नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 07 मई 2026 गुरुवार

/////////////////////////////////////////

सड़क पर भटक रहे बच्चों व उनकी माता को मिली राहत, प्रशासन ने करवाया पुनर्वास

नीमच, 6 मई 2026,कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ सीईओ श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक परिवार को फिर से आबाद करने का सराहनीय कार्य किया गया है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंकिता पंड्या ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि माता-पिता में अनबन के कारण एक माता अपने चार बच्चों (सीता, गीता, राम व श्याम –परिवर्तित नाम) निवासी मनासा के साथ ग्राम छोड़कर नीमच आ गई थी। चारों बच्चे माता के साथ नीमच में सांवरिया मंदिर के पास सड़क पर रह रहे थे और किसी प्रकार गुजारा कर रहे थे।

रेस्क्यू एवं पुनर्वास: विभाग को सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही कर सभी को रेस्क्यू किया गया। 28 अप्रैल को वन स्टॉप सेंटर नीमच व संयुक्त टीम द्वारा रेस्क्यू कर माता को जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया तथा चारों बच्चों को शिशु गृह नीमच में सुरक्षित आश्रय दिया गया था।

वन स्टॉप सेंटर व शिशु गृह ने परिवार की काउंसलिंग की गई। माता-पिता दोनों को समझाइश देकर परिवार को एक किया। नियमानुसार बच्चों को पिता को सुपुर्द कर परिवार को फिर से बसाया गया।

सराहनीय भूमिका: इस पूरे प्रकरण में प्रशासक वन स्टॉप सेंटर श्रीमती दीपिका नामदेव व शिशु गृह संचालिका की विशेष भूमिका रही जिनके संवेदनशील प्रयास से सड़क पर भटक रहे बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल पाया है।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि संकटग्रस्त महिलाओं व बच्चों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

===============

जिले में मनाया जा रहा है 10 मई तक फायर सेफ्टी सप्ताह

वैध अग्नि सुरक्षा प्रमाणीकरण के ही हो अस्पतालों का संचालन

नीमच 6 मई 2026, वर्तमान में ग्रीष्मकालीन में तापमान में वृद्धि होने से प्रायः चिकित्सालयों में अग्नि दुर्घटना की संभावना हाई इलेक्ट्रिक लोड वाले इकाईयों में होती है। अतः रोगियों के हित में अपेक्षित है कि जिले के समस्त शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों में सदैव सुदृढ़ अग्निशमन व्यवस्थाएं उपलब्ध रहे। इस के लिए शासकीय एवं निजी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित नियमों का नगरीय एवं आवास विभाग द्वारा जारी फायर सेफ्टी प्रमाण-पत्र विषयक परिपत्र एवं ऊर्जा विभाग द्वारा जारी विद्युत सुरक्षा प्रमाण-पत्र संबंधी परिपत्र का अनुपालन किया जाना है।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने बताया,कि भारत सरकार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मार्गदर्शी निर्देश के अनुक्रम में समूचे देश में 4 से 10 मई 2026 तक देशव्यापी फायर सुरक्षा सप्ताह 2026 का आयोजन किया जा रहा है, ताकि स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के सभी स्तरों पर अग्नि सुरक्षा के निर्धारित उपायों के प्रति जागरुकता, तत्परता एवं अनुपालन सुनिश्चित हो।

विदित हो कि इस वर्ष अग्नि सुरक्षा सप्ताह की थीम “Safe School, Safe Hospital & Fire Safety Aware Society Together for FirePrevention” है। इस दौरान समस्त चिकित्सालयों (जिनमें निजी चिकित्सालय भी सम्मिलित हैं) में उपलब्ध अग्निशमन व्यवस्थाएं तथा यथोचित एवं वैध अग्नि सुरक्षा प्रमाणीकरण की उपलब्धता की सघन निगरानी की जा रही है। फायर सुरक्षा सप्ताह के दौरान निजी चिकित्सालय/निजी नर्सिंग होम वैध अग्नि सुरक्षा प्रमाणीकरण प्राप्त करे। इस अवधि के पूर्व प्रमाणीकरण की आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर लें।

===============

सभी विभाग ग्रामीणों के आवेदनों/समस्‍याओं का सकारात्‍मक निराकरण सुनिश्चित करें-श्री चंद्रा

