समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 26 मई 2026 मंगलवार

///////////////////////////////////
जल के बिना जीवन संभव नहीं, जल जीवन का अभिन्न अंग : सांसद श्री गुप्ता
गंगा दशहरा पर पशुपतिनाथ मंदिर स्थित शिवना घाट पर हुआ सामूहिक श्रमदान
मंदसौर 25 मई 26 / गंगा दशहरा के पावन अवसर पर पशुपतिनाथ मंदिर स्थित शिवना नदी के घाट पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता कर शिवना नदी घाट की सफाई की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है और जल प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अभिन्न अंग बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि नदी का स्वभाव ही ऐसा होता है जिसमें परम आनंद की अनुभूति होती है तथा सभ्यताओं का विकास भी नदियों के किनारे ही हुआ है। गंगा दशहरा का यह पावन दिवस समाज को जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देने वाला है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए वर्तमान समय में जल संरक्षण के लिए विशेष प्रयास आवश्यक हैं। शिवना नदी के किनारे श्रमदान करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि शिवना नदी में सामूहिक श्रमदान के माध्यम से प्रारंभ हुआ सफाई अभियान प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ अभियान घोषित हुआ था तथा देशभर में जल संवर्धन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का अवसर मिला।
सांसद श्री गुप्ता ने कहा कि आज चंबल का पानी खेतों तक पहुंच रहा है तथा माइक्रो सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ मिल रहा है। किसानों को ड्रिप सिंचाई अपनाने के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया जाना चाहिए ताकि जल की बचत सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे आज लगभग 97 प्रतिशत इलेक्ट्रिक ऊर्जा पर आधारित हो चुका है तथा पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता लगभग समाप्त हो रही है। साथ ही मंदसौर-नीमच क्षेत्र में परमाणु ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केंद्र सरकार द्वारा सर्वे कार्य भी कराया जा रहा है।
सांसद श्री गुप्ता ने कहा कि भारत स्वच्छता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता है तथा राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। स्वच्छता केवल नदी और आसपास ही नहीं, बल्कि मन में भी होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सांसद श्री गुप्ता ने सभी को शपथ भी दिलाई। शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि “मंदसौर नगर, प्रदेश और देश के पर्यावरण को सुरक्षित रखने एवं संरक्षित करने के लिए में शपथ लेता हूँ कि मैं अपने तन, मन और धन से अपना योगदान सहर्ष और स्वैच्छा से प्रदान करूँगा।
मैं शपथ लेता हूँ कि माँ शिवना को प्रदूषण से बचाने के लिए और उसे स्वच्छ रखने के लिए मैं अपना संपूर्ण योगदान दूँगा और मित्रों को प्रेरित करूँगा।
==========
लोक सेवा गारंटी के समय सीमा से बाहर के लंबित प्रकरणों में लगाए जुर्माना : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न
मंदसौर 25 मई 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन सभा कक्ष में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समय सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, जिलाधिकारी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत संचालित सभी कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए तथा सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य रूप से करें।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में निराकरण करें। जिन विभागों द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को अनुग्रह सहायता राशि से संबंधित प्रकरणों का भी समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत समय सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों में संबंधितों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए। बैठक के दौरान गेहूं उपार्जन कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
===========
बाढ़ नियंत्रण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित करें : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
खनिज विभाग पुरानी खदानों का चिन्हांकन कर रेवेन्यू एवं होमगार्ड के साथ करे अवलोकन
मंदसौर 25 मई 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन में बाढ़ नियंत्रण संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि जिले में बाढ़ नियंत्रण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि बाढ़ से बचाव के लिए भानपुरा क्षेत्र में एक स्थायी टीम तैनात रखी जाए। खनिज विभाग पुरानी खदानों का चिन्हांकन करे तथा रेवेन्यू एवं होमगार्ड विभाग के साथ संयुक्त रूप से उनका अवलोकन करें। साथ ही खदानों के बाहर चेतावनी संबंधी बोर्ड भी लगाए जाएं।
कलेक्टर ने जिले की सभी छोटी पुल-पुलियाओं पर सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को सभी स्कूल भवनों की जांच करने तथा जहां मरम्मत की आवश्यकता हो वहां वर्षा ऋतु पूर्व मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
सभी एसडीएम को पुराने एवं जर्जर भवनों का चिन्हांकन कर संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी बसों के परमिट एवं फिटनेस की वर्षा पूर्व जांच सुनिश्चित करें। विशेष रूप से यह ध्यान रखा जाए कि वर्षा के दौरान बच्चों से भरी बसें पुल-पुलियाओं को पार न करें।
===============
ग्राम सेमरोल, टोकडा एवं किशोरपुरा में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत 627 मरीजों ने करवाया स्वास्थ्य परीक्षण
मंदसौर 25 मई 26 / टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत ग्राम सेमरोल, टोकडा एवं किशोरपुरा में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई तथा स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर में कुल 627 मरीजों की ओपीडी की गई। इनमें 415 पुरुष एवं 207 महिलाओं ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर के दौरान 395 एक्सरे किए गए, जिनमें 14 एक्सरे एब्नार्मल पाए गए। साथ ही 37 स्पूटम कलेक्शन एवं 39 सीवाई टेस्ट किए गए।
इसके अतिरिक्त 267 हीमोग्लोबिन जांच, 254 ब्लड शुगर जांच एवं 378 बीपी जांच की गई। टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए 15 निक्षय मित्र बनाए गए तथा 24 जरूरतमंद मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को टीबी रोग के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।
=============
माय भारत द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
मंदसौर 25 मई 26 / भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत माय भारत द्वारा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, मंदसौर के समन्वय से सार्वजनिक वितरण प्रणाली विषय पर अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 25 मई को शासकीय वेयरहाउस, भूनियाखेड़ी में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं प्रतिभागियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली, खाद्यान्न भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा हितग्राहियों तक राशन पहुँचाने की प्रक्रिया की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को शासकीय वेयरहाउस की व्यवस्थाओं का अवलोकन कराया गया। साथ ही खाद्यान्न के संग्रहण, गुणवत्ता नियंत्रण एवं वितरण संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं संचालन प्रक्रिया से भी युवाओं को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर युवाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं को समझा तथा विभागीय अधिकारियों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
===============
गंगा दशमी पर अरनिया निजामुद्दीन में निकली भव्य कलश यात्रा, जल संरक्षण का लिया संकल्प
अरनिया निजामुद्दीन (मंदसौर)। गंगा दशमी के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक तृप्ति बैरागी एवं विकासखंड समन्वयक अर्चना भट्ट के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत अरनिया निजामुद्दीन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत धार्मिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बाजरखेड़ी द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके पश्चात घाट पूजन, स्वच्छता अभियान, शिव मंदिर में जलाभिषेक एवं महाआरती का आयोजन किया गया।
इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को गंगा दशमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराते हुए जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। जल गंगा संवर्धन अभियान जनभागीदारी से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है, जो समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में समाजसेवी ललिता, उपसरपंच मुबारिक भाई, नवांकुर संस्था के बंशीलाल राठौर, परामर्शदाता संदीप शर्मा, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष बाना, सचिव मंजू भावसार, लालाभाई अजमेरी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने तथा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
=====



