समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 08 मई 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////////
अज्ञात ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दंपति सहित मासूम घायल
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलिया से जावरा जा रहे बाइक सवार परिवार को दोपहर करीब 2:25 बजे बही चौपाटी के पास एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार साहिल पिता जाकिर मंसूरी उम्र 31 वर्ष, उनकी पत्नी चांदनी उम्र 29 वर्ष एवं उनका 3 वर्षीय मासूम साहिल घायल हो गया। तीनों निवासी पिपलिया मंडी बताए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, जहां पैरामेडीकल विशालगिरीश भाटी एवं पायलट गोविन्द सिंह देवड़ा ने घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद अज्ञात ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
==========
प्रदेश में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, ई-विकास पोर्टल से करें बुकिंग
मन्दसौर 7 मई 26 / खरीफ फसलों की बोनी की तैयारी हेतु प्रदेश में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान स्थिति में लगभग 6.40 लाख मेट्रिक टन यूरिया, 1.57 लाख मेट्रिक टन डीएपी, 3.56 लाख मेट्रिक टन एनपीके, इस प्रकार 5.13 लाख मेट्रिक टन डीएपी एनपीके तथा 3.50 लाख मेट्रिक टन एसएसपी खाद उपलब्ध है। विषम वैश्विक परिस्थितियों के उपरांत भी भारत सरकार द्वारा प्रदेश में उर्वरको की आपूर्ति निर्बाध तथा तय कार्यक्रम अनुसार निरंतर की जा रही है। प्रदेश में उक्त उपलब्ध खाद सोसायटीवार, मार्कफेड के डबल लॉक केंद्रवार, निजी दुकानवार ई-विकास पोर्टल पर उपलब्ध है।
जिला विपणन अधिकारी श्रीमति गरिमा सेंगर ने किसान भाइयों से अनुरोध किया है कि किसान भाई अपनी आवश्यकतानुसार अपनी सोसायटी अथवा मन पसंद दुकान से ई-विकास पोर्टल के माध्यम से बुकिंग कर अपने खाद को उठा सकते है। ई-विकास प्रणाली में राजस्व पट्टाधारी, वन पट्टाधारी, सिकमी किसान, शारीरिक रूप से अक्षम किसान, वृद्ध किसान, मृतक किसान के वारिसान को, धार्मिक संस्थान/ट्रस्ट, आदि की जमीन के लिए खाद उपलब्ध कराने हेतु सुविधा दी गयी है। किसान खरीफ की फसलों की बोनी हेतु फसलों की अनुशंसित खाद की मात्रा अनुसार यूरिया, एसएसपी, एनपीके, डीएपी, पोटाश खाद की पूर्ण मात्रा को एक बार में ही उठा सकता है। यदि किसान चाहे तो पुनः पोर्टल पर प्रक्रिया का पालन कर अपनी मर्जी अनुसार खाद बुक कर अपनी सुविधानुसार उठा सकता है। उपसंचालक कृषि श्री रविंद्र मोदी ने बताया कि वर्तमान में मंदसौर जिले में सभी उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। जिले में कुल 26704 मी टन उर्वरक उपलब्ध है, जिसमें मुख्य रूप से 8202 टन यूरिया, 3383 टन डीएपी ,4179 टन सुपर फास्फेट 9799 टन एनपीके एवं 641 मेट्रिक टन एमओपी है।
==========
नकली सोना गिरवी रखकर लाखों का खेल
गोल्ड लोन कंपनी को चूना लगाने वाले दो शातिर युवक गिरफ्तार
भानपुरा क्षेत्र में गोल्ड लोन के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। थाना क्षेत्र में दो युवकों ने मिलावटी सोना असली बताकर गोल्ड लोन कंपनी से लाखों रुपए ऐंठने की साजिश रची। मामले के फरियादी सेल्वम कुप्पन पिता कुप्पन उम्र 43 वर्ष निवासी तमिलनाडु ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
भानपुरा थाना प्रभारी आरसी डांगी के मुताबिक आरोपियों ने पहले भी आशीर्वाद गोल्ड लोन कंपनी में नकली/मिलावटी सोना गिरवी रखकर करीब 7 लाख रुपए का लोन हासिल किया था। इस लोन लेने के एक माह के भीतर ही जब आरोपी दोबारा लोन लेने पहुंचे तो कंपनी कर्मचारियों को सोने पर शक हुआ। जांच में सोना मिलावटी निकला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समीर खान और शाहिद पठान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
==========
टीबी जागरूकता के साथ ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई
ग्राम पांगा में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