कलेक्‍टर ने निराकरण की बैठक में रात्रि चौपाल में

प्राप्‍त आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की

नीमच 06 मई 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्‍यक्षता में बुधवार को कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में समय सीमा पत्रों के निराकरण, रात्रि चौपाल कोज्‍या एवं टामोटी में ग्रामीणों से प्राप्‍त आवेदनों के निराकरण की साप्‍ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम, डिप्‍टी कलेक्‍टर एवं सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्‍टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे कोज्‍या एवं टामोटी में सम्‍पन्‍न रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से प्राप्‍त समस्‍याओं, आवेदनों का सकारात्‍मक त्‍वरित निराकरण सुनिश्चित करे।

कलेक्‍टर ने टामोटी में जल निगम द्वारा मजरो, टोलो के कुछ घरों में नीला पाईप डालकर कनेक्‍शन से छूट जाने की ग्रामीणों की समस्‍या पर जल निगम महाप्रबंधक को निर्देश दिए, कि वे संबंधित सहायक यंत्री एवं उपयंत्री के विरूद्ध कार्यवाही कर अवगत कराए और ग्रामीणों की समस्‍या का त्‍वरित समाधान मौके पर सुनिश्चित करें।

कलेक्‍टर ने ग्रामीणों की मांग पर टामोटी क्षेत्र के कुछ गांव गांधीसागर से रामपुरा, मनासा सूक्ष्‍म प्रेशरयुक्‍त सिंचाई योजना से छूटने पर इन गांवों को शामिल करने की मांग पर कलेक्‍टर ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री के प्रति अप्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए सख्‍त निर्देश दिए, कि वे छूटे हुए सभी गांवों को स्‍वीकृत रामपुरा , मनासा सिंचाई परियोजना में शामिल करने के लिए प्रस्‍ताव तैयार कर शासन को तत्‍काल भिजवाए। साथ ही सिंगोली क्षेत्र के एक क्षतिग्रस्‍त जलाशय की जनभागीदारी से मरम्‍मत व सुदृढीकरण का कार्य भी तत्‍काल प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए।

कलेक्‍टर ने सभी सीएमओ और खाद्य सुरक्षा अधिकारी को फलो, सब्जियों के विक्रेताओं, दुकानों व अन्‍य खाद्य पदार्थो की सघन जांच कर नमूने लेने और कार्यवाही करने के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए है। सभी एसडीएम को उक्‍त अभियान की सतत मॉनीटरिंग करने के निर्देश भी कलेक्‍टर ने दिए है।

=============

शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ,

पोर्टल 3.0 पर पंजीयन व प्रोफाइल अपडेट के लिए समय-सारणी जारी

नीमच 06 मई 2026, लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके अंतर्गत नवीन पंजीयन, पूर्व पंजीकृत आवेदकों की प्रोफाइल अपडेट तथा दस्तावेज सत्यापन के लिए समय-सारणी जारी की गई है।

महत्वपूर्ण तिथियां व प्रक्रिया: नवीन आवेदक: 02 मई से 11 मई 2026 तक अतिथि शिक्षक पोर्टल 3.0 पर पंजीयन कर दस्तावेज अपलोड करेंगे। इनका सत्यापन 04 मई से 11 मई 2026 तक संकुल प्राचार्य द्वारा किया जाएगा। पूर्व पंजीकृत आवेदक: 12 मई से 22 मई 2026 तक अपनी प्रोफाइल अपडेट एवं संशोधन कर सकेंगे तथा इसी अवधि में उनका सत्यापन भी किया जाएगा।

अनिवार्य जानकारी: आवेदकों को शैक्षणिक, व्यावसायिक योग्यता, शिक्षक पात्रता परीक्षा एवं अनुभव संबंधी जानकारी पोर्टल 3.0 पर दर्ज करना अनिवार्य होग

मूल दस्तावेज सत्यापन: दस्तावेज अपलोड के बाद म.प्र. स्कूल शिक्षा विभाग के किसी भी संकुल में जाकर मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। इसके उपरांत ही स्कोर कार्ड जारी होगा।

