मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 08 मई 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////

जिले में जारी फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान के तहत होटल समता सागर का निरीक्षण

ग्रीष्म ऋतु एवं बढ़ते तापमान के दृष्टिगत अग्निदुर्घटनाओं की संभावनाओं में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेशानुसार जिले के विभिन्न अनुभागों में अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर अनुविभाग स्तर पर फायर सेफ्टी ऑडिट दल गठित किया गया एवं ऑडिट कार्य 01 मई से प्रारंभ किया गया है।

इसी क्रम में 7 मई को प्रातः जिला प्रशासन रतलाम शहर के संयुक्त दल द्वारा होटल समता सागर रतलाम का अग्नि सुरक्षा अंतर्गत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में होमगार्ड विभाग, फायर विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग एवं एमपीईबी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि होटल में कुल 63 कमरे हैं, जबकि फायर इक्विपमेंट के रूप में केवल 6 नग एबीसी फायर एक्सटिंग्विशर एवं 2 नग CO2 फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध हैं। टीम द्वारा होटल प्रबंधन को तत्काल आवश्यक संख्या में अग्निशमन उपकरण बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान हाईड्रेंट लाइन बंद पाई गई तथा अलार्म सिस्टम भी कार्यरत नहीं मिला। फायर ऑडिट टीम ने इन व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे।

=============

’सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत यात्रा करने वाले सौभाग्यशाली – श्री उपाध्याय’

’रतलाम से 47 यात्रियों को शुभकामनाएं दे कर रवाना किया’

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व सोमनाथ मंदिर पर 1026 में हुए पहले हमले के 1000 वर्ष और 1951 में पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा एक राष्ट्रीय स्मरणोत्सव है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, यह आयोजन भारत की अटूट आस्था, सांस्कृतिक एकता और विरासत के पुनरुद्धार को दर्शाता है। यह महोत्सव बताता है कि सोमनाथ मंदिर, जिसे बार-बार नष्ट करने का प्रयास किया गया, आज भी भारत की आस्था का केंद्र बनकर अडिग खड़ा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सुप्रयासों से प्रदेश के श्रद्धालुओं को यह अवसर मिल रहा है। इस पर्व के तहत सोमनाथ की यात्रा कर रहे रतलाम जिले के सभी तीर्थ यात्री सौभाग्यशाली है। उन्हें बहुत शुभकामनाएं। उक्त विचार सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत रतलाम से सोमनाथ की यात्रा पर प्रस्थान कर रहे रतलाम जिले के 47 श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने व्यक्त किए । उन्होंने कहा कि सोमनाथ जाकर सभी श्रद्धालु दर्शन लाभ भी लेवें और वहां विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर हमारी सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित हों ।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन ने इस अवसर पर कहा कि कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में इस यात्रा के आयोजन के लिए गठित दल द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। सभी श्रद्धालु यात्रा के दौरान अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें । अपने समूह के साथ रहें और वहां के प्रत्येक स्थल का भ्रमण करें । उन्होंने कहा कि जीवन में धार्मिक यात्रा का बहुत महत्व है । इसे पूर्ण श्रद्धा भाव से किया जाए, यह आवश्यक है । परियोजना अधिकारी डूडा श्री अरुण पाठक ने तीर्थ यात्रियों को यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराते हुए कहा कि यह पूरी तरह वातानुकूलित यात्रा है । रतलाम से उज्जैन वातानुकूलित बसों द्वारा यात्री जा रहे हैं । उज्जैन से सोमनाथ की ट्रेन भी वातानुकूलित है। इस दौरान यात्रियों के ठहरने, भोजन , नाश्ते एवं भ्रमण की पूरी व्यवस्था शासन द्वारा की गई है । यात्रा के समन्वयक के रूप में रतलाम से जिम्मेदार कर्मचारियों को आपके साथ भेजा जा रहा है । पूरी यात्रा के दौरान उनके संपर्क में रहें और अपनी यात्रा को सफल बनाएं । इस अवसर पर यात्रियों का पुष्पहार से अभिनंदन किया गया एवं शुभकामनाएं प्रदान की गई । कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया । अतिथियों ने यात्री बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । इस अवसर पर श्रद्धालुओं के परिजन एवं संबंधित अधिकारी ,कर्मचारी उपस्थित थे ।

===========

एसडीएम रतलाम ग्रामीण एवं तहसीलदार शहर ने किया गेहूं उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है । आज एसडीएम रतलाम ग्रामीण श्री विवेक सोनकर ने प्रेस्टीज वेयरहाउस एवं तहसीलदार रतलाम शहर श्री ऋषभ ठाकुर ने धराड केन्द्र क्र 01 स्थित गेहूं उपार्जन केन्द्रो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तौल कांटों का सत्यापन किया गया तथा किसानो से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं एवं केंद्रों पर की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