मंदसौर 7 मई 26 / प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे 100 दिवसीय आयुष्मान आरोग्य अभियान के तहत ग्राम पांगा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन ग्राम पांगा के सरपंच द्वारा किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग एवं हाई रिस्क क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा टीबी जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना है।
शिविर के दौरान टीबी जागरूकता अभियान के तहत उपस्थित ग्रामीणों को टीबी शपथ दिलाई गई तथा रोग के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि लगातार कई दिनों तक खांसी आना, भूख न लगना, वजन कम होना, रात में पसीना आना एवं लगातार बुखार रहना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं।
ग्रामीणों को बताया गया कि टीबी से घबराने की आवश्यकता नहीं है। बलगम जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर 6 माह का नियमित उपचार मरीज को पूर्णतः स्वस्थ कर सकता है। साथ ही उपचाररत मरीजों को निक्षय योजना के अंतर्गत 1000 रुपये प्रतिमाह की पोषण सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।
शिविर में नागरिकों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें टीबी स्क्रीनिंग हेतु एक्स-रे जांच के माध्यम से संदिग्ध एवं पूर्व में उपचाररत मरीजों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं बीएमआई की जांच भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं जागरूकता संदेश भी दिए गए।
============
मत्स्य उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर
केज स्थापना एवं मत्स्य गतिविधियों हेतु आवेदन 20 मई तक आमंत्रित
मंदसौर 7 मई 26 / सहायक संचालक, मत्स्य विभाग द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग द्वारा ” मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलो मे मत्स्योद्योग विभाग चयनित जलाशय मे समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा उद्यमी माडल अंतर्गत निवेशको / उद्यमियो द्वारा केज स्थापना व अन्य गतिविधियो जैसे-केज एक्वाकल्चर, एक्वापोनिक्स, इंटीग्रटेड फिश फार्मिंग, ईको टुरिज्म एवं ग्रीन एनर्जी को बढावा देने एवं मत्स्योत्पादन में वृद्धि हेतु निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित करते हुए प्रदेश के मात्स्यिकी क्षेत्र मे निजी निवेश को बढावा देने के लिये बैकवर्ड एवं फारवर्ड लिंकेज के माध्यम से फिश हैचरी, आईस प्लाण्ट, कोल्ड स्टोरेज, फिश प्रोसेसिंग यूनिट एवं विपणन अधोसंरचनाओ के विकास हेतु बैंक ऋण सुविधा, ब्याज सबवेशन तथा तकनीकी सहायता प्रदान किये जाने के लिए आवेदन आमंत्रित किये जाते है।
इच्छुक निवेशक / उद्यमी 20 मई 2026 तक कार्यालयीन दिवस / समय मे आवेदन (डी.पी.आर व अन्य समस्त वांछित दस्तावेजो सहित) संबंधित जिले के मत्स्योद्योग विभाग कार्यालय मे प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी मत्स्योद्योग विभाग के जिला कार्यालय एवं विभाग के वेबसाईट www. mpfisheries.gov.inसे भी प्राप्त की जा सकती है।
प्रत्येक टीम में 7-7 सीए सदस्य रहेंगे तथा प्रत्येक टीम द्वारा तीन मैच खेले जाएंगे। इसके पश्चात सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों के माध्यम से विजेता एवं उपविजेता टीम का चयन किया जाएगा।
क्रिकेट टूर्नामेंट के सफल आयोजन हेतु सीए सुबोध सिंहल, सीए अंकित श्रीमाल, सीए आशीष जैन एवं सीए योगेंद्र जैन को प्रोजेक्ट चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
उक्त जानकारी मंदसौर शाखा के अध्यक्ष सीए विनय अग्रवाल द्वारा प्रदान की गई।
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के 48 कार्य पूर्ण
जल संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम, धरती के जल स्तर में होगी वृद्धि
मंदसौर 7 मई 26 / प्रदेश शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मंदसौर जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। अभियान के तहत जिले में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के 48 कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, जबकि 84 कार्यों पर निर्माण कार्य प्रगतिरत है। जिला पंचायत द्वारा कुल 180 कार्यों का चयन किया गया था, जिनमें चरणबद्ध तरीके से कार्य कराए जा रहे हैं।
