मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 18 मार्च 2026 बुधवार

///////////////////////

बाल अधिकार संरक्षण पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा जिला प्रशासन रतलाम के सहयोग से आज 17 मार्च मंगलवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के माध्यम से किया गया एवं कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य वक्ताओं का स्वागत सहायक संचालक श्रीमती भारती डांगी के द्वारा किया गया । सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग एवं नोडल मिशन वात्सल्य श्री रवींद्र मिश्र के द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत करवाया गया। कार्यशाला में योगेश पाल डीवीसी रमसा ने बच्चों पर किये जाने वाले मनोवैज्ञानिक एवं शारीरिक हिंसा से पड़ने वाले प्रभावों के बारे में, सारस्वत प्राचार्य सांदीपनि उच्चतर मध्यमिक विद्यालय सैलाना गिरीश ने बच्चों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिये जाने वाले दंड एवं प्रभावों पर, सीडब्लूसी इंदौर पूर्व अध्यक्ष पल्लवी पोरवाल ने किशोर न्याय अधिनियम के बारे में व आस संस्था एनजीओ इंदौर मनीषा पायक ने बालकों का लैंगिक अपराधो से संरक्षण (पोक्सो) विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग से उपस्थित डॉ श्री अभय ओहरी के द्वारा एमएलसी के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई एवं किसी भी अपराधी को सजा दिलवाने में मेडिकल एविडेंस के महत्व के बारे में अवगत कराया गया। कार्यशाला के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन , चिकित्सा विभाग के अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित थे।

==========

जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 19 मार्च से जिले में शुरू होगा जल गंगा संवर्धन अभियान

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश; जनसहभागिता से संवरेंगे जल स्रोत

शासन के निर्देशानुसार जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले में जल स्तर को सुधारने और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कार्ययोजना बना कर कार्यवाही करने के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में जल संवर्धन अभियान की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, नगर निगम कमिश्नर श्री अनिल भाना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जल संबंधी जरूरतों की पूर्ति और भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों की सुरक्षा हेतु जल गंगा संवर्धन अभियान शुरु किया जा रहा है। भारतीय नववर्ष प्रतिपदा (गुढ़ी पड़वा) के शुभ अवसर पर 19 मार्च को उज्जैन की शिप्रा नदी तट से राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया जा जाएगा । यह अभियान 30 जून तक अनवरत चलेगा।

बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 19 मार्च को जिले के प्रत्येक नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत में कम से कम एक जल संरक्षण कार्य का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत शासकीय विभागो के साथ जनसहभागिता से काम पूरे किए जाएं। कलेक्टर ने शासकीय भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही, जिले के पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुओं और बावडियों को फिर से जीवित करने के लिए उन्हें रिचार्ज करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश नगरीय निकाय सी एम ओ एवं जनपद सीईओ को दिए । श्रीमती सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी पुरानी या नई जल संरचनाएं बनी हैं, उनके आसपास सुरक्षा की दृष्टि से रेडियम पेंट करवाया जाए ताकि रात के अंधेरे में होने वाली दुर्घटनाओ से बचाव हो सके।

===============

जनसुनवाई में 102 आवेदन पर हुई सुनवाई

कलेक्टर कार्यालय में आज मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने आवेदको को सुना एवं आवेदकों से आवेदन प्राप्त किये। जनसुनवाई में 102 आवेदन प्राप्त हुए। निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही उपस्थित विभागीय अधिकारियों से निराकरण करवाया गया एवं शेष आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में आवेदक मुकेश निवासी धीरजशाह नगर ने गरीबी रेखा का राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन दिया । कार्यवाही हेतु सीएमओ को निर्देशित किया गया। आवेदक घनश्याम पिता बालुनाथ निवासी बंजली ने राशन कार्ड होने पर भी सेल्समैन द्वारा राशन न देने के संबंध में आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु डीएसओ को निर्देशित किया। आवेदक विकाश कटारा निवासी गंगसरिया पलसोडी ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास स्वीकृति हेतु आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।

आवेदिका कला पति राकेश निवासी ग्राम सागडा का माल ने बताया कि उनके पति की मृत्यु 27 अक्टूबर 2025 को वाहन से गिरने के कारण हो गई। परिवार के भरण पोषण के लिए आर्थिक सहायता हेतु आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया। आवेदक अरूण दास निवासी बिरमावल ने पिता के प्राथमिक शिक्षक के पद पर रहते हुए आकस्मिक देहांत हो जाने के कारण अनुकम्पा नियुक्ति हेतु आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।

=============

रतलाम जिले में 9 नगरीय निकायों में हुई जल सुनवाई जल सुनवाई में 10 शिकायतों का हुआ निराकरण

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार पी ओ डूडा श्री अरुण पाठक के मार्गदर्शन में रतलाम जिले में “स्वच्छ जल“ अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत मंगलवार को जिले के सभी 9 नगरीय निकायों में ’जल सुनवाई’ आयोजित की गई । जल सुनवाई में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

==============

रतलाम जिले में 971 बालिकाओं को एच पी वी का वैक्सीनेशन किया गया

सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे बड़ा कैंसर है, महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर को रोकने के लिए रतलाम जिले में निशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन 28 फरवरी से प्रारंभ होकर 90 दिन तक किया जाएगा । प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ए पी सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 971 बालिकाओं का वैक्सीनेशन किया गया है। सिविल अस्पताल आलोट में 134, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ताल में 129, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना में 77, सिविल अस्पताल जावरा में 228, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलोदा में 185, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली में 50, बाल चिकित्सालय रतलाम में 82, मेडिकल कॉलेज रतलाम में 10, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना में 76 बालिकाओं का वैक्सीनेशन किया गया है। वैक्सीनेशन के लिए ऐसी सभी बालिका जिन्होंने अपना 14 वां जन्मदिन मना लिया है एवं 15 जन्मदिन नहीं मनाया है, वे निशुल्क वैक्सीनेशन करवा सकती है । वैक्सीनेशन कराने के लिए यू विन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराया जा सकता है या सीधे केंद्र पर आकर भी वैक्सीनेशन कराया जा सकता है। वैक्सीनेशन के लिए आयु संबंधी कोई भी प्रमाण पत्र अथवा स्वयं के घोषणा पत्र के आधार पर भी सहजता से वैक्सीनेशन कराया जा सकता है।

सीएमएचओ ने शंका समाधान करते हुए स्पष्ट किया कि कि एच पी वी वैक्सीनेशन पूरी तरह सुरक्षित है। यदि किसी के घर में कैंसर संबंधी कोई मरीज नहीं है, तब भी एच पी वी का वैक्सीनेशन कराया जाना आवश्यक है , ताकि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास हो सके। एचपीवी का टीका प्रजनन क्षमता को बिल्कुल प्रभावित नहीं करता है , एचपीवी का टीका मासिक धर्म पर कोई प्रभाव नहीं डालता है बल्कि मासिक धर्म होने के दौरान भी एच पी वी का टीका लगवाया जा सकता है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का गार्डशील का एक बार वैक्सीनेशन करना पर्याप्त है। एच पी वी का टीका सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावशीलता प्रदान करता है। सीएमएचओे सभी अभिभावकों से अपनी 14 वर्षीय बालिका का नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निशुल्क एच पी वी वैक्सीनेशन करने की अपील की है।

========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}