===========

ग्राम उमरन में जल चौपाल आयोजित कर दिया जल बचाने का सन्देश

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में कार्यपालन यंत्री श्री एस आर जांगड़े के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म काल में पेयजल व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने एवं जल से सम्बन्धित समस्याओं के निराकरण हेतु जल चौपाल आयोजित की जा रही हैं इसी कड़ी में रतलाम विकासखंड के ग्राम उमरन में जनपद पंचायत सीईओ श्री सीएस वास्कले ,पीएचई विभाग के सहायक यंत्री श्री डी सी कथिरिया की उपस्थिति में जल चौपाल आयोजित की गई ।

जल चौपाल में वर्तमान में पंचायत में चल रही पेयजल व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में ग्रामवासियों से चर्चा की । सीईओ श्री वास्कले ने ग्राम में चल रही नलजल योजना की स्थिति एवं उससे होने वाले जल प्रदाय के बारे में पूछा, ग्राम पंचायत में वर्षभर चलने वाले शासकीय एवं निजी पेयजल स्त्रोतों की जानकारी ली साथ ही नलजल योजना के सुचारू संचालन संधारण एवं समय पर जलकर राशि जमा करने की बात कही ओर बताया कि जल संकट से निपटने के लिए वर्षा जल को सहजने का हर संभव प्रयास करना होगा जल गंगा संवर्धन अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।

सहायक यंत्री श्री कथिरिया ने जल गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए कहा की जल उपलब्धता के साथ उसकी गुणवत्ता की जानकारी हमें होना चाहिए पेयजल स्त्रोतों के आस पास स्वच्छता बनाए रखना चाहिए ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्थाओं को लेकर पीएचई विभाग हमेशा तत्पर है। चर्चा के दौरान लोगों ने सवाल किए ओर अपने सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत को जल गुणवत्ता जांचने के लिए फील्ड टेस्ट किट भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर उपसरपंच श्री ऋषिराज सोनगरा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री श्री अर्पित चतर, विकासखंड समन्वयक श्री बबन बेनल सहीत ग्रामीणजन उपस्थित थे।

======

एसडीएम रतलाम शहर एवं एसडीएम रतलाम ग्रामीण ने किया जनगणना के कार्यों का निरीक्षण

जनगणना कार्य निदेशालय भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना संबंधी कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक जिले में किया जा रहा है। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से संपादित किए जाने हेतु अधिकारियों द्वारा जिले में निरीक्षण किया जा रहा है।

एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित ने बंजली में तथा एसडीएम रतलाम ग्रामीण श्री विवेक सोनकर ने बिलपांक में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रगणकों, सुपरवाइजर एवं फील्ड ट्रेनर्स द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली एवं नागरिकों को जनगणना के लिए प्रगणको को सही-सही जानकारी देने के लिए जागरूक किया।

=====

आलोट में आरोह 2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

युवाओं के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आरोह 2026 के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 5 मई से 5 जून तक आलोट के विभिन्न केंद्रों पर संचालित होगा।

शिविर का आयोजन मुख्य रूप से सांदीपनि विद्यालय आलोट, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कराड़िया एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय लूनी में किया जा रहा है। यहाँ एथलेटिक्स, थ्रो बॉल और खो-खो जैसे खेलों का विशेष प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है। शिविर में ब्लॉक समन्वयक दुर्गाशंकर मोयल के साथ अतुल वर्मा, बद्रीलाल बसेर, गोकुलसिंह चौहान और माधव शर्मा जैसे प्रशिक्षक खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों से अवगत करा रहे हैं।

जिला खेल अधिकारी श्रीमती रूचि शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव और खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग के मार्गदर्शन में आयोजित इस एक माह के शिविर का उद्देश्य युवाओं का बहुमुखी विकास करना है। शिविर में खेल के साथ-साथ फिट इंडिया मूवमेंटरूफिटनेस, योग और प्राणायाम के जरिए स्वस्थ जीवनशैली का संदेश, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता (लीडरशीप) और संचार कौशल को बढ़ाना। सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति पर जागरूकता और कला-मनोरंजन के माध्यम से युवाओं का रचनात्मक विकास किया जा रहा है।

इच्छुक प्रतिभागी खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट dsywmp.gov.in या क्यू आर कोड को स्कैन कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। सफल समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे, जो उनके भविष्य के खेल करियर के लिए महत्वपूर्ण होंगे।