शासकीय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं के निर्माण से वर्षा जल का संचय किया जा सकेगा तथा पानी सीधे जमीन में समाहित होगा। इससे धरती के जल स्तर में वृद्धि होने के साथ-साथ भविष्य में जल संकट की स्थिति से भी राहत मिलेगी।
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न प्रकार के जल संरक्षण कार्य व्यापक स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें कंटूर ट्रेंच निर्माण, पर्कोलेशन तालाब निर्माण, अमृत सरोवर निर्माण, खेत तालाब निर्माण तथा डगवेल रिचार्ज जैसे कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से वर्षा जल को संरक्षित कर भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आमजन के लिए सार्वजनिक प्याऊ की स्थापना भी की जा रही है, ताकि राहगीरों एवं नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही “एक बगिया मां के नाम” परियोजना के माध्यम से जिले में फलदार पौधों का रोपण किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल जनभागीदारी के साथ संचालित की जा रही है।
अभियान के तहत प्राचीन एवं परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण और प्राचीन बावड़ियों के जीर्णोद्धार का कार्य भी प्राथमिकता से किया जा रहा है। इससे ऐतिहासिक जल संरचनाओं का संरक्षण होने के साथ-साथ जल संग्रहण क्षमता में भी वृद्धि होगी।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक होकर वर्षा जल संचयन एवं जल बचत के उपाय अपनाने की अपील की गई है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके। फोटो संलग्न
==========
मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री करोसीया 13 मई को मंदसौर प्रवास पर रहेंगे
मंदसौर 7 मई 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया 13 मई 2026 को मंदसौर प्रवास पर रहेंगे।
तय कार्यक्रम अनुसार मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया 13 मई 2026 को नीमच से मंदसौर के लिए प्रस्थान करेंगे। 13 मई 2026 को शाम 4:30 बजे मंदसौर आगमन एवं जिला कलेक्टर कार्यालय में शासकीय बैठक लेंगे। बैठक के पश्चात मंदसौर से रतलाम के लिए प्रस्थान करेंगे।
=========
लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए जिले में 9 मई को नेशनल लोक अदालत
संपत्ति एवं जल कर के सरचार्ज (अधिभार) में मिलेगी 100 प्रतिशत तक की छूट
मंदसौर 7 मई 26 / मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 9 मई शनिवार को प्रदेश के जिला न्यायालय एवं तहसील के व्यवहार न्यायालयों में ‘नेशनल लोक अदालत’ का वृहद स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। नागरिकों के कल्याण और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। नेशनल लोक अदालत में नागरिकों को विशेष सुविधा प्रदान करते हुए संपत्ति कर, जल कर एवं अन्य उपभोक्ता कर के लंबित प्रकरणों में देय अधिभार (सरचार्ज) पर 100 प्रतिशत तक की अभूतपूर्व छूट प्रदान की जा रही है। योजना के प्रावधानों के अंतर्गत 50 हजार रुपये तक के संपत्ति कर और 10 हजार रुपये तक के जल कर की बकाया राशि वाले प्रकरणों में सरचार्ज पूर्णतः माफ किया जाएगा। इससे अधिक की बकाया राशि होने पर निर्धारित स्लैब के अनुरूप सरचार्ज में 25 से 75 प्रतिशत तक की रियायत का प्रावधान किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 तक की बकाया राशि पर यह विशेष छूट वन टाइम सेटलमेंट के रूप में देय होगी।
इस योजना का लाभ प्राप्त करने वाले नागरिकों को छूट के उपरांत शेष राशि अधिकतम दो आसान किश्तों में जमा करने की सुविधाजनक व्यवस्था प्रदान की गई है, जिसके अंतर्गत कम से कम 50 प्रतिशत राशि लोक अदालत के दिन ही जमा करना अनिवार्य होगा। राज्य शासन ने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस नेशनल लोक अदालत में सहभागिता कर अपने लंबित प्रकरणों का निराकरण करवाएं और शासन द्वारा प्रदाय की जा रही इस विशेष छूट का अधिकतम लाभ उठाएं।
