मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 03 मार्च 2026 मंगलवार

///////////////////////////////////////

जब तक चाहत है तब तक चिंता है, संतोष आया तो चिंता मिटी
आध्यात्मिक संवाद में वक्ताओं के विचार

मंदसौर। आध्यात्मिक चेतना अभियान द्वारा आध्यात्मिक संवाद का आयोजन किया गया। वरिष्ठ साहित्यकार श्री गोपाल बैरागी ने कहा कि मानव जीवन में चिंता सबसे अधिक कष्टदायी होती है। यह चिंता चाहत की देन होती है। जब चाहत मिट जाती हैं तो चिंता मिट जाती है। जब संतोष आता है तो सुख आता है। इसलिये सम्पन्न लोग अधिक चिंताग्रस्त रहते है जिसने प्राप्त को पर्याप्त मान लिया वह सुखी है। प्रमुख वक्ता श्री प्रकाश रातड़िया ने कहा कि मर्यादा, गरिमा और अनुशासन जीवन की उत्कृष्टता के लिये आवश्यक है। विवाहेत्तर संबंध, कथित लिव इन रिलेशन और पर स्त्रीगमन जैसी प्रवृत्तियां सामाजिक विकृतियों का कारण है। आपने कहा कि व्यभिचार के अपराध का प्रावधान भारतीय दण्ड संहिता की धारा 497 सर्वोच्च न्यायालय ने स्त्री पुरूष भेदभाव के आधार पर असंवैधानिक घोषित की थी किंतु इसे भेदभाव रहित स्वरूप में पुनः भारतीय न्याय संहिता में सम्मिलित नहीं किया गया है। सुसंस्कारों के अभाव में वातावरण बिगड़ रहा है। प्रताड़ना, हत्या एवं आत्महत्याएं हो रही है। श्री जीवराज डांगी, डॉ. बी.आर. नलवाया, राजकुमार जसवंत ने विचार रखे। श्री राजेन्द्र तिवारी, अभय जैन, प्रहलाद मालवीय, सुरेश पण्ड्या ने मंगलाचरण, गीत, भजन प्रस्तुत  किये। श्री वासुदेव खेमानी, दिनेश जैन, कृष्णकुमार जोशी, शंकरलाल त्रिवेदी, राजेन्द्र शर्मा, अमृतराम सुनार्थी, दिनेश बैरागी, रमेश ब्रिजवानी ने संवाद में सहभागिता की। आध्यात्मिक चेतना अभियान के संयोजक विनोद शर्मा ने गतिविधियों की जानकारी दी। संचालन श्री सत्यनारायण भूरिया ने व आभार प्रदर्शन निरंजन भारद्वाज ने किया।

===============

पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मंदसौर में प्राचीन ऋषियों के वैज्ञानिक दृष्टि से अवगत कराया गया

भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के अंतर्गत दिनांक 28 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष में महाविद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें पोस्टर के माध्यम से प्राचीन परंपरा में निहित विज्ञान से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया । भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉक्टर प्रीति श्रीवास्तव ने *प्राचीन ऋषियों की वैज्ञानिक दृष्टि* पर अपना व्याख्यान दिया। आपने बताया कि हमारे ऋषि- मुनि साधना, तप और ध्यान में लीन होने के साथ वैज्ञानिक थे ।संभवतः उनके तपोवन विज्ञान के अनुसंधान केंद्र रहे होंगे, जहां वे नवीन आविष्कार करते हुए समाज का कल्याण किया करते थे। हमारी भारतीय परंपरा में नागार्जुन, कणाद,आर्यभट्ट, भास्कराचार्य, गृत्समद सुश्रुत आदि अनेक ऋषि थे जो वैज्ञानिक दृष्टि रखते थे। इस अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की सदस्य सुश्री ॠतु शर्मा एवं सुश्री शालू नलवाया उपस्थिति रहीं।

===========

राज्य स्तरीय केंद्रीयकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल के संबंध में जिले के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न

मंदसौर 2 मार्च 26 / जिला कोषालय अधिकारी द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार ई-दक्ष केन्‍द्र में IFMIS Software अंतर्गत SNA Sparsh एवं विभिन्‍न विषय तथा राज्य स्तरीय केंद्रीयकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल के संबंध में जिले के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण जिला कोषालय अधिकारी श्री सुनील डावर के मार्गदर्शन में सिस्‍टम मैनेजर श्री मुकाम सिंह टैगोर द्वारा प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य IFMIS Software अंतर्गत देयकों की प्रस्‍तुति में सुगमता एवं सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों की पेंशन समय-सीमा में ऑनलाइन जारी करना तथा भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। वित्त विभाग द्वारा गठित इस केंद्रीयकृत सेल के माध्यम से अब सभी पेंशन प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। जिससे प्रक्रिया सरल और समयबद्ध होगी।