अन्य कार्य: एक से अधिक यूजर आईडी वाले आवेदक अनुभव प्रमाण पत्र मर्ज करने तथा मोबाइल नंबर परिवर्तन की प्रक्रिया भी 12 मई से 22 मई 2026 के बीच पूर्ण कर सकेंगे।

महत्वपूर्ण निर्देश: संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि सभी आवेदकों को अतिथि शिक्षक पोर्टल 3.0 पर अनिवार्य रूप से दस्तावेज अपलोड कर सत्यापन कराना होगा। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण नहीं करने वाले आवेदकों का स्कोर कार्ड जनरेट नहीं होगा तथा वे सत्र 2026-27 की अतिथि शिक्षक चयन प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे।

अधिक जानकारी: इस संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश एवं समय सारणी की जानकारी के लिए लोक शिक्षण संचालनालय मध्य प्रदेश, भोपाल द्वारा जारी पत्र क्रमांक /अतिथि शिक्षक/2026-27/548-549/ भोपाल दिनांक 29.04.2026 का अवलोकन करें।यह पत्र gfms.educationportal3.in पर उपलब्ध है।

=================

9 मई को जिला एवं तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

चेक बाउंस, बैंक वसूली, वैवाहिक विवाद,बिजली-पानी-सम्पत्ति कर के प्रकरणों में मिलेगी विशेष छूट

नीमच 6 मई 2026, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 9 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय नीमच तथा तहसील न्यायालय मनासा एवं जावद में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के निर्देशन में किया जा रहा है।

लोक अदालत में रखे जाने वाले प्रकरण: उक्त लोक अदालत में चेक बाउंस (धारा 138 एन.आई. एक्ट), बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक/पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, विद्युत संबंधी प्रकरण, जलकर एवं संपत्ति कर संबंधी प्रकरण, राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, वाहन चालान तथा अन्य प्री-लिटिगेशन एवं लंबित सिविल प्रकरण रखे जा रहे हैं।

विशेष छूट का प्रावधान: सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच श्रीमती शोभना मीणा ने बताया कि लोक अदालत में विभिन्न प्रकार की विशेष छूट का प्रावधान है:

चेक बाउंस प्रकरण: समझौते का विशेष प्रावधान। बैंक संबंधी प्रकरणों में भी नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।

नगर पालिका संपत्ति कर:- कर तथा अधिभार की राशि ₹50,000 तक होने पर अधिभार राशि में 100% की छूट। ₹50,000 से ₹1,00,000 तक की राशि पर अधिभार में 50% की छूट। ₹1,00,000 से अधिक राशि होने पर अधिभार पर 25% की छूट।

जल प्रभार के प्रकरण: ₹10,000 तक बकाया होने पर अधिभार में 100% की छूट। ₹10,000 से ₹50,000 तक होने पर अधिभार में 75% तक की छूट। ₹50,000 से अधिक बकाया होने पर अधिभार में 50% की छूट।

बिजली संबंधी मामले: न्यायालय में लंबित प्रकरण: सिविल दायित्व की राशि पर 20% तथा ब्याज राशि पर 100% तक की छूट। प्री-लिटिगेशन प्रकरण: सिविल दायित्व की राशि पर 30% तथा ब्याज पर 100% तक की छूट प्रदान की जावेगी।

जनसामान्य से अपील: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच की सचिव श्रीमति शोभना मीणा ने जनसामान्य से अनुरोध किया है, कि वे अपने अधिकाधिक प्रकरणों का निराकरण लोक अदालत के माध्यम से कराकर समय एवं धन की बचत के साथ-साथ मानसिक तनाव से मुक्ति प्राप्त करें।

संपर्क: अधिक जानकारी हेतु नगर पालिका नीमच, एम.पी.ई.बी. कार्यालय तथा कार्यालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नवीन जिला न्यायालय परिसर, नीमच में संपर्क किया जा सकता है।

===============

म.प्र.राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया 13 मई को नीमच प्रवास पर,

