समाचार मध्यप्रदेश नीमच 05 दिसंबर 2025 शुक्रवार

///////////////////////////////////////////////////////
पीएमजेजेवाय एवं पीएमएसबीवाय के तहत सभी पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर, तीन माह में जिले को सेचुरेटेड करें- श्री चंद्रा
सभी बैंकर्स बीमा योजनाओं में लंबित क्लेम प्रकरणों का तत्काल निराकरण करें- कलेक्टरजिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
नीमच 04 दिसम्बर 2025, जिले की सभी बैंक शाखाएं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना के तहत जिले के शतप्रतिशत पात्र हितग्राहियों का आगामी तीन माह में पंजीयन करवाकर, जिले को सेचुरेटेड करना सुनिश्चित करें। साथ ही इन योजनाओं में बैंक शाखाओं में लंबित क्लेम प्रकरणों का संबंधित बीमा कंपनी से संपर्क, समन्वय कर, तत्काल निराकरण करवाएं। एलडीएम आगामी टी.एल. में लंबित क्लेम प्रकरणों के निराकरण की बैंक शाखा वार जानकारी प्रस्तुत करें। जिले की सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक प्राथमिकता क्षेत्र (प्रायोटी सेक्टर), एग्रीकल्चर टर्म लोन, एमएसएमई क्षेत्र के लिए ऋण बढ़ाए। साथ ही सीडी रेशो बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला स्तरीय बैंकर्स निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक में स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्यों की विभागवार पूर्ति की समीक्षा करते हुए दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, सांसद प्रतिनिधि श्री पी.के.दुबे, नाबार्ड प्रतिनिधि श्री योगेन्द्र सेनी एवं रिर्जव बैंक के प्रतिनिधि श्री मयंक सेमवाल, एलडीएम श्री शीशांतु शेखर एवं जिला अधिकारी तथा बैंक शाखाओं के प्रबंधक उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनधन योजना के किशोर श्रेणी में शतप्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होने एसबीआई, बंधन बैंक, सेण्ट्रल बैंक एवं एयू फायनेन्स बैंक के प्रबंधकों को एनपीए कम करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना तहत बैंकों को प्रस्तुत सभी 220 प्रकरणों में स्वीकृति एवं ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंत्यावसायी को विभागीय योजनाओ में लक्ष्य पूर्ति के बाद भी और दो गुना तैयार कर बैंक शाखाओं को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी बैंकर्स को 15 जनवरी तक एनआरएलएम के सीसीएल ऋण का वितरण करवाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सहायक संचालक मत्स्य को सभी मछुआ समितियों के सदस्यों, पट्टेधारियों को मछुआ क्रेडिट कार्ड जारी करवाने के निर्देश देते हुए कहा, कि तीन माह में यह सुनिश्चित करें, कि जिले में कोई भी मछुआ सदस्य क्रेडिट कार्ड के लाभ से वंचित ना रहे।
उप संचालक पशुपालन को भी सभी योजनाओं में शतप्रतिशत लक्ष्य अनुरूप प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रस्तुत करने और बैंक शाखाओं से संपर्क कर, जनवरी अंत तक प्रकरण में स्वीकृति एवं वितरण करवाने के निर्देश दिए। परियोजना अधिकारी शहरी विकास को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 7 हजार हितग्राहियों के प्रकरण दिसम्बर अंत तक बैंकों को प्रस्तुत कर, स्वीकृत करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएमएफएमई योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य 122 के विरूद्ध 84 हितग्राहियों के ऋण प्रकरण स्वीकृत होने और 60 प्रकरणों में हितलाभ वितरण के बारे में बताया गया। उप संचालक उद्यानिकी को निर्देश दिए, कि वे और भी प्रकरण तैयार कर स्वीकृत कर बैंकों को प्रस्तुत करें और फरवरी प्रथम सप्ताह तक इन प्रकरणों में हितलाभ वितरण सुनिश्चित करवाएं। इस योजना तहत बैंक आफ महाराष्ट्र के प्रबंधक श्री आशुतोष शर्मा द्वारा 12 प्रकरण, एक्सीस बैंक द्वारा 10 प्रकरण एवं आईडीआईबी बैंक प्रबंधक द्वारा 5 प्रकरण प्रस्तुत करने का अनुरोध किया है।, जिससे कि वे प्रकरण स्वीकृत कर, हितग्राहियों को लाभांवित कर सके।
================
आंत्रीबुजुर्ग में आयुर्वेद चिकित्सा शिविर सम्पन्न
