यदि अभिभावक अपने बच्चों को डॉक्टर और इंजीनियर बनाना चाहते हैं तो हो जाएं तैयार

फ्री में पीके स्कूल कराएगा तैयारी और ऐसे मिलेगा प्रवेश
रीवा- अब गरीब बच्चों के मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन का सपना साकार होगा। नीट और जेईई की परीक्षा की तैयारी अब पूरी तरह से रीवा में नि:शुल्क कराई जाएगी। पीके स्कूल ने इसकी तैयारी कर ली है। जल्द ही इसकी शुरुआत कर दी जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में एडमिशन चाहिए तो नीट की परीक्षा पास करना जरूरी है। इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन चाहिए तो जेईई की परीक्षा पास करना अनिवार्य है। इन परीक्षाओं को पास करने के लिए छात्रों को कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। जिनके पास पैसा है, वह बाहर जाकर कोचिंग करते हैं लेकिन गरीब परिवार के बच्चों को यह अवसर नहीं मिल पाता। उन्हें तैयारी के लिए पठन पाठन सामग्री और गाइडेंस नहीं मिल पाता। इसके कारण ऐसे बच्चे नीट और जेईई की परीक्षा पास करने से वंचित कर रह जाते हैं। ऐसे ही जरूरतमंद और गरीब बच्चों को आगे बढ़ाने और मेडिकल, इंजीनियर कॉलेज में एडमिशन के लिए होने वाली प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार करने के लिए पीके स्कूल में विशेष कोचिंग की शुरुआत करने का निर्णय लिया गया है। इसकी शुरुआत जल्द ही होगी। हालांकि इसकी शुरुआत के पीछे कमिश्नर रीवा संभाग रीवा और जेडी लोक शिक्षण रीवा को श्रेय जाता है। इनकी पहल से ही इसकी शुरुआत होने जा रही है।
यह शिक्षाविद् कराएंगे नीट और जेईई की तैयारी
पीके स्कूल में शुरु होने वाली नि:शुल्क कोचिंग में पीके स्कूल के प्राचार्य वरुणेन्द्र प्रताप सिंह गहरवार, उप प्राचार्य मुन्नालाल पटेल, उत्कृष्ट विद्यालय के डॉ प्रभाकर द्विवेदी। डॉ रामनारायण तिवारी, डॉ विनय दुबे कक्षाएं संचालित करेंगे। इस पूरी व्यवस्था की मॉनीटरिंग सहायक संचालक राजेश मिश्रा करेंगे। इसका नोडल अधिकारी राजेश मिश्रा को बनाया गया है।
एडमिशन के लिए करना होगा यह काम
यदि किसी भी बच्चे को नीट और जेईई परीक्षा की तैयारी करनी है तो उन्हें अपना नाम पीके स्कूल में रजिस्टर्ड कराना होगा। इसके लिए प्राचार्य ने स्कूल की सहायक ग्रेड 3 सविता मिश्रा को अधिकृत कर दिया है। उनसे संपर्क कर छात्र अपना नाम कोचिंग के लिए रजिस्टर्ड करा सकते हैं।