नीमच 06 मई 2026, म.प्र. राज्य सफाई कर्मचारी आयोग, म.प्र. शासन, के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया का 13 मई 2026 को नीमच जिले का दौरा कार्यक्रम निर्धारित है। आयोग के अध्यक्ष श्री करोसिया का 13 मई को प्रातः8:00 बजे इंदौर से नीमच प्रस्थान कर दोपहर 1:00 बजे नीमच आगमन होगा। वे इसी दिन दोपहर 2:00 बजे कलेक्टर कार्यालय नीमच में अधिकारियों की बैठक लेने के बादनीमच से मंदसौर प्रस्थान करेंगे।

बैठक का विवरण: दोपहर 2:00 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय नीमच में आयोजित शासकीय बैठक में मुख्य रूप से जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, सीईओ जिला पंचायत, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास उज्जैन संभाग, सचिव कृषि मण्डी, लीड बैंक अधिकारी, जिला श्रम अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग, मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी, सिविल सर्जन, नीमच जिले के समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं समस्त नगर पालिका/नगर परिषद में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के ट्रेड यूनियन या सामाजिक संगठन के दो प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बैठक के प्रमुख एजेंडा: बैठक में सफाई कर्मचारियों से संबंधित निम्न विषयों पर चर्चा होगी।

सेवा संबंधी:वेतन भत्ते,एन.पी.एस.,अनुकम्पा नियुक्ति, रिक्त पदों की पूर्ति, पेंशन, पी.एफ.,ईएसआई।

कल्याण योजनाएं: बस्ती विकास, सामुदायिक भवन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना।

आउटसोर्स व्यवस्था: आउटसोर्स कर्मचारियों की जानकारी एवं ठेकेदारों के अनुबंध, कार्यादेश का विवरण। समस्त संबंधित अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा वांछित जानकारी के साथ आने के निर्देश दिए गए हैं।

====================

गर्मी से मानव स्वास्थ्य पर होने वाले दूष्प्रभाव से बचाव व रोकथाम की जागरूकता

नीमच 6 मई 2026, माह मार्च से माह जुलाई तक तापमान में बढ़ोत्तरी परिलक्षित होती है, वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग (Global Warming) के कारण जलवायु परिवर्तन से तापमान में हो रही वृद्धि के कारण हमारे स्वास्थ्य पर मौसम का दुष्प्रभाव परिलक्षित होता है। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने बताया, कि अधिक तापमान के कारण होने वाले स्वास्थ्य पर दूष्प्रभावों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए समयानुसार उपाय किये जाए, ताकि मानव स्वास्थ्य को होने वाली हानि से यथासंभव बचाया जा सकें।

लू (heat stroke)- हीट स्ट्रोक (सन स्ट्रोक) शरीर की वह अवस्था है जिसमें गर्मी के कारण शरीर का तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस (104.0 डिग्री फारेनहाइट) के पास पहुँच जाता है और मन में उलझन की स्थिति रहती है। यह स्थिति एकाएक आ सकती है या धीरे-धीरे। इस समस्या की जटिल अवस्था होने पर किडनी काम करना बन्द कर सकती है। लू लगने पर अगर तुरंत उपचार न मिले तो मृत्यु भी हो सकती है। इसलिये पर्याप्त मात्रा में पानी अवश्य पिये, छोटे बच्चों को कपड़े से ढककर छाया वाले स्थान पर रखें। गर्मियों में पसीना अधिक आने के कारण शरीर की त्वचा पर भी असर होता है। पसीना शरीर पर आता रहता है और जमता रहता है जिसके कारण त्वचा पर कई बार खुजली कि होने लगती है और गर्मी से एलर्जी हो जाती है और लाल हो जाती है। कई बार ज्यादा खुजली करने के कारण शरीर बहुत लाल हो जाती है। शरीर की त्वचा पर घुमन सी होती है जिसके कारण इसे कांटेदार गर्मी भी कहा जाता है।

हीट रेशेज के लक्षण – छोटे गुलाबी या लाल रंग की त्वचा या फिर छोटे छोटे दाने निकलना। जलन, खुजली या त्वचा पर चुभन सी महसूस होना ऐसा तब होता है जब शरीर का पसीना आसानी से वाष्पित नहीं हो पाता।