कार्यक्रम में देयक के साथ प्रस्‍तुत होने वाले आवश्‍यक स्‍वीकृति/दस्‍तावेज, Objection Master, म.प्र. कोषालय संहिता के सुसंगत नियम, पेंशन प्रकरण तैयार करने, ऑनलाइन प्रविष्टि, आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने और समय पर भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान जिले के समस्‍त विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारी मौजूद रहे।

==========

विधिक ज्ञान की परिपक्वता के लिये सतत अध्ययनशीलता व नवीन न्याय उद्धरणों के प्रति जागरूकता जरूरी
विधिक ज्ञान परिचर्चा में वक्ताओं के विचार

मंदसौर। कनिष्ठ अधिवक्ताओं के लिये विधिक ज्ञान परिचर्चा का आयोजन किया गया। अभिभाशक संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री प्रकाश रातड़िया ने कहा कि विधिक ज्ञान की परिपक्वता के लिये सतत अध्ययनशीलता व नवीन न्याय उद्धरणों के प्रति जागरूकता जरूरी है। आपने कहा कि विधि क्षेत्र में नीत नये सिद्धांत प्रतिपादित होते है। प्रावधानों का विधायन होता है। परम्परागत विधि सिद्धांत, संसद व र ाज्य विधान मण्डलों द्वारा विधायक किये गये कानूनों के अतिरित सर्वोच्च न्यायालय व उच्च न्यायालयों द्वारा प्रतिपादित न्याय सिद्धांत विधि स्वरूप में सामने आते है इसलिये न्यायाधीशों व अधिवक्ताओं के लिये निरंतर जागरूकता की आवश्यकता है। आपने कहा कि संविधान में नागरिकों को दिए गए अधिकारों की सार्थकता में न्यायपालिका की भूमिका महत्वपूर्ण हैं विधि साहित्य इंटरनेट प्रसारण व कृत्रिम बुद्धिमता के युग में भी मानवीय चेतना की भूमिका महत्वपूर्ण है। श्री  जवारलाल नेहरू विधि महाविद्यालय के व्याख्याता श्री सुनील बड़ोदिया ने कहा कि अभिभाषकों को दक्षता के लिये ज्ञान और अनुभव दोनों आवश्यक है। सफलता का आधार परिश्रम ही होता है। एडवोकेट श्री मोहम्मद गजनफर खान, विधि विद्यार्थी श्री शुभम जैन ने विचार व्यक्त किये। एडवोकेट श्री विनोद शर्मा ने वर्तमान विधिक प्रक्रिया में अभिभाषकों की भूमिका का उल्लेख किया। संचालन श्री रमेश ब्रिजवानी ने एवं आभार प्रदर्शन श्री धर्मेन्द्र चौहान ने किया।

===========

प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को मिला बड़ा सहारा प्रबंधकीय अनुदान हेतु 168 करोड़ का किया बजट प्रावधान

मंदसौर 2 मार्च 26/ किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा उनमें कार्यरत कर्मचारियों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। राज्य शासन द्वारा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) एवं लेम्प्स (LEMS) को प्रबंधकीय अनुदान प्रदान करने के लिए कुल 168 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

सीईओ सहकारी बैंक श्री सुनील कच्छावा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की सहकारी संस्थाओं की आय में वृद्धि के लिए विभिन्न प्रकार की अतिरिक्त गतिविधियां प्रारंभ की गई हैं। समितियों द्वारा इन गतिविधियों का लाभ प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयास भी किए जा रहे हैं, जिससे संस्थाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें और किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं के कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार प्रबंधकीय अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में अनेक समितियों की वित्तीय स्थिति कमजोर होने के कारण कर्मचारियों को नियमित वेतन अथवा पारिश्रमिक का भुगतान करना कठिन हो रहा था। इसी समस्या के समाधान हेतु राज्य शासन द्वारा अक्टूबर 2023 से दिए जा रहे मासिक वेतन/पारिश्रमिक के अतिरिक्त राशि के भुगतान के लिए प्रबंधकीय अनुदान की व्यवस्था की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक पैक्स समिति को प्रतिवर्ष 3 लाख 24 हजार रुपये तथा प्रत्येक लेम्प्स समिति को प्रतिवर्ष 3 लाख 48 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

इस प्रबंधकीय अनुदान से सहकारी संस्थाओं पर अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा तथा समितियों में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा। इससे सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और किसानों को समय पर ऋण एवं अन्य सहकारी सेवाएं उपलब्ध कराना और अधिक सुगम हो सकेगा।

राज्य सरकार की यह पहल सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ किसानों एवं सहकारी कर्मचारियों के हितों को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

