कृषि उपज मंडी भावकृषि दर्शन

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 26 मार्च 2026 गुरुवार

///////////////////////////

27 मार्च को आयोजित एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर में केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों का होगा टीकाकरण : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

केंद्रीय विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक संपन्न

मंदसौर 25 मार्च 26 / कलेक्टर श्रीमती आदिती गर्ग की अध्यक्षता में केंद्रीय विद्यालय मंदसौर में प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने 27 मार्च को आयोजित होने वाले HPV वैक्सीनेशन शिविर को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं के सुगम आवागमन के लिए बस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं इस टीकाकरण अभियान का लाभ ले सकें।

इसके अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समर कैम्प, स्पोर्ट्स कैम्प, क्विज प्रतियोगिता, गांधीसागर टूर एवं भोपाल टूर आयोजित करने के निर्देश दिए। भोपाल भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को साइंस म्यूजियम एवं विधानसभा का अवलोकन कराने के लिए भी कहा गया।

बैठक में कलेक्टर द्वारा विद्यालय में उपलब्ध फर्नीचर, शिक्षकों की स्थिति एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।

================

जिले में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की आवश्यकता नहीं : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जिले के सभी पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया जा रहा

प्रत्येक पेट्रोल पंप पर निगरानी के लिए कोटवारों की भी नियुक्ति की गई है

मंदसौर 25 मार्च 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने कहा है कि जिले में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है तथा आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू रूप से जारी है। नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जिले के सभी पेट्रोल पंपों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंपों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित की गई है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अतिरिक्त प्रत्येक पेट्रोल पंप पर निगरानी के लिए कोटवारों की भी नियुक्ति की गई है, जो सतत रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें एवं अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें। जिले में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और इसकी आपूर्ति निरंतर जारी रहेगी।

=============

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने मल्हारगढ़ में लगभग 11 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया

मंदसौर 25 मार्च 26 / मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ जनपद पंचायत परिसर में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा द्वारा लगभग 11 करोड़ रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम ढिकन्या में 37 लाख 50 हजार रुपए की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया, वहीं 10 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 42 मांगलिक भवनों का भूमिपूजन किया गया। ये सभी भवन मल्हारगढ़ जनपद की 42 अलग-अलग ग्राम पंचायतों में निर्मित होंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा कन्हैयालाल पाटीदार, श्री मदन लाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सरपंच, नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की सतत निगरानी की जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय राशि को अपनी राशि समझकर कार्य करें और सभी मांगलिक भवन निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए। साथ ही उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि जनता ने सेवा का अवसर दिया है, जिसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 42 मांगलिक भवनों के अतिरिक्त 60 और भवन स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा मल्हारगढ़ एवं पिपलिया मंडी में फ्लाईओवर निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होंगे।

उन्होंने बताया कि दिसंबर 2026 तक गांधी सागर परियोजना का पानी हर खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य है, जिससे सिंचाई सुविधा में विस्तार होगा। साथ ही नारायणगढ़ एवं बूढ़ा में सांदीपनी विद्यालय तथा मल्हारगढ़ में बालिकाओं के लिए छात्रावास का निर्माण भी प्रस्तावित है।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह दिन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

==============

विद्यार्थी प्रदेश की पहचान बनें, देश का नाम रोशन करें : उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा

डाइट में 1.86 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम निर्माण का किया भूमिपूजन

मंदसौर 25 मार्च 26/ उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) मंदसौर में 1 करोड़ 86 लाख 27 हजार रुपए की लागत से बनने वाले सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, मंदसौर विधायक श्री विपिन जैन, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती मनु प्रिया विनीत यादव सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि डाइट के विद्यार्थी प्रदेश की पहचान बनें और जिला, प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि संस्थान में ऑडिटोरियम की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके निर्माण से शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मंदसौर का डाइट प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है और इस नई सुविधा से इसकी प्रतिष्ठा और बढ़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान भी किया।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऑडिटोरियम निर्माण में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। यदि आवश्यकता हो तो संशोधित प्राक्कलन (रिवाइज एस्टीमेट) प्रस्तुत किया जाए, ताकि बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण हो सके।

इस अवसर पर राज्य स्तरीय ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

==========

जिला सड़क सुरक्षा सम‍िति की बैठक 30 मार्च को

मंदसौर 25 मार्च 26 / लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री द्वारा बताया गया कि जिला सड़क सुरक्षा सम‍िति की बैठक 30 मार्च 2026 को टी.एल. की बैठक के पश्‍चात सुशासन भवन के सभाकक्ष में होगी।

