समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 01 अप्रैल 2026 बुधवार

///////////////////////////////////
सेंट्रल जीएसटी अपर आयुक्त द्वारा परस्पर संवाद बैठक का आयोजन
मंदसौर। सेंट्रल जीएसटी विभाग के रेंज कार्यालय मंदसौर ने कर सलाहकार परिषद और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन के साथ एक परस्पर संवाद बैठक का आयोजन किया। इस बैठक की अध्यक्षता उज्जैन के अपर आयुक्त श्री वीरेंद्र कुमार जैन ने की।कार्यक्रम में अपर आयुक्त श्री वीरेंद्र कुमार जैन ने कहा कि जीएसटी सेवाओं को सुगम बनाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है और नई सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने बैठक में आए प्रतिनिधियों के साथ जीएसटी से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श किया ।
अपर आयुक्त श्री वीरेंद्र कुमार जैन ने आश्वासन दिया कि विभाग प्रतिनिधियों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए विभाग अपनी पूरी कोशिश करेगा। उन्होंने आम व्यापारियों के साथ सहयोग के लिए अन्य जानकारियां प्रदान कीं।
सीए शाखा से अध्यक्ष सीए विनय अग्रवाल, सीए विकास भंडारी, सीए सुमित सोनी, सीए चेतन गुप्ता एवं कर सलाहकार परिषद से अध्यक्ष मुकेश पारीख, सोहनलाल कोठारी, कमल कोठारी, अशोक पाटनी, वीके राणावत,रितेश पारीख, कमल डोसी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे ।
==========
संजय गांधी उद्यान में 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक लगेगा पुस्तक मेला : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
कलेक्टर ने अधिकारियों संग पुस्तक मेला स्थल का किया निरीक्षण
कलेक्टर की अपील: पालक व विद्यार्थी पुस्तक मेले का लाभ लें, पुरानी किताबें करें दान
मंदसौर 31 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने अधिकारियों के साथ पुस्तक मेला स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। जिले में 1 अप्रैल से 5 अप्रैल 2026 तक संजय गांधी उद्यान (पं. मदनलाल जोशी सभागृह) में पांच दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का शुभारंभ 1 अप्रैल को दोपहर 12:00 बजे किया जाएगा तथा प्रतिदिन यह मेला दोपहर 12:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न पुस्तक विक्रेताओं के माध्यम से सभी प्रकार की शैक्षणिक पुस्तकें एवं कॉपियां उपलब्ध रहेंगी। इसमें एमपी बोर्ड, सीबीएसई एवं एनसीईआरटी पाठ्यक्रम की पुस्तकें शामिल होंगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए स्कूल बैग, यूनिफॉर्म एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उचित दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सुविधाजनक एवं कम दरों पर पुस्तकें उपलब्ध कराने हेतु यह आयोजन किया जा रहा है। मेले में 15 प्रतिशत से लेकर 30 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।
कलेक्टर ने जिले के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे पुस्तक मेले का अधिक से अधिक लाभ लें। साथ ही, जो विद्यार्थी नई कक्षा में प्रवेश कर चुके हैं, वे अपनी पुरानी पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री मेले में स्थापित पुस्तक बैंक स्टॉल पर दान करें, जिससे अन्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहायता मिल सके। फोटो संलग्न
===============
2 अप्रैल को गृह गांव मे भव्य स्वागत सम्मान समारोह का आयोजन
नाहरगढ– हमारे देश की सेवा कर सेवानिवृत होने वाले लांस नायक भेरूलाल दाममा पिता स्व.श्री जगदीश चन्द्र दायमा छोटा सा गांव मुंजाखेड़ी( बुढ़ा) तहसील मल्हारगढ़ निवासी जो==========
जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण, फील्ड ट्रेनर प्रगणकों को दें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
कलेक्टर ने डायट ई-दक्ष केंद्र में आयोजित फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण का निरीक्षण किया