क्या उपाय करें – ठंडे पानी और कूलर की सहायता से शरीर का तापमान नियंत्रित करें। ढीले सूती कपड़े पहने। प्रभाव को कम करने के लिए विशेष प्रकार के सनस्क्रीन लोशन का प्रयोग करें। जितना संभव हो सके त्वचा को साफ और शुष्क बना कर रखें । इससे संक्रमण की संभावना कम होती है। गर्मी में घर से बहार निकलते वक्त छाते का प्रयोग अवश्य करें। घर से बाहर पानी या ठंडा शरबत पी कर ही बाहर निकले जैसे आम पन्ना और शिकंजी ज्यादा फायदेमंद है। घर से बाहर जाते समय पीने का पानी साथ में लेकर जाए। अगर तेज धूप में थे तो एकदम से ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए।

निर्जलीकरण(Dehydration) – गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है। ऐसा तब होता है जब कोई काफी समय से काम में व्यस्त है या ज्यादा शरीरिक कार्य (body work) करता है और यदि काफी समय से पानी नहीं पीया जाए इससे गर्मी में डीहाइड्रेशन की समस्या उत्पन्न हो जाती है।

शरीर को निर्जलीकरण (dehydration) से बचने के लिए नियमित रूप से थोड़े थोड़े समय बाद पानी पीना आवश्यक है, अगर किसी का गला बार बार सूख रहा है तो ये संकेत है कि उसका शरीर में पर्याप्त पानी (hydration) नहीं है। यदि किसी दिन बहुत ज्यादा गर्मी है उस दिन ज्यादा व्यायाम से बचें क्योंकि इससे शरीर का पानी जल्दी सूखता है।

सुबह जल्दी और देर शाम जब ठंडक हो तभी व्यायाम किया जाना चाहिए। निर्जलीकरण (Dehydration), ज्यादा पसीना आ जाना, कमजोर या थका हुआ महसूस करना, शरीर का तापमान बढ़ना, त्वचा का रंग पीला पड़ना या चेहरा पीला पढ़ना, मितली / उल्टी जैसा महसूस करना, बेहोशी आना।

क्या उपाय करें- अगर घर से बाहर है और निर्जलीकरण के संकेत मिलें तो किसी छाया वाले और शांत जगह पर आराम करें। इलेक्ट्रॉल/ओ.आर एस / फलों का रस आदि पेय पदार्थों का निरंतर सेवन करते रहे। कॉर्बोनेटेड और कैफीन युक्त पेय से बचें।

==========

मनरेगा सामाजिक अंकेक्षण हेतु ग्राम सभा की तिथि में संशोधन,

अब 12 मई 2026 को होगी विशेष ग्राम सभा

नीमच 6 मई 2026, उपसचिव मध्यप्रदेश शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भोपाल के पत्र एवं संचालक म.प्र. स्टेट सामाजिक संपरीक्षा समिति भोपाल दिनांक 27 अप्रैल2026 के परिपालन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नीमच श्री अमन वैष्णव द्वारा शुद्धि पत्र जारी किया गया है।

सामाजिक अंकेक्षण: वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा अंतर्गत किए गए निर्माण कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण वित्तीय वर्ष 2026-27 में किया जाना है।

GSS गठन: सामाजिक अंकेक्षण के लिए ग्राम संपरीक्षा समिति (GSS) का गठन जनपद पंचायत नीमच/जावद/मनासा की समस्त ग्राम पंचायतों में किया जाना है।

तिथि में संशोधन: इस हेतु जिला पंचायत कार्यालय के आदेश दिनांक 05 मई 2026 में अंकित विशेष ग्राम सभा की तिथि 12 अप्रैल 2026 के स्थान पर 12 मई 2026 पढ़ी जाए।

समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नीमच, जावद, मनासा एवं संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया है कि संशोधित तिथि 12 मई 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर ग्राम संपरीक्षा समिति (GSS) का गठन सुनिश्चित करें तथा मनरेगा कार्यों के सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया नियमानुसार पूर्ण कराएं।

=================

“डेंगू मलेरिया से बचाव के लिए रखे सावधानीं”

नीमच 06 मई 2026, डेंगू मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरों से सावधान रहे। डेंगू एडीज मच्छर के काटने से होता है, यह मच्छर दिन मे काटता है। डेंगू के अधिकांश मामले पूरी तरह से ठीक हो जाते है और उनका प्रबंधन घर पर भी किया जा सकता है। डेंगू मलेरिया के बचाव व नियंत्रण के लिए अपने घर परिसर और आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। अपने घर के सिंक, गमले, हौज आदि में साफ-सफाई रखें। इसके साथ ही घरों की छतों पर अटाला या गंदगी न होने दें।

