सीतामऊ कॉलेज के विद्यार्थियों ने लदुना तालाब परिसर श्रम दान कर ग्रामीणों को बांटे कपड़े के थैले

सीतामऊ कॉलेज के विद्यार्थियों ने लदुना तालाब परिसर श्रम दान कर ग्रामीणों को बांटे कपड़े के थैले
सीतामऊ | डॉ. रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय के इको क्लब और NSS (राष्ट्रीय सेवा योजना) के स्वयंसेवकों ने बुधवार को पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण पेश किया। ‘पॉलीथिन मुक्त अभियान’ के तहत विद्यार्थियों ने लदुना तालाब परिसर में श्रमदान कर उसे प्लास्टिक कचरे से मुक्त कराया।
कार्यक्रम का आगाज मुख्य अतिथि अंग्रेजी विभाग की सुश्री सुमन एवं मुख्य वक्ता प्राणीशास्त्र विभाग की सुश्री पूजा चौधरी द्वारा माँ सरस्वती के पूजन से किया गया। सुश्री चौधरी ने अपने उद्बोधन में वैश्विक पर्यावरणीय संकटों पर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों के भीतर के ‘पर्यावरण योद्धा’ को जगाया। उनके आह्वान पर पूरा परिसर ‘मिशन लाइफ’ की शपथ की गूँज से सराबोर हो गया।
तालाब किनारे चलाया सफाई अभियान
शपथ के बाद कॉलेज के विद्यार्थियों और NSS स्वयंसेवकों ने लदुना की गलियों में जागरूकता रैली निकाली। नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए छात्र तालाब परिसर पहुँचे और वहाँ बिखरी पॉलीथिन व प्लास्टिक कचरे को उठाकर वातावरण को स्वच्छ बनाया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को प्लास्टिक के घातक परिणामों की जानकारी दी और विकल्प के रूप में कपड़े के थैले वितरित किए। विद्यार्थियों का यह जज्बा देख ग्रामीणों ने भी भविष्य में पॉलीथिन का उपयोग न करने एवं कम से कम उपयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में श्री पंकज पाटीदार ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान महाविद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।