===============

विद्युत विभाग द्वारा शहर के मुख्य मार्गों पर लगे खुले तारों को बैंड केबल में कन्वर्ट किया

मंदसौर। शहर में आगामी त्यौहारों को देखते हुए विद्युत विभाग द्वारा शहर के मुख्य मार्गों पर लगे खुले तारों को बैंड केबल में कन्वर्ट करने की कार्रवाई की गई।

शहर के मुख्य मार्ग पर त्योहारों एवं जुलूस रैली आदि के आयोजन हेतु सुरक्षित एवं बिना विद्युत व्यवधान के शहर में निरंतर विद्युत प्रदाय की दृष्टि से विभाग द्वारा उक्त कार्य वरीयता आधार पर किया जा रहा है। इसमें शहर के मुख्य मार्ग गांधी चौराहा, नेहरू बस स्टैंड, घंटाघर, धानमंडी, सदर बाजार, कालाखेत सहित अन्य मुख्य मार्गों पर उक्त कार्य किया जाना प्रस्तावित किया गया है। इससे शहर में जुलुस रैली झांकी के समय मुख्य मार्गों की सप्लाई बंद करना पड़ती है इस समस्या से शहर वासियों को निजात मिलेगी एवं बार-बार फाल्ट होने की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी । विभाग द्वारा उक्त कार्य वरीयता आधार पर किया जा रहा है, इससे शहर की सुंदरता एवं विद्युत व्यवस्था में विश्वसनीयता बढ़ेगी।

=============

घर में घुसकर मारपीट करने पर आरोपी को 1 वर्ष की सजा

मंदसौर। जेएमएफसी श्रीमती प्राची पाण्‍डे माटा मंदसौर द्वारा आरोपी अनिल पिता रामेश्वर मालवीय वर्तमान उम्र 32 वर्ष, निवासी-सरस्वती नगर, बड़ी पुलिया जिला-मंदसौर (मध्य प्रदेश) को घर में घुसकर मारपीट करने पर 1 वर्ष की सजा एवं जुर्माने से दण्डित किया गया।

अभियोजन मीडिया प्रभारी श्री बलराम सोलंकी द्वारा घटना के संबं‍ध में बताया कि दिनांक 12.08.2017 को फरियादी सत्यनारायण ने इस आशय की रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 11.08.2017 को करीब रात्रि 11 बजे अपने घर आया तो उसे उसकी पत्नी व लड़की अंजली ने बताया कि रात्रि 09:45 बजे करीब मोहल्ले का अनिल पिता रामेश्वर मां-बहन की नंगी नंगी गालियां देते हुए घर में घुस गया तथा उनके साथ धक्का-मुक्की की तथा पानी की टंकी का नल तोड़ दिया। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरूद्ध थाना शहर कोतवाली मंदसौर पर फरियादी सत्‍यनारायण के कहे अनुसार अपराध कमांक 359/2017 धारा 452, 294, 323, 506 भा.दं.सं. की प्रथम सूचना रिपोर्ट लेख की गई। आवश्यक विवेचना पूर्ण कर अभियोग पत्र पेश किया गया। शासन की ओर से प्रकरण में पैरवी श्री बलराम सोलंकी, एडीपीओ द्वारा की गयी ।

=============

एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सशक्त माध्यम : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

14 वर्ष की बालिकाओं के लिए चल रहा विशेष टीकाकरण अभियान, अभिभावकों से सहयोग की अपील

मंदसौर 2 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह टेस्टेड एवं वेरीफाइड तथा सुरक्षित वैक्सीन है और स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और बालिकाओं के स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत लाभकारी है।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 14 वर्ष की बालिकाएं अपने माता-पिता के साथ नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह वैक्सीन संक्रमण से होने वाले कैंसर से सुरक्षा प्रदान करती है और समय पर टीकाकरण से गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जिले में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ऐसी बालिकाएं पात्र हैं जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है तथा अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं।

इन स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है एचपीवी टीकाकरण सुविधा

जिला चिकित्सालय मंदसौर, सिविल अस्पताल भानपुरा एवं गरोठ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हारगढ़, नगरी, शामगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, धुंधड़का तथा नारायणगढ़ में एचपीवी टीका उपलब्ध है।

इन सभी केंद्रों पर शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक टीकाकरण किया जा रहा है।

जिले में 6 मार्च से चलेगा विशेष वाहन चेकिंग अभियान

बैठक के दौरान कलेक्टर ने परिवहन विभाग को जिले में संचालित अनफिट एवं बिना बीमा वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि 6 मार्च से जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत वाहनों की फिटनेस, बीमा, पंजीयन, परमिट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत सरसों पंजीयन एवं खरीदी कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को कार्य सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने राजस्व वसूली के लंबित प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त नगरीय निकायों को स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