डेंगू मलेरिया फैलाने वाले मच्छर कहाँ पैदा होते है- छत पर रखी पानी की खुली टंकियां। टूटे बर्तन, मटके, कुल्हड, गमलों में एकत्र जल में। बेकार फेकें हुए टायरों में एकत्र जल में। बिना ढंके बर्तनों में एकत्र जल में। कूलर में एकत्र जल में। किचन गार्डन में रूका हुआ पानी। गमले, फूलदान, सजावट के लिए बने फव्वारे में एकत्र जल मे।

ऐसे करें बचाव डेंगू से बचाव- जिला मलेरिया अधिकारी नीमच ने डेंगू से बचाव की जानकारी देते हुए बताया, कि डेंगू फैलाने वाले मच्छर रुके हुए पानी में पनपते हैं। इससे बचने के लिए टायर, प्लास्टिक कवर, फूल के बर्तन, पालतू जानवरों के पानी के कटोरे आदि जैसी चीज़ों को ढकें। इन मच्छरों के प्रजनन के लिए उपलब्ध आवास को कम करने (स्थिर पानी को खाली करने से) से डेंगू बुखार की रोकथाम में सहायता मिल सकती है। विशेष रूप से घनी आबादी और भीड़ वाले स्थानों में मच्छर निरोधकों का उपयोग करने से मच्छरों को आपसे दूर रखने में मदद मिल सकती है। कुछ क्षेत्रों की यात्रा करते समय, और यहां तक कि जब आप घर पर हों, तो भी अपनी त्वचा पर मच्छर प्रतिरोधी क्रीम लगाएं। मच्छरों के काटने से बचने के लिए लंबी बाजू के कपड़े और मोटे पैंट, मोज़े और सुरक्षित जूते पहनें। डेंगू बुखार की रोकथाम के आपके प्रयास में, मच्छरदानी के नीचे सोने से आपको मच्छरों के काटने से सुरक्षा मिल सकती है। रुके हुए पानी में मच्छर पनपते हैं। फूलों के बर्तनों को खाली करें, अपने पालतू जानवर के पानी के कटोरे को साफ करें और बदलें, अपने घर के अंदर किसी भी पानी के पौधे को रखने से बचें, सुनिश्चित करें कि पानी से भरा हुआ हर बर्तन ढका हुआ हो।

डेंगू के सामान्य लक्षण- तेज बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों या जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना, उल्टी आना, आँखों में दर्द होना, विभिन्न अंगों में सूजन, डेंगू के गंभीर लक्षण, गंभीर पेट दर्द, लगातार उल्टी होना, मसूड़ों या नाक से खून आना, मल या उल्टी में खून आना, तेजी से सांस लेना, थकान, बेचैनी, त्वचा के नीचे ब्लीडिंगइनमें से 2 या अधिक लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। कई बार प्लेटलेट्स कम होने पर यह बुखार खतरनाक हो जाता है। मरीज की जान भी जा सकती है। गंभीर मामलों में गंभीर रक्तस्त्राव और शॉक सिंड्रोम लगता है, जिससे जान को खतरा हो सकता है।

यदि बुखार हो तो क्या करे- बुखार आने पर तुरंत रक्त की जांच कराएं। मलेरिया की पृष्टि होने का पूरा उपचार लें। खाली पेट दवा कदापि न लें। मलेरिया की खून की जांच व उपचार सुविधा समस्त शासकीय अस्पतालों पर निःशुल्क उपलब्ध है।

=================

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने टामोटी में रात्रि चौपाल व जल चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं,

42 आवेदन प्राप्त; समय-सीमा में निराकरण का दिलाया विश्वास

आधार शिविर, जन्म प्रमाण पत्र, वन अधिकार पट्टे व आंगनवाड़ी पुनर्निर्माण के निर्देश;

जल जीवन मिशन के कार्य सभी मजरों-टोलों तक पहुंचाने पर जोर,

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों व लाड़ली लक्ष्मी बेटियों का सम्मान