===============

केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ

बाल वाटिका 1 व 3 एवं कक्षा 1 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 2 अप्रैल

मंदसौर 25 मार्च 26/ केंद्रीय विद्यालय मंदसौर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बाल वाटिका-1, बाल वाटिका-3 एवं कक्षा 1 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 2 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

पंजीकृत विद्यार्थियों की चयनित एवं अंतिम सूची का प्रदर्शन 8 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 16 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी।

बाल वाटिका-2, कक्षा 2 एवं अन्य कक्षाओं के लिए पंजीकरण 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इन कक्षाओं के लिए चयन सूची 13 अप्रैल 2026 को जारी होगी तथा प्रवेश प्रक्रिया 15 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक संपन्न की जाएगी।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार कक्षा 11 को छोड़कर अन्य सभी कक्षाओं में प्रवेश की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित है। कक्षा 11 में प्रवेश की अंतिम तिथि कक्षा 10 वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के 30 दिवस के भीतर रहेगी।

अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने की अपील की गई है।

प्रवेश संबंधित विवरण वेबसाइट https://kvsangathan.nic.in/en/admission/ के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। कक्षा 1 एवं बालवाटिका 1, 2 एवं 3 (जहाँ लागू हो) के लिए

ऑनलाइन आवेदन करने का लिंक: https://admission.kvs.gov.in 

कक्षा-1 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 06 वर्ष होनी अनिवार्य है। सभी कक्षाओं के लिए आयु की गणना 31.03.2026 के अनुसार होगी। कक्षाओं में सीटों का आरक्षण के.वि.सं. के प्रवेश दिशा-निर्देशों 2026-27 के अनुसार किया जाएगा।

बालवाटिका-1, 2 एवं 3 में प्रवेश हेतु आयु क्रमशः 3 से 4 वर्ष, 4 से 5 वर्ष और 5 से 6 वर्ष होगी, जो 31.03.2026 के अनुसार होगी।

बालवाटिका-2 व 3 (जहाँ ऑनलाइन माध्यम से आवेदन नहीं होना है), कक्षा II एवं उससे ऊपर (कक्षा XI को छोड़कर) की कक्षाओं में, स्थान रिक्त होने पर ही, प्रवेश के लिए पंजीकरण दिनांक 02.04.2026 प्रातः 10:00 बजे से दिनांक 08.04.2026 सायं 4:00 बजे तक ऑफलाइन मोड (offline mode) द्वारा किया जा सकेगा। विधिवत भरे हुए फॉर्म को संबंधित के०वि० में प्राचार्य के कार्यालय में जमा करवाना होगा।

==========

मोदी सरकार की विदेश नीति की असफलता से देश में एलपीजी संकट:

जनता लाइनों में, काला बाजारी फल रही
 – आप जिला अध्यक्ष पाटीदार
मंदसौर। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष गंगाराम पाटीदार अधिवक्ता ने आज कहा कि मोदी के 14 वर्षों के शासन में जनता ने नोटबंदी, कोविड और महंगाई-बेरोजगारी का कष्ट झेला, लेकिन वर्तमान एलपीजी संकट सबसे बुरा दौर साबित हो रहा है।
ईरान-इजराइल-अमेरिका संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग रुकने से भारत की लगभग 60% एलपीजी आयात प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर आम घरों पर पड़ा है। मंदसौर सहित मध्य प्रदेश और पूरे देश में महिलाएं-परिवार घंटों लाइनों में लग रहे हैं, फिर भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे। ब्लैक मार्केट में घरेलू सिलेंडर 2500 रुपये तक बिक रहे हैं, जबकि सरकारी दर से बहुत कम उपलब्धता है।
श्री पाटीदार ने कहा, “मोदी जी का नारा था – ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा’, लेकिन आज का नारा बन गया है – ‘खूब खाओ-खूब कमाओ, बस हमारे साथ आओ’। भाजपा नेताओं और उनके करीबियों के संरक्षण में काला बाजारी फल रही है। पेट्रोल पंपों पर भी घंटों लाइन लग रही है और खाद की उपलब्धता भी बाजार में उचित दर पर नहीं है।” इसके साथ ही खाद की कालाबाजारी होती है।
उन्होंने आगे कहा कि गोदी मीडिया अभी भी भाजपा के गुणगान में व्यस्त है, जबकि जनता महंगाई, बेरोजगारी और अब LPG-पेट्रोल की किल्लत से त्रस्त है। यह मोदी सरकार की विदेश नीति की पूरी असफलता है, जिसकी वजह से देश आज ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है।
आम आदमी पार्टी जनता से अपील करती है कि वे सक्रिय होकर इस “दूसरी आजादी की लड़ाई” में भाग लें। भाजपा के कुशासन से देश को मुक्ति दिलाने के लिए हर एक को त्याग और बलिदान देना होगा।
यह जानकारी जोन मीडिया प्रभारी प्रकाश दोसावत द्वारा दी गई।