=============

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के अंग्रेजी विभाग के विद्यार्थी का आनंद पर लघु शोध कार्य

मंदसौर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अंग्रेजी साहित्य विषय के बी.ए. प्रथम वर्ष के छात्र ओजस सोनी ने “The Heart’s Quiet Joy: A Study of Happiness in Sudha Murty’s Stories” विषय पर शोध-प्रबंध प्रस्तुत कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। यह शोध-प्रबंध अंग्रेजी विभाग में विधिवत रूप से प्रस्तुत किया गया।

यह शोध प्रख्यात साहित्यकार सुधा मूर्ति की कहानियों में निहित आंतरिक सुख, संतोष और आत्मिक आनंद की अवधारणा का गहन अध्ययन है। शोध में यह दर्शाया गया है कि किस प्रकार सरल जीवन-मूल्य, मानवीय संवेदनाएँ और नैतिक दृष्टिकोण व्यक्ति को सच्चे सुख की ओर प्रेरित करते हैं।

आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के तृतीय दिवस पर ओजस सोनी को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य हेतु सम्मानित किया गया। यह सम्मान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर जे.एस. दूबे, पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा तथा डॉ. सिंधु पौडियाल (्त्रिपुरा विश्वविद्यालय) की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने ओजस के शोध-कार्य की सराहना करते हुए इसे समकालीन संदर्भों में अत्यंत प्रासंगिक बताया।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान समय में जब युवा वर्ग अवसाद एवं चिंता जैसी मानसिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में आंतरिक प्रसन्नता एवं मानसिक संतुलन के महत्व को विद्यार्थियों तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। इसी दृष्टि से अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा सिंह ने शोध-विषय के चयन में संवेदनशीलता एवं दूरदर्शिता का परिचय दिया और विद्यार्थियों को सकारात्मक चिंतन की दिशा में प्रेरित किया।

शोध-कार्य के सफल संपादन एवं मार्गदर्शन में अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक श्री सचिन शर्मा, सुश्री दीप्ति शक्तावत एवं डॉ. द्युति मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

महाविद्यालय परिवार ने ओजस सोनी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा आशा व्यक्त की है कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करते रहेंगे।

==========

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत मिलेगा निःशुल्क उपचार : कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग

पीएम राहत योजना के तहत 1.5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की मिलेगी सुविधा

मंदसौर 2 मार्च 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागृह में प्रधानमंत्री राहत योजना (सड़क दुर्घटना पीड़ितों का कैशलेस उपचार) के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों एवं सरकारी तथा निजी अस्पतालों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति के अस्पताल पहुंचते ही बिना विलंब प्राथमिक उपचार प्रारंभ किया जाए। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, एडिशनल एसपी श्री बघेल, निजी अस्पताल के प्रबंधक, सीएमएचओ, सिविल सर्जन मौजूद थे।

कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दुर्घटना की तिथि से 7 दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर जनहानि को रोकना है

उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल स्टेबलाइजेशन उपचार प्रदान किया जाए। सामान्य स्थिति में अधिकतम 24 घंटे तथा गंभीर स्थिति में अधिकतम 48 घंटे तक आवश्यक उपचार दिया जाएगा।

सड़क दुर्घटना पीड़ित, राहगीर अथवा दुर्घटना स्थल पर मौजूद कोई भी व्यक्ति 112 नंबर डायल कर एम्बुलेंस सहायता प्राप्त कर सकता है।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि अस्पतालों से जुड़ी सभी एम्बुलेंस सेवाओं को योजना की जानकारी देकर जागरूक किया जाए। जिला अस्पताल में तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु एक आईटी एक्सपर्ट की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि योजना के अंतर्गत सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के eDAR (ई-डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट) प्लेटफॉर्म को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के ट्रांजैक्शन मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ा गया है। इस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से दुर्घटना की सूचना, अस्पताल में भर्ती, पुलिस सत्यापन, उपचार तथा भुगतान की प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम होगी।

अस्पतालों को उपचार व्यय की प्रतिपूर्ति मोटर वाहन दुर्घटना कोष के माध्यम से की जाएगी। बीमित वाहनों के मामलों में भुगतान बीमा कंपनियों के अंशदान से तथा बिना बीमा या हिट एंड रन मामलों में भुगतान भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। राज्य स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा स्वीकृत दावों का भुगतान 10 दिनों के भीतर किया जाएगा।

कलेक्टर ने सभी निजी अस्पतालों को निर्देशित किया कि वे शीघ्र ही योजना के अंतर्गत अपना पंजीयन कराएं, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को समय पर कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