नीमच 6 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा जिलाधिकारियों के दल के साथ जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में रात्रि चौपाल एवं जल चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू हुए। यात्री बस से पहुंचे कलेक्टर व अधिकारियों के दल का बस से उतरते ही ग्रामीणों ने जल कलश यात्रा निकालकर ढोल-धमाकों के साथ स्वागत किया। जल चौपाल में टामोटी और आसपास के क्षेत्र के गांवों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

कलेक्टर के प्रमुख निर्देश : समस्याओं का निराकरण: कलेक्टर ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित 42 लिखित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने समय-सीमा में सभी आवेदनों का निराकरण करने का विश्वास दिलाया।

आधार शिविर:टामोटी क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग पर आधार अपग्रेडेशन के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।

जन्म प्रमाण पत्र:बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए सूची तैयार कर 15 दिवस में तहसीलदार को उपलब्ध कराने के निर्देश सचिवों को दिए।

आबादी भूमि चिन्हांकन: वन क्षेत्र से लगे ग्रामों में आबादी के लिए उपलब्ध जमीन चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वन अधिकार:वन राजस्व सीमा संबंधी ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान एवं सामुदायिक वन अधिकार पट्टा उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।

आंगनवाड़ी भवन:बिलवास की जर्जर आंगनवाड़ी भवन को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई कर नवीन भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन:जल जीवन मिशन के अधिकारियों को दो दिन में टामोटी क्षेत्र के सभी गांवों का भ्रमण कर पेयजल योजना का गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और सभी गांवों, मजरे-टोलों में हर घर तक नल पाइपलाइन से जल पहुंचाने के निर्देश दिए।

जल चौपाल एवं विभागीय सहभागिता: जल चौपाल में ग्रामीणों को जल संरक्षण व जल संचय के लिए समझाइश दी गई। पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई।

वन विभाग की घोषणाएं: वन मंडलाधिकारी श्री एस.के.अटोदे ने ग्रामीणों से कहा कि जल संरक्षण संरचनाओं के वन क्षेत्र में निर्माण के लिए विभाग प्राथमिकता से अनुमति प्रदान करेगा। वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम संयुक्त रूप से वन-राजस्व सीमा संबंधी समस्याओं का मौके पर भ्रमण कर शीघ्र समाधान निकालेगी। उन्होंने वन्यजीव से होने वाले नुकसान पर पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की योजनाओं के बारे में भी बताया तथा वन क्षेत्र में जल संरचनाओं के गहरीकरण-मरम्मत के लिए जनभागीदारी से कार्य की अनुमति भी प्राथमिकता से देने की बात कही।

सम्मान समारोह: रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही पांच लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से हितलाभ के प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

उपस्थित अधिकारी: इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, डीएफओ श्री एस.के. ऑटोदे, एसडीएम सुश्री किरण आंजना सहित सभी जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व महिलाएं उपस्थित थीं।

=================

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रात्रि चौपाल के बाद ग्राम टामोटी में किया रात्रि विश्राम,

अधिकारियों ने छात्रावास भवन में गुजारी रात

बुधवार अल-सुबह जल संवर्धन कार्यों का निरीक्षण

नीमच 6 मई 2026, जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू होने के बाद कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों के बीच आत्मीयता का परिचय देते हुए टामोटी में ही ग्रामीणों के साथ पंगत में बैठकर भोजन ग्रहण किया और टामोटी में ही रात्रि विश्राम भी किया।

अधिकारियों का रात्रि प्रवास: कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, डीएफओ श्री एस.के. ऑटोदे एवं अन्य जिलाधिकारियों ने भी ग्राम के छात्रावास भवन में रात गुजारी। शासन-प्रशासन द्वारा गांव में रुककर सीधे ग्रामीणों से संवाद की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रशासन गांव की चौखट तक पहुंचे और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर मिले।

======

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने टामोटी में रात्रि विश्राम के बाद सुबह की पहली किरण के साथ जल संरचनाओं का किया निरीक्षण, अरावली गौशाला में गौ-सेवा की

ग्राम शिवपुरिया में ग्रामीणों से संवाद कर जल गंगा संवर्धन में जनभागीदारी का आह्वान; गायों को खिलाया गो-ग्रास, बछड़ों को किया दुलार

