समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 21 मार्च 2026 शनिवार

///////////////////////////////////////////////
जिले में 1104 स्प्रिंकलर/ड्रिप सेट स्वीकृत, सिंचाई व्यवस्था होगी मजबूत
पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना में 450 करोड़ का बजट प्रावधान
मंदसौर 20 मार्च 2026/ किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले में किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” योजना के तहत वर्ष 2026 के बजट में 450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
मंदसौर जिले का कुल कृषि योग्य रकबा 3,56,200 हेक्टेयर है, जिसमें से लगभग 90 प्रतिशत यानी करीब 3,10,000 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित है। जिले में सूक्ष्म सिंचाई (माइक्रो इरिगेशन) का विस्तार लगातार बढ़ रहा है, जिससे पानी की बचत और बेहतर उत्पादन सुनिश्चित हो रहा है।
योजना के अंतर्गत जिले को स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सेट के लिए 1104 का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध सभी 1104 स्प्रिंकलर/ड्रिप सेट की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इससे किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाने में प्रोत्साहन मिलेगा और जल संसाधनों का अधिक कुशल उपयोग हो सकेगा।
अनुदान प्रावधान के तहत 2 हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले कृषकों को लागत का 45 प्रतिशत तथा 1 से 2 हेक्टेयर तक के कृषकों को लागत का 55 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिले के अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
=============
नगर परिषद भैंसोदा ने की तालाब की सफाई, जल संरक्षण को मिला बढ़ावा
मंदसौर 20 मार्च 2026/ जल गंगा जल संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले भर में जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर परिषद भैंसोदा द्वारा क्षेत्र के प्रमुख तालाब की साफ-सफाई का कार्य किया गया। इस पहल का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित करना तथा भू-जल स्तर में वृद्धि करना है।
नगर परिषद द्वारा तालाब से गाद, कचरा एवं अन्य अवांछित पदार्थों को हटाकर जल संग्रहण क्षमता बढ़ाई जा रही है। इस कार्य से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई और श्रमदान के माध्यम से सहयोग प्रदान किया।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत जिले की पुरानी जल संरचनाओं—जैसे कुएं, बावड़ियां, तालाब एवं नालों—का जीर्णोद्धार एवं सफाई कार्य निरंतर जारी है। अधिकारियों ने बताया कि इन प्रयासों से आने वाले समय में जल संकट से निपटने में काफी सहायता मिलेगी।
यह अभियान 30 जून 2026 तक सतत रूप से संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी के साथ जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल संरक्षण के इस महत्त्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने आसपास की जल संरचनाओं के संरक्षण में सहयोग प्रदान करें।
===========
सिंहस्थ-2028 का आयोजन आस्था, आध्यात्म और प्रकृति का अद्भुत समागम होगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उज्जैन में प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स की सिंहस्थ 2028 के संबंध में हुई कार्यशाला
मंदसौर 20 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 का आयोजन आस्था, आध्यात्म और प्रकृति का अद्भुत समागम होगा। सिंहस्थ 2028 के मुख्य राजसी स्नान और अन्य स्नान शिप्रा के जल से ही हो यह सुनिश्चित करने के लिए सिलारखेड़ी सेवरखेड़ी परियोजना प्रगतिरत है। वर्तमान दौर में सोशल मीडिया बहुत महत्वपूर्ण है, जो सुशासन और समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करने का सशक्त मार्ग है।
मुख्यंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा सिंहस्थ-2028 के कार्यों की जानकारी प्रदान करने प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स की उज्जैन में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
कार्यशाला में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ-2028 के लिए कान्ह क्लोज डक्ट, सेवरखेड़ी सिलारखेड़ी परियोजना, शहर के आंतरिक मार्गों का चौड़ीकरण, सीवरेज कार्य, मेला क्षेत्र विकास, जिले की कनेक्टविटी को देश से जोड़ने के लिए बनाए जा रहे 6 लेन और 4 लेन मार्गों, रेलवे लाइन, एयरपोर्ट आदि विकास कार्यों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे भीड़ प्रबंधन के उपाय, सुरक्षा व्यवस्था ,एआई टेक्नोलॉजी का क्रॉउड मैनेजमेंट, श्रद्धालुओं को जानकारी प्रदान करने, पार्किंग आदि में उपयोग संबंधी जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर सेंसिटव जानकारी पोस्ट करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के बारे में चर्चा की।
==============
अग्निवीर सेना भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ
एक अप्रैल तक कर सकेंगे पंजीयन
मंदसौर 20 मार्च 26/ भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी एक अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी एवं अधिसूचना भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है।
इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी (GD), एसकेटी (SKT), टेक्निकल, ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं), महिला सेना पुलिस तथा स्थाई पदों के लिए नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट एवं सिपाही फार्मा के पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
==============
ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कंट्रोल रूम स्थापित
नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष पर संपर्क करें
मंदसौर 20 मार्च 26 / लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित सूखा एवं अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है।
पेयजल संबंधी किसी भी समस्या के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क कर सकते हैं। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।
============