-==========

श्री जांगड़ा पोरवाल समाज महिला मंडल ने मथुरा -वृंदावन की होली की तर्ज पर रंगारंग फाग महोत्सव मनाया

मंदसौर।  श्री जांगड़ा पोरवाल समाज महिला मंडल मंदसौर ने रामटेकरी स्थिति पोरवाल छात्रावास पर फागुन की मस्ती व मथुरा -वृंदावन की होली की तर्ज पर रंगारंग फाग महोत्सव मनाया।
कार्यक्रम का प्रारंभ होली के रसिया राधा -कृष्ण को मार्गदर्शक मंडल निर्मला मांदलिया, पुष्पा मरच्या, संतोष फरक्या, अध्यक्ष कुसुम सेठिया, कोषाध्यक्ष रेखा उदिया व उपस्थित सदस्यों द्वारा गुलाल लगा कर किया गया।
इस अवसर पर राधा -कृष्ण -रुकमणी बने ज्योति काला-सुनीता सेठिया -पुष्पा गुप्ता के साथ सभी सदस्यों ने होली के गीतों पर नृत्य किया। प्राकृतिक रंग -गुलाल व फूलों से होली खेली। सभी ने एक- दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी।
मंडल अध्यक्ष कुसुम सेठिया ने उत्सव के महत्व को बताते हुए कहा कि यह उत्सव अधर्म पर धर्म व बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है। इस समय प्रकृति भी अपने पुरानी पत्तियों को त्याग कर नई पल्लवित होती हैं। इसी तरह हमें भी नई सोच, नई ऊर्जा व उमंग के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर राधा -कृष्ण की आकर्षक झांकी भी सजाई गई। सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से भगवान से प्रार्थना करी की भारत व विश्व में शांति बनी रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरित किया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी प्रिया फरक्या ने दी व उपस्थित सदस्यों का आभार सचिव प्रमिला संघवी ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर ज्योति रत्नावत, संगीता गुप्ता, हेमलता गुप्ता, विद्या गुप्ता, ममता रत्नावत, गुणमाला धनोतिया, बरखा धनोतिया, रेखा पोरवाल, विजयलक्ष्मी महाजन, रेखा गुप्ता,निधि गुप्ता, कविता गुप्ता, डॉ शिल्पा मंडवारिया, ज्योति गुप्ता, रीना उदिया, वंदना धनोतिया, जागृति सेठिया,निर्मला गुप्ता, प्रियंका मुजावदिया,सुमित्रा सेठिया, रानू सेठिया, सरिता रत्नावत,भावना रत्नावत, सुशीला घाटिया,इंदु फरक्या, लीला मंडवारिया, साधना मोदी, कौशल्या गुप्ता, ममता गुप्ता, सरोज रत्नावत, आशा घाटिया, सरिता मांदलिया, चंदा सेठिया, मनीषा गुप्ता, मंजूलता सेठिया, सीमा पोरवाल, उमा डबकरा, उषा पोरवाल के साथ समाज की कई महिलाएं व बच्चे उपस्थित थे।

=======

मंदसौर में एक्शन टेसा की प्रशिक्षण मीटिंग संपन्न
150 कारपेंटर्स हुए आधुनिक तकनीक और उत्पादों से रूबरू


 मंदसौर । शहर के कारपेंटर साथियो के लिए एक्शन टेसा द्वारा प्रशिक्षण मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें शहर एवं आसपास के लगभग 150 कारपेंटर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारपेंटर्स को आधुनिक तकनीक, उत्पादों की सही उपयोग विधि और बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य करने का प्रशिक्षण देना रहा।
मीटिंग में कंपनी द्वारा वीडियो मैसेज के माध्यम से कारपेंटर्स को काम करने की सही तकनीक समझाई गई। एक्शन टेसा, जो भारत में एमडीएफ, एचडीएचएमआर, बाग्लो, पार्टिकल बोर्ड और लैमिनेटेड वुडन फ्लोरिंग जैसे इंजीनियर्ड पैनल उत्पादों की अग्रणी निर्माता कंपनी है, द्वारा देशभर में इस प्रकार की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
वीडियो संदेश के माध्यम से कंपनी के प्रबंध निदेशक अजय अग्रवाल ने कारपेंटर्स को संबोधित करते हुए कहा कि कारपेंटर्स इंजीनियर्ड लकड़ी उद्योग की रीढ़ हैं और उनकी कुशलता व रचनात्मकता उद्योग की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर सीनियर ब्रांच मैनेजर जलज अग्रवाल ने कहा कि कंपनी देश के कोने-कोने में जाकर कारपेंटर्स की मीटिंग आयोजित कर रही है, ताकि उन्हें उच्च गुणवत्ता के साथ काम करने का प्रशिक्षण दिया जा सके। उन्होंने बताया कि मंदसौर में आयोजित इस बैठक में लगभग 150 कारपेंटर्स को उत्पादों की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सीनियर ब्रांच मैनेजर जलज अग्रवाल, आदित्य दुबे एवं मार्केटिंग टीम के साथ डिस्ट्रीब्यूटर माहेश्वरी प्लाईवुड एंड डेकोरेशन सेंटर के संचालक कृष्णचंद्र चिचानी, पंकज माहेश्वरी, नीलेश माहेश्वरी, अनिरुद्ध माहेश्वरी एवं आराध्य माहेश्वरी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कारपेंटर्स का स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