नीमच 04 दिसम्बर 2025, आयुर्वेद औषधालय आंत्रीबुजुर्ग द्वारा निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर ग्राम आंत्रीबुजुर्ग में गुरूवार को आयोजित किया गया। शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग ,उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिशय, रक्त अल्पता, रक्तचाप, अर्श गैस अम्लपित साइटीका, कुष्ठ, हदय प्रमेह, आदि बीमारियों की जांच कर, निःशुल्क औषधियां वितरित की गई। शिविर में कुल 58 रोगियों ने स्वास्थ्य का लाभ लिया। शिविर में डॉ.सोनिका सोलंकी, दवासाज दीलिप खोखर ने अपनी सेवाएं दी गई।=========
बाल विवाह रोकथाम में सभी से सहभागी बनने का आव्हान
नीमच में पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों का प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न
नीमच 04 दिसम्बर 2025, जनपद पंचायत नीमच के सभाकक्ष में बाल विवाह रोकथाम के 100 दिवसीय जनजागरूकता अभियान के तहत पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जनपद पंचायत सीईओ श्री आरिफ़ खान, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री इरफ़ान अंसारी, पंचायत एवं महिला बाल विकास विभाग का अमला तथा पंचायत समन्वयक अधिकारी, सभी सचिव एवं सहायक सचिव उपस्थित थे।
जनपद ससीईओ श्री आरिफ़ खान ने कार्यशाला में कहा, कि बाल विवाह कानूनन दंडनीय अपराध है। पंचायत स्तर पर प्रत्येक विवाह का अनिवार्य रूप से पंजीयन किया जाए। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक है, कि नव दंपत्ति समग्र पोर्टल पर दर्ज हो। इस हेतु अनिवार्य है, कि वधू की आयु 18 वर्ष से अधिक हो।
परियोजना अधिकारी श्री इरफ़ान अंसारी ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होने कहा, कि यदि कोई बालक (लड़का) बाल विवाह करता है, तो यह कानूनी अपराध है और उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाती है। यदि कोई व्यक्ति, अभिभावक या संरक्षक बाल विवाह को प्रोत्साहित करता है, आयोजित करता है या उसकी अनुमति देता है, तो उसके विरुद्ध सख्त दंड का प्रावधान है। यदि कोई विवाह आयोजक, पुजारी, बैंड, टेंट, केटरिंग, हलवाई, परिवहन प्रदाता या विवाह से जुड़े सेवा प्रदाता भी बाल विवाह के आयोजन में सहयोग करते हैं, तो यह कानूनी अपराध माना जाएगा। प्रशिक्षण कार्यशाला में सभी सभी से बाल विवाह रोकथाम में सहभागी बनने का आव्हान किया गया।
===============
जिला चिकित्सालय से मरीजों को अतिआवश्यक होने पर ही रैफर किया जाए- डॉ.पाटील
जिला चिकित्सालय में आपातलीन सेवाओं को सुदृढ करने बैठक सम्पन्न
नीमच 04 दिसम्बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय में आपातकालीन विभाग की सेवाओं को सुदृढ करने हेतु आपातकालीन विभाग मे कार्यरत चिकित्सकों एंव नर्सिंग स्टाफ की बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आर.के. खद्योत एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ.महेन्द्र पाटील द्वारा आयोजित की गई ।
बैठक में निर्देश दिए गये, कि आकस्मिक चिकित्सा ईकाई में आने वाले सभी मरीजों को तत्परतापूर्वक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाए। जो सेवाए जिला चिकित्सालय नीमच में प्रदान की जा सकती है। उसके लिये मरीज को अनावश्यक रैफर नही करे, यदि रैफर किया जाना अत्यन्त आवश्यक है, तो रैफरल पर्ची पर रैफर टू हायर सेन्टर लिखकर रैफरल करे। किसी भी स्थिति में निजी संस्थान में रैफर नही करे। साथ ही रैफर करने वाले चिकित्सक स्वयं, मरीज का परीक्षण कर, रैफर करें तथा अपना पूरा नाम एवं हस्ताक्षर, रैफर पर्ची पर करें। साथ ही यह भी निर्देश दिये गये, कि सभी चिकित्सक एंव स्टॉफ अपनी उपस्थिति सार्थक एप के माध्यम से ही दर्ज करे और निर्धारित समय कर्तव्य पर उपस्थित रहे।
बैठक में डॉ.पाटील ने उपस्थित चिकित्सकों को निर्देशित किया, कि उपरकरण, दवाईयां एवं अन्य सामग्री की आवश्यकता होने पर तत्काल मांगपत्र दे, जिससे मरीजों के ईलाज में किसी प्रकार की असुविधा ना हो। यह जानकारी सिविल सर्जन नीमच डॉ.महेन्द्र पाटील द्वारा दी गई।
==============
जिले के सभी आई.टी.आई.में उद्योगो की मांग अनुरूप विद्यार्थियों का स्कील्ड डेवलप करें-श्री चंद्रा
उद्योगो से सम्पर्क, समन्वय कर, बेरोजगार युवओं का प्लेसमेंट करवाएं – कलेक्टर
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कोशल विकास समिति की बैठक सम्पन्न
