मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 18 अप्रैल 2026 शनिवार

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने आनलाईन स्व-गणना की 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिकों से स्व-गणना की अपील की

जनगणना निदेशालय भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत जिले में स्व-गणना की सुविधा 16 अप्रैल से प्रारंभ हो गई है।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं का प्रारंभिक पंजीकरण किया। उन्होंने सभी नागरिकों एवं शासकीय कर्मचारियों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहभागिता की अपील की है। नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक https://se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

========

एसडीएम आलोट ने गेहूं उपार्जन केन्द्रो का आकस्मिक निरीक्षण किया

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है । आज आलोट क्षेत्र में एसडीएम आलोट श्रीमती रचना शर्मा ने उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने तौल कांटों का सत्यापन किया। एसडीएम ने किसानो से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं एवं केंद्रों पर की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

=============

प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव श्री सहदेव मौरे को जावरा तहसीलदार एवं श्री पारस वैश्य कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सैलाना पदस्थ

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने प्रशासनिक कार्य की सुविधा की दृष्टि से प्रभारी तहसीलदार श्री सहदेव मौरे को तहसील जावरा में तहसीलदार के पद पर एवं नायब तहसीलदार श्री पारस वैश्य को अनुविभाग सैलाना में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के पद पर आगामी आदेश तक पदस्थ किया है।

============

जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत कैलाशमान बावड़ी जावरा में चलाया गया सफाई अभियान

शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल स्त्रोतों तथा नदी, तालाबों, कुंआ, बावड़ी तथा अन्य जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान‘‘ संचालित किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद जावरा द्वारा अभियान अंतर्गत निकाय स्वामित्व की कैलाशमान बावड़ी में आज 17 अप्रैल को विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूकता करना है। अभियान दौरान बावड़ी में जमी गंदगी, एवं अन्य कचरे को हटाया गया। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि जल स्त्रोतों में कचरा न डाले और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग प्रदान करे।

अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अनम मोहम्मद युसुफ कड़पा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री चन्द्रशेखर सोनिस, नगर पालिका स्वास्थ्य सभापति श्रीमती यास्मीन इमरान कबाड़ी, जलकार्य सीवरेज सभापति श्री मो. मुस्तकीम मन्सूरी, नपा प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक श्री लोकेश कुमार विजय, पार्षद प्रतिनिधिश्री दशरथ कसानिया, जलप्रदाय सुपरवाईजर श्री फतेहलाल, सफाई दरोगा श्री मांगीलाल वाघेला, श्री नन्दलाल धाकड़, श्री दिनेश धाकड़ सहित नगर पालिका के कर्मचारियों ने अभियान में अपनी सहभागिता की।

=============

सुरक्षा अभियान के तहत कुओं पर लगाए गए रेडियम स्टिकर

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में जिले में सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है ।अभियान के तहत कुओं पर रेडियम स्टिकर लगाए गए, ताकि रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। इस दौरान बड़ी संख्या में कुओं को चिन्हित कर उन पर स्टिकर लगाए जा रहे हैं ।

प्रशासन द्वारा नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे सतर्कता बरतें और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं, जिससे दुर्घटनाओं से बचाव सुनिश्चित हो सके।

==========

नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा: खिलाड़ियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर दिया सशक्तिकरण का संदेश

शासन द्वारा 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा मनाया जा रहा है। नारी शक्ति वंदन पखवाड़ अंतर्गत खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा नेहरू स्टेडियम रतलाम पर युवा वर्ग के द्वारा नारी शक्ति वंदन दीवार तैयार कर खेल विभाग द्वारा संचालित खेल प्रशिक्षण केंद्रों की महिला खिलाड़ियों, महिला बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य विभाग की महिलाओं द्वारा दीवार पर संदेश लिखकर व हस्ताक्षर कर किए गए ।

कार्यक्रम में खेल विभाग के मलखंब प्रशिक्षक श्री जितेंद्र धूलिया, निर्मला डामोर, एथलेटिक्स खेल प्रशिक्षक, हॉकी प्रशिक्षक श्री कृष्णा गोपाल तिवारी, ग्रामीण युवा समन्वयक श्रीमती दुर्गा डामोर, ममता सिंह, महिला में बाल विकास विभाग से श्रीमती भारती डांगी, रवींद्र कुमार मिश्रा, परियोजना अधिकारी श्रीमती चेतना गेहलोत, प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती प्रियंका बैरागी, ज्योति सोनी, पर्यवेक्षक फ़िरदौस खान, गायत्री शर्मा सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थी ।