मंदसौर 31 मार्च 26/ कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग ने डायट ई-दक्ष केंद्र में आयोजित फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की प्रगति का अवलोकन करते हुए फील्ड ट्रेनर्स से जनगणना कार्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक फील्ड ट्रेनर की भूमिका अहम है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी फील्ड ट्रेनर अपने अधीनस्थ प्रगणकों को बेहतर एवं प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करें, ताकि जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर स्वयं विषय को गंभीरता से समझें और प्रगणकों को भी पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षित करें। साथ ही, जनगणना कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान हेतु भी प्रगणकों का मार्गदर्शन करें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल सहित फील्ड ट्रेनर्स उपस्थित रहे। प्रशिक्षण श्री अभिषेक ठाकुर एवं श्री सत्येंद्र राठौर द्वारा दिया गया।
===========
सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर को प्राप्त हुआ एक और देहदान
मंदसौर 31 मार्च 26/ सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर में एमबीबीएस छात्रों के अध्ययन एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण हेतु एक और कैडेवर प्राप्त हुआ है। यह देहदान रतलाम निवासी स्वर्गीय श्री संजय गहलोत द्वारा किया गया, जो काकानी वेलफेयर सोसाइटी, रतलाम के माध्यम से तथा श्री गोविंद काकानी के सहयोग से महाविद्यालय को प्राप्त हुआ।
इस समन्वय में डॉ. नटवर गौर, सहायक प्राध्यापक एनाटोमी , डॉ. कार्तिक साल्वे, पप्राध्यापक (फार्माकोलॉजी) , डॉ सुनील कांत गुलेरी प्राध्यापक कम्युनिटी मेडिसिन एवं डॉ सौमित्र सेठिया सह प्राध्यापक कम्युनिटी मेडिसिन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
एनाटॉमी विभाग में प्रायोगिक अध्ययन हेतु कैडेवर की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है। इस नवीन देहदान के साथ महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के लिए कुल 11 कैडेवर प्रशिक्षण हेतु उपलब्ध हो चुके हैं, जो छात्रों के समुचित पठन-पाठन एवं कौशल विकास में सहायक सिद्ध होंगे।
अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी द्वारा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं एनजीओ के माध्यम से समाज में देहदान एवं अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने एवं लोगों को प्रेरित करने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
समाज से अपेक्षा है कि अधिक से अधिक लोग देहदान जैसे महादान में सहभागिता कर भावी चिकित्सकों के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें।
===========
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने चारा एवं भूसे के निर्यात पर 31 मई तक प्रतिबंध लगाया
उल्लंघन पर म.प्र. पशु चारा निर्यात नियंत्रण प्रावधानों के तहत होगी दण्डात्मक कार्यवाही
मंदसौर 31 मार्च 26 / कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग ने जिले में चारा एवं भूसे के निर्यात को रोकने के लिए पर 31 मई तक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। मंदसौर जिला अंतर्गत चारा/भुसा के निर्यात होने व अन्य कारणों से पशुओं के भुसा एवं चारा आदि की कमी होने की आशंका है।
जिले मे उत्पादित भुसा एवं चारे को पशुओं हेतु पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति एवं संग्रहण करना आवश्यक है। म०प्र० पशु चारा (निर्यात नियंत्रण) आदेश 2000 के निहित प्रावधानों के अधीन प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग करते हुए पशुओं के आहार में आने वाले सभी प्रकार के चारा, भुसा, घास, ज्वार आदि पशु चारे का उपयोग ईंट भट्टे में जलाने, फैक्ट्रियों में जलाने एवं जिले की सीमा से बाहर निर्यात को तत्काल प्रभाव से 31 मई 2026 तक के लिए प्रतिबन्ध लगाया गया है।
समस्त प्रकार के भुसा, चारा, घास, कड़वी आदि को कोई भी कृषक, व्यापारी, व्यक्ति या निर्यातक संस्था किसी भी प्रकार के वाहन, नाव, मोटर-ट्रक, बैलगाड़ी एवं रेल्वे अथवा अन्य साधन द्वारा जिले के बाहर बिना कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की लिखित अनुमति के निर्यात नहीं करेगें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उक्त आदेश का उल्लंघन होने पर म.प्र. पशु चारा (निर्यात नियंत्रण) आदेश 2000 के निहित प्रावधानों के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।