=========

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने जन्मदिवस पर किसानों को दिया सस्ती बिजली का उपहार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के अंतर्गत किया विद्युत क्रय अनुबंध पत्रों का वितरण

आने वाले समय में लगभग 8 लाख विद्युत पंपों को सौर ऊर्जा से जोड़ना संभव होगा

मध्यप्रदेश ग्रीन पॉवर स्टेट बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऊर्जा विकासनिगम की उपलब्धियों को सराहा

मंदसौर 25 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के अंतर्गत किसानों के हित में किए जा रहे अनुबंध राज्य के लिए अमूल्य उपहार हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना में 4 हजार मेगावॉट की विशाल क्षमता वाली इकाईयां स्थापित की जाएंगी। जिसका सबसे बड़ा लाभ प्रदेश के किसानों को मिलेगा। इससे लगभग 8 लाख पम्प सीधे सूर्य की शक्ति अर्थात् सौर ऊर्जा से संचालित होंगे। आज से सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के अनुबंधों के वितरण की प्रक्रिया आरंभ हो रही है। आज का दिन प्रदेश की कृषि और ऊर्जा नीति के समन्वय का ऐतिहासिक पड़ाव सिद्ध होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2026 को प्रदेश में कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है। किसान भाईयों को सुखी-समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के इस महासंकल्प में सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना का महत्वपूर्ण योगदान होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, उनके जन्म दिवस 25 मार्च को मुख्यमंत्री निवास आयोजित में सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के अंतर्गत विद्युत क्रय अनुबंध वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, अपर मुख्य सचिव श्री मनु श्रीवास्तव तथा श्री नीरज मंडलोई उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने योजना के अंतर्गत रतलाम की सुश्री संस्कृतिआर्या, खरगोन के श्री बृजमोहन शर्मा, उज्जैन के श्री नागेन्द्र सिंह चौहान, मंदसौर के श्री निशांत सोनी, राजगढ़ की सुश्री सीमा सहित अन्य जिलों के किसानों को अनुबंध पत्र प्रदान किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौरव का विषय है कि मध्यप्रदेश ने अब तक 12 हजार मेगावॉट से अधिक नवकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित कर ली है। सूर्य मित्र कृषि फीडर योजना के तहत 4 हजार 22 मेगावॉट की सोलर परियोजनाएं आवंटित की गई हैं। इससे मात्र 2 रूपए 40 पैसे से 2 रूपए 85 पैसे प्रति यूनिट की किफायती दर पर बिजली उपलब्ध होगी। मध्यप्रदेश वर्तमान में केवल पॉवर स्टेट ही नहीं, बल्कि ग्रीन पॉवर स्टेट बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

वैश्विक परिस्थितियां इस बात का प्रमाण हैं कि ऊर्जा और ईंधन के लिए देश का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। सौर ऊर्जा के लिए किए जा रहे कार्य प्रधानमंत्री श्री मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में सूर्य का आध्यात्मिक महत्व सदा से रहा है। वर्तमान काल सूर्य देव ऊर्जा का प्रमुख स्त्रोत बनकर, सभी का कल्याण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऊर्जा विकास निगम की उपलब्धियों के लिए निगम की सराहना की।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने जन्मदिवस पर मध्यप्रदेश को पीएम मित्र पार्क का उपहार दिया था। आज मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपने जन्मदिवस पर प्रदेश के किसानों को सस्ती बिजली का उपहार दे रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह कदम किसानों के प्रति उनकी संवेदनशीलता के भाव को दर्शाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। नवीन एवं नवकरणीय मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार चरैवेति-चरैवेति के सिद्धांत का पालन करते हुए प्रदेश के समग्र विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। सभी क्षेत्रों में मध्यप्रदेश प्रगति कर रहा है। मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने अपने घरों पर विद्युत उत्पादन के लिए रूफ टॉप लगवाने का प्रदेशवासियों से आहवान किया। कार्यक्रम को अपर मुख्य सचिव श्री मनु श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। अपर मुख्य सचिव श्री मनु श्रीवास्तव ने बताया कि मुरैना में विकसित हो रही प्रदेश की पहली सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना में 2 रूपए 70 पैसे प्रति यूनिट अब तक की सबसे कम टैरिफ पर प्राप्त हुई है। ऊर्जा विकासनिगम 44 वर्ष बाद लाभ की स्थिति में आया है। जिसमें किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

===============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}