============

धामेडी के किसान मल्चर से नरवाई प्रबंधन कर खेत की उर्वरक क्षमता मे कर रहे वृद्धि

कृषि अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से अनुदान पर मल्चर मशीन क्रय कर सकते हैं

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में जिले में नरवाई जलाने के स्थान पर वैज्ञानिक तरीकों से प्रबंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों को भी दीर्घकालीन लाभ मिल रहा है।

उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री आर के सिंह ने बताया कि कृषि अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से अनुदान पर मल्चर मशीन का उपयोग कर जिले के किसान अब नरवाई प्रबंधन की दिशा में जागरूक हो रहे हैं। विकासखंड पिपलोदा के ग्राम धामेडी निवासी किसान कंवरलाल पाटीदार अपने खेत में मल्चर मशीन से गेहूं की नरवाई को मिट्टी में मिलाकर इसका सफल प्रदर्शन कर रहे हैं।

कंवरलाल पाटीदार ने बताया कि उनके पास 22 बीघा में गेहूं की फसल है और वे बिना आग लगाए सभी खापों को खेत में ही मिलाकर नरवाई प्रबंधन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले 6-7 वर्षों से नरवाई में आग नहीं लगा रहे हैं, जिससे उनकी भूमि की उर्वरकता में वृद्धि हुई है और आगामी सोयाबीन फसल पर भी कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता।

ग्राम धामेडी में ही किसान संजय पाटीदार, दीनदयाल पाटीदार एवं गोवर्धनलाल पाटीदार जैसे प्रगतिशील किसान भी नरवाई को जलाने के बजाय उसे खाद के रूप में उपयोग कर रहे हैं और अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।

============

उपार्जन के लिए 10696 किसानों ने किए स्लाट बुक

जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आनंद गोले ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है। आज दिनांक तक ज़िले में कुल 3555 किसानों से 14221 टन गेंहू खरीदी की गयी। अब तक कुल 10696 किसानों द्वारा स्लाट बुक किये गये है।

=========

अशासकीय विद्यालयों द्वारा विशेष दुकानों से पाठयपुस्तक, यूनिफार्म एवं अन्य सामग्री क्रय करने हेतु बाध्य करने पर होगी कार्यवाही

शिकायतों पर कार्यवाही हेतु कंट्रोल रूम स्थापित दूरभाष क्रमांक 07412299372 पर करे शिकायत

जिले में निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशानुसार कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा शिकायतो के निवारण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। शैक्षणिक सत्र 202़6-27 में अशासकीय विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों द्वारा क्रय की जाने वाली पुस्तके, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, शूज इत्यादि किसी विशेष दुकान अथवा विद्यालय से क्रय किए जाने हेतु बाध्य किए जाने के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर संज्ञान लेकर विद्यालयों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु जिला पंचायत कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसका दूरभाष क्रमांक 07412299372 है। उक्त कंट्रोल रूम मे दूरभाष पर प्रातः 10 से सायं 6 बजे तक विद्यालयों के विरूद्ध प्राप्त शिकायतों को पंजीबद्ध किया जाएगा।

==========

’पोषण पखवाड़ा अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क शिविर का आयोजन

संचालनालय आयुष म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ दाताराम जयंत के मार्गदर्शन में आज 17 अप्रैल को शासकीय आयुष औषधालय व एचडब्ल्युसी सुजलाना द्वारा आंगनवाड़ी में पोषण पखवाड़ा अंतर्गत निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ रवि कलाल एवं डॉ नरेन्द्र गढ़वाल द्वारा कुल 62 महिलाओं तथा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित पोषण का महत्व बताते हुए ऋतु अनुसार आहार-विहार की जानकारी दी गई, साथ ही जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण कर रोगानुसार आयुर्वेदिक औषधि प्रदाय की गयी। शिविर में दवासाज श्रीमती सुनीता तँवर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कृष्णा गणावा, सहायिका राजू बाई, तथा आशा कार्यकर्ता अनीता गणावा द्वारा सेवाएं दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}