारी से किए गए तालाब गहरीकरण कार्यों से जल संरचनाओं की जल भराव क्षमता में वृद्धि हुई है। साथ ही किसानों को उनके खेतों के लिए निःशुल्क उपजाऊ मिट्टी उपलब्ध कराई गई है। आगामी वर्षा ऋतु में प्रत्येक ग्राम पंचायत में वृहद पौधारोपण किया जाएगा। स्टॉप डेम एवं चेकडेम के कार्य प्राथमिकता से स्वीकृत किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदा बाई धनगर, पूर्व जनपद सदस्य श्री प्रेमसिंह परिहार, श्री अर्जुन सिंह सिसोदिया सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। सरपंच श्री जितेंद्र कुमार माली व ग्रामीणों ने साफा बांधकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री महेंद्र गुर्जर ने किया। पूर्व सरपंच श्री मानसिंह गुर्जर ने भी संबोधित किया। अंत में सरपंच श्री माली ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम उपरांत मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर ने बीसभुजा माता मंदिर के समीप स्थित तालाब के गहरीकरण एवं घाट साफ-सफाई कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
प्रारंभ में जन अभियान परिषद द्वारा ग्राम में वृहद जल कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, एवं अतिथियों, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा व अधिकारियों तथा बडी संख्या में महिलाओं एवं ग्रामीणें ने सहभागिता की। कलश यात्रा गांव का भ्रमण कर, बीसभुजा माता मंदिर पहुंची। जहां जल चौपाल का कार्यक्रम हुआ।
=====================
जब सुर मिले तो तस्वीर बदली
गंगा दशहरा पर श्रमदान की सुखद बयार से संवर गई सावन कुण्ड की प्राचीन बावड़ी
सांसद श्री गुर्जर की अगुआई में कलेक्टर श्री चंद्रा से लेकर आम नागरिकों ने श्रमदान कर दिया जल स्त्रोतों के संरक्षण का संदेश
नीमच 25 मई 2026, गंगा दशहरा के पावन अवसर पर नीमच में एक अनूठा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। ग्राम सावनकुण्ड स्थित ऐतिहासिक बावडी नीमच पर राज्य सभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर की अगुआई एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की प्रेरणादायक मौजूदगी में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन एक साथ उतरे। किसी ने झाडू, तसला थामा, किसी ने फावड़ा उठाया और किसी ने कुदाल संभाली। सब कतारबद्ध होकर बावडी की सफाई में जुट गए। यह दृश्य “मिले सुर मेरा तुम्हारा, तो सुर बने हमारा” की भावना को साकार कर रहा था। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत इस सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम का जिला प्रशासन ने आयोजन किया गया था।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिखाया जज्बा, मैदान में उतरकर थामा फावड़ा व तसला
इस सामूहिक श्रमदान में सांसद श्री गुर्जर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदा बाई धनगर, श्री प्रेमसिह परिहार, व जनअभियान परिषद के वालिन्टियर्स, जनप्रतिनिधियों ने कंधे से कंधा मिलाकर बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। वहीं प्रशासनिक मोर्चे पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, जनपद सीईओ श्री आरिफ खान,जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विरेन्द्र सिह ठाकुर, सहित अनेक अधिकारी भी पूरे जोश के साथ श्रमदान की इस कतार में शामिल हुए। इनके साथ आम नागरिक भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बने।
सामूहिक श्रमदान ने दिया जल संरक्षण का सशक्त संदेश
इस आयोजन ने एक बड़ा संदेश दिया। जब शासन और समाज मिलकर चलते हैं, तो बदलाव जरूर आता है। प्राचीन बावड़ी की यह सफाई केवल एक बावड़ी को स्वच्छ करने का प्रयास नहीं था। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए जल धरोहरों को सहेजने का संकल्प था। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ऐसे आयोजन समाज में जल संरक्षण की अलख जगा रहे हैं। साथ ही सहभागिता, एकजुटता और पर्यावरण चेतना को भी नई ऊर्जा दे रहे हैं।
=======
सीटीसी नीमच में 61 नव-नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों का बुनियादी प्रशिक्षण सह शपथ ग्रहण परेड संपन्न
निदेशक श्री दर्शन लाल गोला ने ली परेड की सलामी, उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को किया सम्मानित