========

खरीफ फसलों की बोनी हेतु प्रदेश में खाद का पर्याप्त भंडार उपलब्ध

उप संचालक कृषि श्री आर के सिंह ने बताया कि खरीफ फसलों की बोनी की तैयारी हेतु प्रदेश में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान स्थिति में लगभग 6.40 लाख मेट्रिक टन यूरिया, 1.57 लाख मेट्रिक टन डीएपी, 3.56 लाख मेट्रिक टन एनपीके इस प्रकार 5.13 लाख मेट्रिक टन डीएपी एनपीके तथा 3.50 लाख मेट्रिक टन एसएसपी खाद उपलब्ध है। विषम वैश्विक परिस्थितियों के उपरांत भी भारत सरकार द्वारा प्रदेश में उर्वरको की आपूर्ति निर्बाध तथा तय कार्यक्रम अनुसार निरंतर की जा रही है। प्रदेश में उक्त उपलब्ध खाद सोसायटीवार, मार्कफेड के डबल लॉक केंद्रवार, निजी दुकानवार ई-विकास पोर्टल पर उपलब्ध है।

किसान भाइयो से अनुरोध है कि अपनी आवश्यकतानुसार खाद अपनी सोसायटी / मन पसंद दुकान से ई-विकास पोर्टल के माध्यम से बुकिंग कर अपने खाद को ले सकते है। ई-विकास प्रणाली में राजस्व पट्टाधारी, वन पट्टाधारी, सिकमी किसान, शारीरिक रूप से अक्षम किसान, वृद्ध किसान, मृतक किसान के वारिसान को, धार्मिक संस्थान/ट्रस्ट, की जमीन के लिए खाद उपलब्ध कराने हेतु सुविधा दी गयी है।

किसानो को खरीफ की फसलो की बोनी हेतु फसलो की अनुशंसित खाद की मात्रा अनुसार यूरिया, एसएसपी, एनपीके, डीएपी, पोटाश खाद की पूर्ण मात्रा को एक बार में ही ले सकते है। यदि किसान चाहे तो पुनः पोर्टल पर प्रक्रिया का पालन कर अपनी मर्जी अनुसार खाद बुक कर अपनी सुविधानुसार उठा सकता है।

=========

विश्व थैलेसीमिया दिवस 8 मई के अवसर पर रक्तदान करें – सीएमएचओ डॉ संध्या बेलसरे

विश्व थैलेसीमिया दिवस का आयोजन प्रतिवर्ष 8 मई को किया जाता है। इस वर्ष की थीम” जागरूकता, बचाव और देखभाल, थैलेसीमिया मुक्त भविष्य के लिए साथ आए” निर्धारित की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसर ने बताया कि थैलेसीमिया एक अनुवांशिक रक्त विकार है जिसके कारण रक्त में हीमोग्लोबिन कम बनता है। हमारा संकल्प है कि थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाएं, जांच को अपनाए और स्वस्थ समाज का निर्माण करें । विवाह से पहले थैलेसीमिया की जांच कराना चाहिए। नियमित जांच उचित इलाज और देखभाल से थैलेसीमिया पीड़ित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। रक्तदान सबसे बड़ा दान है, रक्त की हर बूंद कीमती है, अधिक से अधिक लोग रक्तदान करें। रक्तदान हृदय के लिए फायदेमंद है, कैंसर के खतरे कम करता है , नयी रक्त कोशिकायें बनती हैं , हार्ट अटैक की सम्भावना कम होती है , वजन कम करने में सहायक है, मानसिक संतुष्टि और सामाजिक योगदान का माध्यम है, रक्तदान से लीवर से जुड़ी समस्याओं में राहत मिलती है , रक्तदान आयरन के स्तर को नियंत्रित करता है ,रक्तदाताओं का निःशुल्क जाँच हो जाती है। 8 मई विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों से जिला चिकित्सालय रतलाम के ब्लड बैंक में उपस्थित होकर रक्तदान करने की अपील की है।

==========

सपने कभी रुकते नहीं, बस सही मौके का इंतजार करते हैं और यह वही मौका है सपनों को सच करने का : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीं द्वितीय परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रदेश में 7 मई से शुरू हो रही है कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड की द्वितीय परीक्षा