नीमच 04 दिसम्बर 2025, जिले के सभी आई.टी.आई. प्राचार्य अपने संस्थान में विभिन्न ट्रेडो में अध्ययनरत विद्यार्थियों का स्कील्ड डेवलपमेंट स्थानीय उद्योगो की मांग के अनुरूप करवाए। जिससे, कि उन्हें स्थानीय उद्योगो में रोजगार प्राप्त हो सके। आई.टी.आई. प्राचार्य सभी उद्योगो का भ्रमण कर समन्वय करें और अधिकाधिक युवाओं का रोजगार के लिए प्लेसमेंट करवाएं और अधिकाधिक युवाओं की उद्योगो में अप्रेन्टिसशिप करवाएं। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जिला स्तरीय कोशल विकास समिति की बैठक में दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, प्राचार्य पोलिटेक्निक श्री संजय विश्वकर्मा, महाप्रबंधक उद्योग सुश्री योगिता भटनागर, आईटीआई डूंगलावदा के प्राचार्य श्री दिनेश परमार, प्राचार्य जावद श्री नवीन तिग्गा, रामपुरा के प्राचार्य श्री एच.एस.डाबर, आई.टी.आई. प्रशिक्षण अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार प्रजापति सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने महाप्रबंधक उद्योग जिला रोजगार अधिकारी एवं आई.टी.आई. प्राचार्यो को निर्देश दिए, कि वे स्थानीय उद्योगपतियों से सम्पर्क, समन्वय कर जिला स्तर या आई.टी.आई. स्तर पर इस माह अंत तक वृहद रोजगार मेला आयोजित करें और अधिकाधिक बेरोजगार युवाओं का प्लेसमेंट करवाए।
बैठक में आईटीआई में प्रवेश की समीक्षा में बताया गया, कि जिले की जावद आईटीआई में 100 प्रतिशत 176 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है। मनासा में 140 में से 132 विद्यार्थियों का प्रवेश, नीमच में 228 में से 197 विद्यार्थियों और रामपुरा में 432 में से 429 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए, कि आई.टी.आई.में कोपा ट्रेड में विद्यार्थियों में एम.एस.वर्ड एवं एक्सल में कार्य करने संबंधी स्कील्ड डेवलप की जाए। जिससे, कि स्थानीय उद्योगो में उनका सहजता से प्लेसमेंट हो सके। बैठक में मुख्यमंत्री सीखो, कमाओं योजना, राष्ट्रीय अप्रेन्टिस प्रोत्साहन योजना की भी प्रगति की समीक्षा की गई।
===================
खाद्य विभाग की टीम द्वारा मनासा में आकस्मिक जांच व्यवसाईक उपयोग पाए जाने पर 10 घरेलू गैस सिलेण्डर जप्त
नीमच 04 दिसम्बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में खाद्य विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री जितेन्द्र नागर ने मनासा कुकडेश्वर क्षेत्र में गत दिनों विभिन्न दुकानों एवं संस्थानों की आकस्मिक जांच की और जांच दौरान घरेलु गैस सिलेण्डर का व्यवसाईक उपयोग करते पाए जाने पर कुल 10 गैस घरेलू सिलेण्डर जप्त कर, प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.एन.दिवाकर ने उक्त जानकारी देते हुए बताया, कि खाद्य विभाग की टीम ने गत दिनों विजय रेस्टोरेंट रामपुरा नाका मनासा से दो नग घरेलू गैस सिलेण्डर, मेसर्स श्री सांवलिया रेस्टोरेंट कुकडेश्वर रोड पिपलियाघोटा से 2 नग घरेलू गैस सिलेण्डर एवं श्री कृष्णा फेमेली रेस्टोरेंट कुकडेश्वर, जयंत टी स्टॉल कुकडेश्वर फर्म उपसरपंच गुड़ की चाय, कुकडेश्वर, महाराष्ट्र की सुप्रसिद्ध स्पेशल गुड़ की चाय एवं रावत टी स्टॉल कुकडेश्वर, लीडर टी स्टॉल एंड नाश्ता पॉइंट कुकडेश्वर से एक-एक नग घरेलू गैस सिलेण्डर का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर मौके पर जप्त किए गए है। संबंधितों के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
==============
जिला कृषि स्थायी समिति की बैठक 8 दिसम्बर को
नीमच 04 दिसम्बर 2025, जिला कृषि स्थायी समिति जिला पंचायत के सभापति की अध्यक्षता में 8 दिसम्बर 2025 सोमवार को दोपहर 12.30 बजे समिति की बैठक, कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी कृषि टी.व्ही.एस.शोरूम के सामने अम्बेडकर रोड नीमच पर आयोजित की गई है। उपसंचालक कृषि नीमच एवं सचिव श्री पी.सी.पटेल ने समिति के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।
==============
जिला पंचायत साधारण सभा की बैठक 17 दिसम्बर को
नीमच 4 दिसम्बर 2025, जिला पंचायत नीमच की साधारण सभा की बैठक 17 दिसम्बर 2025 को दोपहर 12.30 बजे जिला पंचायत सभागृह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जनसिह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है। बैठक में म.प्र.प.क्षे.वि.वि.कंपनी, स्वास्थ, कृषि, उद्यानिकी, लोक निर्माण एवं स्कूल शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा की जावेगी। जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने जिला पंचायत के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।
============