नीमच 6 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को जिले के जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में रात्रि चौपाल एवं जल चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू होने के बाद टामोटी में ही रात्रि विश्राम किया। छात्रावास भवन में अधिकारियों के दल के साथ रात गुजारने के बाद बुधवार को सुबह की पहली किरण के साथ ही कलेक्टर ने टामोटी क्षेत्र के गांवों में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न जल संरचनाओं के निर्माण कार्यों के स्थल का मौके पर निरीक्षण किया।

ग्राम शिवपुरिया में संवाद:कलेक्टर श्री चंद्रा ने ग्राम शिवपुरिया पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और अधिक से अधिक जल संरचनाओं का जन सहयोग से निर्माण करने की समझाइश दी।

अरावली गौशाला में गौ-सेवा: बुधवार को सुबह कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा टामोटी के समीप पहाड़ी पर स्थित अरावली गौशाला पहुंचे। वहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से गो-ग्रास व चारा खिलाया और गौशाला में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने गौशाला में उपलब्ध गायों, उनकी देखभाल की व्यवस्था, पशु चारा व पशु आहार की व्यवस्था, पशुओं के लिए पेयजल की उपलब्धता आदि की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने गाय के बछड़ों को गोद में उठाकर उन्हें दुलार भी किया। गौशाला की समिति सदस्यों ने कलेक्टर का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को टामोटी की रात्रि चौपाल में गौशाला संचालक समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर से भेंट कर, राजस्व गांव अमेरी जहां पर रजिस्टर्ड अरावली गौशाला संचालित होती है, वहां पर 24 घंटे विद्युत सप्लाई नहीं होने से ग्राम वासियों ने आवेदन देकर 24 घंटे विद्युत लाईन से गांव को जोड़ने की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने मध्य प्रदेश विद्युत मंडल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे।

उपस्थित अधिकारी: इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश एवं एसडीएम सुश्री किरण आंजना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

============

तपोभूमि पर डॉ. मुखर्जी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
नीमच। भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक सक्रियता को धार देने के उद्देश्य से ‘तपोभूमि‘ जिला भाजपा कार्यालय पर डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के साथ ही जमीनी स्तर पर संगठन को अभेद्य बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक का शुभारंभ डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। बैठक में विधायक दिलीपसिंह परिहार, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चैपडा, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हेमन्त हरित, मण्डल प्रभारी योगेश जैन, मण्डल अध्यक्ष मोहनसिंह राणावत, मण्डल महामंत्री विक्की छाबडा मंचासीन थे। कार्यक्रम की शुरुआत में स्वागत उद्बोधन मंडल अध्यक्ष मोहनसिंह राणावत ने दिया।
क्षेत्रीय विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि संगठन की असली शक्ति हमारे बूथ और शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता हैं। जो कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर पसीना बहाएगा, उसे संगठन में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आगामी लक्ष्यों को स्पष्ट करते हुए निर्देश दिए कि बूथ समितियों की सक्रियता बढाई जाए और प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से बूथ समिति की बैठकें आयोजित हों। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात‘ कार्यक्रम से पूर्व बूथ स्तर पर बैठकें हों और कार्यक्रम में जन-भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं।
जिला प्रभारी सुभाष पटेल ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों को साझा करते हुए कहा कि मंडल, मोर्चा और वार्ड स्तर पर बैठकों की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने जनसंपर्क के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की जनहितैषी नीतियों को प्रभावी ढंग से हर घर तक पहुँचाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।
इस दौरान पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत पर खुशी व्यक्त की गई और एक-दूसरे को बधाई देकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया गया।
बैठक में आदित्य मालू, विनीत पाटनी, अशोक जोशी, उमंग सुराह, कान्हा सोनी, दीपक पुरोहित, अमन दीवान, रोशन वर्मा, अनुज चैहान, चन्दू तलरेजा, कृष्णा मेहरा, लोकेश चांगल, योगेश कविश्वर, आलोक सोनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, पार्षद एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल महामंत्री विक्की छाबड़ा ने किया एवं अंत में सभी का आभार योगेश जैन द्वारा व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}