========

प्रतिभा प्रोत्‍साहन योजना का लाभ हेतु 20 मार्च तक करें आवेदन

मंदसौर 2 मार्च 26 / जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग मंदसौर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिभा प्रोत्‍साहन योजना अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग के वे विद्यार्थी, इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को MPTAASC PORTAL पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।

योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इच्छुक पात्र विद्यार्थी समय पर आवेदन कर योजना का लाभ अवश्य लें।

=====================

सुवासरा पुलिस की कार्यवाही MD ड्रग्स मामले मे फरार ईनामी आरोपी शिवपाल उर्फ श्रीपाल व ईश्वर गिरफ्त मे

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाये जा रहे अवैध मादक पदार्थ के प्रकरण मे फरार / ईनामी अपराधियो की धरपकड़ अभियान के अन्तर्गत श्रीमान पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीना के द्वारा समस्त थाना प्रभारी / चौकी प्रभारी को अधिक से अधिक फरार ईनामी आरोपीयो को पकड़ने के निर्देश दिये थे जो इसी तारतम्य मे दिनांक 01.03.2026 को मूखबिर सूचना के आधार पर श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ सुश्री हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति के नेतृत्व मे थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक अनिल रघुवंशी के निर्देशन मे चौकी प्रभारी उनि भारत कटारा एवं गठित टीम के द्वारा थाना सुवासरा के अपराध क्रमांक 212/25 धारा 8/15,22,25,29 एन डी पी एस एक्ट मे फरार ईनामी आरोपी शिवपाल उर्फ श्रीपाल पिता विक्रम उम्र 31 साल निवासी ग्राम कुण्डला बुजुर्ग थाना शामगढ़ व ईश्वर पिता शंकर उम्र 23 साल निवासी ग्राम साकरीया खेड़ी थाना शामगढ़ को गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की है । दोनो फरार आरोपीयो के विरूद्ध पूर्व मे श्रीमान पुलिस अधीक्षक मन्दसौर द्वारा एक – एक हजार रुपये का ईनाम उद्घोषणा आदेश भी जारी किया गया था । आरोपीयो से अपराध मे जप्त शुदा अवैध मादक पदार्थ के स्त्रोत के संबंध मे पुछताछ की जाकर अनुसंधान किया गया है व बाद अनुसंधान दोनो आरोपीयो को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है ।

सराहनीय कार्य – उक्त सराहनीय कार्य मे निरीक्षक अनिल रघुवंशी थाना प्रभारी सुवासरा . उनि कपिल सौराष्ट्रीय थाना प्रभारी शामगढ़ , उनि भारत कटारा चौकी प्रभारी रूनिजा , प्रआर 49 धनपाल जाट , आऱक्षक 283 सुल्तान मोहम्मद , आऱक्षक 148 विशाल सिंह चौहान , आऱक्षक हीरालाल यादव , आऱक्षक 762 इरफान का विशेष योगदान रहा ।

========

लोक संस्कृति के सम्मान के प्रकटीकरण के लिए भगोरिया पर्व पर बड़वानी में कृषि कैबिनेट: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी बसंत और रंगों के पर्व होली की मंगलकामनाएं

देश का फूड बास्केट है मध्यप्रदेश

परीक्षा के समय में तनावमुक्त रहें विद्यार्थी

मध्य पूर्व की वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति में राज्य सरकार, वहां रह रहे प्रदेश के परिवारों के साथ