12 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण के बाद राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हुए भूतपूर्व सैनिक
नीमच, 25 मई 2026। केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, नीमच में 25 मई 2026 को 61 नव-नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों (भूतपूर्व सैनिक) का बुनियादी प्रशिक्षण सह शपथ ग्रहण परेड समारोह आरटीसी परेड ग्राउंड में जोश एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री दर्शन लाल गोला, निदेशक/प्राचार्य, सीटीसी, केरिपुबल, नीमच ने परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर उप निरीक्षक/कैडेट मंजीत सिंह एवं परेड द्वितीय कमान अधिकारी उप निरीक्षक/कैडेट करण कुमार कौशल ने किया।
इस अवसर पर श्री प्रमोद कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक आरटीसी नीमच, श्री छोटन ठाकुर, कमांडेंट आरटीसी नीमच, श्री प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट ग्रुप केंद्र नीमच, श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता (पीएमजी), कमांडेंट/मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी, श्री हरविंदर सिंह, कमांडेंट 04 सिग्नल, श्री आशीष भटनागर, उप कमांडेंट, श्री राजेश पांचाल, सहायक कमांडेंट, श्री विशाल कुमार चौहान, सहायक कमांडेंट एवं श्री मनोज कुमार, सहायक कमांडेंट सीटीसी नीमच सहित केरिपुबल के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, गणमान्य जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी, जवान एवं उनके परिजन उपस्थित थे।
12 सप्ताह का गहन प्रशिक्षण: इन नव-नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों का बुनियादी प्रशिक्षण 02 मार्च 2026 से आरंभ हुआ था। 12 सप्ताह की अवधि में इन्हें बल के अनुशासन के साथ शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, युद्ध कौशल, कानून, प्रबंधन एवं निहत्थी लड़ाई का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त भीड़ व दंगा नियंत्रण, पुलिस-जनसंपर्क, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों का भी प्रशिक्षण दिया गया, ताकि ये जनता में सुरक्षा व विश्वास की भावना विकसित कर सकें।
जंगल सर्वाइवल प्रशिक्षण: प्रशिक्षुओं को जंगल सर्वाइवल प्रशिक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर रहने का अभ्यास कराकर राष्ट्र विरोधी ताकतों से लोहा लेने हेतु तैयार किया गया है।
उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं का सम्मान: इनडोर एवं आउटडोर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री दर्शन लाल गोला ने नव-नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों को संबोधित करते हुए देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब ये पूर्ण सैनिक बनकर देश के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात होकर अपनी सेवाएं देंगे।
इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के माता-पिता एवं परिजन भी पहुंचे। परेड के दौरान उप निरीक्षक/कैडेट्स द्वारा सजीव सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रण-कौशल का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं परिजनों ने सराहा। कार्यक्रम का समापन सामुहिक समूह चित्र एवं मीडिया कर्मियों से परस्पर संवाद के साथ हुआ। यह जानकारी के.रि.पु.बलके सी.टी.सी.कार्यालय नीमच से प्राप्त हुई है।
==========
कृति का चित्रकला प्रशिक्षण शिविर 01जून से
`शिविर 01 जून से 07 जून तके प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 10:00 बजे तके प्रज्ञा माध्यमिक विद्यालय गायत्री शक्तिपीठ पर आयोजित किया जाएगा। शिविर में कक्षा 5 और उससे ऊपर के सभी बालक/बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। पंजीयन के लिए कार्यक्रम संयोजक: श्री भरत जाजू ९४२५३२८१४४, श्री सत्येंद्र सक्सेना ९८२७०६४४४६, सहसंयोजक: श्री कमलेश जायसवाल ७०००६१५८३१, श्री मुकेश कासलीवाल ९४७९७२०१३७ से सम्पर्क किया जा सकता है ।कृति के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने सभी अभिभावकों व चित्रकला प्रेमी परिजनों से अनुरोध किया है कि इन छुट्टियों में अपने बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें इस शिविर का हिस्सा जरूर बनाएं।
कृति के सचिव रघुनन्दन पाराशर ने बताया कि स्थान सीमित हैं, इसलिए शीघ्र ही अपने बच्चे का नाम दर्ज कराएं!