लोक अदालत के माध्यम से नगरीय निकायों के लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं सुलभ निराकरण किया जाएगा, जिससे आमजनों को व्यापक राहत मिलेगी। शासन की इस जन-कल्याणकारी पहल से नागरिकों को न केवल करों के भारी बोझ से मुक्ति प्राप्त होगी, बल्कि इसके फलस्वरूप नगरीय निकायों को भी एकमुश्त राजस्व की प्राप्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
=========
सपने कभी रुकते नहीं, बस सही मौके का इंतजार करते हैं और यह वही मौका है सपनों को सच करने का : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीं द्वितीय परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं
कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड की द्वितीय परीक्षा प्रारंभ
मंदसौर 7 मई 26 / प्रदेश सरकार द्वारा एमपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम में असफल हुए विधार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए द्वितीय परीक्षा का अवसर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुनः परीक्षा देने वाले विधार्थियों को शुभकामना संदेश देते हुए कहा कि प्रिय विद्यार्थियों, आप जानते हैं कि इस साल एमपी बोर्ड की कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहा, इसी प्रकार 10वीं के परिणाम भी अच्छे रहे, लेकिन कुछ परीक्षार्थी सफल नहीं हो सके थे। ऐसे बच्चों के लिए मध्यप्रदेश में द्वितीय परीक्षा अवसर की शुरुआत 7 मई से की जा रही है। आप सभी को मेरी ओर से अग्रिम शुभकामनाएं।
आप केवल छात्र नहीं, प्रदेश के भविष्य की उज्ज्वल आशा हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आप सभी मेरे लिए केवल छात्र नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य की उज्ज्वल आशा हैं। जब आप अपने सपनों के लिए मेहनत करते हैं, तो उसमें केवल आपका नहीं, आपके परिवार का, आपके शिक्षकों का और पूरे प्रदेश का विश्वास जुड़ा होता है। मैं समझता हूं कि कभी-कभी परिस्थितियां हमारे अनुकूल नहीं होतीं, परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं आते, इससे मन थोड़ी देर के लिए ठहर जाता है। लेकिन सच्चाई यह है कि सपने कभी रुकते नहीं, वह बस सही मौके का इंतजार करते हैं और यह वही मौका है।
महज योजना नहीं, विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देन का संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैं हर विद्यार्थी को ये कह रहा हूं कि एक परिणाम आपके पूरे भविष्य की कहानी तय नहीं कर सकता। प्रदेश सरकार की ओर से यह अवसर इसी दिशा में एक विशेष पहल है। ये महज योजना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को फिर से उड़ान देन का संकल्प है। यह उन बच्चों के लिए उम्मीद की नई किरण है। जो 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षा में किसी कारणवश अनुत्तीर्ण हो गए या परीक्षा नहीं दे पाए। द्वितीय परीक्षा विद्यार्थियों के लिए एक नई शुरुआत है। एक ऐसा मौका, जहां आप अपनी मेहनत को फिर से साबित कर सकते हैं। अपने आत्मविश्वास को पुनः खड़ा कर सकते हैं और अपने लक्ष्य के और करीब पहुंच सकते हैं। वहीं अब प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 7 मई से प्रारंभ हो रही हैं।
बच्चों के साथ खड़े रहें अभिभावक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों से भी मेरा विनम्र निवेदन है कि इस समय बच्चों के साथ खड़े रहें। उनके मन को समझें, उन्हें सपोर्ट करें क्योंकि कई बार एक विश्वास भरा शब्द ही उन्हें नई ऊर्जा दे देता है, हर विद्यार्थी में अपार क्षमता है। अगर जरूरत है तो केवल उसे पहचानने की, उसे संवारने की और सही दिशा देने की। याद रखिए यह परीक्षा सिर्फ अंक सुधारने का नहीं, बल्कि अपने आत्मविश्वास को फिर से मजबूत करने का अवसर भी है। अंत में मैं आप सभी को परीक्षा के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। आप प्रदेश का भविष्य हैं। आप सफल होकर अपने सपनों को साकार करें और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करें। आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं। आगे बढ़ें, सफल हों और अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को छुएं।
===============