मंदसौर 2 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर से प्रार्थना की कि बसंत और रंगों का यह उत्सव सभी के लिए शुभ और कल्याणकारी हो। उन्होंने कहा कि आज भगोरिया पर्व का भी आखिरी भगोरिया है। राज्य सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। पर्व के समय जनजातीय भाई बहनों के साथ रहने और लोक संस्कृति के सम्मान के प्रकटीकरण के लिये पहली कृषि कैबिनेट बड़वानी में सोमवार को आयोजित की गई है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में किसानों सहित युवा, महिला, गरीब, सभी के कल्याण के लिए गतिविधियां संचालित हैं। राज्य सरकार ने किसान कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। फसल की सही कीमत सुनिश्चित करने के लिए भावांतर योजना में अब सरसों को भी शामिल किया जा रहा है। उड़द प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत अब किसानों को उड़द पर 600 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा। मध्यप्रदेश दलहन-तिलहन सहित सभी कृषि उत्पादों में एक प्रकार से देश का फूड बास्केट है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश कृषि और उससे जुड़े सभी क्षेत्रों में निरंतर उन्नति करे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह विद्यार्थियों के लिए परीक्षा का समय है, जो उनके लिए विशेष महत्व का है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से तनावमुक्त रहते हुए और स्वयं का ध्यान रखते हुए होली पर्व का आनंद लेने और परीक्षा सहित अपने सभी कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यपूर्व की वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति के संबंध में कहा कि प्रदेश के कई नागरिक इन देशों में हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हमारा प्रयास है कि किसी भी नागरिक को कष्ट नहीं हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बतया कि उन्होंने मध्यपूर्व के देशों में रह रहे प्रदेश के कई परिवारों से दूरभाष पर बात की है। राज्य सरकार इन परिवारों के साथ है।

===========

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और कैबिनेट मंत्रियों ने निमाड़-मालवा के लोक देवता भीलट देव से सभी की समृद्धि के लिए की कामना

लोक देवता भीलट देव के आंगन नागलवाड़ी में है पहली कृषि कैबिनेट

मंदसौर 2 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्रियों ने सोमवार को निमाड़-मालवा के लोक देवता भीलट देव का दर्शन कर प्रदेश के किसानों की सुख समृद्धि की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। किसान कल्याण वर्ष में बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में आयोजित कैबिनेट बैठक के पहले दर्शन लाभ लेने के बाद सतपुड़ा की पहाडी पर विराजित लोक देवता के रमणीय स्थल की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। भीलट देव निमाड़-मालवा क्षेत्र के आराध्य देव है। आज वे आराध्य के दर्शन के साथ ही कैबिनेट बैठक की शुरूआत करेंगे। कैबिनेट में जो भी निर्णय लिये जायेंगे वे प्रदेशवासियों एवं किसानों के हितार्थ होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी कहा कि निमाड़वासी बड़े सौभाग्यशाली हैं जो उन्हें मां नर्मदा का आंचल मिला है। मां नर्मदा के जल से ही सिंचाई करके निमाड़ क्षेत्र के किसान समृद्ध एवं प्रगतिशील हो रहे हैं। आज निमाड़ क्षेत्र के किसान कृषि एवं उद्यानिकी की एक से अधिक फसलें लेकर आर्थिक रूप से भी उन्नति कर रहे हैं। मां नर्मदा का जल सूक्ष्म उन्नयन सिंचाई परियोजनाओं से बड़वानी जिले सहित निमाड़ क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के लिये मिल रहा है। किसानों की आर्थिक उन्नति से ही प्रदेश की उन्नति होगी प्रदेश की सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है, जिससे किसानों को और अधिक समृद्ध एवं संपन्न बनाया जाए। उन्होंने किसानों से यह अपील भी कि की मृदा की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए किसान भाई रासायनिक खेती के स्थान पर प्राकृतिक खेती को अपनाएं। शुरुआती वर्षों में प्राकृतिक खेती में उत्पादन कम होगा लेकिन उससे प्रारंभ में मृदा की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और फिर धीरे-धीरे उत्पादन की क्षमता भी बढ़ती जाएगी।

भीलट देव मंदिर अत्यंत रमणीय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संपूर्ण मंदिर परिसर को देखते हुए कहा कि सतपुड़ा की सुरम्य वादियों में बसा हुआ नागलवाड़ी भीलट देव मंदिर अत्यंत रमणीय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण स्थल है। भीलट देव के तपस्या स्थल पर बने मंदिर के जीर्णोद्धार में निमाड़ के संत श्री सियाराम बाबा का भी अमूल्य योगदान है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद सदस्यों के साथ नागलवाड़ी मंदिर दर्शन के बाद सामूहिक फोटो भी खिंचवाया।

निमाड़ के खेत और बाड़ियों में उपजने वाली फसलों की प्रदर्शनी का अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट से पहले निमाड़ के फार्म/खेतो और बाड़ियों में उपजने वाली फसलों का परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव को किसानों ने निमाड़ की कृषि पद्धतियों के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी के सम्बंध में बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने प्रस्तुतिकरण भी दिया।