प्रदेश सरकार द्वारा एमपी बोर्ड के परी क्षा परिणाम में असफल हुए विधार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए द्वितीय परीक्षा का अवसर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुनः परीक्षा देने वाले विधार्थियों को शुभकामना संदेश देते हुए कहा कि प्रिय विद्यार्थियों, आप जानते हैं कि इस साल एमपी बोर्ड की कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहा, इसी प्रकार 10वीं के परिणाम भी अच्छे रहे, लेकिन कुछ परीक्षार्थी सफल नहीं हो सके थे। ऐसे बच्चों के लिए मध्यप्रदेश में द्वितीय परीक्षा अवसर की शुरुआत 7 मई से की जा रही है। आप सभी को मेरी ओर से अग्रिम शुभकामनाएं। आप केवल छात्र नहीं, प्रदेश के भविष्य की उज्ज्वल आशा हैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आप सभी मेरे लिए केवल छात्र नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य की उज्ज्वल आशा हैं। जब आप अपने सपनों के लिए मेहनत करते हैं, तो उसमें केवल आपका नहीं, आपके परिवार का, आपके शिक्षकों का और पूरे प्रदेश का विश्वास जुड़ा होता है। मैं समझता हूं कि कभी-कभी परिस्थितियां हमारे अनुकूल नहीं होतीं, परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं आते, इससे मन थोड़ी देर के लिए ठहर जाता है। लेकिन सच्चाई यह है कि सपने कभी रुकते नहीं, वह बस सही मौके का इंतजार करते हैं और यह वही मौका है। महज योजना नहीं, विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देन का संकल्प मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैं हर विद्यार्थी को ये कह रहा हूं कि एक परिणाम आपके पूरे भविष्य की कहानी तय नहीं कर सकता। प्रदेश सरकार की ओर से यह अवसर इसी दिशा में एक विशेष पहल है। ये महज योजना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को फिर से उड़ान देन का संकल्प है। यह उन बच्चों के लिए उम्मीद की नई किरण है। जो 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षा में किसी कारणवश अनुत्तीर्ण हो गए या परीक्षा नहीं दे पाए। द्वितीय परीक्षा विद्यार्थियों के लिए एक नई शुरुआत है। एक ऐसा मौका, जहां आप अपनी मेहनत को फिर से साबित कर सकते हैं। अपने आत्मविश्वास को पुनः खड़ा कर सकते हैं और अपने लक्ष्य के और करीब पहुंच सकते हैं। वहीं अब प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 7 मई से प्रारंभ हो रही हैं। बच्चों के साथ खड़े रहें अभिभावक मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों से भी मेरा विनम्र निवेदन है कि इस समय बच्चों के साथ खड़े रहें। उनके मन को समझें, उन्हें सपोर्ट करें क्योंकि कई बार एक विश्वास भरा शब्द ही उन्हें नई ऊर्जा दे देता है, हर विद्यार्थी में अपार क्षमता है। अगर जरूरत है तो केवल उसे पहचानने की, उसे संवारने की और सही दिशा देने की। याद रखिए यह परीक्षा सिर्फ अंक सुधारने का नहीं, बल्कि अपने आत्मविश्वास को फिर से मजबूत करने का अवसर भी है। अंत में मैं आप सभी को परीक्षा के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। आप प्रदेश का भविष्य हैं। आप सफल होकर अपने सपनों को साकार करें और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करें। आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं। आगे बढ़ें, सफल हों और अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को छुएं।

======

कृषक कल्याण वर्ष-2026 उपज का एक-एक दाना कीमती, भुगतान में देरी बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री की किसान हितैषी नीति से चौरई के 64 किसानों को मिलेंगे लगभग एक करोड़ रुपये सभी मंडियों में समय-सीमा में हो भुगतान, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की किसान हितैषी नीतियों और मंडी बोर्ड की सक्रियता का परिणाम है कि कृषि उपज मंडी समिति चौरई की अपील पर माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा 64 कृषकों को उनके द्वारा विक्रय की गई उपज की राशि 96 लाख 51 हजार 500 रुपये के भुगतान करने के आदेश प्रसारित हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रदेश में किसान के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कृषि उपज मंडी समिति चौरई में पंजीकृत अनुज्ञप्तिधारी फर्म ज्ञाताश्री ट्रेडर्स, चौरई के द्वारा कृषकों से खरीदी गई अधिसूचित कृषि उपज का भुगतान नहीं करने पर मंडी समिति ने त्वरित कार्रवाई की। न्यायालय तहसीलदार, चौरई द्वारा फर्म से वसूली के लिए आर.आर.सी. जारी कर 96,51,500 रुपये (छियानबे लाख इक्यावन हजार पांच सौ रुपये) की वसूली की गई और राशि मंडी समिति के खाते में जमा कराई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर म.प्र. राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सिविल कोर्ट/जिला कोर्ट से अनुमति नहीं मिलने पर मंडी समिति की ओर से उच्च न्यायालय जबलपुर में अधिवक्ता के माध्यम से याचिका दायर की गई। माननीय उच्च न्यायालय द्वारा 30 अप्रैल 2026 को किसान हित में निर्णय पारित कर भुगतान की स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “उपज का एक-एक दाना कीमती है। मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता और समय पर भुगतान हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने मंडी बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की सभी मंडी समितियां यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में किसानों के भुगतान में लापरवाही न हो। खरीदी गई कृषि उपज का भुगतान समय-सीमा में कराया जाए। मंडी बोर्ड द्वारा सभी मंडी सचिवों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं कि किसान हित सर्वोपरि है और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी। माननीय उच्च न्यायालय के आदेशानुसार किसानों को भुगतान की कार्यवाही मंडी समिति चौरई द्वारा समय-सीमा में की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}