=============
अग्निवीर सेना भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ
एक अप्रैल तक कर सकेंगे पंजीयन
मंदसौर 31 मार्च 26/ भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी एक अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी एवं अधिसूचना भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है।
इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी (GD), एसकेटी (SKT), टेक्निकल, ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं), महिला सेना पुलिस तथा स्थाई पदों के लिए नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट एवं सिपाही फार्मा के पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
=============
गीता भवन में होगा हनुमन्त सहस्त्र नाम यज्ञ,
हनुमन्त प्राकटय पर्व श्रद्धा भक्ति के साथ मनेगा,\
मन्दसौर। धर्मधाम गीता भवन में हनुमन्त प्रकटोत्सव पर श्रद्धा, भक्ति के साथ मनाया जाएगा। अन्तर्राष्ट्रीय संत स्वामी श्री रामनिवास जी महाराज के मार्गदर्शन में 2 अप्रैल 2026 को प्रातः 6 बजे से जन्म आरती, 10 बजे से हनुमन्त सहस्त्रनाम यज्ञ व दोप. 12.30 बजे पूर्णाहूति होगी तथा रात्रि 8 बजे सामूहिक सुंदरकांड पाठ होगा।
उपरोक्त जानकारी देते हुए गीता भवन के सचिव पं. अशोक त्रिपाठी ने बताया कि समूचे गीतेश्वर बालाजी मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। नगर के युवा पंडित श्री हेमन्त भट्ट ‘हनुमन्त सहस्त्र’ नाम यज्ञ करवाएंगे। दोपहर 12 बजे यज्ञ की पूर्णाहूति के साथ महा आरती होगी। गीता भवन परिवार के श्री जगदीश चौधरी, बंशीलाल टांक, विनोद चौबे, शेष नारायण माली, सुभाष अग्रवाल के अलावा ज्योतिषाचार्य दीदी लाडकुंवर जी, विद्या उपाध्याय, अंजू तिवारी, पूजा बैरागी, पुष्पा पाटीदार आदि ने श्रद्धालुओं से धर्मधाम गीता भवन में आयोजित ‘हनुमन्त प्रकटोत्सव’ पर्व पर आयोजित हनुमन्त सहस्त्रनाम यज्ञ, आरती एवं पूर्णाहूति एवं रात्रि में आयोजित सामूहिक सुंदरकांड में भाग ले। अतः सभी आयोजनों में पधारकर धर्मलाभ लें।
=====
ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कंट्रोल रूम स्थापित
नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क करें
मंदसौर 31 मार्च 26 / लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित सूखा एवं अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है।
पेयजल संबंधी किसी भी समस्या के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क कर सकते हैं। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।
========
धनगर पुरबिया समाज ट्रस्ट की बैठक में बंकट हप्पा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार
मंदसौर। धनगर पुरबिया समाज ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में समाज के उत्थान और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से समाज के नए नेतृत्व का चयन किया गया। इस बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने एक स्वर में श्री बंकट हप्पा के नाम पर मुहर लगाते हुए उन्हें ट्रस्ट का नया अध्यक्ष चुना। अध्यक्ष पद के निर्वाचन के साथ ही कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए समाज के अन्य सक्रिय सदस्यों को भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए।
संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से नंदकिशोर पिता किशनलाल पंवार, कैलाश पिता मोहनलाल रैकवार, बादल पिता मनोज रडा, बलवंत पिता जगदीश रैकवार, चंद्रशेखर पिता भेरुलाल रैकवार, जगदीश पिता डाडमचंद चौहान और धनराज पिता ताराचंद रैकवार को भी पदभार ग्रहण करवाया गया। इन सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नई जिम्मेदारियों को स्वीकार करते हुए समाज के प्रति निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजजनों ने नई टीम का स्वागत किया।
========