फ्री ट्रेनिंग में रहना-खाना मुफ्त, स्टाइपेंड भी देगी सरकार
सुरक्षाबलों में भर्ती के लिए 11 मई तक करें ऑफलाइन आवेदन
मंदसौर 7 मई 26 /मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए निशुल्क ट्रेनिंग देने जा रही है। अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए शुरू की गई ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना’ में उन्हें 45 दिन का निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस योजना से प्रदेश के 4000 ओबीसी युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना का लाभ लेने के लिए 11 मई की शाम 6 बजे तक आवेदन किए जा सकते हैं।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हमारी सरकार प्रदेश के ओबीसी वर्ग के युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी संकल्प को साकार करते हुए सैन्य बलों में भर्ती की निःशुल्क कोचिंग के लिए शुरू की गई ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026’ युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने प्रदेश के ओबीसी वर्ग के प्रतिभावान युवक-युवतियों से इस योजना में बढ़-चढ़कर आवेदन करने की अपील की है।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑफलाइन और निःशुल्क रखी गई है। उम्मीदवार, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट ( www.bcwelfare.mp.gov.in) से फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, 20 चयनित जिलों में स्थित पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के ‘सहायक संचालक कार्यालयों’ से भी निःशुल्क आवेदन फॉर्म प्राप्त किए जा सकते हैं। इन फॉर्म को सही तरीके से भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ 11 मई या उससे पहले इन्हीं कार्यालयों में जमा करना होगा।
योजना के लिए कौन पात्र होगा?
आवेदन करने के लिए युवा का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना और अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमीलेयर) श्रेणी में आना अनिवार्य है। आवेदक का न्यूनतम 12वीं कक्षा पास होना जरूरी है। शारीरिक मापदंड के तहत पुरुषों की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और महिलाओं की 155 सेंटी मीटर होनी चाहिए। साथ ही, आवेदक के पैरों के तलवे चपटे (फ्लैट फुट) नहीं होने चाहिए और ‘सावधान’ की मुद्रा में खड़े होने पर दोनों घुटने आपस में टकराने (नॉक नीज़) नहीं चाहिए। आवेदन यदि 4000 से अधिक प्राप्त होते हैं, तो चयन 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों (मेरिट) के आधार पर किया जाएगा। अंक समान होने की स्थिति में अधिक उम्र वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।
ट्रेनिंग के दौरान मिलेंगी कई सुविधाएं
चयनित युवाओं को ट्रेनिंग के दौरान कई शानदार सुविधाएं निशुल्क दी जाएंगी। प्रशिक्षणार्थियों को 45 दिन के आवासीय प्रशिक्षण में नाश्ता, दोनों समय का भोजन और अध्ययन सामग्री विभाग की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण अवधि में जेब खर्च के लिए पुरुष अभ्यर्थियों को 1,000 रुपए प्रतिमाह और महिला अभ्यर्थियों को 1,100 रुपए प्रतिमाह का स्टाइपेंड भी सीधे उनके बैंक खातों में दिया जाएगा। योजना में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कुल 4000 सीटों में से 35 प्रतिशत सीटें महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रखी गई हैं।
ट्रेनिंग प्रोग्राम को रिजल्ट ओरिएंटेड बनाया गया है। इसमें युवाओं को हर दिन लगभग 4 घंटे सैद्धांतिक विषयों की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा, सुबह और शाम मिलाकर प्रतिदिन 3 घंटे दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी शारीरिक ट्रेनिंग दी जाएगी। शुरुआत में यह ट्रेनिंग प्रदेश के 20 जिलों (भोपाल, रायसेन, इंदौर, खंडवा, उज्जैन, मंदसौर, सागर, टीकमगढ़, जबलपुर, छिंदवाड़ा, ग्वालियर, गुना, शहडोल, अनूपपुर, रीवा, सतना, नर्मदापुरम, बैतूल, मुरैना और भिंड) के 40 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इन केंद्रों में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी।
======