अलग-अलग थीम पर आधारित रही प्रदर्शनी

कृषि कैबिनेट के मद्देनजर जिला प्रशासन और कृषि कार्यों से जुड़े विभागों ने प्रदर्शनी में अलग-अलग थीम पर अपना प्रस्तुतिकरण किया गया। इनमें प्राकृतिक खेती क्रियान्वयन और प्रभावी मॉडल, वोकल फ़ॉर लोकल, केले का विकास मॉडल, डॉलर चना संपूर्ण मूल्य श्रृंखला, बड़वानी मिर्च प्लास्टर, तिल उभरती हुई विकासशील फसल, गन्ना आर्थिक और प्रभावी मॉडल, मिशन सिकलसेल उन्मूलन कार्यक्रम, नवाचार वन्य ग्राम समृद्धि अभियान थीम पर आधारित थी।

========

होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में 4 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश

मंदसौर 2 मार्च 26 / राज्य शासन द्वारा होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में 4 मार्च को भी निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट-1881 के अधीन सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा होली के पावन पर्व पर पूर्व में 3 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जा चुका है।

=============

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को होलिका दहन की दी बधाई

मंदसौर 2 मार्च 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को होलिका दहन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी नागरिक इस पवित्र अग्नि में नकारात्मक तत्वों को समर्पित कर जीवन में मंगल और शुभता का वरदान मांगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश और समाज के प्रति अपने योगदान की संपूर्णता का संकल्प लेने का प्रदेशवासियों से आह्वान किया है।

===========

जिला पंचायत द्वारा स्व-सहायता समूह  20-20 हजार रुपए का भुगतान

जनशिक्षक द्वारा स्व-सहायता समूह से बर्तन सामग्री के लिए आए खाते में राशि के चेक लिए जा रहे

राहुल धनगर(पत्रकार)9174146892

मंदसौर जिले में 1100 स्व-सहायता समूह के खाते में मध्यान भोजन बनाने के लिए उपयोग में आने वाली सामग्री बर्तन खरीदने के लिए मंदसौर जिला पंचायत द्वारा 20-20 हजार रुपए का भुगतान किया गया, गरोठ विकासखंड में जनशिक्षक द्वारा स्व-सहायता समूह से बर्तन सामग्री के लिए आए खाते में राशि के चेक लिए जा रहे हैं,मंदसौर के बर्तन दुकानदार के नाम से चैक लिया जा रहा है

शासन के निर्देश है की स्वयं स्व-सहायता समूह बर्तन खरीद सकता है बल्कि गरोठ विकासखंड के जनशिक्षक बालाराम मेहर नें बताया है कि वरिष्ठ कार्यालय से निर्देश मिला है कि चैक के माध्यम से राशि वापस, विभाग बर्तन क्रय करकर उपलब्ध करवाएगा

स्व-सहायता समूह की गरीब महिलाओं के साथ हो रहे भ्रष्टाचार की जांच के लिए EOW, लोकायुक्त उज्जैन को संज्ञान लेना चाहिए मंदसौर जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने बताया है कि मेरे संज्ञान में मामला आया है, मैं जांच करवाता हूं,जांच के निर्देश दिए

 

मंदसौर जिले मे 1100 स्व सहायता समहू के खाते में मध्यान भोजन बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री बर्तन खरीदने के लिए मंदसौर जिला पंचायत कि मध्यान भोजन शाखा के माध्यम से 20 हजार रुपए का भुगतान किया गया। और शासन की तरफ से निर्देश दिया गया की स्व-सहायता समूह स्वयं अपनी आवश्यकता अनुसार बर्तन खरीद सकता है। बल्कि गरोठ विकासखंड के शासकीय स्कूलों का मध्यान भोजन स्व-सहायता समूह को जनशिक्षक के माध्यम से निर्देश दिया गया है कि आपके खाते में जो राशि आई उस राशि का कोई उपयोग नहीं करें और जल्दी से जल्दी चेक बनाकर लाकर उपलब्ध करवाई, जिन समूह ने राशि निकाल लिया और नगद राशि उपलब्ध करवाई। वरिष्ठ कार्यालय से निर्देश प्राप्त हुआ है। गरोठ विकासखंड के जनशिक्षक बलराम मेहर ने बताया है कि वरिष्ठ कार्यालय से निर्देश प्राप्त हुए की स्व-सहायता समूह के खाते के चेक को कलेक्ट कीजिये। शासन की महत्वकाक्षी योजना का शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियो द्वारा बंदरबाट किया जा रहा है। मंदसौर जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने बताया कि शासन के निर्देश है कि स्व-सहायता समूह अपने स्तर पर बर्तनों का क्रय कर ले, विभाग मॉनिटरिंग करेगा। गरोठ विकासखंड के कई शासकीय स्कूलों के स्व-सहायता समूह के साथ हुए भ्रष्टाचार में EOW, लोकायुक्त को संज्ञान लेना चाहिए।

===========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}